देवघर/वरीय संवाददाता। कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेंस फाउंडेशन के सौजन्य से झारखंड में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दिशा में काम कर रही स्वैछिक संस्थाओं की बैठक चेतना विकास के रामराज आश्रम के सभागार में आयोजित की गई। बैठक मे कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेंस फाउंडेशन के विधान चंद्र ने कहा कि आप सबों ने बाल विवाह मुक्त भारत के लिए 16 अक्तूबर को जो अभियान किया है वो सराहनीय प्रयास है। कहा कि यह देश स्तरीय अभियान है। 16 अक्तूबर को देश के 616 जिला मे अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया और लगभग देश मे 16 करोड़ लोगों तक पहंुच पाए हैं। यह कारवां अभी जारी रहेगा और देश के जमीनी स्तर पर का कर रहे संस्थाओं ंंके सामूहिक प्रयास से 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ साथ बाल यौन हिंसा, बाल तस्करी, बाल मजदूरी को रोकने के लिए भी जागरुकता अभियान चलाने की बात कही है। झारखंड के 24 जिलों एवम बिहार के जमुई, बांका और भागलपुर मंे काम कर रही संस्थाओ ने अगले छह माह के कार्य योजना एवं रणनीति को निर्धारित किया। कार्यक्रम में संस्थाओ ने पिछले दिनों संपादित अपने अपने गतिविधि को प्रस्तुत किया। मौके पर चेतना विकास, साथी, एसजीभीभी, सहयोगिनी, ग्राम ज्योति, ग्राम साथी, झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, छोटानागपुर कल्याण निकेतन, आश्रय, युवा, वैदिक सोसाइटी, बदलाव फाउंडेशन, झारखंड महिला उत्थान, मंथन, ग्रामीण नेहरू युवा ट्रस्ट, मुक्ति निकेतन, अग्रगति, जन लोक कल्याण परिषद, जन सेवा परिषद, वनवासी विकास आश्रम एवं समाधान के प्रतिनिधि मौजूद थे।
ब्लू बेल्स स्कूल में हुई स्वच्छता पखवारा की शुरुआत
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार को ब्लू बेल्स स्कूल में निदेशक प्रेम कुमार द्वारा स्वच्छता पखवारा की औपचारिक शुरुआत के बाद विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों को विद्यालय परिसर मे स्वच्छता की शपथ दिलवाई गई। इस दौरान निदेशक प्रेम कुमार ने सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के साथ साथ पर्यावरण को संरक्षित रखने के उद्देश्य से अपनी दैनिक जीवन में कार्यालयी/निजी गतिविधियों में प्रयोग में लिए जाने वाले सभी प्रकार के एकल प्रयोग प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आह्वान किया एवं सभी को इस हेतु प्रेरित करने पर जोर दिया ताकि स्वच्छता के साथ साथ पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके। इस क्रम में उन्होंने सभी कर्मचारियों को स्वच्छता का स्थायीकरण करने के लिए मान्यता प्राप्त तकनीक जैसे कि 5 एस का प्रयोग कर विद्यालय में बेहतर कार्यस्थल प्रबंधन के अंतर्गत स्वच्छता को स्थायी रूप से बनाए रखने की दिशा पर जोर दिया और कहा कि यदि हम अपनी सोच व दृष्टि को भी स्वच्छ रखेंगे तो हम अपने विकास के प्रति तत्परता से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
बाबा वैद्यनाथ से नमो को फिर पीएम बनाने की कामना : निरंजन
- भाजपा नेता निरंजन के नेतृत्व में महागामा के पांच हजार से अधिक लोगों ने बाबा मंदिर में लगायी हाजिरी
देवघर/वरीय संवाददाता। एक तरफ रांची में भाजपा संकल्प सभा का समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी. नड्डा की उपस्थिति में राज्य के हेमंत सरकार को हटाने के लिए कर रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य की सांस्कृतिक राजधानी देवघर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश की कमान मिलने की मुराद लिए सुदूरवर्ती महागामा विधानसभा क्षेत्र के लगभग पांच हजार लोगों ने बाबा वैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। कहा जाता है कि भक्ति में शक्ति होती है मान्यता है कि हर शुभ कार्य से पहले भगवान का आशीर्वाद लिया जाता है। भाजपा नेता निरंजन कुमार सिन्हा की अगुवाई में महागामा विधानसभा क्षेत्र के लगभग पांच हजार लोगों ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने व भाजपा को 400 प्लस सीट दिलाने के लिए मनोकामना लिंग, द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ के दरबार में शनिवार को शरद पूर्णिमा के मौके पर हाजिरी लगाई व कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत शहर के हृदयस्थली टावर चौक के समीप स्थित एक होटल से की गई। बड़ी तादाद में लोग ढोल बाजे-गाजे के साथ भव्य जुलूस के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर के लिए निकले। इस दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव, जय बाबा बैद्यनाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा। रैली का प्रारंभ पांच वैदिक पंडितों द्वारा सामूहिक स्वस्तिवाचन के साथ की गई। साथ ही वैदिकों ने भाजपा नेता श्री सिन्हा को माला पहनाकर आशीर्वाद दिया व नरेन्द्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने व श्री सिन्हा को महागामा विधानसभा क्षेत्र की कमान मिलने को लेकर बाबा से प्रार्थना की। साथ ही भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व से आगामी विधानसभा चुनाव में श्री सिन्हा को महागामा विधानसभा से टिकट देकर चुनावी रणक्षेत्र में उतारने की मांग की। सभी लोगों ने मानसरोवर फुट ओवरब्रिज से कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ की बारी-बारी से पूजा-अर्चना किया। इस दौरान भाजपा नेता श्री सिन्हा ने कहा कि दुनिया के किसी नेता के लिए ऐसी दिवानगी लोगों में नहीं है,जैसे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए पिछले एक दशक में देखी जा रही है। हम सभी भाजपा कार्यकर्ता झारखंड के सभी 14 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने के लिए मेहनत करेंगे, व उसके बाद झारखण्ड में पुन: प्रचण्ड बहुमत के साथ भारतीय जनमा पार्टी की सरकार बनाने के लिए पसीना बहायेंगे। साथ ही महागामा विधानसभा सीट को निश्चित रूप से भाजपा की झोली में आए, इसके लिए भी ईमानदारी के साथ एक कार्यकर्ता की भांति काम करेंगे। मौके पर पवन कुमार सिंह,मुकेश कुमार कुशवाहा,दीपक कुशवाहा,राजेश दास, ललन राय, रिंटू सिंह,राजा सिंह, राजीव यादव,मुकेश कुमार सिंह,राजेश लाला, मंटू यादव, सुनील मंडल सहित महागामा विधानसभा क्षेत्र के हजारों की संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे।
मनरेगा कर्मी 30 को करेंगे ग्रामीण विकास विभाग मंत्री के आवास का घेराव
देवघर/वरीय संवाददाता। मनरेगा कर्मियों के स्थायीकरण वेतनमान एवं अन्य सर्विस बेनिफिट के मांग की पूर्ति हेतु सोमवार को मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग के रांची स्थित सरकारी आवास का घेराव किया जायेगा।
झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ द्वारा उपायुक्त, देवघर के नाम जारी एक पत्र में कहा गया है कि मनरेगा कर्मी के चिरलंबित मांगों की पूर्ति के लिए झारखण्ड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ, झारखण्ड के पत्रांक- 25 एवं 28 दिनांक 10.10.2023 के द्वारा ग्रामीण विकास मंत्री के रांची स्थित सरकारी आवास के घेराव के लिए 30 अक्टूबर को पूरे झारखण्ड राज्य के मनरेगा कर्मी को रांची आने का आह्वान किया गया है। जिसमें पूरे झारखंड के सभी जिले के सभी विंग के मनरेगा कर्मी बीपीओ सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, लेखा सहायक कम्प्यूटर सहायक एवं ग्राम रोजगार सेवक) इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को देवघर जिले के सभी विंग के सभी मनरेगा कर्मी इस आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके लिए पूरे देवघर के मनरेगा कर्मी 30 अक्तूबर को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
पुण्यतिथि पर साहित्यकार राजेंद्र यादव को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर साहित्यकार स्वर्गीय राजेंद्र यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हिंदी साहित्य के प्रमुख हस्ताक्षर स्वर्गीय यादव हिंदी के सुप्रसिद्ध लेखक, कहानीकार, उपन्यासकार एवं आलोचक थे। नई कहानी के नाम से उन्होंने हिंदी साहित्य में एक नई विधा का सूत्रपात किया। हिंदी के सर्वाधिक चर्चित साहित्यिक पत्रिका हंस के माध्यम से उन्होंने हिंदी के नए लेखकों की एक नई पीढ़ी को सामने आने का मौका दिया। साहित्य की तमाम विधाओं में राजेंद्र जी एक जैसी पकड़ रखते थे। साहित्य की दुनिया में उनकी ऊंचाइयों को कोई भी भुला नहीं सकता है।
कुष्ठ कल्याण समिति ने पांच सूत्री मांग को लेकर दिया धरना
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के जिला शाखा द्वारा पांच सूत्री मांग को लेकर स्थानीय टावर चौक के समीप महात्मा गांधी प्रतिमा के नीचे धरना दिया गया एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी निधि के आदेश अनुसार यह धरना दिया गया है। झारखंड सरकार से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, बंधुआ मजदूर पेंशन की राशि को 3500 रुपया प्रति माह करने, राज्य के सभी कुष्ठ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने, देवघर के कालीरखा मातृ कॉलोनी कुष्ठ आश्रम की भूमि को घेराबंदी कराने, आश्रम के प्रत्येक ब्लॉक में नल द्वारा सप्लाई पानी की सप्लाई करने, एक सामुदायिक भवन तथा पांच पुरुष, पांच महिला का संयुक्त शौचालय का निर्माण कराने की मांग की गयी है। मौके पर अध्यक्ष महेंद्र राय, संरक्षक नित्यानंद केसरी, इतवारी राय, दिलीप कुमार मंडल, लाल यादव, अनुपम कुमारी, शिवानी देवी, संगीता देवी, सिद्धेश्वर राना, गोपाल प्रसाद सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।
