जामताड़ा। संवाददाता। शनिवार को करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर विद्यासागर में मां चंचला त्रिदिवसीय द्वादश वार्षिक महोत्सव को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के निमित्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सम्मिलित हुए। इस महत्वपूर्ण बैठक में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आचार्यगण, प्रबुद्धजन, बुद्धिजीवीगण और भक्तजनों ने भाग लिया। आगामी 16,17 और 18 जनवरी को 12वीं वार्षिक महोत्सव की तैयारी के निमित्त विस्तृत रूप से चर्चा की गई। सभी प्रबुद्धजन, बुद्धिजीवी गण और आचार्य गण ने 12 वीं मां चंचला वार्षिक महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कहा कि सभी लोग इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और अपना पूर्ण सहयोग करेंगे। सभी लोगों ने सामूहिक रूप से कहा कि मां चंचला वार्षिक महोत्सव राज्यस्तरीय प्रसिद्ध धार्मिक महोत्सव के रूप में विख्यात है। यह हम सभी जामताड़ा वासियों के लिए बड़े ही गौरव की बात है। हम सबको मिलकर इस राज्यस्तरीय महोत्सव की भव्यता को और बढ़ाने के लिए नि:स्वार्थ भाव से अपना अपना सहयोग देना चाहिए। हम सब करमाटांड़ ़प्रखंड वासियों ने प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपनी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। मां चंचला महोत्सव समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने अपने सम्बोधन में कहा कि मां चंचला वार्षिक महोत्सव समिति सभी जामताड़ा वासियों के पूर्ण सहयोग से त्रिदिवसीय 12वीं वार्षिक महोत्सव का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन करने जा रहे हैं। कहा कि प्रत्येक वर्ष सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्र-छात्राएं 16 जनवरी को आयोजित होने वाली मां चंचला कलश शोभा यात्रा में बढ़ चढ़कर भाग लेते हैं, जो सराहनीय है। जामताड़ा की कुलदेवी मां चंचला की कृपा से महोत्सव में सभी वर्गों के लोगों के साथ विभिन्न प्रकार के संस्थानों के साथ हमारे शिक्षा संस्थान भी बढ़ चढ़कर भाग लेते हैं और महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में अपना अपना योगदान देते हैं। महोत्सव समिति की ओर से जामताड़ा जिला अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों में 16 जनवरी को आयोजित होने वाले कलश शोभा यात्रा में भाग लेने के लिए विशेष आमंत्रण के साथ कलश कूपन उपलब्ध कराया जाता है। सभी स्कूली बहनें असंख्य संख्या में कलश यात्रा में भाग लेती है। बैठक में उपस्थित करमाटांड़ प्रखंड के दायित्ववान लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। मौके पर मुख्य रूप से जिला परिषद प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, रामरतन मंडल, श्यामसुंदर मंडल, धनंजय मंडल, राजेंद्र मंडल, वासुदेव मंडल, अमित मंडल, सचिन रवानी, बलराम मंडल, कालू मंडल, डॉ योगेंद्र मंडल, बलवीर यादव, राजू मंडल सहित सभी भक्तजन उपस्थित रहे।
श्रीश्री 1008 बाबा अद्वैत दास भक्ति शास्त्री महाराज के तिरोधान महोत्सव को लेकर बैठक
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड के देवली-कुलडंगाल अद्वैत पल्ली में शनिवार को एक धार्मिक सभा का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान माधव चंद्र झा ने की है। श्री श्री 1008 बाबा अद्वैत दास भक्ति शास्त्री महाराज के तिरोधान महोत्सव का आयोजन एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए बैठक में बिंदु पर चर्चा किया गया है। कहा गया है कि हर साल की तरह इस बार भी चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान भव्य तरीके से किया जाएगा। इस अनुष्ठान के लिए कोष संग्रह, रसीद वितरण, लाउडस्पीकर, पंडाल, रोशनी, नर नारायण सेवा आदि के बारे में विस्तृत चर्चा के उपरांत महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बैठक के दौरान पिछले साल का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया। अनुष्ठान का शांतिपूर्ण संचालन, प्रचार