संजय कुमार सिंह/तालझारी। संवाददाता। अब तक सुनने में आता रहा है कि विद्यालय में शिक्षक नहीं लेकिन क्या अब स्थिति बदलने लगी है। क्या अब बच्चे ही स्कूल से दूर हो रहे हैं! जबकि शिक्षा का अधिकार देश के प्रत्येक बच्चे को प्राप्त है। स्कूलों में बच्चों को जोड़ने के लिए उन्हें पुस्तकें दी जाती हैं। वहीं स्कूल ड्रेस भी सरकार की तरफ से दिया जाता है। बच्चे भूखे पेट रहेंगे तो उनको शिक्षा ग्रहण करने में कठिनाई आएगी। इसके लिए मध्याह्न भोजन भी संचालित किया जाता है। इसके बावजूद शिक्षा व्यवस्था में आपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। शुक्रवार की दोपहर 12:35 बजे प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय डांगाटोंक में दो शिक्षक उपस्थित मिले। बच्चों की उपस्थिति एक भी नहीं थी। बच्चे नहीं थे, तो मध्याह्न भोजन भी नहीं बना था। प्रधानाध्यापक मानवेल सोरेन व वहां मौजूद एक शिक्षक ने बताया कि विद्यालय में पांचवीं तक की पढ़ाई होती है। जिसमें कुल नामांकित बच्चों की संख्या 19 है। प्रधानाध्यापक कहते हैं, बच्चों को जोड़ने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। लेकिन उपस्थिति नहीं बढ़ पा रही है। दो बच्चे आज स्कूल आए थे लेकिन फुटबॉल मैच देखने चले गए।
एक रन से जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचा नेताजी क्रिकेट क्लब
-सीनियर जिला क्रिकेट लीग कम नॉक आउट टूर्नामेंट
साहिबगंज/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में चल रहे सीनियर क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के तहत रविवार को नेताजी क्रिकेट क्लब बनाम द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब के बीच पहला सेमीफाइनल मैच खेला गया। नेताजी क्रिकेट क्लब ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 215 रन बना कर ऑल आउट हो गई। फैजान ने 11, अनुज ने 35, पीयूशम ने 58, परितोष ने 16, राहुल ने 17 व हर्ष ने 19 रन बनाए। द्रोणाचार्य के गेंदबाज प्रशांत व जुनैद ने 2-2, रवि ने 3 व प्रीतम ने 01 विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी द्रोणाचार्य क्रिकेट क्लब की टीम 35 ओवर में 8 विकेट पर 214 रन ही बना सकी। सुधांशु ने 15, अनिकेत ने 23, रवि ने 28, शुष्मित ने 34, प्रीतम ने 47, राशिद ने 16 व मुजम्मिल ने 17 रनों की पारी खेली। नेताजी के गेंदबाज मिस्टर व गौरव ने 1-1, फैजान, विष्णु व राहुल ने 2-2 विकेट लिए। नेताजी क्रिकेट क्लब ने एक रन से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। नेताजी क्लब के खिलाड़ी फैजान को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुमित ने फैजान को मैन ऑफ दी मैच की ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग अशफाक आलम व राकेश कुमार रोशन एवं स्कोरिंग सागर सुमन ने किया। मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव अंकुर सिन्हा, अमित तिवारी, सतीश सिन्हा, गोपाल सिंह, प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा, पवन राम, तारिक अनवर, आदित्य व अन्य मौजूद थे। टूर्नामेंट इंचार्ज अशफाक आलम ने बताया कि अंतिम सेमीफाइनल मैच 11 फरवरी को यंग व्बॉयज क्रिकेट क्लब बनाम माही स्पोर्ट्स येलो के बीच खेला जाएगा।
रेलवे क्वार्टरों, स्टेशन व कार्यालयों में सप्लाई हो रहा गंदा पानी
-ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस की टीम की पड़ताल में हुआ खुलासा
-जल परिशोधन केंद्र में गंदगी का अंबार
