सारवां/संवाददाता। प्रखंड के लखोरिया पंचायत अंतर्गत भुरकुंडा गांव के मैदान में रविवार को एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन कृषि मंत्री अनुज विक्रम पत्रलेख ने किया। इस एक दिवसीय नॉक आउट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही है। श्री पत्रलेख ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। मौके पर वार्ड सदस्य बबलू टुडू, आयोजन समिति, टीम बादल के विकास कुमार, मुन्ना राय, सहदेव चौधरी, संतोष पंडित, सिकंदर यादव, कुलदीप राय, विक्रम राय, सौरभ चौधरी, अंकित चौधरी, प्रिंस चौधरी, गोलू चौधरी समेत काफी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे। फाइनल मैच राकेश-11 भुरकुंडा व डकाय के बीच खेला गया। जिसमें डकाय ने 10 रनों से मैच जीत लिया।
सिस्टम में सुधार की मांग, मुखिया संघ की हुई बैठक
पालोजोरी/संवाददाता। मुखिया के कार्यकाल को एक साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अभी भी प्रखंड स्तर पर कई कर्मियों द्वारा अपनी मनमानी जारी है। इसे खत्म करने के लिए एकजुटता जरूरी है। इसी उद्देश्य के साथ रविवार को पालोजोरी मुखिया संघ की बैठक नौशाद हक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मौजूद कई मुखिया ने सिस्टम में सुधार होने की मांग रखी। कचुआसोली के मुखिया राजीव रंजन ने कहा कि पंचायती राज के प्रावधान के खिलाफ अगर कोई कर्मी काम कर रहा है, तो उच्चाधिकारी को कार्रवाई करनी होगी, इसके लिए मुखिया संघ हर परिस्थिति में साथ है। निवर्तमान बीडीओ के फेयरवेल और नए बीडीओ के स्वागत को लेकर भी मुखिया संघ ने निर्णय लिया। मौके पर मुखिया शोएब अंसारी, अंशुक साधु, मुनु चौड़े, मिरूदी मुर्मू, नीतू कुमारी, गोलक बिहारी यादव, फुरकान अंसारी, हेमलाल हेंब्रम, लालकिशोर सोरेन, इंताज़ आलम आदि मौजूद थे।
पत्नी थी अस्वस्थ, पति ने जितिया में रखा निर्जला व्रत
पालोजोरी/संवाददाता। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन में महिलाओं को अक्सर आगे देखा जाता है। लेकिन कभी-कभी पुरूष वर्ग को इसके लिए आगे आना पड़ता है। कुछ ऐसा ही इस बार जितिया पर्व में देखने को मिला। संतान की सलामती के लिए बीते दिनों संपन्न हुए जितिया पर्व से कुछ दिनों पहले ही सगराजोर के पिंडरा गांव के उज्ज्वल भद्र की पत्नी रिंकू भद्र अस्वस्थ हो गई। चूंकि रिंकू भद्र वर्षों से जितिया पर्व करती आ रही थी, तो उनके पति उज्ज्वल भद्र ने परंपरा की टूट न हो, इसके लिए इस बार स्वयं जितिया पर्व करने की ठानी। निर्जला व्रत करते हुए उन्होंने विधि विधान के साथ जितिया पर्व किया। उज्ज्वल भद्र ने बताया कि अगर वह इस बार जितिया पर्व न करते, तो आगे के लिए यह पर्व छूट जाता, जो उन्हें स्वीकार्य नहीं था। उनकी पुत्री पूजा और पुत्र जय ने उनकी हरसंभव मदद की।
सीटेट अभ्यर्थियों को भी शिक्षक नियुक्ति में आवदेन करने का मिले मौका
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। सूबे में उच्च विद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जिसमें झारखंड टेट में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही आवेदन कर पायेगें वहीं सीटेट उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस आवेदन से वंचित रह जायेंगे। देवघर के पूर्व किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विरेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि राज्य में 2016 से जेटेट की परीक्षा आयोजित नहीं हुई है। वहीं सीटेट उत्तीर्ण तकरीबन चाल लाख से अभ्यर्थी हैं वे आवेदन करने से वंंचित हो जाएंगे। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया में सीटेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शामिल करने की मांग की है।
जमीन विवाद में दो पक्षों मंे मारपीट, एक जख्मी
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशमाहा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गंभीर रूप से जख्मी अमृत आनंद को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जख्मी अमृत आनन्द ने पुलिस को बताया कि उसकी जमीन को कारू शेख सहित अन्य लोग जबरदस्ती घेर रहे थे। विरोध करने पर दर्जनों की संख्या में पहले से घात लगाए लोगों ने हमला कर दिया। सभी लाठी डंडा, भाला लेकर मारपीट करने लगे जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किसानों को आज सीएम देंगे बड़ी सौगात
