महिला कर्मचारियों को मिलेगा प्राथमिकता: महाप्रबंधक
चित्तरंजन। संवाददाता। चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना स्थित बासंती इंस्टिट्यूट हॉल में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर समारोह आयोजित की गयी। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक विजय कुमार ने चिरेका परिवार की महिलाओं को इस दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि चिरेका के प्रगति में आप सभी का योगदान अति बहुमूल्य है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अध्यक्ष, चिरेका महिला कल्याण संगठन किरन बधान ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन सम्पूर्ण महिला जगत के लिए महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए जागरूक करने का दिन है। महिलाओं को प्रगति तेज करने का समय आ गया है। महिलाओं के योगदान बिना समाज का निर्माण अधूरा है। परिवार और समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। महिला को शिक्षित करना जरुरी है क्योंकि इनकी योगदान से समाज और परिवार की तरक्की निर्भर करती है।इस दिवस पर आप सभी महिलाओं को मेरी हार्दिक बधाई।
ज्ञात हो कि इस वर्ष के थीम ”एक्सीलरेट एक्शन”’ के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को महाप्रबंधक और अध्यक्षा ने सम्मानित किया।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि महाप्रबंधक, चिरेका विजय कुमार और अध्यक्षा चिरेका महिला कल्याण संगठन किरन बधान को आयोजक समिति की ओर से पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत की गयी। दोनों ही अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में महिला कर्मचारियों ने श्लोक प्रस्तुति और स्वागत गान और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
मुख्य कार्मिक अधिकारी रंजन मोहंती और एसीएमएस टुलू चक्रवर्ती ने भी मौके पर अपने विचारों को रखा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रमुख विभागाध्यक्षगण सहित वरिष्ठ अधिकारी, चिरेका महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, महिला कर्मचारी और पर्यवेक्षकगण उपस्थित थे।
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन
महिलाएं सामाजिक, पारिवारिक, सांस्कृतिक, धार्मिक व प्रोफेशनल दायित्व का निर्वहन कर रही : डीसी
महिला की सुरक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है : एसपी
जामताड़ा। संवाददाता। नगर भवन दुलाडीह सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त कुमुद सहाय, पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ ने किया। वहीं आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को शॉल एवं पौधा प्रदान कर स्वागत किया गया।
उपायुक्त कुमुद सहाय ने सर्वप्रथम सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला शक्ति है, सब कुछ है। आज महिलाएं एक साथ सामाजिक, पारिवारिक, सांस्कृतिक, धार्मिक के साथ प्रोफेशनल दायित्व का निर्वहन कर रही है। कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवी देवताओं का वास होता है। महिलाएं आधार हैं। हमारी जामताड़ा कि महिलाएं इसमें बढ़-चढ़कर आगे रहती है। वहीं उन्होंने महिलाओं से अपील कर कहा कि उनकी जो भी तरह की समस्या हो वह निश्चित रूप से हमारे पास आएं, जिला प्रशासन उनके समस्याओं के समाधान में सहयोग करेगा।
उपायुक्त ने आगे कहा कि आज के समय में महिलाओं ने खुद को बेहद सशक्त बना लिया है। महिलाएं अपने घर गृहस्थी के साथ तमाम क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। कहा कि समाज को जरूरत है कि वह उनके साथ होने वाले हर भेदभाव को दूर करें और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दें। उन्होंने सभी से अपील कर के बिना भेदभाव के बेटा-बेटी को अच्छी शिक्षा देने, दहेज प्रथा का विरोध करने, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, बच्चियों की सही उम्र होने पर ही शादी देने साथ ही उन्हें गुड टच, बैड टच की जानकारी देने का अपील किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकार की ओर से कई कल्याणकारी योजनाओं यथा झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, ताकि हमारी महिलाएं सशक्त एवं समृद्ध बन सके।
