चकाई। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के सिमरिया गांव में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह रामचरितमानस महायज्ञ को लेकर गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा यज्ञ मंडप प्रांगण से निकलते हुए गादी जोरिया पहुंची, जहां यज्ञाचार्य महेंद्र पांडेय सहित पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश में पवित्र जल भराया। कलश में जल भरकर श्रद्धालु पूरे गांव का भ्रमण कर वापस यज्ञ मंडप पहुंचकर कलश स्थापित किया। इस कलश यात्रा में 651 महिलाएं व कुवांरी कन्याएं अपने माथे पर कलश लेकर चल रही थी। साथ ही साथ सैकड़ों श्रद्धालु भक्त केसरिया झंडे के साथ जय श्री राम, जय हनुमान आदि जयकारे लगाते हुए साथ में चल रहे थे। यज्ञ आयोजन को लेकर पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय हो गया है। कलश स्थापन के बाद मुख्य यजमान विजय राय एवं अशोक राय के साथ यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ किया। इस बावत मुख्य यजमान विजय राय एवं अशोक राय ने बताया कि कलश यात्रा के साथ ही यज्ञ अनुष्ठान की शुरुआत की गई है। कहा कि 7 अप्रैल से 15 अप्रैल तक प्रतिदिन पाठ, हवन तथा शाम में रामचरितमानस पाठ, संगीतमय कथा का प्रवचन किया जाएगा। यज्ञ को सफल बनाने में कमेटी अध्यक्ष मुकेश राय, उपमुखिया अंकित राय, डब्लू राय, सत्यनारायण राय, प्रदीप राय, रघुवंश राय, गौतम राय, उमेश राय, कुंदन राय, विक्की ठाकुर, आयुष पांडेय, ललन राय, जितेंद्र राय सहित स्थानीय लोग लगे हुए हैं।
पर्वतीय ग्राम विकास बिंदु संस्था की ओर से फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित
चकाई। संवाददाता। प्रखंड के सतपोखरा मैदान में पर्वतीय ग्राम विकास बिंदु संस्था की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस फुटबॉल टूर्नामेंट में दो टीमों ने भाग लिया। फुटबॉल टूर्नामेंट सतपोखरा एवं बेंदरा गर्ल्स टीम के बीच खेला गया, जिसमें सतपोखरा गर्ल्स की टीम एक गोल से विजेता टीम बनी। वही दूसरा खेल बेंदरा एवं सतपोखरा बॉय टीम के साथ खेला गया, जिसमें बेंदरा बॉय की टीम ने जीत हासिल किया। इसके अलावे चक्र दौड़ खेल का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुंदन कुमार सतपोखरा प्रथम, दूसरा स्थान पर सविता मरांडी नौकाडीह ने प्राप्त किया। खेल समाप्त होने के बाद गर्ल्स टीम एवं बॉय टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रो. केदार मंडल ने कहा कि जिस तरह से लड़कियां एवं लड़कों ने खेल का प्रदर्शन किया है, यह काफी सराहनीय है। इससे प्रतीत हो रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बच्चियां भी सभी क्षेत्रों में काफी आगे बढ़ रही है। वही पर्वतीय ग्राम विकास बिंदु संस्था के उपाध्यक्ष मुन्ना हेंब्रम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका हौसला आफजाई किया। साथ ही, उन्होंने खेल को कैरियर के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक एवं बौद्धिक क्षमता का भी वृद्धि होता है। खेल जीवन में महत्वपूर्ण अंग है। मौके पर संस्था के कोषाध्यक्ष शशि मरांडी, पंचायत समिति सदस्य नवीन लाल चौड़े, सुशीला चौड़े, महेश हेंब्रम, राजू मुर्मू, सोनेलाल मरांडी, वीरेंद्र हेंब्रम, रमेश हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
बिहार में जल-जीवन-हरियाली का दिख रहा असर
5 सालों में बने 64 हजार से अधिक नए जल स्रोत
भूजल स्तर में दिखा सुधार
पुराने जल स्रोतों का संरक्षण प्राथमिकता
पटना। संवाददाता। जल संरक्षण के क्षेत्र में बिहार ने बीते पांच वर्षों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चलाए जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत राज्य में वर्ष 2019 से अबतक 64,098 नए जल स्रोतों का निर्माण किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल जल संरक्षण ही नहीं बल्कि पर्यावरण संतुलन और भूजल स्तर को बनाए रखना भी है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन जल स्रोतों के निर्माण में सबसे अधिक योगदान ग्रामीण विकास विभाग का रहा है, जिसने 55,642 जल स्रोतों का सृजन किया। इसके अलावा कृषि विभाग ने 5,607 और पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग ने 2,827 नए जल स्रोतों का निर्माण किया है।