शरद पूर्णिमा को लेकर बाबा मंदिर में भक्तों की उफान
देवघर/वरीय संवाददाता। आश्विन मास शरद पूर्णिमा को लेकर शनिवार को बाबा मंदिर में अन्य दिनों से अधिक भक्तों की भीड़ लगी रही। बाबा मंदिर का पट सुबह 4:30 बजे खुलने के बाद सरदारी पूजा के समापन के बाद भक्तों के लिए पट खोल दिया गया। सुबह लगभग 5:05 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ को मानसरोवर स्थित क्यू कॉम्प्लेक्स से फुट ओवर ब्रिज से संस्कार भवन के रास्ते से बाबा गर्भगृह में प्रवेश कराया गया। जिसके लिये भक्तों को लंबे इंतजार करना पडा़। इस दौरान शीघ्र दर्शनम से भी कई भक्तों ने पूजा की। ज्ञात हो की शरद पूर्णिमा शुभ तिथि होने के कारण बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा मंदिर परिसर में मांगलिक कार्यक्रम भी किये, जिससे पूरा मंदिर परिसर भरा रहा। इस दौरान भक्तों ने प्रशासनिक भवन, सुविधा केन्द्र, लक्ष्मी नारायण मंदिर, आनंद भैरव मंदिर, राम मंदिर आदि मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, मुंडन, गठबंधन आदि कराया। सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम कराए गए थे ताकि भक्तों को कोई कठिनाई नहीं हो।
बाबा मंदिर परिसर में महालक्ष्मी की तांत्रिक विधि से हुई पूजा
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार संध्या लगभग 6:30 बजे बाबा मंदिर प्रशासनिक भवन स्थित दुर्गा मंडप में महालक्ष्मी की पूजा का आयोजन हर्षोल्लास से की गयी। इस अवसर पर माता महालक्ष्मी की प्रतिमा की स्थापना कर विधि विधान से पूजा अर्चना की गयी। मां की पूजा सरदार पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा द्वारा तांत्रिक विधि से की गयी। महालक्ष्मी की पूजा सरदार पंडा व आचार्य गोपाल महाराज ने विधि से पूजा की। इस दौरान मां महालक्ष्मी का बेल से हवन किया गया। इसके साथ ही कुमारी पूजन के साथ पूजा का विधिवत समापन किया गया। पूजा में मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त, भक्ति नाथ फलाहारी, संजय मिश्र, आदित्य कुमार, संतोष पंडित, पार्थो सिकदार आदि ने सराहनीय भूमिका निभायी।
बाबा नगरी में धूमधाम से हुई लख्खी पूजा
देवघर/वरीय संवाददाता। बाबा नगरी में बंगाल की संस्कृति हावी रहने के कारण शरद पूर्णिमा को माता लख्खी की पूजा शनिवार को धूमधाम से संपन्न हो गई। लगभग सभी देवी मंडपों, पूजा पंडालों तथा घरों में लोग माता लख्खी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना कर माता से धन-धान्य की वृद्धि की कामना की। इस दौरान घरों के बाहर लोग तरह तरह की रंगोली घरों को सजा कर दीप जलाकर खुशी मनाते रहे। वही धान की बाली, तरह-तरह के फल, फूल नाना प्रकार की व्यंजन से पूजा अर्चना की गयी। सभी घरों में खीर का निर्माण कर छत पर रखकर अमृत वर्षा के लिए रखा गया।
- ए डिवीजन क्रिकेट लीग मैच
जय मां अंबे की टीम ने डीसीए टू को सात विकेट से हराया
देवघर/नगर संवाददाता। शनिवार को जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में ए डीविजन का लीग मैच स्थानीय केकेएन स्टेडियम में खेला गया। आज के खेले गए मैच में जय मां अंबे ने डीसीए टू को 7 विकेट से हराया। डीसीए टू के कप्तान हिमांशु ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए टू की पूरी टीम 20.1 ओवर में सभी विकेट खोलकर 89 रन ही बना सकी। डीसीए टू के तरफ से विशाल सिंह ने 28 गेंद खेलकर एक छक्के चौके की मदद से 21 रन, अभिषेक रावत ने 10 गेंद खेल कर दो छक्के एक चौकी की मदद से 19 रन बनाएं।
जय मां अंबे की तरफ से गेंदबाजी करते हुए वेदांत ने 3, गौरव ने 2 शिवम, कारण, सूरज और आनंद ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय मां अंबे की टीम ने 14.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 90 रन बनाकर जीत हासिल कर लिया। जय मां अंबे की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए तुषार ने पांच चौकों की मदद से 25 रन और दीपक यादव ने 34 गेद खेल कर 20 रन बनाया। डीसीए 2 के तरफ से गेंदबाजी करते हुए चिंटू, आदित्य और मयंक ने एक-एक विकेट लिया।