गिरिडीह। संवाददाता। शहर के बरगंडा स्थित मधुबन वेजीस के सामने शनिवार को मां तारा मैरेज हॉल एवं लॉज का विधिवत् उद्घाटन अतिथियों ने फीता काटकर किया। मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, विशिष्ट अतिथि आजसू जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, वार्ड 10 के पार्षद रणजीत यादव मुख्य रुप से उपस्थित थे। सभी अतिथियों का स्वागत अनिल स्वर्णकार, सुजय कुमार, संजय स्वर्णकार ने पुष्प गुच्छ देकर किया। इसके बाद अतिथियों ने विधिवत रूप से मां तारा मैरेज हॉल एवं लॉज का उद्घाटन किया। बताया कि इस हॉल में शादी विवाह, बर्थडे पार्टी, मीटिंग एवं अन्य तरह के समारोह आयोजित होंगे। विधायक श्री शाहबादी ने कहा कि यह मैरिज हॉल पहले साहू सदन के नाम से जाना जाता था, लेकिन इस हॉल की साफ सफाई व्यवस्था पहले से काफी अच्छा है संचालक की ओर से बेहतर तरीके से इस हॉल को बनाया गया है, जिसके कारण आप लोगों को शादी विवाह एवं तरह के समारोह में लाभ मिलेगा, उम्मीद हैं कि राजनीतिक मीटिंग आदि भी इस हाल में होंगे। गुड्डू यादव और रंजीत यादव ने भी मैरिज हॉल संचालक को शुभकामनाएं देते हुए मैरिज हॉल लोगों की सेवा में हमेशा रहे, इसकी कामना की। मौके पर मिथुन चंद्रवंशी, अंकित बरनवाल, लखन गुप्ता, विक्की शर्मा, अजीत यादव, बाबू बंगाली, अक्षय राणा सहित कई गन्यमान्य लोग उपस्थित थे।
झामुमो का मिलन समारोह का आयोजित
समाजसेवी आदिल रशीद समेत कई लोगों ने ली झामुमो की सदस्यता
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से वार्ड नंबर 18 के आजाद नगर में मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और विशिष्ट अतिथि के तौर पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह उपस्थित हुए। इस मिलन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा की नीति-सिद्धांतों से प्रभावित होकर सैकड़ों महिला-पुरूष और नौजवानों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने विधायक को पेयजल व बिजली के जर्जर तारों को बदलकर आजादनगर में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने की मांग की। इस दौरान विधायक श्री सोनू ने मंच से ही घोषणा की कि तत्काल एक महीने में यहां एक डीप बोरिंग करवा दी जायेगी और गर्मी से पहले चैताडीह से लगभग दो किलोमीटर पाइप-लाइन बिछाकर पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जायेगा। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता समाजसेवी आदिल रशीद अपने सैकड़ों साथियों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गये। उन्हें और उनके समर्थकों को विधायक व झामुमो जिलाध्यक्ष ने माला पहनाकर झामुमो की सदस्यता दिलायी। मौके पर अन्य लोगों के अलावा झामुमो जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, देवराज, शहनवाज अंसारी, राकेश सिंह टुन्ना, राहुल कुमार, बढ़न वर्मा सहित सैंकड़ों लोग मौजूद थे।
कलश लेकर दिल्ली रवाना हुए एनवाईके के युवा स्वयं सेवक
मानव सेवा संस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गिरिडीह। संवाददाता। नेहरू युवा केंद्र गिरिडीह व जिला प्रशासन गिरिडीह की ओर से मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत मेरा माटी मेरा देश अभियान कार्यक्रम ग्राम स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक दो चरणों में आयोजित किया गया था। शनिवार को नेहरू युवा केंद्र गिरिडीह कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन कर एनवाईके गिरिडीह के युवा स्वयं सेवक को कुल 16 कलश के साथ दिल्ली के लिए रवाना किया गया। हरी झंडी दिखाकर गिरिडीह मानव सेवा संस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव ने रवाना किया। एनवाईके के जिला युवा अधिकारी मो नैयर परवेज ने बताया कि प्रथम चरण में 1-31 अगस्त तक ग्राम स्तर पर कलश यात्रा