साहिबगंज/संवाददाता। साहिबगंज रेलवे कॉलोनियों के क्वार्टरों, स्टेशन व कई कार्यालय व प्रतिष्ठान में जल परिशोधन केंद्र से गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। रेल कर्मियों की शिकायत पर ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के साहिबगंज शाखा सचिव राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम ने जल परिशोधन केंद्र का जायजा लिया। सचिव ने बताया कि रेल कर्मियों के अनुसार गंदे पानी के प्रयोग से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। पड़ताल में देखा गया कि जल परिशोधन केंद्र के फिल्टर की सफाई नहीं हो रही है। टैंक में शैवाल, जलीय पौधे व आसपास जंगल उग आए हैं। टंकी में बेतहाशा कीचड़ भी जमा है। कई रेल कर्मियों ने उन्हें बताया कि रेलवे विभाग के हेल्थ इंस्पेक्टर भी पानी की नियमित जांच नहीं कर रहे हैं। सचिव ने मालदा डीआरएम से मामले में संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी व कर्मचारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साफ पानी की सप्लाई की व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इआरएमसी की मांग रेलवे यात्री, कर्मचारियों व उसके परिवार के हित में है।
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए तीन दिवसीय एमडीए आज से
-पतना के संत थॉमस बालिका उच्च विद्यालय में होगा उद्घाटन
साहिबगंज/संवाददाता। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जिला में सोमवार से एमडीए का शुभारंभ होगा। इसका उद्घाटन पतना के संत थॉमस बालिका उच्च विद्यालय से किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। फाइलेरिया उन्मूलन के तहत के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान के तहत अल्बेंडाजोल और डीईसी की दवा खिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने बताया कि मास ड्रग एडमिनिस्ट्रशेन के तहत 13,54,570 लोगों को दवा देने का लक्ष्य रखा गया है।
कहां कितने को दवा खिलाने का लक्ष्य
प्रखंड – लक्ष्य
साहिबगंज – 1,10,441
बोरियो- 1,14,672
बरहेट – 1,52,623
बरहरवा- 2,11,558
मंडरो – 88,671
पतना- 1,02,165
राजमहल – 1,97,376
उधवा- 2,07,748
तालझारी – 89,457
ऐतिहासिक धरोहर का दीदार नहीं कर सके छात्र
राजमहल/संवाददाता। ऐतिहासिक धरोहर सिंघी दलान का शैक्षणिक भ्रमण करने रविवार को राजमहल पहुंचे जिसू जाहेर मध्य विद्यालय सोहरघाटी, पाकुड़ के विद्यार्थियों के जत्थे को मायूसी हाथ लगी। नगर पंचायत ने पुरातत्व विभाग के ऐतिहासिक धरोहर सिंघी दलान की डाक बंदोबस्ती के बाद 05 रुपए प्रवेश शुल्क लगा दिया है। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जिशु जाहेर मध्य विद्यालय के वर्ग 1 से 6 तक के 162 आदिवासी छात्र-छात्राएं शिक्षक फिलिक्स केरकेट्टा के नेतृत्व में राजमहल के ऐतिहासिक धरोहर का दीदार एवं उसके इतिहास को जानना चाह रहे थे। हालांकि छोटे-छोटे उम्र के विद्यार्थियों से भी प्रवेश शुल्क लिए जाने के दबाव के कारण बच्चे अपने शिक्षकों के साथ गेट से ही वापस लौट गए। इस संदर्भ में सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप गांधी ने कहा कि सिंधी दलान पुरातत्व विभाग का ऐतिहासिक धरोहर है। स्कूली विद्यार्थियों में ज्ञान का अलख जगाने के लिए सरकार सभी व्यवस्थाएं मुफ्त कर रही हैं। विद्यार्थियों को क्षेत्र के इतिहास को जानने की जरूरत है। इससे उनके बुद्धि का विकास होगा। नई पीढ़ी के स्कूली बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रवेश को शुल्क से मुक्त रखना चाहिए। लेकिन उनसे भी टिकट लेना सही नहीं है। मौके पर उक्त विद्यालय के शिक्षक सुनील हेंब्रम, सबीना मरांडी, सुनीता मरांडी, जॉन फिलिप्स सोरेन, रसका मरांडी एवं अन्य उपस्थित थे।