- सूबे की सरकार आज सिकटिया में…
- 584.35 करोड़ की लागत से मेगा लिफ्ट सिुचाई योजना का करेंगे शिलान्यास
दिलीप मेहता/चितरा। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज (सोमवार) को थाना क्षेत्र के सिकटिया आगमन होने जा रहा है। जहां सिकटिया अजय बराज से किसानों को एक बड़ी एवं महत्वाकांक्षी योजना का सौगात देंगे। सीएम 584.35 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होने वाले मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए सारी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। साथ ही शिलान्यास समारोह के बाद सभा स्थल से यहां की जनता को मुख्यमंत्री संबोधित भी करेंगे। यह शिलान्यास आयोजन आम जनता को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की उद्देश्य के साथ साथ सारठ विधानसभा की राजनीति को आगामी चुनाव के लिए एक नई दिशा देने का भी काम किया जायेगा।
क्या है मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना : 584.35 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होने वाले मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का लाभ देवघर व जामताड़ा जिला के चार प्रखंडों के किसानों को मिलेगी, जिसमें मुख्य रूप से देवघर जिला के सारठ व करौं एवं जामताड़ा जिला के विद्यासागर तथा जामताड़ा प्रखंड के आंशिक भू भाग शामिल है। इस योजना के द्वारा पंप मोटर से भूमिगत पाइप लाइन के जरिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इस योजना को तीन वर्षों में पूरा किया जाना है। जिसके फलस्वरूप संबंधित प्रखंडों के 24 पंचायतों के 13,164 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही किसी कालखंड में अधिक वर्षा होने के फलस्वरूप खेतों में जल की आवश्यकता सीमित होने की स्थिति में जल को डाइवर्ट कर निकटवर्ती जलाशयों में पानी स्टोर किया जायेगा, जिससे मवेशियों एवं अन्य कार्यों के लिये ग्रामीणों को तालाबों के माध्यम से जल की आपूर्ति की जा सके।
निकट भविष्य में सिंचाई सुविधा के लिए किसानों में जगी है आस : मुख्य रूप से सिंचाई सुविधा देने के उद्देश्य इस सिकटिया अजय बराज का निर्माण हुआ था, जो वर्ष 2012 में झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा उद्घाटन किया गया था। अजय बराज का निर्माण उद्देश्य के अनुसार कृषि योग्य क्षेत्र 41,334 हेक्टेयर है। जिसमें खरीफ सिंचाई क्षेत्र 36,460 हेक्टेयर, रबी सिंचाई क्षेत्र 4052 हेक्टेयर है। वहीं मुख्य नहर की लंबाई 110.80 किलोमीटर है। इस नहर के माध्यम से किसानों के संबंधित कृषि क्षेत्र वाले भू भाग में किसान अपने स्तर से खेतों में पटवन कर सकते हैं। लेकिन जमीनी स्तर पर अगर देखा जाय तो इस अजय बराज से किसानों को उतनी सिंचाई सुविधा नहीं मिली, जितनी उम्मीद की गई थी। इसके विपरित सिकटिया ग्राम के किसानों की नहर से सटे दर्जनों उपजाऊ वाले खेत नहर से रिसने वाली पानी के कारण खरीफ फसल की खेती के समय दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे संबंधित खेतों के किसान खरीफ फसल की खेती से वंचित रह जाते हैं। बहरहाल अब इस नई सिंचाई योजना से एक बार फिर से किसानों में एक नई उम्मीद जगी है और आने वाले भविष्य में यह तय किया जायेगा कि निर्माण होने वाले मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना से क्षेत्र के किसानों को कितना लाभ और कितना नुकसान हो सकता है।
शिलान्यास से पूर्व योजना विवादों में, सारठ के मात्र चार पंचायत ही होंगे लाभान्वित : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा धरातल पर उतारे जाने वाले मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना शिलान्यास से पूर्व विवादों के घेरे में आ गया है। क्योंकि इस योजना से सारठ प्रखंड क्षेत्र के मात्र चार पंचायत के किसान ही लाभान्वित होंगे। खासकर सिकटिया नहर निर्माण में अपनी जमीन देने वाले बड़बाद पंचायत के हेठबहियार, दिग्घी, बाराटांड़ आदि नहर से सटे मूल रैयतों को भी इस महत्वाकांक्षी सिंचाई योजना के लाभ से वंचित रह जायेंगे। किसानों ने कहा कि सरकार से हमारी मांग है कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए सारठ प्रखंड क्षेत्र के वंचित होने वाले पंचायतों को भी योजना के रूट में शामिल किया जाय।
