-केंद्रीय विद्यालय और डीएवी स्कूल में आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता जिला मुख्यालय अंतर्गत अवस्थित केंद्रीय विद्यालय एवं डीएवी स्कूल, रौतारा के सभागार में शुक्रवार को बाल संरक्षण एवं महिलाओं के खिलाफ हिंसा से जुड़े विभिन्न मुद्दों, यथा-बाल विवाह, बाल शोषण, पॉक्सो अधिनियम आदि विषयों पर उत्प्रेरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित जिला बाल संरक्षण अधिकारी रितेश कुमार ने कहा कि समाज के सभी लोगों की सहभागिता से ही बाल संरक्षण से जुड़े सभी समस्याओं का निराकरण हो सकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। बाल विवाह के कारण तथा उनसे होने वाले दुष्परिणामों को बताते हुए जानकारी दी। इसके कारण एनीमिया को बढ़ावा मिलता है तथा बच्चे कुपोषण का शिकार होते हैं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी काफी वृद्धि होती है। उनके द्वारा गुड टच, बैड टच, बाल श्रम पर भी जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह मामले में किसका क्या दायित्व है के बारे में भी बताया गया। संरक्षण अधिकारी ओम प्रकाश ने बैठक में कहा कि पढ़ेगी बेटी तभी बढ़ेगी बेटी। उन्होंने बच्चों के सहभागिता के अधिकार को समझाते हुए कहा कि घर के फैसले में बच्चों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें। इसके अलावा पालना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बाल विवाह के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन है। सभी अभिभावकों को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। अभिभावक अपने बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार करें, ताकि बच्चे अपनी समस्याओं को बेझिझक उनसे साझा कर सकें। परिवीक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने उपस्थित सभी बच्चों को पॉक्सो कानून के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे यह कानून उनके हितों की रक्षा करता है। आज सरकार और जिला प्रशासन बच्चों के सुरक्षा को लेकर काफी सजग है। जागरूकता कार्यक्रम में डीसीपीओ रितेश कुमार, संरक्षण अधिकारी ओम प्रकाश, परिवीक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, डीएवी विद्यालय के सचिव, प्रधानाचार्य रजनीश कमल, विद्यालय के सभी शिक्षकगण, चाइल्ड हेल्पलाइन के राजेश, नेहरू युवा केन्द्र के राजेश एवं विद्यालय के छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
डीसी ने की एससी-एसटी अत्याचार मामले की समीक्षा
- 24 मामले के पीड़ितों को प्रथम एवं द्वितीय किस्त की राहत राशि प्रदान करने की अनुशंसा
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को डीसी सह जिला दंडाधिकारी जिशान कमर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी अविनाश कुमार के द्वारा उपायुक्त जिशान कमर एवं पुलिस अधीक्षक नाथूसिंह मीणा सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी गई कि वर्तमान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कल्याण विभाग के समक्ष 24 मामले सामने आए हैं। बैठक के दौरान उपायुक्त के दौरान 24 मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी के आलोक में एसपी द्वारा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम 1989 के तहत पीड़ितों को प्रथम किस्त एवं द्वितीय किस्त की राहत राशि प्रदान करने की अनुशंसा की गई।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा बैजनाथ उरांव, कार्यपालक दंडाधिकारी जेसी विनीता केरकट्टा, कार्यपालक दंडाधिकारी मोनिका बास्की, जिला कल्याण पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित कार्यालय कर्मी मौजूद थे।
ज्ञानोदय-गोड्डा का स्टॉल रांची के दिवाली मेले में आकर्षण का केंद्र
- अदानी फाउंडेशन के सहयोग से जिले के 324 विद्यालयों में संचालित किया जाता है ज्ञानोदय गोड्डा कार्यक्रम
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की तरफ से रांची के मोरहाबादी मैदान में 2 से 6 नवंबर तक दिवाली मेले का आयोजन किया गया है। मेले का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया था। इस मेले में 200 से ज्यादा स्टॉल हैं, जिसमें हस्तशिल्प के साथ ही अन्य तरह के स्टॉल हैं। लेकिन अदाणी फाउंडेशन द्वारा लगाया गया ज्ञानोदय-गोड्डा का मॉडल स्टॉल मेले में आये लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल में बने मॉडल के माध्यम से अदाणी पावर द्वारा गोड्डा में किए जा रहे सीएसआर कार्यों के तहत चलाए जा रहे ज्ञानोदय कार्यक्रम को प्रदर्शित किया गया है। ज्ञात हो कि जिला-प्रशासन के दिशा निर्देश पर गोड्डा के 324 सरकारी स्कूलों में ज्ञानोदय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके चलते सुदूर ग्रामीण इलाकों के 60 हजार से अधिक बच्चों को ई-लनिंर्ग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है। स्टॉल में लगे डिस्पले के माध्यम से अदाणी फाउंडेशन के द्वारा गोड्डा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे कामों को भी दिखाया जा रहा है। स्टॉल में आए लोग अदाणी फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते दिखे।
