- किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार संकल्पित
जेम्स कुमार नबाव/देवघर। हर खेत को मिले पानी। इसी प्रतिबद्धता के साथ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी का एक हिस्सा बनने जा रहा है, सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना। इस सिंचाई योजना में भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों में पटवन का पानी पहुंचेगा और फसलें लहलहाएगी। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज देवघर जिले के सारठ प्रखंड में सिकटिया मेगालिफ्ट सिंचाई योजना के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में किसान टांड़ में भी सालों भर खेती कर सकेंगे, क्योंकि सरकार यहां भी सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने
गंगा का पानी भी पाइप लाइन से खेतों में पहुंचाएंगे : मुख्यमंत्री ने कहा कि हमेशा यह बात सुनने को मिलती थी कि झारखंड के डैम, बराज और वॉटर रिजर्वॉयर के पानी का इस्तेमाल झारखंड के किसान नहीं बल्कि दूसरे राज्यों द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में यहां के पानी का इस्तेमाल यहां के लोग करें। इस दिशा में कार्य योजना बनाकर उसके क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में गंगा नदी का पानी भी पाइप लाइन के जरिए खेतों में पहुंचेगा। इस दिशा में भी सरकार कार्य योजना बनाने की तैयारी में लग गई है।
पानी का समुचित इस्तेमाल हो सकेगा : मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिंचाई परियोजनाओं के लिए नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल करने पर विशेष जोर दे रही है। ताकि, पानी का बेहतर और समुचित इस्तेमाल होने के साथ खेत-खलियान डूब क्षेत्र में ना आएं, इसलिए मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत भूमिगत पाइप लाइन के जरिए नदी, डैम और बराज का पानी खेतों में पहुंचाया जा रहा है। इस कड़ी में राज्य के पहले मेगालिफ्ट सिंचाई परियोजना की आधारशिला दुमका के मसलिया में रखी गई थी और आज देवघर के सारठ में सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। मुझे इस बात कि खुशी है कि इसी स्थान पर वर्ष 2013-14 में मैने अजय बराज का उद्घाटन किया था।
पहले योजनाएं बनती थी, लेकिन पूरा होने में कई वर्ष लग जाते थे : मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भी सिंचाई के लिए कई योजनाएं बनी। उसका क्रियान्वयन भी हुआ। लेकिन, उसके पूर्ण होने में 30 से 40 साल लग गए। कई योजनाएं तो आज भी अधूरी है। योजनाओं के पूरा होने में ज्यादा समय लगने से उसकी लागत बढ़ जाती थी। सबसे बड़ी बात है कि जिन लोगों की जमीन, खेत-खलिहान इन परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित किए गए थे, उनका लाभ लेने के लिए वे लंबे समय तक इंतजार करते रहे पर उन्हें निराशा हाथ लगी। लेकिन हमारी सरकार सिंचाई समेत तमाम परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है,ताकि लोगों को उसका ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके।
लोगों की भावनाओं और जरूरत के हिसाब से बना रहे हैं कार्य योजना : मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों के भावनाओं को समझते हैं । उनकी जरूरत को जानते हैं और उनकी समस्याओं से भी वाकिफ हैं। ऐसे में हमारी सरकार लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य योजना बनाकर काम कर रही है।
सरकार बनाते ही चुनौतियों से सामना : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में जैसे ही हमारी सरकार बनी तो चुनौतियों से सामना शुरू हो गया। सबसे पहले वैश्विक महामारी कोरोना ने हमें अपनी गिरफ्त में ले लिया। कोरोना से निकले तो सुखाड़ का सामना करना पड़ा। लेकिन, इन तमाम चुनौतियों के बीच हमारी सरकार विकास की गति को रफ्तार देने का काम कर रही है।