के द्वारा हर घर तक पहुंच कर मिट्टी कलश में एकत्रित किया गया। वहीं दूसरे चरण में 1 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक पंचायत स्तर व 16 अक्टूबर से लेकर 25 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर कलश यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान कार्यक्रम का समापन दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक-कर्तव्य पथ के पास शहीदों के सम्मान में भारत वर्ष के मिट्टी से अमृत वाटिका निर्माण किया जायेगा। दिल्ली जाने वाले युवाओं में लंबोदर सिंह, कासिम अंसारी, इम्तियाज अंसारी, कुंदन कुमार, निशा कुमारी, चंचल कुमारी आदि शामिल हैं।
पुलिस ने किया बाईक चोर गिरोह का उद्भेदन
8 अपराधी गिरफ्तार, 10 बाईक बरामद, अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हुए हैं तार
गिरिडीह। संवाददाता। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने चोरी की 10 मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस को कई बाइकों के पार्ट्स भी मिले हैं। पुलिस को यह सफलता एसपी दीपक कुमार शर्मा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिली। सूचना के बाद सरिया और गावां थाना की पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया और एक अपराधी के पकड़े जाने के बाद उसकी निशानदेही पर अन्य अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, गिरिडीह समेत कई अन्य जिलों से बाइक की चोरी कर उसे बिहार में खपाया जाता था और इसी प्रकार बिहार से गाड़ियों की चोरी कर उसे झारखंड में बेचने का काम यह गिरोह करता था। इसके अलावा गिरोह के सदस्य नई मोटरसाइकिलों की भी चोरी कर उसके पार्ट्स खोलकर उसे खुले बाजार में बेच देते थे। गिरोह के सदस्य चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले रेकी भी करते थे और चोरी के बाद एक दूसरे के पास रखकर रिसीवर की भूमिका में भी थे। बगोदर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सरिया के अलग-अलग गांव से चार बाइक बरामद किया है। इसमें अधिकांश मोटरसाइकिल हीरो कंपनी की है। वही पांच अन्य अपराधी सुरेश यादव, राजेश रविदास, विशाल पांडे, कुमार राजा और भूषण मंडल अपराधी सरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वही गांवा थाना की पुलिस ने अलग-अलग ठिकाने पर छापामारी कर 3 अपराधियों को दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों में घोड़थबां के सिकंदर वर्मा, गांवा के कमलेश और कुमार राजा शामिल है। गिरफ्तारी के बाद अपराधियों ने कई खुलासा भी किया है। उनके गिरोह का विस्तार बिहार तक बताया गया है। फिलहाल कई अपराधी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
एक बार आगे बढ़ने की ठान ले तो कोई भी बाधा मंजिल को पाने से रोक नहीं सकती : खंडेलवाल
अपने स्कूल पहुंचे केके खंडेलवाल, आईआईटी तैयारी के दिए टिप्स
45 साल बाद स्कूल पहुंचे जिले के प्रथम आईएएस का हुआ भव्य स्वागत
गिरिडीह। संवाददाता। जिले के प्रथम आईएएस और प्रथम आईआईटीयन केके खंडेलवाल शनिवार को गिरिडीह हाईस्कूल पहुंचे। उन्होंने इसी स्कूल से पढ़ाई की थी। लगभग 45 साल बाद अपने स्कूल में दुबारा आए श्री खंडेलवाल का स्कूल में भव्य स्वागत हुआ। प्राचार्य श्री मनोज रजक ने कहा कि राज्य के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर रहे हमारे पूर्व विद्यार्थी के आगमन से हमारे स्टूडेंट्स को काफी प्रेरणा मिलेगी। तत्कालीन शिक्षक दिनेश प्रसाद और पूर्ववर्ती विद्यार्थी अजीत बरनवाल ने भी केके खंडेलवाल से जुड़े संस्मरण सुनाए। इस दौरान श्री खंडेलवाल ने विद्यालय से जुड़ी अपनी कई स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। यही कारण है कि जब गिरिडीह में आईआईटी और आईएएस की तैयारी का कोई कोचिंग संस्थान नहीं था, उस दौरान उन्हें इन दोनों में सफलता मिली। श्री