- आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- कंपनी की एक गाड़ी को किया आगे के हवाले
गोड्डा/संवाददाता। जिले के पौड़याहाट थाना क्षेत्र के नजीर टोला के नजदीक डीबीएल कंपनी की एक गाड़ी के धक्के से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस सड़क दुर्घटना के कारण उत्तेजित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर आक्रोशित लोगों ने कंपनी की एक हाइवा में आग लगा दी। यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना मंगलवार देर शाम की है। घटना उस समय घटी जब सरस्वती पूजा का विसर्जन जुलूस निकाला था। इस दौरान कंपनी की मसाला बनाने वाली एक गाड़ी ने विसर्जन जुलूस में शामिल एक युवक को पीछे से धक्का मार दिया। युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मालूम हो कि डीबीएल कंपनी इस इलाके में फोरलेन सड़क का निर्माण कर रही है। मृतक का नाम अनिल महतो (20) था। महतो सरस्वती पूजा के विसर्जन जुलूस में शामिल था। इस दौरान डीबीएल कंपनी की गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दिया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मृतक मूर्ति विसर्जन करने जा रहा था। इसी दौरान डीबीएल कंपनी की गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। मृतक अपने पीछे 03 महीने के छोटे बच्चे व पत्नी के साथ अपनी मां को छोड़ गया है। मृतक परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। घर की सारी जिम्मेदारी उसी पर थी। इस घटना से परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने डीबीएल कंपनी की एक गाड़ी को आग के हवाले कर तोड़ फोड़ भी किया। सूचना के बाद घटना स्थल पर गोड्डा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास, पोड़ैयाहाट प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू सहित पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी मुआवजे का आश्वासन देकर सड़क जाम को समाप्त कराया। पूरे मामले पर पौड़याहाट थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि बीती रात डीबीएल कंपनी की गाड़ी ने अनिल महतो को टक्कर मार दी थी। घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने डीबीएल की एक गाड़ी को तोड़ फोड़ कर आग के हवाले कर दिया।
आईटीआई प्राचार्य ने छात्रों को दी तकनीकी पाठ्यक्रम की जानकारी
गोड्डा/संवाददाता। सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय रमला के कक्षा नवमी से बारहवीं के छात्रों को व्यावसायिक पाठ्यक्रम के तहत औद्योगिक शैक्षणिक भ्रमण के लिए शेफाली प्राइवेट लिमिटेड आईटीआई सिकटिया ले जाया गया। जहां बच्चों को विभिन्न ट्रेडों के अंतर्गत उपयुक्त होने वाली तकनीकी तथा उनसे संबंधित उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। आईटीआई के प्रशिक्षक मनौवर आलम और इल्क्ट्रोनिक्स हार्डवेयर के प्रशिक्षक शाहीन इकबाल ने बताया कि झारखंड सरकार बच्चों को व्यावसायिक शिक्षा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम हाईस्कूल रमला में संचालित कर रही है। जिससे बच्चे, शिक्षा के साथ हुनरमंद भी हो रहे हैं। शेफाली प्राइवेट लिमिटेड आईटीआई में छात्रों को विभिन्न ट्रेडों की जानकारी देने में शिक्षक कार्य प्रभारित मनीष कुमार चौबे, अनुदेशक मीनू तिवारी और अन्य सभी व्यवसायों के ट्रेनिंग ऑफिसर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शेफाली प्राइवेट लिमिटेड आईटीआई के प्राचार्य विद्युत मंडल ने बच्चों के साथ मुलाकात कर उन्हें तकनीकी पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी दी। बच्चों के साथ शिक्षक कुमार यदुवंशमणि, रमजान अली, युधिष्ठिर शर्मा, प्रेमलाल पंडित, नीरज कुमार सिंह, तारिक अनवर, राहुल कुमार, अमरजीत रविदास, शकील, सुभाष दास, शिवनंदन प्रसाद, लिपिक आशीष कुमार भी उपस्थित रहे।
महागामा रेलवे आरक्षण केंद्र में चोरी मामले में दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