प्रदेश की 79 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में 79 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। लेकिन पूर्व की सरकार किसानों के हितों की अनदेखी करने का कार्य किया है। राज्य 1200 से 1500 मिली मीटर वर्षा होती है लेकिन किसान वर्षा के भरोसे है। यहां के पानी से बंगाल मालामाल हो रहा है लेकिन यहां किसान फटेहाल हो रहे है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसी योजना बनाई गई है। जिसमे किसी को बिना आहत किए उनके खेत तक पानी पहुंचाया जा सके। प्रथम फेज में दुमका के मसलिया तथा दूसरे में यहां किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार किसानों को मिटाने के लिए काला कानून लाई थी जिसका पिछले वर्ष जमकर विरोध हुआ था। पूर्व में सिंचाई की ऐसी योजना बनती थी जी 30 से 40 साल की होती थी जिसका राशि 2 हजार करोड़ से बढ़कर 20 हजार करोड़ हो जाता है। इसी देखते हुए सरकार ने काफी जांच पड़ताल कर ऐसी योजना बनाई है। पूर्व बने डैम और केनाल सभी बेकार हो चुके हैं। इस योजना से किसानों का पलायन रुकेगा। यह योजना पलामू, गिरिडीह,जमशेदपुर में चालू होगा। उन्होंने कहा की किसान हित में काम नहीं करने वाली केंद्र सरकार झारखंड को सूखा राहत का पैसा नही दिया लेकिन राज्य सरकार किसानों को राहत का पैसा दे चुकी है। सरकार बुजुर्गो, विधवा ,दिव्यांग, को पेंशन दे रही है। लड़कियों को इंटर तक पढ़ाई करने तथा उच्चतर शिक्षा के लिए सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा की सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी जनता से अच्छे से पेश नही आते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
योजना से लाखों परिवार होंगे लाभान्वित : हफीजुल
मंत्री हफीजुल अंसारी ने कहा कि सिकटिया क्षेत्र शिबू सोरेन का क्षेत्र रहा है। जहां से वे 1980 में सांसद भी बने थे। झारखंड राज्य बनने का श्रेय गुरु जी को जाता है। आज जिस योजना का शिलान्यास हुआ है इससे चार प्रखंडों के लाखों परिवारों को फायदा होगा। उन्होंने कहा देवघर की बिजली को सुधारने को लेकर 450 करोड़ का टेंडर हो चुका है।
मेगालिफ्ट योजना नायाब तोहफा : बादल
मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि मुख्यमंत्री झारखंड की समस्त जनता के हित को लेकर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में इस योजना का शिलान्यास हुआ है। यहां के लोगों के लिए यह नायाब तोहफा है। इसमें किसी भी परिवार को हानि पहुंचाए खेत तक पानी देने को योजना है। झारखंड के 400 स्थानों पर ऐसी योजना शुरू होगी। इसके अलावा जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार ने भी अपने विचार रखे।
क्या है सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना : - सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के तहत अजय नदी बराज से भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
- इस योजना पर 484 करोड़ 35 लाख रुपए खर्च होंगे। निर्माण कार्य तीन वर्ष में पूरा होगा।
- देवघर जिले के सारठ और करौं तथा जामताड़ा जिला के विद्यासागर और जामताड़ा प्रखंड के 27 पंचायतों के 1 लाख 11 हजार 174 किसान इस योजना से लाभान्वित होंगे।
- 13 हज़ार 164 हेक्टेयर कृषि भूमि में पटवन की सुविधा उपलब्ध होगी।
- धान के अतिरिक्त दलहन और तिलहन के साथ रागी, ज्वार-मक्का जैसे फसलों की खेती के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
- अगर कभी भारी वर्षा हो और खेतों को उतनी पानी की जरूरत नहीं है तो उस पानी को अगल-बगल के जलाशयों में डाइवर्ट कर भरा जाएगा, ताकि उसका अन्य कार्यों में इस्तेमाल हो सके।
कौन-कौन थे उपस्थित : इस अवसर पर कृषि मंत्री बादल, पर्यटन, कला-संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री हफीजुल हसन, विधायक इरफान अंसारी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, जल संसाधन सचिव प्रशांत कुमार, डीआईजी सुदर्शन मंडल, डीसी देवघर, डीसी जामताड़ा, एसपी देवघर तथा जामताड़ा, डीडीसी देवघर, पूर्व विधायक सुरेश पासवान, शशांक शेखर भोक्ता, उदय शंकर सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश, परिमल सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देर से पहुंचे सीएम