खंडेलवाल ने कहा कि आज प्रतियोगिता के दौर में स्टूडेंट्स को अपने कैरियर का चुनाव काफी गंभीरता से करना चाहिए, जिनमें आईआईटी से इंजीनियरिंग पढ़ने की लगन हो, उन्हें काफी गहराई से इसकी तैयारी करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि झारखंड के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी पद से रिटायर श्री खंडेलवाल खुद भी आईआईटीयन हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने जिन 16 बच्चों को पढ़ाया, सबको आईआईटी में प्रवेश मिला। उनके बेटे अनुपम को ऑल इंडिया रैंक 09 मिला। यह झारखंड बनने से अब तक रांची का सर्वश्रेष्ठ रैंक है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने आईआईटी की हाई क्वालिटी तैयारी कराने के लिए रांची में खंडेलवाल क्लासेस की स्थापना की है। श्री खंडेलवाल ने कहा कि एक बार आपने आगे बढ़ने की ठान ली तो कोई भी बाधा मुश्किल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह हाईस्कूल में पढ़ाई के दौरान ही मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। श्री खंडेलवाल ने बच्चों को फास्ट कैलकुलेशन के तरीके और गणित के जुड़े कई बिंदुओं की जानकारी दी। स्टूडेंट्स ने इन विषयों में काफी दिलचस्पी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स ने श्री खंडेलवाल से कई सवाल भी पूछे। मंच संचालन शिक्षक विवेक सिन्हा ने किया।
पुराना जेल परिसर दुर्गा मंदिर समेत कई स्थानों में हुआ महाभंडारा
गिरिडीह। संवाददाता। दुर्गा पूजा समाप्ति के बाद शनिवार को झंडा मैदान स्थित पुराना जेल परिसर दुर्गा मंदिर, कोलडीह दुर्गा मंदिर और बीबीसी रोड स्थित श्री शक्ति दुर्गा मंदिर में महा भंडारा का आयोजन किया गया। इस दौरान खिचड़ी प्रसादी बनाकर भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। पुराना जेल परिसर दुर्गा मंदिर में दोपहर से महाभंडारे का प्रसाद वितरण शुरू किया गया। यहां पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, उप महापौर प्रकाश सेठ समेत हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद को ग्रहण किया। वहीं कई लोग बर्तन में प्रसादी भरकर घर ले गए। मौके पर अरुण साह, राजेंद्र तरवे, अजय पाठक, वाल्मीकि सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, रमेश सिंह, आलोक कुमार, नंदू पासवान, गजेंद्र सिंह, गौरव कुमार समेत अन्य समितियों का योगदान रहा। कोलडीहा स्थित 20 नंबर में नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भी हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने खिचड़ी महाप्रसाद को ग्रहण किया। यहां पर मुख्य रूप से संयोजक राजेंद्र प्रसाद यादव, अजय कुमार साह, दिलीप यादव, मंटू यादव, उमेश शाह सहित कई सदस्यगण मौजूद थे। वहीं बीबीसी रोड स्थित मां शक्ति दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कई लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर मुख्य रूप से राजेंद्र बरनवाल, रवि कुमार, रितेश सिन्हा, निक्कू सिन्हा, संजय पांडे, सनी कुमार, भोलाराम सहित कई सदस्य मौजूद थे।
बीडीओ ने ज्कई विद्यालय व बूथों का किया निरीक्षण
स्कूलों में छात्र-छात्राओं से पूछे कई प्रश्न, ली कई जानकारियां
जमुआ। संवाददाता। बीडीओ कमलेन्द्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को जमुआ प्रखंड के बेरहाबाद पंचायत के मध्य विद्यालय घोरंजो एवं प्राथमिक विद्यालय अरवाटांड़ तथा मध्य विद्यालय करोडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने उक्त सभी विद्यालयों के बूथों के बारे में भी संबंधित बीएलओ से जानकारी हासिल कर कई निर्देश दिए। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 का प्रचार प्रसार एवं बीएलओ का उत्साहवर्धन भी किया गया। वहीं उन्होंने बीएलओ को ब्लैक एवं व्हीट फोटो एवं एरर को संशोधित करने की बात बताई गई। बीडीओ कमलेन्द्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग दिल्ली के निर्देशानुसार 01.01.2024 को अहर्ता तिथि मानते हुए मतदाता का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जिसके तहत दिनांक 27 अक्टूबर से 09 दिसम्बर तक दावा आपत्ति प्राप्त करने का अवधि निर्धारित की गई है तथा दिनांक 28 एवं 29 अक्टूबर तथा 04 एवं 05 नवम्बर को सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक स्पेशल केम्प सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किया गया है जिसका आज डोर टू डोर आधे दर्जन बूथों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने संबंधित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र छात्राओं से कई प्रश्न भी पूछे एवं स्कूल सफलतापूर्वक संचालन एवं मध्याह्न भोजन स्कूल ड्रेस, बेंच डेस्क, कितना सरस्वती वाहिनी सहित कई अन्य की भी जानकारी संबंधित शिक्षक से लिया गया। वहीं मध्य विद्यालय घोरंजो के एक पुराना बिल्डिंग जो पूरी तरह जर्जर अवस्था में है, उसे हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, प्राथमिक विद्यालय अरवाटांड़ में हैंड वास एवं जल नल द्वारा लगाए गए सारे पाइप एवं नल पूरी तरह टूट गया था, उसे शीघ्र रिपेयर करवाने का भी निर्देश दिया गया। मौके पर जनसेवक रेणु यादव, बीएलओ गुलशन आरा, हाशिना खातून एवं बबिता देवी उपस्थित थे।
झारखंड प्राईवेट स्कूल एसोशिएसन की बैठक संपन्न
जमुआ। संवाददाता। झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की बैठक डीएवी पब्लिक स्कूल जमुआ में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा एवं संचालन संघ के सचिव आशीष कुमार ने किया। इस बैठक में निजी विद्यालय में अध्ययन कर रहे अष्टम, नवम व दशम वर्ग के विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास को लेकर दिसंबर में बाल प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रखंड के अंतर्गत सभी निजी विद्यालय के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। बैठक में त्रिभुवन पांडे, दुलारचंद यादव, संघ के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार निराला, महेंद्र प्रसाद वर्मा, नरेश कुमार, मोहन प्रसाद वर्मा, अजय कुमार वर्मा, मो इरफान अंसारी, अशोक कुमार वर्मा सहित सहित कई शिक्षक मौजूद थे।
जिप सदस्य सुनीता कुमारी ने विद्युत विभाग के एई को लिखा पत्र
जले हुए ट्रांसफर्मर को दो दिन के अंदर बदलने की मांग
नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
डुमरी। संवाददाता। जिप सदस्य सुनीता कुमारी ने विद्युत विभाग के एई को पत्र लिखकर मधगोपाली पंचायत के विधायक टोला में बालूटुंडा के केंदूवाडीह में एवं छछंदो के जोभी गांव में जले ट्रांसफार्मर को दो दिनों के अन्दर बदलने की मांग की है अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। जिप सदस्य ने लिखा है कि विधायक टोला घुटवाली एवं केंदुवाडीह में लगा ट्रांसफार्मर बीते एक महीना पूर्व जल गया था, जिसे टीआरडब्लू द्वारा बदला दिया गया था, पर वह ट्रांसफार्मर 20 दिन भी नहीं चला और पुन: दोनों जल गया। लिखा है कि पूर्व में ही केंदुवाडीह गांव में 100 केवीए की एडिशनल ट्रांसफार्मर की मांग की थी परंतु वह मांग सिर्फ मांग बन कर रह गई। घुटवाली विधायक टोला की ट्रांसफार्मर जैसे तैसे बनाकर दी गई। वही जोभी में ट्रांसफार्मर जलने के कारण एक महीना से अधिक समय से गांव अंधेरे में है जबकि इसकी सूचना विभाग को दी गई लेकिन विभागीय अधिकारी को कोई मतलब नहीं है। उपरोक्त गांवों में दुर्गा पूजा जैसा त्योहार भी बिना बिजली के ही बीत गया। जिप सदस्या ने घुटवाली विधायक टोला में 100 केवीए, केंदूवाडीह में 200 केवीए तथा जोभी में 63 केवीए के नया ट्रांसफार्मर दो दिनों में लगवाने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।