चिरेका महाप्रबंधक ने किया उद्घाटन
समारोह मंच पर बच्चों ने किया रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत
चितरंजन। संवाददाता। सीबीएसई से संबद्ध बर्नपुर रिवर साईड स्कूल चित्तरंजन का 16वां वार्षिकोत्सव शुक्रवार को समारोह पूर्वक और उल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चितरंजन रेल इंजन कारखाना के महाप्रबंधक हितेंद्र मल्होत्रा और महिला कल्याण संगठन चिरेका की अध्यक्षा नमिता मल्होत्रा सहित अन्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
स्कूल के स्थापना दिवस सह वार्षिक उत्सव पर स्कूल के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूल के बच्चों के विविध जानकारी परक और मनोरंजक कार्यक्रम की प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीआरएस की प्राचार्या कुलजीत कौर, विद्यालय परिवार के सदस्य सहित प्रबंधन समिति के लोगों ने सक्रिय योगदान दिया। बच्चों की ओर से प्रस्तुत कार्यक्रम के दौरान भारत की सांस्कृतिक पारंपरिक और बच्चों के प्रतिभाशाली कला की झलक देखने को मिली। वार्षिक उत्सव के दौरान स्कॉलरशिप बैच वितरण समारोह और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के साथ बच्चों को मंच से सम्मानित किया गया।
इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन
जामताड़ा। संवाददाता। झारखण्ड शिक्षा परियोजना जामताड़ा के बैनर तले जिला स्तरीय इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल का आयोजन समाहरणालय स्थित खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रशेखर, विशिष्ट अतिथि सार्जेट मेजर कामेश्वर राम, एसआई अजीत कुमार और भास्कर झा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर ने कहा कि जामताड़ा जिले के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बच्चे कुशल मार्गदर्शन से राज्य और राष्ट्र स्तर तक अपनी पहुंच बना सकते हैं। सार्जेट मेजर रामेश्वर राम ने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कला और प्रतिभा को विकसित करने की जरूरत है। बैंड प्रतियोगिता का आयोजन इस दिशा में एक सार्थक कदम है।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने विजेता और उप विजेता टीम को मेडल देकर पुरस्कृत किया। जामताड़ा के जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ गोपाल कृष्ण झा और जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम ने विजेता और विजेता टीम को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक विद्या सागर, सुब्रतो चौधरी और दुर्गेश कुमार दुबे ने किया। मौके पर शिक्षिका रश्मि कुमारी, सुनीता किस्कू, संध्या रानी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
राज्य स्तरीय सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के लिए चयन प्रतियोगिता आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। आगामी 15 नवंबर से 17 नवंबर तक बोकारो जिला में 17वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर खो खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए नगर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के प्रांगण में जामताड़ा जिला खो खो एसोसिएशन के तत्वावधान में सिलेक्शन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सेलेक्शन ट्रायल में जामताड़ा के विभिन्न विद्यालयों के 78 बालक एवं 49 बालिका खो खो खिलाड़ी शामिल हुए। सेलेक्शन ट्रायल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ सेंट जोसेफ स्कूल के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन, जामताड़ा जिला खो खो संघ के अध्यक्ष डीडी भंडारी, सचिव विपिन दुबे एवं राज्य खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त सचिव दीपक दुबे संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किए। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सेंट जोसेफ स्कूल के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे चाहरदिवारी के अंदर ही ही सिमट कर रह जा रहे हैं। अब बच्चे को घर से बाहर निकलने के लिए पेरेंट्स काफी परेशान हो रहे हैं। इसीलिए अब अभिभावकों को भी कम से कम बच्चे को ग्राउंड में एक घंटा आवश्यक रूप में खेलने के लिए भेजें, जिससे कि बच्चे-बच्चियों का शारीरिक, मानसिक के साथ-साथ बौद्धिक विकास हो सके। इस अवसर पर जामताड़ा जिला खो-खो संघ के खो-खो संघ के संयुक्त सचिव दीपक दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 20 खिलाड़ी एवं बालिका वर्ग में 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। विगत 3 दिन तक बेहतर अभ्यास एवं एवं खो-खो खेल के बारीकी से खिलाड़ियों को अवगत कराया जाएगा। अंतिम दिन 15 बालक एवं 15 बालिका खिलाड़ियों फाइनल सिलेक्शन किया जाएगा। जो जामताड़ा जिले की ओर से बोकारो में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस ट्रायल प्रतियोगिता को सफल संचालन में सूरज पासवान, भास्कर चांद, विसेंट किस्कू, कृष्णा और अनीश रंजन ने अपने महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांगेस के लिए छात्र और छात्रा चयनित
जामताड़ा। संवाददाता। संत एन्थोनी स्कूल जामताड़ा के सभागार में जिला शिक्षा विभाग एवं साइंस फार सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 31वीं राष्ट्रीय बाल बिज्ञान कांगेस का जिला स्तरीय मुल्यांकन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन शिक्षाविद सह रसायन शास्त्री डाक्टर पार्थ कुमार बोस, समाजसेवी डाक्टर पीके सरर्खेल, जामताड़ा राज परिवार के राजा अजित सिंह एवं साइंस फॉर सोसाइटी जामताड़ा के सचिव डाक्टर कांचन गोपाल मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से बाल वैज्ञानिकों के दो-दो के समूह के द्वारा बाल विज्ञान कांगेस के मुख्य विषय एवं इसके उप विषयों से संबंधित स्थानीय समस्याओं पर निदान की दिशा में किए गए क्रियाशीलन पर निर्मित परियोजना का प्रदर्शन और प्रस्तुतीकरण निर्णायक मंडली के समक्ष किया। निर्णायक मंडली में रसायन शास्त्री डाक्टर पार्थ कुमार बोस, डॉक्टर पीके सर्खेल सहित अन्य शामिल थे। सचिव डा कांचन गोपाल मंडल ने कार्यक्रम से संबंधित संक्षिप्त प्रकाश डाला। तकनीकी सत्र में निर्णायकों ने प्रस्तुत परियोजना का मूल्यांकन कार्य किया। कार्यक्रम का संचालन एकेडमिक कोडिनेटर डीडी भंडारी ने किया। परियोजनाओं का निबंधन एवं बाल विज्ञानियों को विधिवत दिशा निर्देश जिला समन्वयक बीरेन्द्र नाथ गोराई ने किया। निर्णायकों ने तीन बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांगेस के लिए किया गया।
धनतेरस पर दिनभर हुई खरीददारी, बर्तन व सर्राफा में उमड़ी भीड़
उत्साह उमंग का दिनभर रहा माहौल, शाम को हुई धनवंतरी की पूजा
जामताड़ा। मिहिजाम। संवाददाता। दीपावली व धनतेरस को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के बाजारों की रौनक बढ़ गई है। शुक्रवार को बाजार में खरीददारी के लिए दुकानों पर लोग उमड़े। बर्तन बाजार व ज्वेलर्स की दुकानों में अधिक रौनक रही। बाइक, मोबाइल, जेवर, फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीद पर लोगों का रुझान दिखाई दिया। दुकानदारों ने भी विभिन्न सामान की खरीद पर छूट व तोहफा दिए जाने के साथ ही मुफ्त में होम डिलीवरी की भी सुविधा तक देकर ग्राहकों को खूब लुभाया। इसके साथ ही सड़क के किनारे लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और मिट्टी के दीयों की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ रही। धनतेरस पर लोग धातु के बर्तन, सोने और चांदी के जेवर और सिक्के खरीदना शुभ मानते हैं। धनतेरस के कारण कारोबार को नई उर्जा मिली है।