प्रसार के लिए गुरु गौरांग मिलन परिषद के वैसे सदस्यों के ऊपर अलग-अलग दायित्व सौंपे जाने संबंधी निर्णय लिया गया। बताया गया है कि 31 जनवरी से शुरू होने वाले इस अनुष्ठान में कुमारी संगीता भंडारी, नरहरी दास तथा सीमा दे आदि कीर्तन शिल्पी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। इस मौके पर गुणधर दास, नित्य गोपाल माजी, चितरंजन कर, अनाथ मंडल, दीनबंधु दास, जितेंद्र नाथ ठाकुर, शक्ति पद पाल, मंटू मोहन पाल, तपन कुमार झा, सुबोध कुमार दास, हरे कृष्ण दे, सुजन कुमार दास, सागर चंद्र कर, जयदेव गोराई, अद्वैत पाल, जयदेव विद, प्रभाकर कर सहित अन्य मौजूद थे।
बांगला कवि ने अपने गजल से श्रद्धालुओं को झुमने पर किया मजबूर
बिंदापाथर। संवाददाता। वार्षिक लक्खी पूजा के पावन अवसर पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के डुमरीया पंचायत अन्तर्गत हरिराखा गांव में भक्ति समीर बहने लगी है। पश्चिम बांग्ला के मशहूर बांग्ला कवि कलाकार ने महफिल में बैठे सभी श्रद्धालुओं को अपने मीठी-मीठी गजल से झूमा दिया। सभी भक्तगण उनके भक्ति कवि गान के साथ झूम उठे और ताल से ताल मिला कर नाचने लगे। इस अवसर पर पश्चिम बांग्ला बाकुड़ा के मशहूर बांग्ला कवि कलाकार निमाई चटर्जी, मनजीत चटर्जी, कान्हाई चटर्जी, संतोष चौहान, बिपदतारण दास ने भगवान के विभिन्न लीला से आधारित बांग्ला कोबी गान का मंचन किया, जिससे हरिराखा, सहरबेड़िया, बुटबाड़ी, डुमरीया, आम्बाबांक, जलाई, नामुजलाई, मंझलाडीह, लाकड़ाकुन्दा, बाबुडीहा, बारुंआ, मुर्गाबनी, डांड़पुजा सहित दर्जनों गांव के सैकड़ों श्रोता कोबी गान पर देर रात तक झुमते रहे। मालूम हो की बांग्ला के कवि गान नामक लोक प्रदर्शन शैली पर एक वृत्तचित्र है। इस लोक कला शैली में कवि या कोबीवाल एक गीत के रूप में अपने पद्य का प्रदर्शन करते हैं। इसमें दो कवियों के बीच एक शाब्दिक द्वंद्व सम्मिलित है जो तार्किक तर्क वितर्क के आधार पर विशेष विषय पर बहस और विवेचन करते हैं। दोनों, पहले से रचित गीत और तात्कालिक रचनाएं, प्रदर्शन का हिस्सा होते हैं। ऐसा कहा जाता है कि यह 18वीं शताब्दी में उभर कर आया था। यह बांग्ला की विभिन्न कला शैलियों जैसे तर्जा, पांचाली, टप्पा, कीर्तन, दनरा कविगान, बासा कविगान आदि का सम्मिश्रण था। टप्पा के रूप में जाने जाने वाले गीतों का द्वंद्व एक विषय के तार्किक विश्लेषण पर आधारित होता है और कवि के ज्ञान के साथ-साथ तुकबंदी और लय में उसके कौशल का परीक्षण किया भी होता है। इस कार्यक्रम को सफल संचालन के लिए आयोजक मंडली के सदस्य काफी सक्रिय दिखे। मौके पर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह का माहौल है।
अधिवक्ता के पेशे में 50 साल पूरा करने वाले अधिवक्ता के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित
वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव से हम सबों को सीखना चाहिए : पीडीजे
शॉॅल ओढ़ाकर, बुके देकर व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित
जामताड़ा। संवाददाता। अधिवक्ता संघ के सभागार में शनिवार को अधिवक्ता के पेशे में 50 वर्ष पूरा करने वाले चार अधिवक्ता अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, विशेश्वर प्रसाद यादव, गौर कृष्णा महतो तथा अनिरुद्ध माझी को शॉॅल ओढ़ाकर, बुके देकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान उन्हें सम्मानित किया गया। हालांकि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण की ओर से सभी चारों सम्मानित अधिवक्ताओं को शॉल देकर सम्मानित किया गया। वही सम्मान समारोह में जिले के उपायुक्त कुमुद सहाय भी मौजूद थी। मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि इन सभी अधिवक्ताओं के अनुभव से हम सबों को सीखना चाहिए। उपायुक्त कुमुद सहाय ने भी सभी चारों सम्मानित अधिवक्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी। मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर स्टेट बार काउंसिल के सदस्य मृत्युंजय श्रीवास्तव ने भी सभी चारों सम्मानित अधिवक्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ता के पेशे को ईमानदारी पूर्वक आगे बढ़ाकर दूसरे को सीख देने की बात कही। कहा कि हम सभी उनके अनुभवों से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने भी इस मौके पर सम्मान समारोह को संबोधित किया। साथ ही, 50 साल पूरा करने वाले अधिवक्ता को शॉल व बुके देकर सम्मानित किया। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश कुमार, जिला जज प्रथम संतोष कुमार, जिला जज तृतीया अजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विश्वनाथ उड़ाव, अपर मुख्य न्यायाधीश दंडाधिकारी नईम अंसारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अमित आलडा, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अन्ना हरेंज, अधिवक्ता संघ के सभी सम्मानित पदाधिकारी एवं अधिवक्ता संघ के सभी सम्मानित अधिवक्ता उपस्थित थे।
आयुष्मान भारत व आधार कार्ड बनाने को लेकर बीएलटीएफ की हुई बैठक
कुंडहित। संवाददाता। शनिवार को प्रखंड कार्यालय में बीएलटीएफ की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाल राजा की अध्यक्षता में की गई। बैठक में आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा कार्ड बनाने को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने सभी प्रज्ञा केंद्र संचालक को निर्देश दिया कि अपने-अपने केंद्र में आयुष्मान भारत कार्ड एवं आधार कार्ड बनाने में तेजी लाएं। सभी साथी सहिया एवं सेविकाओं को अपने गांव के योग्य लाभुको को जागरुक कर प्रजा केंद्र पहुंचाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, कहा कि 6 जनवरी को हर पंचायत में पंचायत सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया। कहा कि जितने भी खाद्य सुरक्षा एवं अंत्योदय कार्डधारी है, उन सभी का आयुष्मान भारत कार्ड बनेगा। कहा कि आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं आधार कार्ड का जेरॉक्स लगेगा। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर उपलेन मरांडी, बीपीएम सलीम खान के अलावे सभी विभाग के अधिकारी गण उपस्थित थे।
मिहिजाम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की नई कमिटी का गठन
मिहिजाम। संवाददाता। मिहिजाम बाजार स्थित जीएल टावर में मिहिजाम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनिल जैन ने की, जिसमें भंग कमेटी का पुनर्गठन किया गया और नए सदस्यों को विभिन्न पदों के लिए चुना गया। बैठक में नवगठित एसोसिएशन के दायित्व में उमेश झा को अध्यक्ष, सुमित जैन को उपाध्यक्ष, मुकेश यादव को सचिव, अजीम जमाल को उपसचिव और पप्पू दास को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना गया। इस अवसर पर नवचयनित अध्यक्ष उमेश झा ने कहा कि उन्हें संगठन पर विश्वास करने और उन्हें दायित्व सौंपने के लिए धन्यवाद दिया। उमेश झा ने कहा कि वह संगठन को और भी मजबूत बनाने के लिए मन से काम करेंगे और संगठन के सदस्यों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि वह संगठन के हित में काम करेंगे और सदस्यों के साथ मिलकर संगठन को आगे बढ़ाएंगे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवचयनित कमिटी को बधाई दी और उन्हें संगठन के हित में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। सदस्यों ने कहा कि वे नवचयनित कमिटी के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। मिहिजाम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की नई कमिटी का गठन एक महत्वपूर्ण कदम है, जो संगठन को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। नवचयनित कमिटी के सदस्यों को संगठन के हित में काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि वे संगठन को मजबूत बना सकें और सदस्यों की समस्याओं का समाधान कर सकें। मौके पर अताउर रहमान, अजय साव के अलावा क्षेत्र के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यवसाय से जुड़े दर्जनों लोग मौजूद थे।
मैथन में पिकनिक के दौरान 40 कलाकारों ने प्रकृति की रक्षा का दिया संदेश
