मिहिजाम। संवाददाता। जनजातीय संध्या डिग्री कॉलेज मिहिजाम स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 87017 के कॉर्डिनेटर डॉ पूनम कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार इग्नू में जनवरी सत्र 2025 के लिए नामांकन तथा री-रजिस्ट्रेशन जारी है जिसकी अंतिम तिथि 15 मार्च 2025 तक शिक्षार्थियों के हित में विस्तारित कर दी गई है। स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कोर्स के विभिन्न कार्यक्रमों में इच्छुक शिक्षार्थी 15 मार्च तक ऑनलाइन नामांकन तथा री रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इससे उनका समय बर्बाद होने से बचेगा। ऑनलाइन नामांकन इग्नू के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करा सकते हैं। नामांकन में किसी तरह की परेशानी आने पर ईमेल के माध्यम से सीधा संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। एससी एसटी के शिक्षार्तियो के लिए बीए (पास) बी कॉम (पास) एवं बीएससी (पास) में नि:शुल्क नामांकन करा सकते हैं। साथ ही वैसे शिक्षार्थी जो मुद्रित अध्यन सामग्री की जगह ऑनलाइन सामग्री से पढ़ाई का विकल्प चुन सकते हैं उन्हें कार्यक्रम शुल्क में 15 फीसदी तक की छूट दी जाती है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए कार्य दिवस के कार्यावधि में उक्त अध्यन केंद्र 87017 से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बसंत की आहट और फाल्गुनी बयार से धरती गुलजार, किया प्राकृतिक श्रृंगार
मिहिजाम। संवाददाता। बसंत बयार के साथ ही फाल्गुन की बयार भी बहने लगी है। क्षेत्र में उल्लास और उमंग का मौसम छाया हुआ है। बसंत पंचमी के आगमन के बाद से ही धरती और प्रकृति में आनंद का संचार हो रहा है। पतझड़ के बाद चारों ओर हरियाली और रंग बिरंगी पत्तियां एवं फूल खिल गयी है। बसंत के दस्तक और फागुन के आहट के साथ धरती ने भी श्रृंगार कर लिया है। वन उपवन सभी जगह इंद्रधनुषी रंगों की छठा बिखर रही है।
पलाश के लाल फूल की लालिमा की छटा धरती पर बिछी है। वन और प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध चित्तरंजन और मिहिजाम और इसके आसपास के क्षेत्र के वनीय इलाके में पलाश के फूल शोभा बढ़ा रहे हैं जिससे धरती गुलजार होकर रंगीन हो गई है। लोगों में भी उत्साह छाया हुआ है।
श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर निकली मंगल कलश यात्रा
संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल
बिंदापाथर। संवाददाता। मंगलवार को बिंदापाथर थाना क्षेत्र अन्तर्गत जलांई गांव स्थित धर्मराज मंदिर परिसर में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। उक्त कलश यात्रा में 251 कन्या मिट्टी कलश के साथ शामिल हुए। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने से जलांई गांव सहित संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर वृन्दावन धाम के कथावाचक सह राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकृष्ण शास्त्री जी महाराज के सानिध्य में कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान क्षेत्र के नामुजलांई-मधुवाचाक स्थित शिलानदी घाट में मूल पाठक पंडित अरुण ओझा जी महाराज एवं पंडित श्याम सुन्दर झा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं श्रीहरि के आवाहन पूजन के उपरान्त नदी का पवित्र जल कलश में संग्रह किया गया। इस शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म की जय हो, अर्धम का नाश हो आदि जयकारे एवं हरे कृष्ण हरे कृष्ण हरे राम आदि कीर्तन करते नामुजलांई, पाटनपुर, बाघमारा होते हुए लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र का सफर कर कथा स्थल तक पहुंचे। पारंपरिक वाद्ययंत्र और मंगलध्वनी के गूंजते रहने से आसपास का वातावरण भी भक्तिमय हो उठा। श्रीमद्भागवत कथा स्थल तक पहुंचने के मार्ग में कन्याओं के अलावा आसपास गांव के महिला पुरुष काफी संख्या में बतौर दर्शनार्थी शामिल हुए। धार्मिक गतिविधि से क्षेत्र में भक्तिरस प्रवाहित होने लगा है। इस अवसर पर आयोजक मंडली के अलावे क्षेत्र के काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य के भागीदार बने। इस कार्यक्रम का सफल संचालन के लिए आयोजक कमेटी के सदस्य काफी सक्रिय दिखे। इस भव्य कलश यात्रा में शामिल कन्याओं के लिए आयोजक मंडली के द्वारा शरबत, पेयजल एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्था किया गया।