केवल नए जल स्रोतों का निर्माण ही नहीं, राज्य सरकार ने पुरानी सार्वजनिक जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार पर भी विशेष ध्यान दिया है। वर्ष 2019 से 2025 तक के दौरान 24,448 सार्वजनिक तालाब/पोखर का जीर्णोद्धार किया गया। 72,868 आहरों और पईनों को फिर से संरचित और उपयोग के योग्य बनाया गया। पुराने जलस्रोतों के संरक्षण और नए जलस्रोतों के सृजन से राज्य में भूजल का जो स्तर पहले लगातार गिरता जा रहा था, उसमें भी सुधार आ रहा है।
गौरतलब है कि जलस्रोत भूजल के स्तर को बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं। इसके साथ ही जलस्रोतों के आसपास का पारिस्थितिकी तंत्र भी संरक्षित होता है। इसके महत्व को देखते हुए राज्य सरकार जल-जीवन-हरियाली अभियान चला रही है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। 2 अक्टूबर 2019 को इसकी शुरुआत हुई थी, जिसके तहत जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, भूजल स्तर को बढ़ाने और हरियाली को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिसमें जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरुकता लाना शामिल है। जल संरक्षण के लिए पुराने तालाब, कुएं और नदियों का जीर्णोद्धार करने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन के लिए संरचनाएं बनाई जा रही है।
इस योजना के तहत बिहार सरकार ने कई सार्वजनिक जल संरचनाओं का निर्माण और मरम्मत की है। साथ ही किसानों को खेती के लिए बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। इस अभियान से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पर्यावरणीय स्थिरता लाने का प्रयास हो रहा है। फिलहाल राज्य सरकार के प्रयासों का अब बेहतर नतीजा सामने आ रहा है।
उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आईटी विभाग की मजबूत पहल
10 नई स्टार्टअप कंपनियों को मिला नि:शुल्क ऑफिस स्पेस
आईटी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने युवा उद्यमियों को सौंपी दफ्तर की चाबी
आईटी पार्क का रूप ले रहा है बिस्कोमान टावर
पटना। संवाददाता। बिहार में उद्यमिता एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग ने वर्ष 2024 में नई आईटी नीति लाई थी, जिसका असर अब पूरे बिहार में दिखने लगा है। सरकार की नई आईटी नीति से न सिर्फ राज्य में चार हजार करोड़ रुपये के नए निवेश के प्रस्ताव मिले हैं बल्कि सरकार की इस पहल से राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार से जोड़ने की मुहिम को एक नई रफ्तार भी मिली है।
राज्य के सूचना एवं प्रावैधिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने सोमवार को बिस्कोमान भवन में राज्य की 10 नई स्टार्ट अप कंपनियों को नि:शुल्क ऑफिस स्पेस उपलब्ध कराया। इस मौके पर आईटी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और विभाग के विशेष सचिव अरविन्द कुमार चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। ये सभी ऑफिस स्पेस बिस्कोमान टावर की नौवीं और 13वीं मंजिल पर स्थित है। मौके पर राज्य के आईटी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने सभी 10 नई आईटी कंपनियों के युवा संचालकों को उनके दफ्तर की चाबियां सौंपी। उन्होंने कहा कि बिहार आईटी नीति-2024 के तहत पहले से ही निवेशकों को पूंजीगत निवेश और रोजगार सृजन के अवसर दिए जा रहे हैं।
इस नीति के तहत निवेशकों को पूंजी निवेश सब्सिडी, ब्याज अनुदान सब्सिडी, लीज रेंटल सब्सिडी, विद्युत बिल सब्सिडी, रोजगार सृजन सब्सिडी जैसे कई लाभ दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए हमें स्टार्ट अप को बढ़ावा देना होगा।
मौके पर उन्होंने हाईप्रोटेक इंडिया टेक्नोलॉजी प्रा. लिमिटेड, ग्रीन स्टार्क इलेक्ट्रॉनिक्स प्रा. लिमिटेड,़फ्लो एपीआइज प्राइवेट लिमिटेड, सेवासिटी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, स्कास टेक्नोलॉजिज प्राईवेट लिमिटेड, ऑस्टोमवर्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड, मोमेंटम प्लस ऑनलाइन टेक्नोलॉजी, पॉलीट्रॉपिक सिस्टम प्रा. लिमिटेड, मकासा इंडस्ट्रीज प्रा. लिमिटेड और एचपीएफ वेंचर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के युवा उद्यमियों को दफ्तर की चाबियां सौंपी।
