-सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर की चर्चा
गोड्डा/संवाददाता। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर अदाणी पावर प्लांट की सुरक्षा टीम ने आसपास के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत मोतिया हाईस्कूल, बक्सरा हाई स्कूल, महिला आईटीआई, गुम्मा हाईस्कूल सहित कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सड़क सुरक्षा के महत्व को समझा।
अभियान के दौरान अदाणी पावर प्लांट परिसर में भी जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने भाग लिया। इस आयोजन में अदाणी पावर प्लांट के सिक्योरिटी हेड सुब्रत देवनाथ और उनकी टीम के साथ मोतिया ओपी प्रभारी महावीर पंडित एवं उनकी टीम भी मौजूद रही। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। जिसमें हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों के पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने और सड़क पर सतर्क रहने जैसे विषय शामिल थे। अदाणी पावर प्लांट की सुरक्षा टीम की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं को कम करने में योगदान देना था। स्थानीय लोगों और छात्रों ने अदाणी पावर की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
ईसीएल राजमहल क्रिकेट क्लब की टीम ने मैच जीता
-दूसरे मैच में आरएस क्रिकेट क्लब पोड़ैयाहाट बना विजेता
गोड्डा/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ गोड्डा के तत्वावधान में बी-डिविजन क्रिकेट लीग का मैच शुक्रवार को महागामा में रॉयल फ्रेंडस क्रिकेट क्लब बनाम ईसीएल राजमहल क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल फ्रेंडस क्रिकेट क्लब की टीम ने 20 ओवर में 08 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। गौतम कुमार ने 50 रन एवं आनन्द कुमार ने 24 रन, वहीं शनुज दुबे एवं मृत्युंजय यादव ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में ईसीएल राजमहल क्रिकेट क्लब की टीम ने 16.3 ओवर में 02 विकेट के नुकसान पर 134 रन बना कर मैच को 08 विकेट से जीत लिया। शनुज दुबे 51 रन एवं चंदन कुमार ने 41 रन बनाए। वहीं गणेश कुमार एवं आनंद कुमार ने 1-1 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार शनुज दुबे को दिया गया।
वहीं पोड़ैयाहाट में पहला मैच आरएस क्रिकेट क्लब बनाम ज्ञानदीप युवा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। आरएस क्रिकेट क्लब पोड़ैयाहाट ने ज्ञानदीप युवा क्रिकेट क्लब को 06 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरएस क्रिकेट क्लब ने 18 ओवर में 07 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। शिवम प्रजापति 35 रन एवं विद्यासागर ने 22 रन बनाए। वहीं मिकिन यादव ने 03 विकेट एवं अजय कुमार ने 2 विकेट लिए। जवाब में ज्ञानदीप युवा क्रिकेट क्लब ने 18 ओवर में 08 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाया। संजीव कुमार ने 23 रन एवं मिकीन यादव, नवीन कुमार ने 17-17 रन बनाए। वहीं रवि पंडित ने 5 विकेट एवं हुसैन ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच रवि पंडित को दिया गया। दूसरा मैच न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब बनाम युवा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। न्यू शाइनिंग क्रिकेट क्लब ने युवा क्रिकेट क्लब को 91 रन से पराजित किया। न्यू शाइनिंग से दिव्यांशु दुबे 69 रन एवं सनम कुमार 47 रन वहीं विपिन, निशांत एवं पिंटू ने 2-2 विकेट लिए। युवा क्रिकेट क्लब के हिमांशु कुमार ने 19 रन एवं अंकुश कुमार ने 18 रन बनाए। वहीं अर्जुन कुमार ने 4 विकेट एवं दिव्यांशु, सद्दाम ने 2-2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच दिव्यांशु दुबे को दिया गया। अंपायर मिथुन कुमार, शिवम कुमार और स्कोरर ऋषि कुमार थे।
जिला के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में अतिथि शिक्षकों ने इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के बारे में दी जानकारी
