महेशपुर/संवाददाता। उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय शहरग्राम में शनिवार को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किशोरियों को जलसहिया रुक्मिणी देवी ने कई अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी के समय नैपकिन या साफ कपड़े का ही उपयोग करें। साथ ही इस्तेमाल के बाद उन्हें जला कर नष्ट कर देना चाहिए। रुक्मणी देवी ने कहा कि यदि हम इसे कचरे में फेंकते हैं तो यह इधर-उधर ही नजर आता है और हमारे गांव को गंदा और दूषित करता है। माहवारी को लेकर किशोरियों को विशेष तौर पर जानकारी दी गई। मौके पर किशोरियां उपस्थित थीं।
स्टार एल्युमिनी मीट का किया गया आयोजन
हिरणपुर/संवाददाता। निष्ठा कौशल केंद्र मोहनपुर में शनिवार को स्टार एल्युमिनी मीट का आयोजन किया गया। जहां चयनित युवक, युवतियों को विभिन्न कंपनियों में काम करने के लिए नियुक्ति पत्र श्रम अधीक्षक रमेश कुमार सिंह ने दिया। झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के तहत मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत केंद्र में युवक, युवतियों को विभिन्न उद्यमों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में बेस्ट कॉर्पोरेशन कंपनी द्वारा पांच युवतियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। वहीं सैलेब्रेटी फैशन कंपनी में 14, कपिआर में 12, जुबली टैक्स कंपनी में 09 युवतियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। श्रम अधीक्षक सिंह ने बताया कि सभी छात्र नियोजनालय में निबंधन जरूर करायें जिससे कि सभी को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। सेंटर मैनेजर वसीम अख्तर ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर स्वालंबी बनाया जा रहा है। वहीं निष्ठा के नवल ठाकुर ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सुदूर क्षेत्र की युवतियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं पर आज निष्ठा कौशल केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल कर रही हैं। जो आने वाले भविष्य के लिए सुखद होगा। इस कार्यक्रम में सभी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
लॉट्स टेंपल में धूमधाम से हुई लक्खी पूजा
हिरणपुर/संवाददाता। कोजागरी पूर्णिमा के पावन अवसर पर शनिवार को लॉट्स टेंपल हिरणपुर में धूमधाम से लक्खी पूजा आयोजित हुई। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। 2000 में इस मंदिर को लॉट्स टेंपल का स्वरूप देकर निर्माण किया गया था। जिसमें जयपुर राजस्थान से शीला की प्रतिमा लाकर विधिवत प्राण प्रतिष्ठा किया गया था। मंदिर में पुजारी उज्ज्वल चक्रवर्ती के साथ-साथ अन्य सहयोगी पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वार्षिक पूजा की। प्रसाद का भी वितरण किया गया। पूजा कमेटी के अध्यक्ष दिगम्बर साहा ने बताया कि आगामी रविवार को पूजा के अवसर पर मेला का आयोजन होगा। वहीं संध्या को औरंगाबाद से पहुंचेभजन व गजल गायिका डिम्पल भूमि के भक्तिमय गीतों का कार्यक्रम होगा। मौके पर पूजा कमेटी के जय किशन भगत, डॉ. संचय बर्धन, नारायण भगत, टुनटुन शील आदि उपस्थित थे।
बंगाली एसोसिएशन ने विजयादशमी उत्सव के तहत किया रंगारंग कार्यक्रम
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित भारत सेवा श्रम मंदिर में बंगाली एसोसिएशन ने विजयादशमी उत्सव के तहत रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कई कलाकारों ने नृत्य, गीत की शानदार प्रस्तुति दी। एसोसिएशन की नई कमेटी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से मानिकचंद्र देव को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं दिवाकर पाल, पार्थ मुखर्जी को उपाध्यक्ष जबकि संजीत मुखर्जी को सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में संतोष नाग को मनोनीत किया गया। मौके पर गोपाल बोस, राधे श्याम दास, काशीनाथ मुखर्जी, सुकुमार सरकार, अल्पोना चटर्जी, बनानी सरकार, आराध्या मुखर्जी, मांपी पाल, रत्न दे, अर्चना मंडल, संजय दुबे, पंचानन सरकार, सर्वेश्वर साधु, नंदलाल तुरी समेत अनेक सदस्य मौजूद थे। वहीं कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। मौके पर वक्ता के रूप में पहुंचे निरंजन घोष ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए नई कमेटी के सदस्यों को शुभकामना दी।
