- सत्संग स्थित डाकघर में मना विश्व डाक दिवस
देवघर/संवाददाता। डाक विभाग हर तरह से देश के विकास में सहयोग करता है, चाहे वह सामाजिक हो या आर्थिक क्षेत्र। यह बातें सोमवार को सत्संग स्थित डाक घर में विश्व डाक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डाक अधीक्षक आरपी प्रसाद ने कही। कहा कि डाक विभाग वर्तमान में केवल चिठ्ठी पहुंचाने तक सीमित नहीं रह गया है। अब हर तरह का काम विभाग के माध्यम से हो रहा है। प्रधानमंत्री व गृह मंत्री द्वारा हर पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग की सुविधा लोगों को मिले, इसको लेकर नए डाकघर खोले जाने की पहल की जा रही है। डाक विभाग के माध्यम से आसानी से लोगों को पासपोर्ट बनाया जा रहा है। वहीं आधार कार्ड सुधारने या नया कार्ड भी बनाया जा रहा है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों का छह जगहों पर नया आधार कार्ड बनाया जा रहा है। इसके अलावा डाक निर्यात केंद्र भी खोला जा रहा है। जिसके माध्यम से पार्सल त्वरित गति से विदेश में भेजे जा सकते हैं। देवघर डाक प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले 256 शाखा डाकघरों को 5-जी मोबाइल देकर उनसे भी हर तरह का ऑनलाइन कराना शुरू कर किया जा रहा है। बहुत जल्द पैकेजिंग की सुविधा भी बहाल कर दी जाएगी। विभाग अब ग्राहकों को डीबीटी (डाइरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) की भी सुविधा दे रही है। केवल देवघर जिला में 11 हजार किसानों को पीएम सम्मान राशि का लाभ डीबीटी के माध्यम से दिया है। बताया कि डाक टिकट का संग्रह भी आर्थिक उपार्जन का साधन है। आज खरीदे गए टिकट कुछ सालों बाद अच्छी कीमत पर बेचा जाता है। कई लोग इसका संग्रह भी इसी उद्देश्य से करते है। इससे पहले विश्व डाक दिवस की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आज ही दिन 1874 में यूपीयू (यूनिवर्सल पोस्टर यूनियन) का गठन हुआ था। उद्देश्य था कि पूरे विश्व के लोगों और व्यवसायों के रोजमर्रा जीवन में पोस्ट की भूमिका निभाना। विश्वास के लिए एक साथ थीम पर विश्व डाक दिवस मनाया जा रहा है। भारत में इसी दिन से राष्ट्रीय डाक सप्ताह भी मनाया जाता है। देवघर में एक सप्ताह तक कई तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 10 अक्टूबर को वित्तीय सशक्तिकरण दिवस मनाया जाएगा। 11 अक्टूबर को फिलाटेली दिवस, 12 अक्टूबर को मेल एवं पार्सल दिवस व 13 अक्टूबर को अंत्योदय दिवस मनाया जाएगा। मौके पर सहायक डाक अधीक्षक आरके दास, मधुपुर इंस्पेक्टर राहुल कुमार व अमरेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।