गोड्डा/संवाददाता। जिला के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के व्यवसायिक प्रशिक्षक गौतम कुमार और मोन्टोरिंग रिसोर्स पर्सन शशि शेखर सिंह, वेंचर स्कील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के विषय में जनवरी में 3 गेस्ट लेक्चर कराया है। इसमें कक्षा नवम से बाहरवीं तक सभी आईटी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया गया। इस कार्यक्रम में गेस्ट लेक्चर के रूप में अडानी स्कील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सिकटिया, गोड्डा प्रभारी प्राचार्य और वोकेशनल ट्रेनर ने बारी-बारी से आईटी से संबंधित विषयों के बारे में जानकारी दी। जिसके माध्यम से छात्रों को विभिन्न प्रकार की तकनीक के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इससे छात्रों में तकनीक और व्यावहारिक ज्ञान में बढ़ोतरी होती है। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. विजय कुमार पासवान और विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे। मौके पर प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के कोर्स आईटी में आगे भी अतिथि शिक्षकों की ओर से आईटी तकनीक के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे बच्चों में खुशी और उत्साह बनी रहती है।
इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के सभी छात्र-छात्राओं को कराया गया शैक्षणिक भ्रमण
गोड्डा/संवाददाता। जिला के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक गौतम कुमार और मोन्टोरिंग रिसोर्स पर्सन शशि शेखर सिंह वेंचर स्कील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के नौवीं से 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं को 02 शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। औद्योगिक भ्रमण को सफल बनाने के लिए प्राचार्य विजय कुमार पासवान, व्यावसायिक प्रशिक्षक गौतम कुमार और विद्यालय परिवार की ओर से व्यावसायिक शिक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को महिला आईटीआई लेकर पहुंचे। जहां महिला आईटीआई की प्राचार्य पीके राव, कॉलेज प्रबंधन के सभी सदस्यों की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को ग्रुप बना कर बारी-बारी से आईटी लैब, फीटर, इलेक्ट्रीशियन,स्वीमिंग मशीन आदि प्रशिक्षण कक्ष में घुमाया गया। सभी छात्र-छात्राओं को एक-एक कर सभी ट्रेड की विस्तार से जानकारी दी गई ताकि छात्र-छात्राएं भविष्य में उक्त ट्रेड में हुनरमंद बन कर अपने भविष्य को संवार सके।
दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में एफसी गोवा ने सीरीज पर जमाया कब्जा
-श्रम मंत्री ने विजेता टीम को किया पुरस्कृत
बसंतराय/संवाददाता। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर प्रखंड अंतर्गत शाहपुर बेलडीहा के ग्रीन पार्क स्टेडियम में लगातार 26वां वर्ष आजाद स्पोर्ट्स एंड मेंटर युवा क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एफसी गोवा बनाम नीमाकला टीम के बीच खेला गया। जहां मैदानी खेल में दोनों टीम 2-2 गोल कर बराबर रही। अंत में मंत्री ने टॉस कर विजेता की घोषणा की। जिसमें एफ सी गोवा ने नीमाकला टीम को पराजित कर सीरीज पर कब्जा जमाया। विजेता टीम एफसी गोवा को पुरस्कार स्वरूप झारखंड सरकार के मंत्री सह गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव के हाथों 80 हजार नकद राशि दिया गया। वहीं उपविजेता टीम नीमाकला को मुख्य अतिथि के हाथों 60 हजार नकद राशि पुरस्कार स्वरुप दिया गया। जबकि तीसरे स्थान पर रहे बसंतकीतता टीम को 15 हजार नकद राशि प्रमुख अंजर अहमद के हाथों और चौथे स्थान पर ए टू जेड फैशन टीम को जिप सदस्य एहतेशाम उल हक के हाथों पुरस्कार स्वरूप पंद्रह हजार नकद राशि दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज रहे मनोज मुर्मू को एलसीडी टीवी पुरस्कार स्वरुप दिया गया। मैन ऑफ द मैच रहे श्रीकांत मुर्मू को पुरस्कार स्वरूप साइकिल दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सह गोड्डा विधायक संजय प्रसाद प्रसाद यादव ने कहा कि उन्हें इस मैदान पर लगातार 22 वर्षों से आने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कहा कि खेल से समाज में अमन, शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है। लगातार इस तरह के आयोजन से क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान उभर कर सामने आती है। प्रखंड क्षेत्र के अंतिम छोर पर अवस्थित शाहपुर गांव न सिर्फ खेलकूद के माध्यम से लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। बल्कि इस सरजमीं पर लेटे हुए बिहार एवं झारखंड के नामी गिरामी सूफी संतों में से एक सैयद शगुना शाह रहमतुल्लाह का संदेश भी हिंदू मुस्लिम के दिलों को जोड़ने वाला रहा है। पूर्वजों से यह धरती राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं अमन और शांति का संदेश देता रहा है। आज वे घोषणा करते हैं कि शाहपुर गांव के ग्रीन पार्क मैदान पर अगले साल भव्य स्टेडियम के साथ स्ट्रीट लाइट, मंच और यहां पहुंचने के लिए सड़क निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे आपके लिए मंत्री और विधायक नहीं हैं बल्कि आपका सिर्फ आपका बेटा, भाई हूं। झारखंड बढ़ते विकास के साथ खुशहाली की ओर बढ़ रहा है। गोड्डा विधानसभा का नाम पूरे देश में गुंजेगा। क्षेत्र के विकास के लिए हर समय खड़े हैं। कहा कि हर गांव हर गली-मोहल्ले में रोड का जाल बिछेगा। मौके पर प्रमुख अंजर अहमद, जिप सदस्य एहतेशाम उल हक, हाजी इकरार उल हसन आलम, सुरेश यादव, मुखिया आलमगीर आलम, केंद्रीय अध्यक्ष सुलेमान जहांगीर आजाद, क्लब के डायरेक्टर रफी अमीन, सचिव इम्तियाज, हाशिम, कुरेश आदि मौजूद थे।
सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
-असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
हनवारा/संवाददाता। आगामी बसंत पंचमी सरस्वती पूजा को लेकर हनवारा थाना परिसर में थाना प्रभारी राजन कुमार राम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं इस शांति समिति की बैठक में बसंत पंचमी पर होने वाली सरस्वती पूजा में विधि-व्यवस्था बनाए रखना व शांति माहौल में पूजा आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने कहा कि सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन पर डीजे पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध रहेगा। तय समय एवं रूटों पर नदी में प्रतिमा का विसर्जन करें। सरस्वती पूजा में अशांति व्यवस्था फैलाने वाले पर एवं भड़काऊ गाने बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की असामाजिक तत्वों पर हमेशा पैनी नजर रहेगी। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाह पर बिल्कुल ध्यान ना दें। शांति माहौल बिगाड़ने वाले पर विशेष नजर रखी जाएगी। मौके पर उपस्थित लोगों ने अपने-अपने सुझाव दिए। इस शांति बैठक में जिला परिषद प्रतिनिधि अब्दुल मन्नान, मुखिया प्रतिनिधि नौशाद आलम, अब्दुल गनी, नजीर आलम, नसरुद्दीन, राम अवतार सिंह, दिलीप पासवान समेत कई लोग मौजूद थे।
आनंद मार्ग विद्यालय के संस्थापक सदस्य का निधन
गोड्डा/संवाददाता। आनंद मार्ग विद्यालय गोड्डा के संस्थापक सदस्यों में से एक सूर्यदेव सिंह अब नहीं रहे। बताया गया कि गुरुवार की रात हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वे 76 वर्ष के थे। विगत कुछ वर्षों से वे गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उच्च विद्यालय कोरका से प्राप्त की थी। वे जिले के ऐसे प्रथम व्यक्ति थे, जिन्होंने आकाशवाणी भागलपुर में बांसुरी वादन प्रस्तुत कर जिला का नाम रोशन किया था। इसके एवज में उन्हें तीन रुपए प्राप्त हुए थे। कुशल बांसुरी वादक होने के साथ वे प्राथमिक स्तर के बच्चों के लिए प्रभावी शिक्षक थे। उनके बड़े बेटे राजेश चौहान जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं ने बताया कि पिताजी की अंतिम इच्छा के अनुसार उनके गांव मसूदनपुर में ही उनका दाह संस्कार किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं ने दिखाया जलवा
गोड्डा/संवाददाता। जिला प्रशासन गोड्डा के तत्वावधान में आयोजित गणतंत्र दिवसीय सांस्कृतिक सप्ताह समारोह के चौथे दिन गुरुवार की शाम स्थानीय गांधी मैदान के कला-संस्कृति मंच पर विभिन्न विद्यालय एवं संस्थानों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं का खूब जलवा दिखा। इस अवसर पर जिला खेल एवं कला-संस्कृति पदाधिकारी सह आयोजन समिति के संयोजक डॉ. प्राण महतो, आयोजन समिति सदस्य सुरजीत झा, मनीष कुमार सिंह, ओम प्रकाश शुक्ला, सुनील मित्रा, इस्लाम, प्रीतम गाडिया, नवल बिहारी झा, संगीता कुमारी, चंदन मित्रा, निरंजन यादव एवं निखिल झा के अलावा प्रदेश हज समिति सदस्य हाजी एकरामुल हसन, समाजसेवी अमरेंद्र कुमार