उमराह पर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
पाकुड़/संवाददाता। जिला से सफर उमराह पर जाने वाले यात्रियों का प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शनिवार को जिला मुख्यालय के बागानपाड़ा स्थित मदरसा गुलशने मुस्तफा शरीफ उल उलूम में आयोजित की गई। जिसमें रजा व एजे हज व उमराह टूर ट्रेवेल्स धनबाद के प्रोपराइटर अरमान आलम और जियाउद्दीन आलम ने भाग लिया। शिविर का आगाज नूरी मस्जिद बगानपाड़ा के पेश इमाम अबु रब अशरफी नईमी ने कुरान पाठ से किया। यात्रियों का प्रशिक्षण अरमान आलम ने दी। उन्होंने उमराह के दौरान सही अरकान अदा करने की जानकारी दी ताकि लोग सभी तरह से उमराह कर सकें। मौलाना आसमउल हक ने बंगला जुबान में उमराह की सारी जानकारी दी। मौके पर मौजूद पाकुड़ हज व उमराह ट्रेवेल्स के संयोजक रियाज अली ने बताया कि जिला से 23 उमराह यात्री मक्का मदीना जियारत को जाएंगे। इसमें 23 यात्रियों में 09 महिला और 14 मर्द शामिल है। बताया कि उमराह यात्री आगामी एक नवंबर कोलकाता के लिए पाकुड़ से रवाना होंगे। वहीं 02 नवंबर को कोलकाता से देहली होते जिददाह के लिए रवाना होंगे। अली ने बताया कि उमराह का सफर 15 दिनों का होगा। वापसी 17 नवंबर को मदीना से होगी प्रशिक्षण शिविर में उमराह यात्रियों को वीजा, जहाज, टिकट बैग आदि वितरण किया गया। मौके पर सरफराज मकसूद आलम, हाफिज शाहजंहा, सोहेब समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
पद मुक्त रिसोर्स शिक्षक ने की प्रेस वार्ता
पाकुड़/संवाददाता। जिला मुख्यालय अंतर्गत प्रेस क्लब में रिसोर्स शिक्षक के पद से कार्य मुक्त किए गए मृदुशीला मुर्मू, हीरा मरांडी और सुनीता हेंब्रम ने प्रेस वार्ता में बताया कि उनलोग रिसोर्स शिक्षक के पद पर वर्षों से कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनलोगों को 2015 से 2019 के बीच एडीपीओ के मौखिक आदेश का पालन करते हुए एपीओ ने आरसीआई प्रमाण पत्र का बहाना बना कर उनलोगों को जबरन कार्य से मुक्त कर दिया। उनलोगों ने राज्य परियोजना निदेशक को सूचना दी तो बताया गया कि कार्य मुक्त करने का कोई निर्देश नहीं है। रिसोर्स टीचर ने बताया कि उनलोगों ने सारा प्रमाण पत्र विभाग को सौंप दिया है लेकिन इसके बावजूद भी उन लोगों को काम पर वापस नहीं लिया जा रहा है। उन लोगों को काम पर नहीं रखा गया तो आने वाले दिनों में वे लोग चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
31 बेरोजगार युवक-युवतियां प्रशिक्षण लेने रांची और रायपुर रवाना
पाकुड़/संवाददाता। जेएसएलपीएस जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण मिश्रा ने 31 बेरोजगार युवक और युवतियों को प्रशिक्षण लेने के लिए रांची और रायपुर रवाना किया। बताया गया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के तहत बेरोजगार युवक और युवतियों को प्रशिक्षण देकर सरकार रोजगार देने का कार्य कर रही है। इसी के तहत जिले के सभी प्रखंडों से भूमिका गारमेंट सिलाई का प्रशिक्षण, हेलर्स आर्क, जीसीएस कंप्यूटर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के लिए बिजली मिस्त्री और सिलाई इत्यादि में युवक और युवतियों को रांची के लिए रवाना किया गया। रस्तोगी एजुकेशन में देखरेख के प्रशिक्षण के लिए युवकों को रायपुर के लिए रवाना किया गया। मौके पर डीएम स्किल राजेन्द्र कुमार, बीपीएम फैज आलम, जिला को-ऑर्डिनेटर, इस्माइल शेख, बीपीओ मोहन साहा, बीपीएम हितेंद्र चौबे, राजीव कुमार, उज्ज्वल रविदास समेत अन्य उपस्थित थे।
तीर्थ यात्रा की जानकारी देने के लिए आईआरसीटी पूर्वी क्षेत्र के मुख्य पर्यवेक्षक ने की प्रेस वार्ता
-11 दिसंबर से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन प्रस्थान करेगी दक्षिण भारत