बाइक व मोबाइल की भी धूम
धनतेरस को लेकर जिले में बाइक व मोबाइल की धूम मची हुई है। बाइक की बुकिग का सिलसिला पिछले एक सप्ताह से चल रहा था। ज्यादातर ग्राहकों ने धनतेरस के दिन बाइक खरीदी। चारपहिया वाहनों की बिक्री भी हुई।
सोने-चांदी की दुकानों पर रही रौनक
धनतेरस के दिन सोने और चांदी का आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है। आभूषणों में पहली पसंद खासकर महिलाओं के लिए सोने से बनी जेवर ही होती है। इसलिए बाजार में पीली धातु के जेवरों की डिमांड रही। इसके बाद चांदी के सिक्कों की भी कई वेराईटी बाजार में देखी गई। धनतेरस के मौके पर ज्वेलरी की दुकानों पर महिलाओं की रही। किसी ने चांदी के सिक्के खरीदे तो किसी ने ज्वेलरी।
मिहिजाम संवाददाता के अनुसार, धनतेरस के मौके पर मिहिजाम में लोगों ने जमकर खरीदारी किया। इस दौरान बाजार का रौनक भी देखने लायक था। सजावट की दुकान से लेकर ज्वेलर्स, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, टीवी फ्रिज की दूकानों पर लोगों की भीड़ खूब देखा गया। जहां लोगों ने अपने-अपने हिसाब से इन चीजों की जमकर खरीदारी किया। धनतेरस को लेकर बाजार में शुक्रवार को दिनभर चहल पहल रहा। इसके अलावा मिट्टी का दीया, खिलौना, विभिन्न प्रकार की स्वादिष्ट मिठाईयों का कई जगहों पर स्टॉल लगाया है। काली पूजा को लेकर मिहिजाम में कई जगहों पर पंडाल बनाने कार्य अंतिम चरण में है।
बीडीओ ने अनुपस्थित रहने वाले दो रोजगार सेवक का मानदेय पर लगाया रोक
जामताड़ा। संवाददाता। शुक्रवार को प्रखण्ड सभागार जामताड़ा में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी ने विकास योजनाओं को लेकर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक की। बताया कि सरकार के 4 वर्ष पूरा होने के अवसर पर प्रखण्ड के सभी पंचायत में आपकी योजना आपकी सरकार आपकी द्वार का आयोजन 24 नवंबर से 26 दिसंबर तक प्रखंड के सभी पंचायत में करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। जिसे लेकर विस्तृत समीक्षा मंगलवार को प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आहूत करने के लिए बीपीआरओ को निर्देश दिया। मनरेगा योजना के समीक्षा के क्रम में एबीपीएस में 80 प्रतिशत से नीचे प्रगति करने वाले रोजगार सेवकों को स्पस्टीकरण करने का निर्देश प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को दिया। गोपालपुर पंचायत के रोजगार सेवक को बिना सूचना दिए बैठक में अनुपस्थित रहने पर एक दिन का मानदेय स्थगित करने को कहा गया। रोजगार सेवक चेंगईडीह एवं सोनवाद को मेड़बंदी योजना एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने को कहा गया।
मौके पर बीपीआरओ अशोक चौधरी, प्रधानमंत्री आवास समन्वयक राकेश महतो, सहायक अभियंता कुमार अनुराग, कनीय अभियंता वकील मुर्मू, बिस्वजीत दुबे, इंद्रजीत कुमार सभी पंचायत के पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक मौजूद थे।
मोटरसाइकिल चोरी मामले को लेकर छापामारी
मोटरसाइकिल सहित दो लोग गिरफ्तार
नाला। संवाददाता। गुप्त सूचना के आधार पर नाला पुलिस ने तारा चुटिया गांव में छापामारी कर दो चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी की गोविंद मुर्मू, पिता साहब लाल मुर्मू, ग्राम तारा चुटिया, थाना नाला, जिला जामताड़ा अपने घर में चोरी का मोटरसाइकिल को चोरी कर खरीद बिक्री का काम करते हैं। इस वक्त चोरी का एक मोटरसाइकिल घर पर रखा हुआ। इस सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक के आदेश अनुसार थाना प्रभारी नाला महेश मुंडा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। गठन कर गोविंद मुर्मू के घर में छापामारी एवं तलाशी की गई। जहां से