महागामा/संवाददाता। महागामा थाना परिसर में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि बीते 30 जनवरी की रात्रि को महागामा रेलवे आरक्षण केंद्र में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में महागामा थाना में आवेदन दी गई थी। जिसके आधार पर कांड संख्या 24/25, 01 फरवरी को दर्ज किया गया था। पुलिस निरीक्षक ने जांच शुरू की और संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान दो आरोपियों समाउल अंसारी (21) और मीर हुसैन (32) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी महागामा थाना क्षेत्र के राबियाडीह के रहने वाले हैं। बताया कि पूछताछ पर दोनों ने रेलवे आरक्षण केंद्र, महागामा से चोरी की बात स्वीकार की और चोरी किए गए सामानों को बरामद किया। इनमें एओसी कंपनी का मॉनिटर, की-बोर्ड, बैटरी, राउटर, स्विच, और अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा इन आरोपियों ने बीते 26 जनवरी को प्राथमिक विद्यालय, ब्लॉक कॉलोनी महागामा से एलईडी चोरी करने की भी बात स्वीकार की। बताया कि गिरफ्तार युवक के ऊपर पूर्व में भी मामला दर्ज है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं छापेमारी टीम में महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र महतो, शिवदयाल सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राज गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक बालेश्वर मरांडी सहित सशस्त्र बल और रिजर्व गार्ड शामिल थे।
हर साल 500 दिव्यांग युवतियों को 10 लाख रुपये की मदद देगा अदाणी परिवार
-जीत अदाणी ने शुरू की मंगल सेवा, हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी में मदद का लिया संकल्प
गोड्डा/संवाददाता। देश के अग्रणी उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के बेटे जीत अदाणी ने बुधवार को मंगल सेवा की शुरूआत की। इसके तहत उन्होंने हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी में 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का संकल्प लिया। 07 फरवरी को विवाह बंधन में बंधने जा रहे जीत अदाणी ने अपने घर पर 21 नवविवाहित दिव्यांग महिलाओं और उनके पतियों के साथ मंगल सेवा शुरू की। इन जोड़ों को उन्होंने 10-10 लाख रुपए के चेक प्रदान कर उनका आशीर्वाद लिया। गौतम अदाणी ने इस आयोजन की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए जीत और होने वाली बहू दिवा को आशीर्वाद दिया।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि मेरा बेटा जीत और बहू दिवा अपने वैवाहिक जीवन की शुरूआत एक पुण्य संकल्प से कर रहे हैं। जीत और दिवा ने प्रतिवर्ष 500 दिव्यांग बहनों के विवाह में प्रत्येक बहन के लिए 10 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग कर मंगल सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने लिखा कि एक पिता के रूप में मंगल सेवा उनके लिए परम संतोष और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पावन प्रयास से अनेक दिव्यांग बेटियों और उनके परिवारों का जीवन सुख, शांति और सम्मान से आगे बढ़ेगा। अदाणी समूह के चेयरमैन ने लिखा, मेरी प्रभु से यही प्रार्थना है कि वह जीत और दिवा को सेवा के इस पथ पर निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद और सामर्थ्य दें। जीत अदाणी की शादी दिवा शाह से शुक्रवार को होगी। शादी समारोह गुजरात के अहमदाबाद में होगा। दिवा सूरत के हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी हैं। जीत अदाणी वर्तमान में देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक हैं। कंपनी के देश के आठ हवाई अड्डों के प्रबंधन एवं विकास से जुड़ी है। जीत हवाई अड्डा कारोबार के अलावा अदाणी समूह के डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और कॉपर कारोबार की भी निगरानी करते हैं। वह समूह के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के प्रभारी भी हैं। जीत की समाजसेवा की यह भावना उनकी मां प्रीति अदाणी से प्रेरित है। अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति अदाणी अपने संगठन के माध्यम से समाजसेवा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम कर रही हैं।
बी-डिवीजन क्रिकेट लीग का क्वॉर्टर फाइनल पोड़ैयाहाट और परसोती मैदान में खेला गया