शोभा की वस्तु बनी जलमीनार, संवेदक ने अधूरा छोड़ा काम
जल्द से जल्द जलमीनारो के अधूरे कार्य को पूरा करने की मांग
कुंडहित। संवाददाता। हर घर नल से जल योजना के तहत कुंडहित प्रखंड के नगरी पंचायत अंतर्गत गायसावड़ा गांव में बनाया गया तीन जलमीनार शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। जलमीनार से आज तक एक भी घर को पेयजल नहीं मिल पाया। जानकारी के अनुसार, हर घर नल से जल योजना केतहत गायसावड़ा में दो साल से तीन जलमीनार बनकर तैयार है। लेकिन संवेदक द्वारा जलमीनार से एक भी घर तक जल नहीं पहुंचाया गया। संवेदक काम को अधूरा छोड़ चल गए। देखा जाए तो जलमीनार पूरी तरह से शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। ग्रामीण स्कूल के चापाकल से एवं जलमीनार के मोटर से पानी भरकर अपने घर पर ले जा रहे हैं। वैसे तो हर घर नल से जल योजना सरकार का एक महत्वपूर्ण योजना है जो कुंडहित प्रखंड के गायसावड़ा में पूरी तरह से विफल दिख रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों को ननीगोपाल गोराई, प्रधान सोरेन, बाहामुनी सोरेन, गणेश मिर्धा, चमेली मिर्धा, विविजन सोरेन, अनिल पाल, आंसू गोराई, परिमल पाल, साईं मिर्धा, लखाई मिर्धा आदि ने बताया कि संवेदक ने तीनो जलमीनार बना दिया लेकिन इसका पानी हमलोगों के घरों तक नहीं पहुंचाया। कहा कि 2 साल पहले बनाए गए जलमीनार से भी हम लोग के घर तक एक बूंद जल नहीं पहुंच पाया है। विभाग को कई बार दूरभाष एवं जलसहिया के माध्यम से विभाग को कई बार जानकारी देने के बाद भी कोई पहल नहीं हुआ। समस्या से परेशान ग्रामीण विभाग से जल्द से जल्द जलमीनारो के अधूरे कार्य को पूरा करने की मांग कर रहे है। हालांकि इस बारे में पूछे जाने पर पेयजल विभाग के सहायक अभियंता विक्रम वर्णवाल ने बताया कि 7 मार्च के बाद गायसावड़ा के जलमीनार का अधूरा काम को पूर्ण करा दिया जाएगा।
श्री श्री 1008 लक्ष्मी महायज्ञ को लेकर तैयारी अंतिम चरण में
नाला। संवाददाता। नाला ब्लॉक खेल मैदान में श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं सात दिवसीय भागवत पाठ अनुष्ठान को लेकर तैयारी पूरी की गई है। आयोजक कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को यज्ञ मैदान से भव्य कलश यात्रा निकलेगी एवं निकटवर्ती नदी से कलश में पवित्र जल संग्रह किया जाएगा। इसके लिए जहां कुमारी कन्याओं में अपार उत्साह भरा हुआ है। वहीं आसपास क्षेत्र के मेला प्रेमी तथा श्रद्धालुओं में भी अपार उत्साह बना हुआ है। यज्ञ मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा परिसर के चारों ओर धर्म ध्वज गाड़े गए हैं। मैदान परिसर में झुला, सर्कस, मीना बाजार दुकानदारों के द्वारा अलग-अलग कतार में दुकान सजाए गए हैं। मालूम होकर प्रयागराज के कथा वाचिका सुश्री अंजनी गोस्वामी के द्वारा भागवत पाठ प्रस्तुत किया जाएगा तथा गणेश भट्टाचार्य एवं दिलीप बनर्जी के द्वारा बांग्ला कवि गान तथा प्रियांका दास कोलकाता की ओर से बाउल गान का भी प्रस्तुतीकरण होगा। श्रोता भक्त एवं श्रद्धालुओं के लिए भव्य पंडाल, रोशनी, पेयजल आदि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में आयोजक कमेटी तत्पर हैं। सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर जनमानस में अपार उत्साह बना हुआ है।
नए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने दिया प्रखंड संसाधन केन्द्र में योगदान नाला। संवाददाता। मंगलवार को नए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने प्रखंड संसाधन केन्द्र नाल में योगदान दिया। उन्होंने बताया कि नाला प्रखंड अन्तर्गत सभी विद्यालयों में शिक्षा का सर्वांगीण विकास हो, शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित हो, साथ ही पठन-पाठन एवं मध्याह्न भोजन योजना सुव्यवस्थित तथा अनुशासित ढंग से संचालित हो, यही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मालूम हो की जया देवी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो जाने के फलस्वरुप फतेहपुर प्रखंड के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष को अतिरिक्त प्रभार जिला शिक्षा अधीक्षक जामताड़ा ने दिया है। योगदान के उपरांत कार्यालय कर्मी से परिचय प्राप्त करते हुए कार्य और दायित्व निर्वहन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। इस मौके पर सेवानिवृत्त प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जया देवी, प्रभारी कार्यक्रम पदाधिकारी नित्यानंद गोरांई, प्रखंड साधन सेवी सुनील मंडल, संकुल साधन सेवी परिमल मंडल, लेखापाल जयशेखर हेम्ब्रम के अलावा अन्य उपस्थित थे।
