देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार जिले में डेंगू, चिकनगुनिया व वायरल फीवर सहित दूसरे संक्रामक रोगों से बचाव के लिए बेड, दवा व जांच के लिए लगातार संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में सदर अस्पताल में जल्द ही एलाइजा रीडर मशीन का अधिष्ठापन किया जाएगा। साथ ही मशीन के माध्यम एक मिनट में 90 लोगों का सैम्पल जांच कर रिपोर्ट प्रदान किया जा सकता है। उपायुक्त के निर्देशानुसार एलाइजा मशीन के खरीदारी को लेकर जिला मद से स्वास्थ्य विभाग को राशि भी हस्तांतरित की गई हैं। वहीं इस मशीन की मदद से कम समय में ज्यादा से ज्यादा सैंपल की जांच अब सदर अस्पताल में की जा सकेगी। साथ ही इन मशीनों के मिलने पर जिले में विशेष अभियान चलाकर फोकस टेस्टिंग भी की जा सकेगी। वही एलाइजा मशीन की मदद से कम समय में ब्लड के ज्यादा सैंपल जांचे जा सकेंगे। डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य संक्रामक रोगों का पता लगाया जा सकेगा। यही नहीं जांच के लिए किट भी पर्याप्त मात्रा में खरीदी जा रही हैं, ताकि कोरोना की तर्ज पर डेंगू, चिकनगुनिया व वायरल फीवर पर काबू पाया जा सके।
जयंती पर आचार्य रामचंद्र शुक्ल को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने जयंती पर प्रसिद्ध साहित्यकार एवं निबंधकार स्वर्गीय आचार्य रामचंद्र शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हिंदी आलोचक, निबंधकार, साहित्यकार, इतिहासकार, कोशकार, अनुवादक, कथाकार व कवि थे। मूल रूप से स्वर्गीय शुक्ल को हिंदी के प्रसिद्ध निबंधकार के रूप में जाना जाता है। इनके निबंधों में करुणा, क्रोध, रहस्यवाद आदि का अनूठा समावेश है। उनके द्वारा लिखी गई महत्वपूर्ण पुस्तक हिंदी साहित्य का इतिहास से आज भी काल निर्धारण एवं पाठ्यक्रम निर्माण में सहायता ली जाती है। निश्चित रूप से हिंदी साहित्य के क्षेत्र में स्वर्गीय शुक्ल के अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
तकरीबन 23 लाख रुपए की धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में लगभग 23 लाख रुपए के धोखाधड़ी किए जाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के शक्ति घाट पगला बाबा इलाके के रहने वाले संजय कुमार चौधरी ने दर्ज कराया है। मामले में राकेश कुमार वर्मा उसकी पत्नी ज्योति कुमारी, भाई सौरभ वर्मा और मां अमेरिका देवी सभी नंदन पहाड़ निवासी को आरोपी बनाया है। मामले में कहा है कि उपरोक्त लोगों के द्वारा उसके साथ जालसाजी एवं धोखाधड़ी कर 23 लाख 50 हजार रूपये ठगी कर लिया और देवघर से फरार हो गया। नगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
रंगदारी की मांग को लेकर दुकानदार को चाकू मारने को लेकर केस
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के जसीडीह मुख्य मार्ग पर स्थित दुर्गाबाड़ी के पास एक कॉस्मेटिक दुकानदार के साथ मंगलवार की सरेशाम रंगदारी नहीं देने पर चाकू मार कर घायल कर दिया गया था। इसे लेकर दुकानदार दुर्गावाड़ी निवासी सुधाकर कुमार वर्णनवाल ने नगर थाना में अंज्ञात पर मामला दर्ज कराया है। कहा है कि एक युवक दुकान के अंदर आया और रंगदारी की मांग को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो उस पर बदमाश ने खुखरी निकाल कर हमला कर दिया। इस घटना में उसके बाएं हाथ की कलाई पर गंभीर चोट लग गई। कहा है कि हमला करने वाले अपराधी ने उसे रंगदारी की मांग की थी। हमलावर हिरणा इलाके का रहने वाला है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर हमलावार की पहचान करने में जुटी है।
मारपीट को लेकर काउंटर केस
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना में मारपीट को लेकर काउंटर मामला दर्ज किया गया है। एक पक्ष की ओर से थाना इलाके के केनमनकाठी निवासी महेश यादव ने घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कराया है। जिसमें सुमन दर्वे, अयोध्या प्रसाद, पवन कुमार, कांग्रेस दर्वे, विश्वनाथ दर्वे सभी साकिन केनमनकाठी को आरोपी बनाया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से सुमन यादव ने मामला दर्ज कराया है। जिसमें महेश यादव, किशोर यादव और अशोक यादव को आरोपी बनाया है। जसीडीह पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना में दहेज प्रताड़ना को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला थाना क्षेत्र के बगडूबा निवासी चमेली कुमारी ने दर्ज कराई है। कहा है कि उसकी शादी चार वर्ष पूर्व गणेश यादव के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन पिछले कुछ माह से ससुराल के सभी लोगों द्वारा एक लाख रुपए दहेज के रूप में मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले में पति गणेश यादव, भैसूर संजय यादव, सास समरी देवी और गोतनी हेमंती देवी को आरोपी बनाया है। मामला दर्ज कर मोहनपुर पुलिस जांच में जुट गई है।
दहेज प्रताड़ना के आरोप में गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के सोनारायठाढ़ी पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम नसीम अंसारी है जो थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह का रहने वाला है। उस पर 2022 में यह मामला दर्ज किया गया था।
फरार वारंटी गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के मोहनपुर थाना पुलिस ने एक फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। जेल गये वारंटी का नाम देवेन्द्र मंडल है जो कोठिया जानकी का रहने वाला है। उस पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज था।