गोड्डा/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ गोड्डा के तत्वावधान में बी-डिवीजन क्रिकेट लीग का क्वॉर्टर फाइनल पोड़ैयाहाट और परसोती मैदान में खेला गया। परसोती मैदान में बुधवार को श्यामपुर 11 क्रिकेट क्लब बनाम वाईएससीसीबी के बीच मैच खेला गया। श्यामपुर 11 क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25.3 ओवर में 09 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए। लालू कुमार ने 27 रन एवं हर्ष राज ने 19 रन बनाए। वहीं घनश्याम पंडित 04 विकेट एवं विभीषण ठाकुर ने 02 विकेट लिए। जवाब में वाईएस सीसीबी की टीम ने 11.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 124 रन बना कर मैच को 07 विकेट से जीत लिया। निलेश कुमार 58 रन एवं विभीषण ठाकुर ने 38 रन बनाए। वहीं वासिफ ने 02 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच घनश्याम पंडित को दिया गया। अंपायर नीरज सिंह एवं निक्कू कुमार, स्कोरर तौसीफ हुसैन थे। पोड़ैयाहाट में एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब बनाम स्वामी विवेकानंद क्रिकेट क्लब बी के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने 25.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। नयन मरांडी ने 25 रन और जितेंद्र ने 25 रन बनाए। वहीं गोलू ओझा और पिंटू ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में स्वामी विवेकानंद क्रिकेट क्लब बी की टीम ने 26 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। राहुल देव गुप्ता और विषानंद ने 23-23 रन बनाए वहीं आर्यन प्रताप ने 03 विकेट, अरुण मरांडी, नयन मरांडी और चैंपियन कुमार ने 2-2 विकेट लिए। एसटी ब्रदर्स क्रिकेट क्लब ने 20 रन से मैच को जीत लिया। मैन ऑफ द मैच नयन मरांडी को दिया गया। अंपायर मिथुन कुमार, मोतीलाल और स्कोरर ऋषि कुमार थे।
सदर अस्पताल में हो रहे आयुष्मान योजना घोटाला की सीबीआई जांच की मांग
-सदर अस्पताल की लचर व्यवस्था को लेकर डीसी को दिया ज्ञापन
गोड्डा/संवाददाता। सदर अस्पताल की लचर व्यवस्था को लेकर समाजसेवी आर्यन चंद्रवंशी ने बताया कि लगातार सदर अस्पताल में बहुत दिनों से गड़बड़ी देखी जा रही है। जिसमें आयुष्मान घोटाला चरम पर है। वहीं मरीजों से मुफ्त में इलाज होने के बावजूद आयुष्मान कार्ड के तहत फिंगर प्रिंट लेकर रुपए की निकासी की जाती है। उस रुपए का हॉस्पिटल डेवलपमेंट के नाम पर बंदरबांट कर लिया जाता है। जिले के लोग इससे परेशान हैं। वहीं सदर अस्पताल में कभी कंबल का मामला, पीने का पानी का मामला, समय पर डॉक्टर की उपस्थिति में कमी, दवाओं में कमी देखी जाती है। जब कोई पत्रकार या समाजसेवी सदर अस्पताल पहुंचते हैं तब व्यवस्था कुछ दिनों के लिए सही रहती है या फिर वापस जैसे की तैसी हो जाती है। हाल ही में सदर अस्पताल में बन रहे नाला निर्माण में अनियमितताएं देखी गई है। वहीं अपने स्तर से जब कार्य का निरीक्षण किया गया तो पाया कि दो साइड पर बहुत ही घटिया काम हुआ है। काम को मात्र 10-15 दिन ही हुआ है। इसके बावजूद उन जगहों पर सीमेंट और गिट्टी धंसने लगा है। वहीं दूसरी साइट पर सरिया बहुत दूर-दूर पर बांधा गया है जबकि 03 इंच पर बांधा जाना चाहिए, लेकिन 07 इंच 08 इंच दूर पर बांधा गया है। काम जल्दी खत्म करने को लेकर रात 10 बजे तक काम करते देखा गया है ताकि काम को किसी तरह लीपापोती कर खत्म किया जाए और कमीशन का बंदरबांट किया जाए। यह आम जनता के रुपए की बर्बादी और लूट है, आम जनता के टैक्स का रुपया इस प्रकार बर्बाद नहीं होने देंगे। डीसी से निवेदन है कि इसे रद्द किया जाए और दोनों संवेदकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। सदर अस्पताल में हो रहे आयुष्मान योजना घोटाला की सीबीआई जांच कराई जाए।
चोरी की घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा
-पुलिस अभी तक नहीं कर सकी है चोर गिरोह का पर्दाफास