तस्वीरों में विश्व तापमान वृद्धि को रोकने की एक महत्वपूर्ण कहानी को दर्शाया गया
चित्तरंजन। संवाददाता। मैथन में पिकनिक के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जहां 40 कलाकारों ने 110 फीट लंबे और साढ़े तीन फीट चौड़े कैनवास पर प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। यह आयोजन पुरुलिया के प्रसिद्ध कलाकार भास्कर घोष ने किया था। इस आयोजन में पुरुलिया, बर्धमान, दुर्गापुर, बांकुड़ा और झारखंड सहित विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने एक-एक कर सादे कैनवास पर विभिन्न प्रकार की तस्वीरें बनाईं। इन तस्वीरों में विश्व तापमान वृद्धि को रोकने की एक महत्वपूर्ण कहानी को दर्शाया गया था। भास्कर घोष ने बताया कि वे जहां भी लोगों का जमावड़ा होता है, वहां पहुंचकर कलाकारों को प्रकृति की रक्षा के इस अभियान में शामिल करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि खुली प्रकृति में कलाकारों का काम एक अलग ही मात्रा प्राप्त करता है और यह तस्वीरें लोगों को प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित करती है। भास्कर घोष ने बताया कि वे इस अभियान को न केवल भारत में बल्कि बांग्लादेश, श्रीलंका, दुबई सहित विभिन्न देशों में भी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व को बढ़ते तापमान से बचाने के लिए इस अभियान को पूरे विश्व में फैलाना आवश्यक है। भास्कर घोष पिछले 7 वर्षों से इस अभियान में लगे हुए हैं। वे पुरुलिया के केतकी में अपने स्टूडियो में बैठकर भी इसी काम में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा में तस्वीरें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं, इसलिए वे इस अभियान में तस्वीरों का उपयोग कर रहे हैं। इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रकृति प्रेमियों से अपील करते हुए भास्कर घोष ने कहा कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी का साथ चाहते हैं।
तीन दिवसीय सहजकर्ता दल का प्रशिक्षण संपन्न
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय में आयोजित तीन दिवसीय सहजकर्ता दल का प्रशिक्षण शनिवार को सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें मास्टर ट्रेनर सोहराब अली, बीपीओ प्रदीप टोप्पो और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर इंद्रजीत मंडल ने प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को ग्राम स्तर पर सही तरीके से लागू करना और इस प्रक्रिया में दक्षता बढ़ाना था। ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर सोहराब अली ने योजना क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। जबकि बीपीओ प्रदीप टोप्पो और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर इंद्रजीत मंडल ने सहजकर्ता दल को प्रभावी कार्यक्षमता, सामुदायिक जागरूकता और योजनाओं के सही तरीके से क्रियान्वयन के बारे में बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब इनकी सही जानकारी और प्रभावी क्रियान्वयन स्थानीय स्तर पर हो। कार्यक्रम के समापन के दौरान अधिकारियों ने सहजकर्ता दल के सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे समाजिक विकास में अपनी भूमिका निभाकर सरकारी योजनाओं के उद्देश्यों को पूरी तरह से पूरा करें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि इन योजनाओं को लागू करने में सहजकर्ता दल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें हर स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य करना होगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाना था। इसके अलावा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी इसका अहम हिस्सा था। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इन प्रयासों से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी। सहजकर्ता दल का यह प्रशिक्षण अब ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और जामताड़ा जिले के विकास में नया आयाम जोड़ेगा।