इस अवसर पर आईटी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि नई आईटी नीति के तहत सरकार स्टार्टअप कंपनियों को छह महीने के लिए नि:शुल्क ऑफिस स्पेस उपलब्ध कराती है। इसके बाद इन कंपनियों के कार्यों की समीक्षा करके आवंटन अवधि को अगले छह महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कुल 13 स्टार्ट अप कंपनियों को बिस्कोमान टावर में स्पेस आवंटित किया जा चुका है। सरकार इन कंपनियों को ऑफिस स्पेस के साथ ही केबिन, बिजली, एयर कंडीशन, इंटरनेट कनेक्टविटी, स्वागत एरिया, डेडिकेटेड लिफ्ट, सुरक्षा, हाउस कीपिंग, वाहन पार्किंग और कैफेटेरिया मु़फ्त में उपलब्ध करा रही है। अंत में विभाग के विशेष सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
बिहार में ग्रामीण सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार
103 नए पुल और 33.65 किमी सड़क का होगा निर्माण
सड़कों के रखरखाव के लिए अतिरिक्त 230 करोड़ मंजूर
निविदा प्रक्रिया शुरू, इच्छुक एजेंसियों से मांगे गये प्रस्ताव
पटना। संवाददाता। बिहार में ग्रामीण सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ी पहल करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए 367.94 करोड़ की नई योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के अंतर्गत राज्य में पांच नई सड़कों के साथ 103 पुलों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत और टिकाऊ सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। इस पहल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सूबे की सड़कों को चाक चौबंद करने के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
इन परियोजनाओं के तहत कुल 33.65 किलोमीटर लंबी सड़कों और 3891.17 मीटर लंबे पुलों का निर्माण किया जाएगा। स्वीकृत राशि में से 214 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से और 153.94 करोड़ रुपये राज्य सरकार की ओर से वहन किए जाएंगे। इन योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है और इच्छुक एजेंसियों से 5 मई तक प्रस्ताव मांगे गए हैं।
इसके अतिरिक्त बिहार सरकार को वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 138 करोड़ की प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त हुई है। इस राशि के साथ राज्य सरकार 92 करोड़ का अंशदान देगी, जिससे कुल 230 करोड़ की राशि सड़कों के आवधिक अनुरक्षण पर खर्च की जाएगी। ये रखरखाव कार्य उन सड़कों पर किए जाएंगे, जिनकी पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि पूरी हो चुकी है।
ग्रामीण कार्य विभाग के अनुसार इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य के हर गांव को सुदृढ़, सुरक्षित और हर मौसम में उपयोगी सड़कों से जोड़ना है। विभाग ने बताया कि योजनाओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ होगा।
रसोई गैस सिलेंडर के दामों में इजाफा, महागठबंधन ने की कड़ी निंदा।
जमुई। संवाददाता। महागठबंधन में शामिल राजद, कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों की जिला इकाई ने देश की सबसे बड़ी ऑयल कंपनी इंडेन की ओर से रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि किए जाने की निंदा की है। इसको लेकर नामित दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी सरकार की क्रिया कलापों पर आक्रोश व्यक्त किया है। राजद, कांग्रेस और वाम दलों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद सरकार की नीति बदल गई है।
राजद जिलाध्यक्ष त्रिवेणी यादव ने कहा कि सरकार की यह परंपरा बन चुकी है कि चुनाव परिणाम के बाद वह जरूरी वस्तुओं के मूल्य में वृद्धि करती है। इसका राजद पुरजोर विरोध करेगी।
सामाजिक कार्यकर्ता झुन्ना सिंह ने कहा है कि जिन वस्तुओं पर केंद्र सरकार का नियंत्रण रहता है, चुनाव परिणाम के बाद उसकी मूल्यों में वृद्धि कर दी जाती है। जनहित में यह नीति गलत है। उन्होंने मूल्य वृद्धि वापस लिए जाने की मांग की। वाम दल के नेताओं ने भी केंद्र सरकार की इस नीति की कड़ी निंदा की है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पौधारोपण व योग अभ्यास शिविर आयोजित