गोड्डा/संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोतिया ओपी थाना अंतर्गत बक्सरा गांव में लगातार दो बड़ी चोरी की घटना को चोरों की ओर से अंजाम दिए जाने के बाद पुलिसिया कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना 09 दिसंबर को रोशन कुमार मंडल के घर में चोरी की गई, जिसमें लगभग चार लाख के जेवरात, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य खाद्य पदार्थ की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। उसके बाद दूसरी बड़ी घटना 25 जनवरी को हुई जहां सेवानिवृत्त आर्मी रामविलास मंडल के घर में चोरी की गई। जिसमें लगभग 07 लाख के जेवरात, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य सामग्री उठा कर चोर लेकर फरार हो गए। जहां दोनों घटनाओं को लेकर मोतिया थाना में केस दर्ज कराया गया है, लेकिन अब तक किसी चोर गिरोह का पर्दाफास नहीं हो पाया है। बताया गया कि घटना के बाद पूरा गांव डर के साए में रतजगा कर रहा है। घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई के शिथिल होने पर बुधवार को ग्रामीणों की ओर से आमसभा का आयोजन किया गया। सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में घटना की निंदा की। अभी तक गिरोह के नहीं पकड़े जाने पर तीसरे घर में चोरी होने की आशंका जाहिर की है। ज्ञात हो कि बक्सरा सात स्वतंत्रता सेनानियों की जन्म स्थली है, जहां अंग्रेजों को लोहे के चने चबाने के लिए मजबूर किया गया था लेकिन आज पुलिसिया कार्रवाई के शिथिल होने से चोर सज्जन लोगों को लोहे के चने चबाने के लिए मजबूर कर रहा है। उक्त बैठक रमन मंडल एवं दीपक मंडल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एसपी को ग्रामीणों ने आमसभा के माध्यम से आवेदन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि यदि पुलिसिया कार्रवाई नहीं होती है तो ऐसी परिस्थिति में 09 फरवरी को बक्सरा के सभी स्वतंत्रता सेनानियों की स्मारक पूर्व सांसद सह स्वतंत्रता सेनानी जगदीश नारायण मंडल के स्मारक के सामने ग्रामीणों द्वारा एक दिन का उपवास किया जाएगा। मांग करते हुए कहा गया कि अगर चोरी का पर्दाफाश नहीं किया गया तो मोतिया थाना का घेराव बक्सरा ग्रामवासी करेंगे। इस मौके पर ग्रामीणों ने युवा प्रहरी गठन करने का निर्णय लिया। साथ ही सर्वसम्मति से गांव में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया। ज्ञात रहे कि 26 एवं 27 फरवरी को वार्षिक संतमत सत्संग का अधिवेशन बक्सरा में आयोजन होना है। इसे लेकर सभी भयभीत और चिंतित हैं। बैठक में कूदो यादव, रामविलास मंडल, रोशन कुमार, ऋतुराज यादव, विकास भारती, पीतांबर कुमार, नारायण मंडल, कुंदन मंडल, कमलकांत, विजय यादव, सच्चिदानंद यादव, जयकांत मुसहर, बृजनंदन मंडल, पंकज मंडल, अशोक यादव, उमेश, हरि, संदीप मंडल, विजय शाह, संजय वैद्य एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित
महागामा/संवाददाता। श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में बुधवार को नियोजनालय की ओर से महागामा थाना के मोहनपुर चौक के समीप अन्नपूर्णा होटल परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। इस मेले में 12 निजी क्षेत्र की कंपनियां, जिनमें स्थानीय और बाहर की कंपनियां शामिल थीं, लगभग 2791 रिक्तियों के साथ उपस्थित हुईं। कंपनियों में फूलंबरी टैक्स्ट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, स्विफ्ट टैक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ,गुडविल इंडिया मैनेजमेंट ग्रुप ऑफ कंपनी, भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण कोटा लिमिटेड, बिरसा सिक्योरिटी एवं सुपर सर्विस दुमका, एसआईएस लिमिटेड, एक्सप्रेस जॉब कंसल्टेंसी, एलआई सी महागामा, स्ट्रगल हेल्थ केयर ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड, सानवी ग्रीन टेक प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स राजकिशोर भगत जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं। इस रोजगार मेले में कुल 48 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया गया और 106 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी ने बताया कि नियोजनालय की ओर से समय-समय पर इस तरह के रोजगार मेले और भर्ती कैंप आयोजित किए जाते हैं ताकि योग्य बेरोजगारों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।