पाकुड़ निसं। एसडीपीआई झारखंड की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय पाकुड़ में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और जिला परिषद सदस्य मो. हंजेला शेख ने की। बैठक में प्रदेश प्रभारी एनयू सलाम, प्रदेश उपाध्यक्ष हबीबुर रहमान, महासचिव तहमीदुर रहमान और महासचिव संगठन शमीम अख्तर उपस्थित रहे। प्रदेश सचिव वज़ीदा खातून और अमीर हमजा के साथ प्रदेश समिति के सभी सदस्य भी मौजूद थे। पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा और रांची के जिलाध्यक्षों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 21 जून को पार्टी का स्थापना दिवस मनाने की योजना बनाई गई। इस दिन पार्टी की सभी शाखाओं में झंडोत्तोलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के विस्तार पर चर्चा के दौरान प्रत्येक जिले को 5 नई शाखाएं स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया। समिति ने पार्टी नेताओं के लिए पार्टी की नीतियों और सामाजिक लोकतंत्र पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया। साथ ही, एसडीपीआई झारखंड ने राज्य सरकार से मंईयां सम्मान राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
हाईवा असंतुलित होकर पुल से 20 फीट नीचे गिरा, कोई हताहत नही
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। थाना क्षेत्र में एक हाईवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना लिट्टीपाड़ा-धरमपुर मुख्य सड़क पर तसर सेंटर के समीप हुई। हाईवा गोड्डा से हिरणपुर की ओर जा रहा था। तसर केंद्र के पास संकरे पुल पर सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में हाईवा असंतुलित हो गया। वाहन पुल से करीब 20 फीट नीचे गिर गया। चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर वाहन चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं। कुछ महीने पहले भी इसी तरह एक हाईवा पुल से गिरा था। परिवहन विभाग नियमित रूप से जांच अभियान चलाता है। रविवार को भी विभाग ने जांच अभियान चलाया। परिवहन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि नियमित जांच के बावजूद कुछ चालक लापरवाही से वाहन चला रहे हैं। इससे जान-माल का नुकसान होता है।
धूमधाम से मनाया गया जमाई षष्ठी पर्व
पीपल वृक्ष के नीचे विधि-विधान से की गई पूजा-अर्चना
बंगाली समुदाय की महिलाएं दामाद की लंबी आयु की कामना करती हैं
पाकुड़ निसं। जिले में बंगाली समाज ने जमाई षष्ठी पर्व धूमधाम से मनाया। महिलाओं ने पीपल वृक्ष के नीचे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर दामाद का विशेष सम्मान किया गया और उन्हें विभिन्न व्यंजन परोसे गए। सुबह से ही शहर के बाजारों में पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। महिलाएं स्नान के बाद नए वस्त्र पहनकर पीपल वृक्ष के पास पहुंचीं। उन्होंने वृक्ष के चारों ओर लाल धागा बांधा। पुरोहित ने पर्व से जुड़ी पारंपरिक कथा सुनाई। यह त्योहार मुख्य रूप से बंगाली समुदाय की महिलाएं मनाती है। इस दिन दामाद की लंबी आयु की कामना की जाती है। उन्हें नए कपड़े और विशेष व्यंजन भेंट किए जाते हैं। यह पर्व प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देता है। पाकुड़ के रेलवे कॉलोनी, राजपाड़ा, कलिकापुर, बागतिपाड़ा, बागानपाड़ा, शिवा शीतला मंदिर और बिरसा चौक में यह पर्व मनाया गया। महेशपुर, पाकुड़िया, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा और अमड़ापारा प्रखंड में भी उत्सव का माहौल रहा।
हिरणपुर प्रखंड मुख्यालय में विशेष उत्साह देखा गया। बाजारों में आम, लीची, जामुन और खजूर जैसे मौसमी फलों की अच्छी बिक्री हुई। रेलवे फाटक और इंदिरा चौक के पास लगे बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ रही।
नाबालिक के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
पीड़िता की मां ने थाने में दर्ज कराई मामला
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 30 मई की है। पीड़िता अपनी बड़ी बहन की शादी में बाड़ू गांव गई थी। रात करीब 8 बजे बाड़ू गांव का बाबुधन सोरेन नाबालिग को घर छोड़ने का झांसा देकर जंगल की झाड़ियों में ले गया। आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। अगली सुबह पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबूधन सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि मामला कांड संख्या 35/25 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना से गांव के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले पाकुड़ जिले की अमड़ापारा थाना क्षेत्र में भी एक 51 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। उस मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल रेस का हुआ आयोजन
पाकुड़ निसं। जिला साइकिलिंग संघ और जिला खेलकूद विभाग ने विश्व साइकिल दिवस पर बैंक कॉलोनी स्टेडियम में साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 180 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में समीर अंसारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनिल कुमार भगत द्वितीय और प्रभु मरांडी तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सुहागिनी हांसदा प्रथम, लक्ष्मी भगत द्वितीय और पंचमी घोष तृतीय स्थान पर रहीं। सिविल सर्जन डॉ. मंटू कुमार टेकरीवाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार और जिला साइकलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह ने विजेताओं को ट्रॉफी और खेल किट प्रदान किए। डॉ. टेकरीवाल ने कहा कि नियमित साईकल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और वातावरण को भी लाभ मिलता है। जिला साईकलिंग संघ सचिव रणवीर सिंह ने प्रतिभागियों को साइकिल की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण को रोकने और स्वास्थ्य के लिए दैनिक जीवन में साइकल के उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में खेल समन्वयक विवेक रजक, खेलो इंडिया प्रशिक्षक अक्षय बाउड़ी, साइकलिंग प्रशिक्षिका प्रोन्नति रानी दास, खेल प्रशिक्षक श्या्यामल सोरेन और जिला साइकलिंग संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। बच्चों के अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दस दिवसीय वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर संपन्न