जमुई। संवाददाता। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण एवं योग अभ्यास शिविर चलाया गया। योग शिविर का नेतृत्व शिवदानी प्रसाद ने किया। योग शिक्षक तथा पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि संसार के मानव को स्वस्थ रहने के लिए प्राकृतिक ऑक्सीजन भरपूर चाहिए। ऑक्सीजन हरे-भरे वृक्षों से ही मानव को नि:शुल्क मिलती है। अत: पेड़ लगायें और 5 वर्षों तक सुरक्षित करें। पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ दुनिया के प्रत्येक मानव को अपने स्वास्थ्य के लिए योग अभ्यास करना अनिवार्य है। दूसरा कोई विकल्प विज्ञान के पास नहीं है। अत: कहा गया है योग भगाए रोग। सच्चा सुख निरोगी काया। शाण्डिल्य ने बताया कि 7 अप्रैल 1948 को विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना हुई थी। अभी इसके 194 देश सदस्य हैं। अत: निर्णय लिया गया कि संसार के मानव को स्वास्थ रखने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से ही विश्व स्वास्थ्य दिवस सात अप्रैल को प्रति वर्ष मनाया जाये। पहली बार 1950 ई में 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। 2025 का थीम है-स्वस्थ शुरुआत तथा आशाजनक भविष्य रखा गया है। यह मुख्य रूप से मातृ शक्ति और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर ध्यान देता है। संसार के मानव मानसिक रूप से स्वस्थ रहें। साथ ही, अपने घरों के आसपास 10 पेड़ लगायें, प्रात:कालीन 30 मिनट नियमित योग करें, संतुलित भोजन करें, भोजन में हरी सब्जी और ताजा फल अवश्य खायें, स्वयं स्वस्थ रहें तथा दूसरे मानव को जागरूक करें। तनावमुक्त जीवन जीएं और हमेशा प्रसन्न रहें। पर्यावरण भारती के कार्यक्रम में शिवदानी प्रसाद, आनंद कुमार, सोना प्रताप, रणजीत मोदी, मनीष कुमार बर्णवाल, पवन कुमार, सुरेश प्रसाद भगत, राजेन्द्र यादव, प्रिंस यादव, रौनक यादव, रोहित कुमार, विकास यादव, गणेश बर्णवाल, प्रो राम जीवन साहू इत्यादि ने भाग लिए।
भाजपा की मनाई गई स्थापना दिवस
झाझा। संवाददाता। भाजपा पार्टी की स्थापना दिवस नगर क्षेत्र के कर्पूरी चौक स्थित सोहजाना मोड़ के पास सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता परमेश्वर यादव की अगुवाई में मनाई गई। पीएम की ओर से देश को मजबूत बनाने और सशक्त बनाने में कई विकास कार्य किये जिनके कारण लोगों का विश्वास इस कदर पार्टी के प्रति बढ़ चुका है कि लोग इस पार्टी से जुड़कर पार्टी को एक मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आज देश के पीएम नरेंद्र मोदी की मेहनत का नतीजा है कि भाजपा पार्टी देश का नम्बर एक मजबूत पार्टी बनी हुई है। पार्टी के नगर अध्यक्ष सुषमा देवी ने लोगों के विचार प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास के नारों के बीच मजबूत भारत का निर्माण हुआ। मौके पर भाजपा नेता परमेश्वर यादव ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है भारत को श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत, स्वाभिमान भारत, सशक्त भारत बनाने में अपना सबसे बड़ा योगदान दिया है। पार्टी विस्तारक भैयालाल माथुरी, बूथ अध्यक्ष विजय कुमार, संजीव कुमार बंका ने अपने सम्बोधन में कहा पार्टी की स्थापना डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने श्रेष्ठ भारत निर्माण को लेकर पार्टी की नींव रखी, जिसके बाद पूर्व दिवंगत पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने इस पार्टी को आगे बढ़ाते हुए अपने शासनकाल में पार्टी को ही नही बल्कि देश को आगे बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। मौके पर भाजपा नेत्री पुतुल देवी सहित अन्य कई पार्टी के लोग मौजूद थे।
नवमी व दशमी पूजा में माता के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
झाझा। संवाददाता। नगर परिषद् अंतर्गत पुरानी बाजार स्थित आस्था का केंद्र बना चैती दुर्गामंदिर में नवमी पूजा पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। संध्या बेला ने माता के मंदिर में श्रद्धालु की भीड़ संध्या में होने वाली विशेष आरती के लिए उमड़ी तो वही नवमी पूजा में दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विराजमान मां दुर्गा की दर्शन कर पूजा अर्चना किया। वही खासकर महिला श्रद्धालुओं की भीड़ माता के दरबार मे चढ़ावा और खोंइचा भरने वाली की लगी थी। श्रद्धालुओं ने माता की पूजा अर्चना करते हुए अपने तथा पूरे परिवार के जीवन से कष्ट दूर कर सुखमय जीवन प्राप्ति की कामना किया। वही मन्दिर परिसर के समीप लगे भव्य मेला का भी श्रद्धालु ने लुत्फ उठाया।