पाकुड़/संवाददाता। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से आगामी 11 दिसंबर, 2023 से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के द्वारा दक्षिण भारत की यात्रा का शुभारंभ किए जाने की जानकारी देने के उद्देश्य को लेकर शहर के एक होटल में आईआरसीटी पूर्वी क्षेत्र के मुख्य पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्रा ने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे की शाखा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड के पूर्व क्षेत्र कोलकाता ने देखो अपना देश के तहत भारत गौरव ट्रेन के द्वारा आगामी 11 दिसंबर, 2023 को दक्षिण भारत की यात्रा प्रारंभ कर रही है। उन्होंने कहा कि 11 से 22 दिसंबर, 2023 तक 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में दक्षिण भारत के तिरुपति, मीनाक्षी मंदिर, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, त्रिवेंद्रम और मल्लिकार्जुन का भ्रमण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल द्वारा संचालित भारत गौरव ट्रेन में इकोनामी जिसमें स्लीपर क्लास से यात्रा होगी उसका शुल्क 22,750 रुपए प्रति व्यक्ति, स्टैंडर्ड जिसमें 3 एसी क्लास से यात्रा होगी। इसका शुल्क 36,100 प्रति व्यक्ति तथा कंफर्ट जिसमें 3 एसी क्लास में यात्रा होगी इसका शुल्क 39,500 रुपए प्रति व्यक्ति है। इसमें श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्रि विश्राम, शाकाहारी भोजन समेत अन्य सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 33 प्रतिशत रियायत प्रदान कर रही है। मिश्रा ने बताया कि उक्त ट्रेन मालदा टाउन से खुलेगी जो कि न्यू फरक्का, पाकुड़, रामपुरहाट, दुमका, हंसडीहा, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, किउल, जमुई, झाझा, धनबाद, बोकारो, रांची, राउरकेला, संबलपुर पर तीर्थ यात्रियों को ट्रेन में सवार होने के लिए रुकेगी। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा में जाने वाले लोगों के लिए यह सुनहरा मौका है। तीर्थ यात्री आईआरसीटीसी के वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी देखते हुए अपना टिकट बुकिंग कर सकते हैं। वहीं प्रेस वार्ता के दौरान कैटरिंग एसिस्टेंट प्रशांत जैना मौजूद थे।
डीसी ने भू-अर्जन संबंधित मामलों की समीक्षा करते पदाधिकारियों को दिये दिशा-निर्देश
पाकुड़/संवाददाता। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीसी मृत्युंजय कुमार वणर्वाल ने शनिवार को भू-अर्जन से संबंधित मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की। डीसी ने भू-अर्जन संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में भू-अर्जन से संबंधित मामलों में मुआवजा भुगतान करने एवं अधियाची पदाधिकारियों के द्वारा भू-अर्जन के पश्चात योजनाओं के क्रियान्वयन कराए जाने आदि कार्यों में उत्पन्न हो रही समस्याओं के बारे में समीक्षा की। सभी अधियाची पदाधिकारियों के द्वारा भू-अर्जन के पश्चात योजनाओं के क्रियान्वयन कराए जाने आदि कार्यों में उत्पन्न हो रही समस्याओं के निदान के लिए निर्देश दिया गया। तीन लंबित परियोजना में विभिन्न कारणों से रैयत भुगतान नहीं ले रहे हैं। उक्त तीनों परियोजनाओं से संबंधित रैयत आपसी विवाद या अन्य कारण से भुगतान नहीं प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें न्यूज पेपर में प्रकाशित किया जाए और निर्देश दिया जाए कि एक महीने के अंदर राशि प्राप्त कर लें अन्यथा राशि जमा कर दिया जाएगा। मौके पर अपर समाहर्ता मंजू रानी स्वांसी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाइक, सदर सीओ भागीरथ महतो, सीओ अमड़ापाड़ा कुमार देवेश द्विवेदी एवं जनसंपर्क कार्यालय से भूषण कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।
सूचना पट्ट में लोकपाल का मोबाइल संख्या भी अंकित करायें जेई : बीडीओ
हिरणपुर/संवाददाता। बीडीओ श्रीमान मरांडी ने शनिवार को पंचायत हाथकाठी, बरमसिया व बड़तल्ला में चल रहे मनरेगा कार्य योजना की जांच की। जांच के क्रम में हाथकाठी पंचायत में इनोसेंट सोरेन व संझली हांसदा के बिरसा हरित ग्राम योजना में निकाई-गुड़ाई का अभाव पाया गया। पंचायत सचिव को एक सप्ताह में निकाई-गुड़ाई का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। हाथकाठी पंचायत में चरण टुडू व इलू सोरेन के सिंचाई कूप में सूचना पट्ट में पूर्ण सूचना लोगों के साथ अंकित करने का निर्देश दिया गया। सूचना पट्ट में लोकपाल का मोबाइल संख्या भी अंकित करने का निर्देश कनीय अभियंता को दिया गया। वहीं बड़तल्ला पंचायत में लखी नारायण साह की जमीन पर गाय शेड निर्माण में नाली, यूरिन टैंक व नाद प्राक्कलन के अनुरूप करने का निर्देश दिया। मौके पर बीपीओ ट्विंकल चौधरी सहित संबंधित पंचायत के मुखिया, रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता आदि उपस्थित थे।