शिलान्यास कार्यक्रम को बनाया जाएगा यादगार : शशांक
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड अंतर्गत सिकटिया बराज में नौ अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सिकटिया मेगा सिंचाई लिफ्ट योजना के शिलान्यास को यादगार बनाया जाएगा। उक्त बातें झारखंड प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने सारठ स्थित अपने झामुमो कार्यालय में एकत्रित हुए सारठ विधान सभा क्षेत्र के करमाटांड़, पालोजोरी और सारठ प्रखंड के कुल 64 पंचायतों से आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। श्री भोक्ता ने कहा कि इस मेगा सिंचाई से देवघर और जामताड़ा जिले के किसानों के लिए वरदान साबित होगा। मुख्यमंत्री किसानों, गरीब छात्रों एवं पिछड़ा, आदिवासी, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के विकास के माध्यम से मुख्य धारा में लाने का प्रतिबद्वता ओर उनकी ऐसी सोच के लिए उन्हें बधाई देता हूं। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने इस शिलान्यास कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर झामुमो के युवा नेता प्रशांत शेखर, मीडिया प्रभारी राम मोहन चौधरी, जिला संयुक्त सचिव राम किशाोर मंडल, मोज्जमिल अंसारी, मुन्ना मुस्ताक, दौलत मिर्जा, बसंत भोक्ता, टुनटुन राय, मुरारी शाही, निर्मल निर्मल मंडल, रघुवीर मंडल, मनोज भोक्त, निर्मल शर्मा, ललीत मिश्रा, मदन सिंह, किसन झाझरिया, मुन्ना कुमार, रामधन मूर्मू, निर्मल मरांडी, महेन्द्र यादव, सोनाराम मुर्मू, समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
समारोह स्थल का किया निरीक्षण : बैठक करने के उपरांत श्री भोक्ता सिकटिया के अजय बराज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी राम मोहन चौधरी, झारखंड युवा मोर्चा के नेता प्रशांत शेखर समेत अन्य भी मौजूद थे।
जुलूस मं शामिल महिला व पुरूष निशा को न्याय दिलाने की मांग पर निकाली रैली
मधुपुर/संवाददाता। निशा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने जुलूस निकाला। संस्था क देवघर जिला अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में रविवार को मधुपुर शहर में जुलूस निकाला गया। शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी उच्च विद्यालय परिसर से पार्टी बैनर लेकर थाना मोड,बाजार रोड, गांधी चौक,पटेल रोड, डालमिया कूप समेत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए कचहरी मोड़ स्थित डॉ भीमराव अंबेदकर चौक पहुंचा। जुलूस में प्रदर्शनकारियों ने निशा को न्याय दिलाने की मांग का जमकर नारेबाजी किया। मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि निशा को न्याय मिलना चाहिए। गरीब परिवार को न्याय मिले इसके लिए रिपब्लिकन पार्टी राज्य और केंद्र सरकार तक मांग को पहुंचाएगी | उन्होंने कहा कि गरीब परिवार को जब तक न्याय नहीं मिल जाता। तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के संचालक मामले में दोषी है। चिकित्सक का सर्टिफिकेट जांच होनी चाहिए। घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं करना पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा होता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मंत्री होने के बाद भी मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर सरकार इसमें कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी आंदोलन तेज करेगा। कल देवघर में होगा और रांची में भी आंदोलन होगा। मौके पर दर्जनों महिलाएं-पुरुष शामिल थे। बताया जाता है कि अनुराग अस्पताल की नर्स निशा का ऑपरेशन के बाद इलाज के दौरान मौत होने के बाद पीड़ित परिवार अस्पताल संचालक और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में जांच कमिटि द्वारा जांच रिपोर्ट में देरी किए जाने से विभिन्न संगठनों ने मामले को लेकर आक्रोश है और मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रैली मंे मीना देवी, सरिता देवी, सोनावती देवी, सुमिता देवी, ममता देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे।
आरपीएफ ने यात्रियों के बीच चलाया जागरूकता अभियान
जागरूक करते आपीपीएफ के जवान