- सीएम को सुनने हजारों लोग पहुंचे थे कार्यक्रम स्थल
- कुर्सी के लिए होती रही मारामारी
दिलीप मेहता/चितरा। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सिकटिया मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे देर से पहुंचे। इस दौरान उन्हें सुनने के लिए हजारों लोगों ने सीएम का घंटों इंतजार किया। सीएम हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर से करौं स्थित हैलीपेड में लैंडिंग के बाद सीएम का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा एवं पार्टी नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम हेमंत सोरेन काफिले के साथ सड़क मार्ग से सीधे शिलान्यास कार्यक्रम स्थल नोनियांटांड़ पहुंचे। जहां पुरोहित भगवान तिवारी द्वारा विधि-विधान के साथ सीएम हेमंत सोरेन के हाथों पूजा कराई गई एवं सीएम ने योजना का आधारशिला रखी। साथ ही विभाग द्वारा तैयार किया गया योजना का ब्लूप्रिंट का अवलोकन भी किया। इस दौरान कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, विधायक इरफान अंसारी, विभागीय सचिव आदि मौजूद थे। इधर सभा स्थल में सीएम के पहुंचते ही पारंपरिक नृत्य व गीत के साथ सीएम का भव्य स्वागत किया गया। जिसके बाद सीएम अपने कैबिनेट मंत्रियों, विषयक के साथ के साथ मंच पर पहुंचे। मंच पर पहुंचने के साथ ही सीएम ने नारा लगा रहे जन समूह का अभिवादन किया।
घटक दल सहित कई नेताओं को मंच पर नहीं मिली जगह : सभा स्थल में मौजूद मुख्य मंच पर सीएम का कार्यक्रम के दौरान झामुमो सहित घटक दल के कई नेताओं को मंच पर कुर्सी नहीं मिली। जिसके बाद मजबूरन वैसे नेताओं को प्रेस दीर्घा के आसपास चेयर मंगाकर बैठना पड़ा, वहीं कुर्सी के लिए कई समर्थकों को जद्दोजहद करते देखे गए। इधर सीएम हेमंत सोरेन ने 45 मिनट के भाषण में करीब 20 मिनट तक विपक्षी पार्टियों का आलोचना किया। हालांकि सीएम हेमंत ने अपने संबोधन के दौरान विपक्षियों के खिलाफ भाषा का चयन काफी माप तौल कर किया। इस दौरान उन्होंने एक बार भी किसी विपक्षी पार्टी का नाम अपने जुबान पर नहीं लाया।
भाजपा ने दलित बस्ती में चलाया बस्ती जनसंपर्क अभियान
देवघर/नगर संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाये जा रहे बस्ती संपर्क अभियान के तहत सोमवार को भाजपा जिला महामंत्री पंकज सिंह भदोरिया के नेतृत्व में दलित बस्ती में जनसंपर्क किया गया। जिसमें वार्ड नंबर 26 के ग्राम पुनसिया, अनुपमांझीडीह एवं रंगापहाडी़ आदि गांव शामिल है। मौके पर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हुए एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर राहुल कुमार, साकेत कुमार, मुकेश कुमार पासवान, रवि पासवान, बजरंगी पासवान, राहुल गोस्वामी, मनोज गोस्वामी, चांदनी देवी, शंकर बाउरी, कमल बाउरी, सरस्वती देवी, बबिता देवी, फोटो देवी, फूलन देवी, पुतुल देवी, यशोदा देवी, मिथुन दास, संगीता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी विद्यापीठ बीएड कॉलेज में हुआ इवाईवी का प्रशिक्षण
देवघर/वरीय संवाददाता। सोमवार को हिन्दी विद्यापीठ बीएड कॉलेज, देवघर में इवाईवी का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमे उप निर्वाचन पदाधिकारी देवघर शैलेश कुमार सिंह, प्राचार्या डॉ. आशा मिश्रा, उप प्राचार्या – डॉ. रितु रानी, नोडल पदाधिकारी डॉ. ओम कुमार, हेल्प डेस्क मैनेजर हिमांशु शेखर, प्रभात कुमार, अक्षय कुमार पाठक, मास्टर ट्रेनर गणेश लाल बरनवाल, रामकृष्ण पांडे, राकेश कुजूर, सिल्वेस्टर केरेकेट्टा, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक प्राध्यापक डॉ. अपर्णा झा, मौसमी मुखर्जी, सुनील नरौने, गूंजा कुमारी, मणिकांत रजनी रंजन, सुषमा सिन्हा, कायार्लय अधीक्षक पंकज कुमार सिन्हा, प्रमोद पांडे तथा सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर डॉ. सैफुद्दीन किचलू को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर भारतीय स्वतंत्रता कार्यकर्ता, बैरिस्टर, राजनीतिज्ञ एवं शांति आंदोलन के नेता स्वर्गीय डॉक्टर सैफुद्दीन किचलू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किचलू ने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ एकजुट भारतीय राष्ट्रवाद का समर्थन किया और भारत के विभाजन का विरोध किया। उनका मानना था कि विभाजन भारत को आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से कमजोर कर देगा खासकर मुसलमानों को। स्वर्गीय किचलू को मार्च में रॉलेक्ट एक्ट के कार्यान्वन के बाद पंजाब में विरोध प्रदर्शन के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। वे जामिया मिलिया इस्लामिया के संस्थापक सदस्य भी थे। स्वर्गीय किचलू भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य, पंजाब प्रांतीय कांग्रेस कमेटी के प्रथम प्रमुख और बाद में 1924 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव बने। स्वर्गीय किचलू 1929-30 में लाहौर में कांग्रेस सत्र की स्वागत समिति के अध्यक्ष भी थे। जहां पर 26 जनवरी 1930 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारतीय स्वतंत्रता की घोषणा की और पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त करने के उद्देश्य से सविनय अवज्ञा और क्रांति के युग की शुरुआत की। वे नौजवान भारत सभा (भारतीय युवा कांग्रेस) के संस्थापक नेता थे जिसने सैकड़ों हजारों छात्रों और युवा भारतीयों को राष्ट्रवादी उद्देश्यों के लिए एकजुट किया। यह कहन में कोई अतिशयोक्ति नहीं की युवाओं को राष्ट्रीय कार्य के लिए प्रशिक्षित करने और हिंदू मुस्लिम एकता को बढ़ावा देने के लिए उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा।
मीडिया संस्थानों पर कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली में पत्रकारों की गिरफ्तारी की आड़ में मीडिया संस्थानों पर हमला का विरोध करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार का उक्त कुर्त्शित कार्य न सिर्फ लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है बल्कि पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन भी।
श्री कुमार ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ऐसा कर अपने शासन काल के कार्यों की असफलता को छुपाने की कोशिश कर रही है ताकि उसके गलत कार्यों की सच्चाई जनता के सामने ना सके।
दुकान से चोरी मामले में पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को लिया हिरासत में
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के श्यामगंज रोड स्थित एक दुकान का एस्बेस्टस तोड़कर वहां से तांबा का क्वाइल व अन्य सामान चोरी कर लिए जाने के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ये सभी यहां के कुख्यात धपरा गिरोह के सदस्य हैं। इनमें से एक शातिर बदमाश है और पहले भी जेल जा चुका है। जानकारी हो कि शनिवार की रात दुकान में घुसकर सामान चोरी कर लिया गया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के बाद गिरोह का पता लगाया और फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए इन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। इन सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी किया गया सामान बरामद करने का प्रयास कर रही है। हालांकि फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ बता नहीं रही है।
इलाजरत महिला की हुई मौत
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा मोहल्ला निवासी एक महिला 30 वर्षीय चांदनी देवी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक महिला ने जहर खा लिया था। हालांकि घरवालों ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा। इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई। लेकिन घरवाले बिना पोस्टमार्टम कराए मृतका के शव को अस्पताल से ले गए।