पाकुड़ निसं। झारखंड वॉलीबॉल संघ और आर्ट ऑफ गिविंग के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे मैदान पाकुड़ में दस दिवसीय ग्रीष्मकालीन वॉलीबॉल शिविर का समापन हुआ। प्रशिक्षक उजय राय ने खिलाड़ियों को वॉलीबॉल के नियमों की जानकारी दी। प्रतिदिन दो घंटे चलने वाले इस प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को स्पीड ट्रेनिंग दी गई। साथ ही, एंडोरेंस ट्रेनिंग और हर्डल्स जम्प ट्रेनिंग भी कराई गई। खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल एक्सरसाइज में भी हिस्सा लिया। समापन समारोह में सेवानिवृत्त रेल पदाधिकारी बीपी शर्मा मुख्य अतिथि थे। कनिष्ठ दूरभाष अभियंता पूर्व रेलवे पाकुड़ और खेल मार्गदर्शक संजय कुमार ओझा भी मौजूद थे। जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय और सहसचिव अनिकेत गोस्वामी ने कार्यक्रम में भाग लिया। बीपी शर्मा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई बातों का अभ्यास जारी रखें। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में वे अच्छे खिलाड़ी बनकर जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे। शिविर में शिवम पंडित, आर्यन श्रीवास्तव, सोहन भगत, रोशन भगत समेत 20 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला वॉलीबॉल संघ के कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
आवास योजना का किया गया जांच
महेशपुर। संवाददाता। जयपुर पंचायत के नायग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत की जांच की गई। प्रखंड स्तर पर गठित जांच टीम में बीपीओ रिजवान फारूकी, कनीय अभियंता रंजीत मंडल, सुजीत कुमार मंडल, संजय मुर्मू और देवाशीष कुमार शामिल थे। जांच टीम ने निर्माण आवासों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने सभी तथ्यों की छानबीन की और आवास लाभार्थियों से विस्तृत पूछताछ की। जांच टीम के सदस्यों ने बताया कि नायग्राम में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की लिखित शिकायत मिली थी। बीडीओ महेशपुर के निर्देश पर यह जांच की गई। जांच की रिपोर्ट प्रखंड कार्यालय में जमा की जाएगी। आगे की कार्रवाई प्रखंड कार्यालय के निर्देशानुसार की जाएगी।
कुएं की सफाई के दौरान मिट्टी धंसा, एक व्यक्ति फंसा
8 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद लुकुश निकला सकुशल बाहर
ग्रामीणों ने 90 के दशक में बने पत्थर के कुएं की सफाई का लिया था निर्णय
अमड़ापाड़ा। संवाददाता। थाना क्षेत्र में एक पुराने कुएं की सफाई के दौरान एक व्यक्ति फंस गया। उदलबनी तालाटोला गांव में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने 90 के दशक में बने पत्थर के कुएं की सफाई का निर्णय लिया। गांव के 45 वर्षीय लुकुश किस्कू कुएं की सफाई के लिए अंदर उतरे। सफाई के दौरान कुएं की मिट्टी धंस गई। उनका एक पैर मिट्टी में फंस गया। इसी दौरान कुएं का एक पत्थर भी उन पर गिरा, लेकिन वे बच गए। ग्रामीणों ने पहले खुद बचाने का प्रयास किया। जब सफलता नहीं मिली तो स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तुरंत जेसीबी मशीन मंगवाई। लगभग 8 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद लुकुश को सकुशल बाहर निकाला गया। बचाव के बाद उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उनकी हालत अब स्थिर है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की गंभीर समस्या है। उन्होंने सोचा था कि कुएं की सफाई से इस समस्या का समाधान होगा। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय प्रशासन और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मदद की। मौके पर पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद गुप्ता ने गांव में पानी की समस्या दूर करने की बात कही।
घटिया निर्माण की खबर छपी तो टूटी नाली, अब नए सिरे से हो रहा काम
महेशपुर। संवाददाता। प्रखंड के बिरकीटी पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से बनी पक्की नाली का मामला सामने आया है। इंडियन पंच अखबार में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया है। नाली के निर्माण में बिचौलिए द्वारा की गई अनियमितता का मामला सामने आया था। निर्माण के एक महीने के भीतर ही नाली धंसने लगी थी। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने इंडियन पंच के संवाददाता से बातचीत की और शिकायत दर्ज कराई। 31 मई को अखबार में जब यह खबर प्रमुखता से छपी, तो बिचौलियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाली को तोड़कर नए सिरे से निर्माण का आदेश दिया। बिचौलिया अब जल्दबाजी में नाली का पुनर्निर्माण करवा रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले में इंडियन पंच की भूमिका की सराहना की है। उनका कहना है कि अखबार में खबर छपने के बाद ही यह कार्रवाई संभव हो पाई है। इस बाबत प्रखंड समन्वयक सायेम अख्तर ने कहा कि डीसी पाकुड़ का सख्त निर्देश पर 15वां वित्त आयोग की राशि से नाली निर्माण पर रोक के बावजूद अपना मनमानी तरीके से निर्माण कराया गया है तो इसकी भुगतान नही की जायेगी और भुगतान को रोक दिया जायेगा। यह घटना मीडिया की ताकत और जनहित में उसकी भूमिका को दर्शाती है।