मधुपुर/संवाददाता। आसनसोल रेल मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर मधुपुर आरपीएफ ने रविवार को स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। मौके पर आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने रेल यात्रियों को रेलवे एक्ट के विभिन्न नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि ट्रेन में नशाखोरी से बचे। (मानव तस्करी, बाल व महिला सुरक्षा), कार्य प्रणाली के संबंध में बताया कि यात्रियों को ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चले, चलती ट्रेन में पथराव नहीं करे, बिना किसी पर्याप्त कारण के जंजीर नहीं खींचे। इससे रेल में सफर करने वाले अन्य यात्रियों को परेशानी होती है। कहा कि सफर दौरान बाल एवं महिला सुरक्षा के लिए हेल्प लाइन नंबर 139 पर फोन करे। आरपीएफ समुचित सहायता प्रदान करेगी। कहा कि आरपीएफ रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा तत्पर है। मौके पर एएसआइ बीएन सहाय, डीके सिन्हा समेत रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद थे।
भीम आर्मी का प्रदर्शन स्थगित
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर की नर्स निशा की मौत मामले में अनुराग अस्पताल के खिलाफ भीम आर्मी की नौ को अक्तूबर होनेवाली रैली प्रदर्शन अगले तिथि तक स्थगित की गई है। यह जानकारी भीम आर्मी झारखण्ड प्रदेश संगठन प्रभारी राजेश दास ने दी। राजेश ने कहा कि संगठन का कार्यक्रम रांची में आयोजित है। 9 अक्तूबर को कांशी राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
सात पर बिजली चोरी की प्राथमिकी
मधुपुर/संवाददाता। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कनीय अभियंता सतीश कुमार के नेतृत्व में पावरचक, पथरिया, जाभागुड़ी और ककली गांव में औचक निरीक्षण किया। गांव में सात लोगों को अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग करते पाया गया। इन लोगों पर करीब 90 हजार रूपया विद्युत राजस्व की क्षति पहुंचाने का आरोप लगाते हुए बुढ़ई थाना में मामला दर्ज किया गया। छापेमारी में कनीय अभियंता सतीश कुमार सहित विभागीय कर्मी शामिल थे।
मवेशी लदा वाहन पलटने से दो बछड़े की मौत
सारठ/संवाददाता। शनिवार को देर रात्रि को मवेशियों से लदे पिकअप वैन डब्ल्यू बी 15 डी/9649 के पलटने से कई भैस जख्मी हो गये, जबकि भैस के दो बछड़े की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना सारठ के मल्लिक डंगाल के रास्ते चितरा ठाढ़ी की ओर जाने वाली मुुख्य पथ के बीच मंझली मेटरिया के पुल के समीप घटी। इस संबंध में चालक से पूछने पर कुछ भी बताने से परहेज किया। मवेशियों से लदी गाड़ी चितरा के ठाढ़ी से सारठ की ओर जा रही थी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा ने आगामी हड़ताल को लेकर की गेट मीटिंग
- 12 अक्टूबर से शुरु होगा तीन दिवसीय हड़ताल
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी के मुख्य वर्कशॉप गेट के समीप संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के द्वारा आगामी 12 से 14 अक्टूबर को होने देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने को लेकर गेट मीटिंग कर कोल इंडिया के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी किया। इस मौके पर यूनियन नेता रामदेव सिंह, श्याम सुन्दर तिवारी, संदीप शंकर, पशुपति कोल सहित अन्य ने कहा कि कोल इंडिया में आगामी देशव्यापी हड़ताल को लेकर सभी कोयला कर्मी चट्टानी एकता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अब तक हम सभी कोयला कर्मियों को सितंबर माह का वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया है। जिससे सभी कोयला कर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि 11वां वेतन समझौता लागू होने के बाद से कोल इंडिया के अधिकारियों द्वारा केस किया गया है। इतना ही नहीं, वर्तमान में कोल कर्मियों के सितंबर माह के वेतन पर भी रोक लगा दिया गया है। कहा अपने अधिकार के लिए आगामी 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक तीन दिवसीय उग्र हड़ताल किया जायेगा। इसके लिए सभी कोयला कर्मी अभी से ही अपनी तैयारी शुरू कर दें। मौके पर होपना मरांडी, तीर्थनाथ महतो, अरुण पांडेय, राम किस्कू, हरिशन हेंब्रम, युगल दास, सजनी किस्कू, छबोनी किस्कू, ललिता दास सहित दर्जनों कोयला कर्मी उपस्थित थे।