टीवीएस स्टार सिटी बाईक बरामद किया गया। उक्त संबंध में गोविंद मुर्मू से उक्त मोटरसाइकिल का कागजात का मांग किया गया। तो उनके द्वारा कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। गोविंद मुर्मू ने बताया कि उसने बाईक गांव के ही हीरालाल मंडल से खरीदा है। गोविंद मुर्मू के बयान पर हिरालाल मंडल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर दोनों ने बाईक चोरी की बात स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेज दिया गया। छापामारी दल में नाला थाना प्रभारी महेश मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक ललित सागर केरकेट्टा सहित अन्य सशस्त्र बल मौजूद थे।
करमदाहा मंदिर में सूर्य सह गणेश मंदिर का हुआ भूमि पूजन
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के करमदाहा मंदिर में शुक्रवार को सूर्य सह गणेश मंदिर निर्माण कार्य का भूमि पूजन मंदिर कमिटि सदस्यों ने किया, जिसमें सूर्य सह गणेश मंदिर निर्माण को लेकर करमदाहा मंदिर प्रांगण में लोगों ने विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ कर भूमि पूजन किया। मौके पर करमदाहा मंदिर कमिटी के अध्यक्ष मनमोहन सिंह ने बताया कि करमदाहा मंदिर प्रांगण में सूर्य एवं गणेश मंदिर का निर्माण कार्य 2024 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मंदिर प्राण- प्रतिष्ठा के बाद पूजा-पाठ आरंभ किया जायेगा। मौके पर परेशचन्द्र दास, निवास मंडल, नरेश पाठक, अशोक मंडल सहित अन्य मौजूद थे।
पुलिस ने एक नामजद को गिरफ्तार कर भेजा जेल
नारायणपुर। संवाददाता। गुरुवार को लोधरिया जोरिया के समीप खरियोडीह गांव निवासी उत्तम कुमार हांसदा का शव पेड़ में लटका हुआ मिला था, जिसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर विरोध किया था। परिजनों ने दो लोगों को नामजद आवेदन थाना प्रभारी को दिया था। पुलिस ने करवाई करते हुए थाना कांड संख्या 92/23 में मामला दर्ज किया था। इसी के तहत एक अभियुक्त सीताराम मलहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही हर पहलू की जांच कर रही है, दोषियों को छोड़ा नही जायेगा।
आपकी योजना आपकी सरकार कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बैठक आयोजित
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड सभागार में शुक्रवार को आपकी योजना आपकी सरकार कार्यक्रम आयोजन को लेकर बैठक किया गया। 24 नवंबर से लेकर 26 दिसंबर तक संचालित किया जाना है। इस कार्यक्रम की सफलता को लेकर बीडीओ मुरली यादव ने प्रखंड के मुखिया पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक सहित प्रखंड के अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर इस कार्यक्रम को हर हाल में सफल बनाने की बात कही। मौके पर बीडीओ ने कहा कि सरकारी योजना का लाभ सरकार लाभुकों को घर तक पहुंचाने के लिए 24 नवंबर से 26 दिसंबर तक आपकी योजना आपकी सरकार शिविर का आयोजन करेंगे। इस शिविर में सभी विभागों को लोग मौजूद रहेंगे। आम जनता इस शिविर में जो भी समस्या लेकर आएंगे उसका निदान जरूर होगा। उन्होंने कहा कि शिविर में हर लाभुक को लाभ देने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन यह लाभ लाभुकों को तभी मिलेगा, जब ग्राम प्रधान और मुखिया हर घर तक जाकर लोगों को शिविर में मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी देंगे। क्योंकि जानकारी के अभाव में लोग लाभ लेने से वंचित हो जाते हैं। हम नहीं चाहते हैं कि कोई भी लाभुक की इस योजना का लाभ लेने से वंचित हो जाए। बैठक के दौरान सभी मुखिया, पंचायत सचिव को अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने को कहा गया। मौके पर बीपीओ विधुत मुर्मू, बीएओ राजेन्द्र प्रसाद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।