राजमहल जिला निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष बने विजय साहा
राजमहल/संवाददाता। राजमहल को जिला बनाने की मांग को लेकर राजमहल जिला निर्माण संघर्ष समिति ने रविवार को सिंघी दलान परिसर में बैठक की। अध्यक्षता व्यवसायी विजय साहा ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन किया गया। जिसमें कमेटी के अध्यक्ष के रूप में विजय साहा, संयोजक दिलीप गांधी, उपाध्यक्ष राकेश साहा, सचिव नरेश प्रसाद साहा, सह सचिव निखिल दत्ता, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, कार्यकारी सदस्य संजीवन बनर्जी, असलम आदि का चयन हुआ। सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया गया कि राजकीय माघी पूर्णिमा मेला के दौरान राजमहल विधायक और मेले का उद्घाटन करने वाले मुख्य अतिथि को जिला बनाने का मांग पत्र सोंपा जाए। साथ ही इससे जुड़े कई मुद्दों पर विचार विमर्श की गई। मौके पर चंद्रशेखर राय, सईद, संतोष कुमार गुप्ता, आकाश गुप्ता, आलीम, इम्तियाज अहमद, कामदेव कपिल सहित अन्य उपस्थित थे।
आवारा कुत्ते के हमले से 10 वर्षीय बालक जख्मी
राजमहल/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत छोटा कार्तिक डांगा में रविवार को आवारा कुत्ते ने 10 वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। घटना में बच्चा जख्मी हो गया। मिली जानकारी के अनुसार दिलीप लखवा का पुत्र दीपांकर लखवा (10) घर के समीप खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उसे काट लिया। अनुमंडल अस्पताल में बच्चे का इलाज चल रहा था।
सर्प दंश से 13 वर्षीय लड़की मूर्छित
राजमहल/संवाददाता। नपं क्षेत्र के वार्ड 01, नौगच्छी में बीती रात्रि 13 वर्षीय लड़की को सांप ने डस लिया। मिली जानकारी के अनुसार धनंजय मंडल की पुत्री सोनी कुमारी (13) घर में टीवी देख रही थी। इसी दौरान एक सांप ने उसके पैर में डस लिया। जिससे वह मूर्छित हो गई। अनुमंडलीय अस्पताल में उसका इलाज हुआ।
ई-कोर्ट को लेकर हुई एक दिवसीय कार्यशाला
साहिबगंज। संवाददाता। न्यायिक प्रक्रिया को सरल सुलभ एवं सस्ता बनाने के लिए रविवार ऊ जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित लोक अदालत भवन में ई-कोर्ट फीलिंग के संबंध में जानकारी देने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर अमरेंद्र मोहंती ने नेशनल ज्यूडिशल डाटा ग्रिड? एवं वाइड एरिया नेटवर्क सॉफ्टवेयर के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डीएसए आशीष कुमार ने ई-फीलिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। मौके पर जिला विधि सेवा प्राधिकार सचिव विश्वनाथ भगत, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष प्रेमनाथ तिवारी, सचिव विजय कर्ण, देवनारायण यादव, मंजर रजा, अजय कुमार वर्मा, देवेंद्र सिंह, सरदार आनंद गोपाल सिंह, अरविंद राय, अजय पंडित, अरविंद राय, गौतम प्रसाद सिंह, उमाशंकर प्रसाद, किशोर यादव, उत्तम दीप, जितेंद्र मालाकार विवेक कुमार, संजय देव, रंजीत झा, चंदन कुमार चौधरी, कुमार अभिदय झा, सुभाष कुमार गुप्ता, मोहम्मद काशिफ इमरान, मोहम्मद अरशद अली, रिंकू कुमारी सोनी सुमन, सपना कुमारी व अन्य थे।
झारखंड आदिवासी महाकुंभ माघी पूर्णिमा मेला की तैयारी जोरों पर
संतोष चौरसिया