आठवीं बार रक्तदान कर आशीष ने बचायी बच्चे की जान
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता कोचिंग संस्था के माध्यम से छात्रों में ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाले आशीष कश्यप उर्फ ओमेश्वर हरिओम जरूरत पड़ने पर अपना रक्त देकर लोगों की जान बचाने में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहते हैं। अब तक वे आठ बार रक्तदान कर चुके हैं। दो वर्ष की अमृता कुमारी, पिता विकास कुमार यादव, ग्राम-प्रतापपुर, प्रखंड मेहरमा किसी गंभीर रोग से ग्रसित हैं। बच्ची को ए+ वीई ब्लड की अत्यंत आवश्यकता थी। ब्लड बैंक में इस ग्रुप का ब्लड नहीं रहने के कारण परिजन काफी परेशान थे। इस बात की जानकारी ब्लड बैंक कर्मी राजेश कुमार के द्वारा विद्या विहार, गोड्डा के निदेशक आशीष कश्यप उर्फ ओमेश्वर हरिओम को मिलने पर उन्होंने अविलंब रक्तदान कर उस बच्चे को ब्लड उपलब्ध करवाया। कश्यप बताते हैं कि उनकी संस्था 2018 से निरंतर 07 जिलों में रक्त उपलब्ध करवा रही है। जब भी जरूरत पड़ी है खुद भी रक्तदान किये हैं और आगे भी करते रहेंगे। यह उनका 8वां रक्तदान था।
प्रत्येक पंचायत में बनेगी मत्स्यजीवी तथा दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियां
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता उपायुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को सहकारी समितियों के सशक्तीकरण के लिए गठित डिस्टिक को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (डीसीडीसी) की बैठक में सहकारिता विभाग के माध्यम से जिले के किसानों, दुग्ध पालकों तथा मत्स्य पालकों के कल्याण के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। सहकारी समितियों के सशक्तीकरण के लिए सहकारिता मंत्रालय द्वारा प्रत्येक पंचायत, गांव में पैक्स या प्राथमिक डेयरी एवं मत्स्य की दो लाख सहकारी समितियों की स्थापना का लक्ष्य पूरे देश के लिए रखा गया है। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा है कि गोड्डा जिला सहित राज्य के प्रत्येक पंचायत में पैक्स का गठन किया जा चुका है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा गांव स्तर पर पैक्स के गठन का निदेश प्राप्त नहीं है। साहेबगंज जिला में अब तक डेयरी की 10 तथा मत्स्यजीवी की 16 सहकारी समितियां निबंधित है। उपायुक्त द्वारा जिले के प्रत्येक पंचायत में डेयरी तथा मत्स्यजीवी सहयोग समितियां बनाने का निर्देश दिया। इस प्रयोजन सहायक निबंधक, सहयोग समितियां, गोड्डा अंचल को मासिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों तथा मत्स्य पालकों को सहकारिता से जोड़कर जल कर बंदोबस्ती तथा मेघा डेयरी परियोजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
सौ डेज इंटेंसिव लीगल अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित
-डालसा ने ग्रामीणों को पढ़ाया कानून का पाठ
गोड्डा। विधि संवाददाता जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आयोजित 100 डेज इंटेंसिव लीगल अवेयरनेस कार्यक्रम के तहत जिले के गोड्डा, सुंदरपहाड़ी, बसंतराय एवं पथरगामा प्रखंडों में स्थापित लीगल एड क्लीनिक की ओर से जगह-जगह शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान डालसा की ओर से गठित न्यायिक टीम ने आमलोगों को कानून से संबंधित विविध जानकारी दी। इसी क्रम में सदर प्रखंड के मोतिया पंचायत के विभिन्न गांवों में जाकर पीएलवी इंतेखाब आलम, जायसवाल मांझी , नवीन कुमार, एलएडीसी आदि ने आमलोगों को जानकारी दी। इसी कड़ी में बसंतराय प्रखंड के जमनीकोला पंचायत के पकरिया बेसिक स्कूल में पीएलवी हसीबी, मंजरी बीबी, एलएडीसी आदि ने ग्रामीणों व बच्चों को कानून का पाठ पढ़ाया गया। ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रति जागरुक रहने का आह्वान किया गया। कहा कि जन जागरुकता से ही योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सकेगा। छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, बेटा बेटी एक शिक्षा समान अधिकार, बाल विवाह अपराध, शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभाव, कठोर सजा का प्रावधान, घरेलू हिंसा अपराध, डायन प्रथा अपराध, सामाजिक कुप्रथा कुरीतियों को समाप्त करने के लिए शिक्षा का महत्व, शिक्षा से सामाजिक विकास, पॉक्सो एक्ट आदि से संबंधित विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा सुंदरपहाड़ी में पीएलवी दिलीप यादव व चुनका मरांडी व पथरगामा में अजय टुडू व जोबाती मुर्मू ने विविध जानकारी दी।