-झारखंड मुक्ति मोर्चा ने किया धरना-प्रदर्शन
साहिबगंज। संवाददाता। केंद्र की भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी का आरोप लगाते हुए रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने स्टेशन चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शाहजहां अंसारी ने की। धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शाहजहां अंसारी ने कहा कि महान विभूति डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वर्षों की मेहनत से देश के संविधान का निर्माण किया। उनके दिए संविधान से ही देश चल रहा है। लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार आज संविधान व कानून से छेड़छाड़ व खिलवाड़ कर रही है। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर धरना-प्रदर्शन का उद्देश्य लोगों को बताना है कि भाजपा की केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार के इशारे पर केंद्रीय एजेंसियों ने मुख्यमंत्री को बिना दोष व आरोप के जेल में डालने का काम किया। धरना को कई नेताओं ने संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम के बाद सभी ने नगर परिषद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य प्रो. नजरुल इस्लाम, संजीव सामू हेंब्रम, एमटी राजा, राजा राम मरांडी, मोजिब अंसारी, बारीक शेख, राजू अंसारी, तमरुद्दीन, स्टीफन मुर्मू, गोपाल यादव, प्रो. मोजम्मिल हक, केताबुद्दीन शेख, जाबिर, दिलावर रहमान, सिद्दीक शेख, कामरान अहमद, वारिस अली, दारा पासवान सहित अन्य मौजूद थे।
एसपी ने तालझारी थाना का किया औचक निरीक्षण
तालझारी। संवाददाता। एसपी कुमार गौरव ने रविवार को तालझारी थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को खराब पड़े पुलिस जीप को जल्द ठीक करा सुचारू रूप से गश्ती करने का निर्देश दिया। एसपी ने विभिन्न कांडों के फरार आरोपियों व वारंटियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना के अंदर तालाब में चारों ओर जंगल की साफ-सफाई करने को कहा। एसपी ने लोकसभा चुनाव एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तालझारी एवं राजमहल क्षेत्र का भ्रमण भी किया। मौके पर राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, तालझारी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सुधांशु, राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर व अन्य थे।
बिजली चोरी में छह पर केस दर्ज
तीनपहाड़। संवाददाता। थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग ने छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान तीनपहाड़ के 03 व पिलघुटु के दो और बाबुपुर के एक व्यक्ति पर बिजली चोरी करने के आरोप में हजारों रुपया जुर्माना लगाते हुए तीनपहाड़ थाना में केस दर्ज कराया है। छापामारी दल में कनीय अभियंता दीपक कुमार सिंह, प्रदीप कुमार राय, प्रणव मोहन दिवाकर, मोनू अंसारी, जोसफ मुर्मू सहित अन्य शामिल थे।
चाकू से आंख पर वार करने को लेकर केस
तीनपहाड़। संवाददाता थाना क्षेत्र के वृंदावन हटिया में तालझारी थाना क्षेत्र के एक युवक की आंख पर चाकू से वार कर देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। जिसके अनुसार तालझारी थाना क्षेत्र के कदम टोला निवासी स्टीफन टुडू का फुटबॉल खेल को लेकर दुधकोल निवासी छोटा धनाय मरांडी के साथ कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद बीते 8 अप्रैल को पीड़ित स्टीफन टुडू मिट खरीदने अपने दोस्त राजू के साथ वृंदावन साप्ताहिक हटिया आया था। इसी क्रम में छोटा धनाय मरांडी में मिट काटने वाला चाकू से पीड़ित की आंख पर वार कर दिया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बिहार के भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज हुआ। चिकित्सक ने उसे बताया कि उसकी चोटिल आंख खराब हो गई है। इधर पीड़ित स्टीफन मरांडी के बयान पर तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 24 /24 दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी शाहरुख ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पंचायत सहायक ने डीसी को लिखा पत्र
तालझारी। संवाददाता प्रखंड अंतर्गत सकढभंगा पंचायत की एक पंचायत सहायक ने डीसी के नाम पत्र प्रेषित कर चौकीदार फूल कुमार तुरी पर अवैध तरीके से सरकारी भवन निर्माण करने की शिकायत की है। जिसमें उसने बताया है कि चौकीदार अपने पद का गलत फायदा उठाते हैं। जिसके नतीजा में 2020-21 में विनोद तुरी नामक व्यक्ति का प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुआ था। लेकिन फूल कुमार तुरी ने उक्त योजना के तहत अपनी ही जमीन पर मनमाने ढंग से उक्त आवास बनवा लिया। जबकि विनोद तुरी का उक्त आवास बरमसिया ग्राम के लिए स्वीकृत हुआ था। फूल कुमार तुरी के निवास स्थान पर ही कृष्णा तुरी एवं विपिन तुरी नामक व्यक्ति के प्रधानमंत्री आवास का निर्माण हुआ है। उक्त चौकीदार तीनपहाड़ थाना में पदस्थापित है। पंचायत सहायक ने डीसी से मामले की जांच कराने की मांग की है।
टोटो पलटने से चालक सहित चार घायल
राजमहल। संवाददाता। राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर राजमहल थाना क्षेत्र के पुन्नी टोला में रविवार को टोटो पलटने से चालक सहित चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि तीनपहाड़ से राजमहल की ओर आने के क्रम में टोटो पलट गया। दुर्घटना में टोटो में सवार फुलवरिया निवासी सुगल शेख (50), इश्तियाक अहमद (26), समां परवीन (22) एवं चालक लड्डू घोष घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। खबर लिखे जाने तक सभी का इलाज चल रहा था।