राजमहल। संवाददाता। साहिबगंज जिले के राजमहल में लगने वाला झारखंड आदिवासी महाकुंभ राजकीय माघी पूर्णिमा मेला 2025 को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी जोरों पर है। मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सज धज कर तैयार हो रहा है, मेले में आने वाले विदीन समाज तथा सफाहोड़ आदिवासी श्रद्धालुओं के ठहरने व अखाड़ा लगाने के लिए पंडाल तथा टेंट का निर्माण किया गया है। घाट पर बैरिकेडिंग की गई है। सफाहोड़ तथा विदिन समाज के श्रद्धालु अपने-अपने जॉन गुरुओं के संग निजी तौर पर भी अखाड़ा का निर्माण कर सामूहिक रूप से एकत्रित होकर पूजन आदि की तैयारी किये है। यह अखाड़ा सिंधी दलान गंगा तट, अनुमंडल कार्यालय परिसर, पुराना थाना परिसर, बालू प्लॉट, स्टेशन के सामने रैक लोडिंग स्थल सहित कई अन्य जगहों पर लगाया गया है।
वृहत पैमाने पर मेला का आयोजन
इस वर्ष मेले की तैयारी देखते बन रही है। मेले में लाखों श्रद्धालु राजमहल पहुंचेंगे। मेले के दौरान लगभग 10 दिनों तक करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है। मेले को लेकर दुकानदारों में भी काफी उत्साह है। बीते एक सप्ताह से सभी दुकानदार तैयारी में लगे हुए थे। 300 अतिरिक्त अस्थाई दुकानों को जगह उपलब्ध करवाई गई है।
मेले में मनोरंजन के भरपूर साधन
मेले में इस बार मनोरंजन के भरपूर साधन उपलब्ध है। तारामाची, नौका झूला, ब्रेक डांस झूला, मिक्की माउस, ड्रेगन रेल, मैजिक शो, अजायब घर, मीना बाजार, पूजन सामग्री, पूजा के बर्तन, कॉस्मेटिक गुड्स, फास्ट फूड, मिठाई, लोहे के सामान, औजार सहित दर्जनों अन्य चीजों की दुकाने लगाई जा रही है।
स्वच्छता की विशेष व्यवस्था
स्वच्छता को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। स्थाई शौचालय सहित अतिरिक्त शौचालय मेला क्षेत्र में लगाया गया है। नगर पंचायत के सफाई कर्मी मेला क्षेत्र में तैनात रहकर सफाई का जिम्मा निभाएंगे।
पुलिस के जिम्मे रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
साहिबगंज जिले के पुलिस सहित अन्य जिले के पुलिस पदाधिकारी तथा 400 सशस्त्र बल की टीम को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तैनात किया जायेगा। सुरक्षा को लेकर भी मेले में विशेष मेला आने जाने वाले तीनों मार्ग पर बैरियर लगाया जायेगा। पुलिस की तैनाती रहेगी। बोट के माध्यम से लगातार गंगा तट पर गश्त लगा कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। प्रशिक्षित गोताखोर व अन्य छोटे यंत्र चालित नौका से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी
नगर पंचायत के पुराने भवन में बनेगा मेला नियंत्रण कक्ष
सिंधी दलान परिसर स्थित नपं पुराने कार्यालय भवन में मेला नियंत्रण कक्ष बनाया जा रहा है। खोया पाया की जानकारी यहां से मिल सकेगी।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे मेला क्षेत्र में प्रशासनिक रूप से नजर रखने हेतु सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया है। नगर पंचायत क्षेत्र में लगे हुए सीसीटीवी के अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जा रहे हैं।
आज से निर्बाध रूप से मिलेगी बिजली
आज से मेला क्षेत्र में निर्बाध रूप से बिजली मिलेगी। प्रभारी कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि मेला को लेकर मेंटेनेंस कार्य अंतिम चरण पर है।
अगलगी में एक घर जलकर राख
तालझारी। संवाददाता। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के गदाई दियारा में एक घर में आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता पुषिया देवी ने राजमहल अंचल अधिकारी एवं बीडीओ को दिये आवेदन में बताया कि गदाई दियारा अषाडी टोला वार्ड नं 3 में उनका घर है। मजदूरी करने बाहर जाने के बाद उसके घर में आग लग गई। घर में रखा कलाई, चावल, दाल, गेहूं, मकई, धान, नया साड़ी, तीस हजार रूपए नगद, चांदी का पायल, गले का चैन और घर में रखा दस हजार रुपए नकद, दस्तावेज व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इधर पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य चंदन कुमार महतो, सुदामा मंडल ने पीड़िता को राहत सामग्री दी। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार मंडल, विश्वनाथ ठाकुर व अन्य उपस्थित थे।