वहीं एसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा कि महिला जागरूकता के लिए हम लोग लगातार प्रयत्नशील है। जामताड़ा पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन हर तरह से कोशिश कर रही है कि महिला कैसे अग्रणी बने। उन्होंने कहा कि हम लोग उम्मीद करते हैं कि महिला सुरक्षित रहे, महिला को सुरक्षा करना परम कर्तव्य है। उन्होंने महिलाओं से अनुरोध कर कहा कि आपके विरुद्ध कोई छेड़खानी हो या दुर्घटना हो अथवा घरेलू विवाद हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस आपकी हर तरह से सहयोग करेगी। हम लोगों ने महिला हेल्पलाइन भी जारी किया है।
श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे तीन सती वर्णन
बिंदापाथर। संवाददाता। फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमलडूबी पंचायत अन्तर्गत मंझलाडीह गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने से आसपास क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से भक्ति की अविरल धारा बहने लगी है। शाम ढलने के साथ ही गांव स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने के लिये के मंझलाडीह सहित आसपास गांव के भक्त वैष्णवों की भीड़ उमड़ने लगी है। इस धार्मिक अनुष्ठान के तृतीय रात्री को वृन्दावन धाम के कथावाचक धर्मप्राण हरिदास अंकित कृष्ण महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के अंतर्गत भगवान कपिल देव मुनि का प्रसंग, ध्रुव चरित्र, सती चरित्र, बिदुर संवाद आदि, प्रसंग के बारे में मधुर वर्णन किया। इस चित्ताकर्षक प्रसंग में कथावाचक ने व्याख्यान करते हुए कहा कि ब्रह्मा ने दक्ष को समस्त प्रजापतियों का अधिपति बना दिया, तो इससे दक्ष का अभिमान और भी बढ़ गया। उसने पहले वाजपेय यज्ञ किया, फिर ब्रहस्पतिसव नामक महायज्ञ प्रारम्भ किया। उस उत्सव में सारे ब्रह्मर्षि, देवर्षि, पितर, देवता आदि सब के सब अपनी – अपनी पत्नियों सहित सज-धज कर जा रहे थे। आकाश मण्डल में उन सब को विमानों से जाते हुए सती जी ने देखा। जाते हुए देवतागण उस यज्ञ की चर्चा कर रहे थे। सती जी ने वह सब सुन लिया। वह सब देख-सुन कर उनके मन में भी पिता के घर, उस यज्ञोत्सव में जाने की उत्सुकता जगी तो वे शिवजी से कहने लगीं, स्वामी मेरा भी पिता जी के घर जाने का बहुत मन कर रहा है। मैं वहां जाऊंगी, अपनी मां से, बहनों और अन्य प्रियजनों से मिलूंगी। अत: यदि आप चाहें तो हम भी इस यज्ञोत्सव में चलें। आप बड़े करुणामय हैं, आप मेरी इस याचना पर ध्यान दें और मेरी इच्छा पूर्ण करके मुझे अनुगृहीत करें। यह सुनकर भी जब शंकर जी चुप रहे, तो वे कहती हैं, उन्होंने आमंत्रण नहीं दिया है, यह तो सच बात है लेकिन पिता के घर जाने के लिए किसी निमंत्रण की क्या जरूरत है। लेकिन दक्ष के मन में मेरे लिए बड़ा द्वेष है। इसलिए जान बूझकर हमें निमंत्रण नहीं भेजा गया है। ऐसी स्थिति में वहां जाने से तो अपमान ही होगा। अत: तुम मत जाओ। सति कहती हैं आपको नहीं जाना हो तो मत जाइए लेकिन मैं तो जाऊंगी। शिवजी ने कहा जैसी तुम्हारी इच्छा। मां सती कि इस कथा को सुन सभी की आंखें नम हो गयी। अंकित महाराज कथा सुनाते गये और श्रद्धालु सुनते रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ आयोजन
राष्ट्रीय लोक अदालत में 9717 मामले निष्पादित कर 6 करोड़ 67 लाख 77 हजार 444 रुपए का हुआ सेटलमेंट
जामताड़ा। संवाददाता। नालसा के निर्देशानुसार झालसा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार जामताड़ा के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 9717 मामले निष्पादित कर 6 करोड़ 67 लाख 77 हजार 444 रुपए का सेटलमेंट किया गया। वही कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। मौके पर सभी न्यायिक पदाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से न्यायमूर्ति से मार्गदर्शन प्राप्त किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राधा कृष्ण ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन से लोगों को काफी राहत मिलती है। जहां पर सुलह और समझौता के आधार पर मामले का निष्पादन किया जाता है। आज पूरे देश में करोड़ों मामले का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें कोई पक्षकार हारता नहीं है, जीत दोनों की होती है और समाज में शांति और भाईचारा बना रहता है। पक्षकारों के समय और पैसे की भी बचत होती है। बताया कि लोक अदालत में मामले का निष्पादन कराने से कमजोर लोगों को राहत मिलती है। साथ ही, सभी विभाग के मामले इसमें शामिल होते हैं। हमारा प्रयास होगा अधिक से अधिक मामले राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादन हो। आज अदालत में पक्षकारों के बीच मध्यस्थता करके अनेकों मामले निष्पादित किए जा रहे हैं। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश कुमार, जिले के उपायुक्त कुमुद सहाय, पुलिस कप्तान एहतेशाम वकारीब, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संतोष कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय अजय कुमार, सीजेएम विश्वनाथ उरांव, एसीजेएम मोहम्मद नईम अंसारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अभिनव, न्यायिक दंडाधिकारी सलीका अन्ना हैरेंज, अमित अल्डा, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव अरविंद सरकार सहित अन्य मौजूद थे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर निकली रैली, दिए गए प्रमाण पत्र
कुंडहित। संवाददाता। शनिवार को कुंडहित में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अधिकतर मुखिया एवं जलसहियाओं ने भाग लिए। कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ की गई। रैली के माध्यम से जलसहियाओं ने कुंडहित बस स्टैंड एवं आस पास बाजार में मौजूद लोगों को महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर जागरूक करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड सभागार सभा का आयोजन कर एसबीएम अकादमी का प्रशिक्षण लेने वाली जलसहियाओं को प्रमाण पत्र मुहैया कराया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्या रीना मंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल, कनीय अभियंता अमन कुमार, प्रदीप रक्षित आदि ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर जलसहियाओं को संबोधित किया। साथ ही, महिलाओं के कार्यक्रम में उपस्थित जलसहियाएं सरकार के द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रखंड समन्वयक रफिक हुसैन ने विभागीय दिशा निर्देशों से अवगत कराया। वही प्रखंड समन्वयक आईएसएम आशीष गोप ने एसबीएम एकेडमी के बारे मे जलसहियाओ को बताया। कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए हुए मुखिया एवं सक्रिय जलसहियाएं उपस्थित रहे।
डीडीसी ने किया विकास योजना का निरीक्षण
कुंडहित। संवाददाता। शनिवार को उप विकास आयुक्त ने कुंडहित प्रखंड के गड़जोड़ी, कुंडहित एवं खाजुरी पंचायत में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उप विकास आयुक्त ने तीनो पंचायतों के विभिन्न गांवों में मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजनाओ, सिंचाई कूप, तालाब एवं अबुआ आवास का निरीक्षण किया। साथ ही, जलछाजन विभाग से निर्मित योजनाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने अबुआ आवास के लाभुकों को समय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं संचालित बागवानियों में हो रहे कार्यों की जांच की और संबंधित कर्मियों को समय पर बागबानी के लाभुको को दवाई, फर्टिलाइजर देने का भी निर्देश दिया। सभी जगह पर कार्य संतोषजनक पाया गया। मौके पर प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।
अंतिम दिन मैट्रिक के परीक्षार्थियों ने दी विज्ञान की परीक्षा
कुंडहित। संवाददाता। शनिवार को विज्ञान विषय की परीक्षा के साथ ही जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा संपन्न हो गई। प्रखंड के सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय तथा आदर्श मध्य विद्यालय स्थित परीक्षा केन्द्रों पर जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार, आदर्श मध्य विद्यालय में मैट्रिक के लिए आयोजित विज्ञान विषय के परीक्षा में 244 परीक्षार्थी शामिल हुए और 3 अनुपस्थित रहे। प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में कुल परीक्षार्थी 240 में 238 उपस्थित 2 अनुपस्थित रहे वही सिंहवाहिनी पल्स टू में कुल परीक्षार्थी 279 में 276 उपस्थित 3 अनुपस्थित रहे। तीनों परीक्षा केंद्र में मजिस्ट्रेटो की उपस्थिति एवं पुलिस बल की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विज्ञान परीक्षा के साथ ही मैट्रिक की परीक्षा सम्पन्न हो गई। मौके पर सिंह वाहिनी प्लस टू विद्यालय के केंद्राधीक्षक मंतोष मंडल, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के केंद्राधीक्षक मिथिलेश कुमार पांडे तथा आदर्श मध्य विद्यालय के केंद्राधीक्षक अवनी रंजन चौधरी सहित तमाम वीक्षक तथा पुलिस बल मौजूद रहे।