अमर, जीसस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक अतुल्य भास्कर, इंतेखाब आलम, मलिक सिन्हा एवं सत्यकाम राहुल सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन समिति सदस्य अमरेंद्र सिंह बिट्टू ने किया जबकि कार्यक्रम में निर्णायक के तौर पर निवर्तमान नगर अध्यक्ष वेणु चौबे उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान मॉडल स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महागामा एवं पथरगामा, नटराज डांस एकेडमी, जीसस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल, डी डांस एकेडमी एवं सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस ब्वॉयज के प्रतिभागियों के अलावा स्वतंत्र प्रतिभागी अमायरा, चाहत एवं अनोखी के नृत्य प्रस्तुति ने खूब समां बांधा। धन्यवाद ज्ञापन सुरजीत झा ने किया।
किशोरियां होंगी शिक्षित, समाज को देंगी नयी दिशा : मुखिया
सुंदरपहाड़ी/संवाददाता। सामाजिक संगठन साथी और किशोरी सशक्तीकरण योजना के तहत प्रखंड स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन सुंदरपहाड़ी प्रखंड के तिलाबाद मैदान में हुआ। जिसमें करमाटॉड़ की टीम ने कुशमाहा को दो गोल से हरा कर प्रखंड विजेता बना। पुरस्कार वितरण समारोह में तिलाबाद पंचायत के मुखिया राजेंद्र सोरेन ने कहा कि किशोरियां खेल के माध्यम से शिक्षा से जुड़ी रहती हैं। उनको खेल के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य और सुरक्षा का पाठ भी पढ़ाया जाता है और उन्हें जागरूक किया जाता है ताकि ये किशोरियां शिक्षित होकर समाज को नई दिशा देगी। किशोरियों के उत्साह को देखते हुए सोरेन ने कहा कि साथी के लगातार प्रयास से किशोरी सशक्त हो रही हैं और अपनी हर समस्या से लड़ने के लिए आगे आ रही हंै और खुद बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी समाज में नहीं हो इसके लिए समाज को जागरूक कर रही है। साथी के कालेश्वर मंडल ने कहा कि साथी संस्था संथालपरगना के किशोरियों को विद्यालय से हर संभव जोड़ कर सुरक्षित रखने का प्रयास कर रही है और बाल विवाह, बाल मजदूरी बाल तस्करी न हो इसका प्रयास कर रही है। प्रखंड समन्वयक सुबोध कुमार ने कहा कि किशोरियों को केवल टूर्नामेंट तक ही नहीं बल्कि हर दिन खेल से जुड़ कर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल से किशोरियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। और इससे किशोरियों का लगातार जुड़ाव विद्यालय से रहता है, जिससे किशोरियों की पढ़ाई पूरी होती है और कम उम्र में शादी होने से बच जाती है। समन्वयक महादेव पासवान ने कहा कि किशोरियां अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। किशोरी अपनी पहचान बनाएं और सपना को साकार करे। सामाजिक कार्यकर्ता बिभाषचंद्र ने किशोरियों से आग्रह किया कि आपलोग सुंदरपाहाड़ी प्रखंड का मान बढ़ाएं और अपने सपनों को साकार करें। कार्यक्रम के सफल संचालन में सुचित्रा, संध्या, सीमा, जूलियस, सुशील ने सराहनीय प्रयास किया। रेफरी में बसंत मुर्मू और कॉमेंट्री में पंकज कुमार मोदी ने अहम भूमिका निभायी।
महागामा रेलवे आरक्षण केंद्र में चोरी, 2.5 लाख रुपए के उपकरण गायब
महागामा/संवाददाता। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित महागामा रेलवे आरक्षण केंद्र में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। आरक्षण केंद्र के प्रभारी खुशी राम मीना ने महागामा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि लगभग 2,50,000 मूल्य के उपकरण चोरी हो गए हैं। खुशी राम मीना ने बताया कि गुरुवार को वे रोजाना की तरह अपराह्न तीन बजे कार्यालय बंद कर ताला लगा कर चले गए। लेकिन अगली सुबह शुक्रवार को सुबह 7:30 बजे जब वे पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ और अंदर का दरवाजा खुला हुआ था। घटना की तुरंत सूचना उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और महागामा थाना प्रभारी को दी। इसके बाद महागामा थाना के सब-इंस्पेक्टर जुगेश्वर उरांव अपने दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं रेलवे आरक्षण केंद्र के प्रभारी खुशीराम मीना ने बताया कि चोरी हुए सामानों की अनुमानित कीमत 2,50,000 रुपए है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरी के सुराग जुटाने में जुट गई।