झामुमो पंचायत कमिटी पुर्नगठन की प्रक्रिया शुरू
बोरियो। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के बीचपुरा एवं मोतीपहाड़ी पंचायत में झामुमो के पंचायत कमिटी के पुर्नगठन को लेकर पंचायत भवन के समीप पर्यवेक्षक रिजवान अंसारी, बबलू, गफ्फार अंसारी, फरहाद अंसारी की मौजूदगी में ग्राम प्रधान बाबूराम मुर्मू की अध्यक्षता में बैठक हुई। बिचपुरा पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए विश्वनाथ बास्की एवं सचिव अकबर अली को समर्थन हासिल हुआ। वहीं उपाध्यक्ष में महबूब आलम, उप सचिव में इशहाक अंसारी एवं कोषाध्यक्ष रमजान अली को सर्वसम्मति से चुना गया। इधर मोतीपहाड़ी पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए स्टीफन हांसदा समर्थन प्राप्त कर अध्यक्ष बने एवं सचिव पद के लिए सलीम अंसारी ने समर्थन प्राप्त किया। मौके पर करीम अंसारी, इस्लाम अंसारी, हफाजुद्दीन अंसारी, महमूद अंसारी, सिकंदर अंसारी, इरफान अंसारी, सोहराब अंसारी, समीर अंसारी, बसीर अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।
मारपीट मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना पुलिस ने शनिवार की रात्रि को थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत मनिहारी टोला भट्टा में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक नामजद आरोपित अजमीर मोमिन को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार विगत 20 जून 2024 को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में दोनों पक्षों ने अलग-अलग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया था। राधानगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त आरोपित घर में है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय,एएसआई उमेश तिवारी सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
जलसा संपन्न, दस्तारे हिफ्ज आज
उधवा।संवाददाता। प्रखंड के पतौड़ा पंचायत अंतर्गत पीर बाबा बहाउद्दीन कादरी दरगाह डांगा मजार में एक दिवसीय महिलाओं का जलसा संपन्न हो गया। वहीं फैजाने औलिया कांफ्रेंस व जश्न-ए-दस्तारे हिफ्ज कार्यक्रम के साथ सोमवार को पुरूषों के लिए शाम 5 बजे से जलसा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रधान वक्ता गुलाम रब्बानी इलाहाबाद व सिद्दीक हसन झारखंडी जामताड़ा से दोनों तकरीर पेश करेंगे।
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 20/25 के प्राथमिकी आरोपी गुल्ली भट्ठा निवासी राजा हरि (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को आरोपी को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इसके उपरांत आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेंट जेवियर्स स्कूल में मना वार्षिक उत्सव
साहिबगंज। संवाददाता। जिले के कोटलपोखर में संचालित सेंट जेवियर्स स्कूल में शनिवार को पहला वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि फादर थॉमस केएसजे एवं विशिष्ट अतिथि डॉ डेविड बास्की व प्राचार्य फादर स्टीफन राज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्राचार्य फादर स्टीफन राज एवं शिक्षक विवेक थामी के नेतृत्व में स्काउट गाइड ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।