बीडीओ ने विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक किया
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखण्ड मुख्यालय में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, मनरेगा, बिरसा हरित आम बागवानी योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों के आवास सर्वेक्षण को शीघ्र पूरा करने के लिए सर्वेयरों को निर्देशित किया गया। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अवुआ आवास योजना में स्वीकृत आवासों का भुगतान मनरेगा मद से सुनिश्चित करने के लिए रोजगार सेवकों को डिमांड प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूर्ण हो चुके अवुआ आवासों का जियोटैग करने का निर्देश दिया गया, ताकि सरकार के पोर्टल पर इसका सही विवरण उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों के अनुरूप आवासों की स्वीकृति के लिए लाभुकों के आवश्यक अभिलेख जल्द से जल्द प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान उन्होंने बैठक में मनरेगा के अंतर्गत लंबित योजनाओं को शीघ्र एमआईएस पोर्टल पर अपडेट और बंद करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, बिरसा हरित आम बागवानी योजना के तहत लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उचित वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पौधों को नियमित पानी देने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में अधिकारियों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और लाभुकों को समय पर लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस समीक्षा बैठक में प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रदीप टोप्पो, प्रखण्ड समन्वयक राकेश महतो, कनीय अभियंता मुकेश कुमार, वकील मुर्मू, सिम्मी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
आठ मोबाइल, 18 सीम कार्ड बरामद
जामताड़ा। संवाददाता। साइबर थाना इंस्पेक्टर थाना प्रभारी मनोज महतो के नेतृत्व में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों में अजय राय, ग्राम मदनाडीह अलीमुद्दीन अंसारी दोनों ग्राम मदनाडीह थाना नारायणपुर एवं सोहराब अंसारी, ग्राम नूरगी थाना नारायणपुर एवं सजाद अंसारी ग्राम नाड़ाडीह थाना जामताड़ा को गिरफ्तार किया गया। इसे लेकर एसडीपीओ विकास आनंद लागूरि ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। एसपी एहतेशाम वाकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उक्त कार्रवाई की गई।
नाबालिक हत्याकांड को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
कुंडहित। संवाददाता। नाला के डाबर में नाबालिक लड़की के नृशंस रेप सह हत्या मामले में भाकपा माले द्वारा मंगलवार को कुंडहित मुख्यालय के बरमसिया मोड़ में विरोध प्रदर्शन कर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव सुनील राणा ने कहा कि नाला थाना अंतर्गत डाबर गांव में दिनांक 15 फरवरी को एक नाबालिक लड़की क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। मामले में माणिक बाउरी को बलात्कार कर हत्या कर देने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पार्टी द्वारा इस घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन के माध्यम से पीड़ित परिवारों को 16 लाख रुपया मुआवजा देने, नाबालिक लड़की के हत्यारे अपराधी को उम्र कैद का सजा देने, महिला आयोग द्वारा घटना की जांच कराने, निर्दोष जनता के ऊपर किए गए मुकदमे को वापस लेने, लापरवाह पुलिस प्रशासन को बर्खास्त करने, तथा डाबर गांव को आदर्श गांव घोषित करने की मांग की जा रही है। मौके पर दक्षिणेश्वर घोष, सोमलाल मिर्धा, धीरेन टुडू, लखिश्वर हांसदा, आशा मिर्धा, ममता राणा, प्रमिला राणा, नमिता राणा, सीता राणा, सचिन राणा, सूरज मिर्धा, बटेश्वर टुडू, बुधन सोरेन, बबलु लोहार, भारती टुडू, मेनका मिर्धा, बाबुधन मुर्मू, शिवानी सोरेन, सुजा राय आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।