मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया प्रखंड क्षेत्र के बेदिया, खुटोजोरी, बाडाडुमरिया, धवाडेंगाल,मुर्गीमोड, सुगापहाडी, छेलापथर आदि गांव के मुस्लिम समुदाय के लोगो ने हर्षोल्लास से बकरीद त्यौहार मनाया । पूर्व उपप्रमुख सह केंद्रीय समिति सदस्य झामुमो मो. कादिर रज़ा, मौलाना अब्दुल करीम फरोज अंसारी ने जानकारी देते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहिम की याद में जानवर की बली देकर कुर्बानी त्यौहार मनाया जाता है। सदियों से चली आ रही प्रमुख त्योहारों में से एक बकरीद इस वर्ष ग्यारह चांद में समुदाय के लोगो ने ईदगाह में दो रकात की नमाज अदा किया तत्पश्चात बकरा की बली देकर व एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद देकर हर्षोल्लास से बकरीद त्यौहार को मनाया गया।
24 घंटे में होगा समस्याओं का समाधान : पंकज
गोपीकांदर/निज संवाददाता। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह संथाल परगना मंडलीय प्रभारी पंकज मिश्रा अपने पत्नी रीता मिश्रा के साथ शनिवार को गोपीकांदर पहुँचे। कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें आदिवासी रीतिरिवाज के साथ पैर धोकर व पत्ता और फूल का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब जब चुनाव हुई है गोपीकांदर की जनता अधिक वोट से जीत दिलाई है। यह इतिहास गवाह है झामुमो कभी भी किसी भी समय पीछे नहीं रहा है। कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की पूंजी होती है। उन्होंने बताया कि जनता की सभी समस्याओं को पदाधिकारी जनता दरबार लगाकर जल्द समाधान करें। मैं वैसे पदाधिकारियों को चेतावनी देना चाहता हूं की जनता की समस्याओं के समाधान नहीं करने वाले पदाधिकारी अपना बोरा बिस्तर भी समेट लें। मुझे काम वाले पदाधिकारी चाहिए। जो पदाधिकारी जनता का शोषण और दोहन करेगा उन्हें एक सेकेंड में हटा दिया जाएगा। सरकार लोन देकर ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ रहें हैं। उन्होंने बताया कि आपकी समस्या मेरी कान तक पहुंचनी चाहिए, मैं आपसे वादा करता हूँ कि आपकी समस्या का समाधान 24 घण्टे में करूंगा। इस दौरान गोपीकांदर प्रखंड सांसद प्रतिनिधित्व ज्योतिष बास्की, प्रखंड अध्यक्ष संतोष मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य सह जिला परिषद सदस्या निशा सबनम हांसदा, केंद्रीय समिति सदस्य पोलिना मुर्मू, कुबराज बेसरा, माइकल हेंब्रम, सुलेमान हांसदा, मनोज मरांडी, दशरथ भगत, बबलू भगत, अर्नेस्ट हांसदा, रोसा हांसदा, शिला सोरेन, शांति देवी, सुहागिनी हांसदा, संतोष मरांडी, देवान मरांडी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
27 महीना जेल में रखा मुझे 27 महीना जेल में रखा। बिना किसी कारण। उन्हें लगा कि पंकज मिश्रा जेल चला जायेगा तो पार्टी टूट जाएगा। हमने पार्टी की जड़ को इतना रोप दिया है न कि बहुत दूर दूर तक चला गया है।
दो गांव में मलेरिया के 15 मरीज मिले
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर प्रखंड के ओडमो पंचायत में मलरिया अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। खटंगी और सिलंगी गांव में कुल 15 मलेरिया के मरीज मिले हैं। गांव में मलरिया का प्रकोप से एक दर्जन से ज्यादा लोग मलेरिया की चपेट में हैं। हालांकि ग्रामीणों को मलरिया होने की सूचना जैसे ही स्वास्थ्य विभाग को लगी गांव में सहिया साथी के साथ एमपीडब्ल्यू ने जाँच शुरू दिया है। ग्रामीणों का हेल्थ जांच कर तुरंत दवा दिया जा रहा है। शुक्रवार की शाम 20 वर्षीय गर्भवती महिला बाहामय मुर्मू और पांच वर्षीय बेटा चरण बास्की की तबियत बिगड़ता देख उन्हें दुमका रेफर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक खटंगी के पहाड़िया टोला सहित तीन टोला में मलरिया से लोग ग्रसित होने शुरू हो गया है। गांव की सहिय सुरुजमुनी सोरेन ने बताया कि शुक्रवार उन्हें बताया गया कि कुछ लोगों का तबियत खराब है। उन्होंने इसकी जानकारी गोपीकांदर सीएचसी में दिया। शुक्रवार को गांव में एमपीडब्ल्यू मस्तान मुर्मू ने अपने सहयोगियों के साथ किट से जाँच करना शुरू कर दिया है। मस्तान मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार को 19 ग्रामीणों का स्वास्थ्य जांच किया गया। जांच में आठ ग्रामीणों का मलेरिया पाया गया। सभी को दवा दिया गया है। शनिवार सुबह से ही ग्रामीणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार खटंगी और सिलंगी पहाड़ के कुल 15 मलेरिया के मरीज पाए गये हैं। अभी तक कुल 32 ग्रामीणों का जाँच किया गया।
मलेरिया को लेकर छिड़काव शुरू
मलेरिया मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक घरों में कीटनाशक छिड़काव शुरू किया गया है। छह सदस्यी टीम खटंगी और सिलंगी पहाड़ के सभी घरों में कीटनाशक छिड़काव कर रहे हैं। छिड़काव टीम के सुपरवाइजर संतोष मुर्मू ने बताया कि खटंगी गांव के 31 घरों में छिड़काव किया जा रहा है। बाकी घरों सहित मलेरिया ग्रसित घरों में छिड़काव किया जाएगा।
मरीजों के नाम : छुतर बास्की (17), रोशन टुडू (60), सोम बास्की (45), बाहामय मुर्मू (20), चरण बास्की (05), कृष्णा मरांडी (14), चरण बास्की (10), मलोती मुर्मू (05), मोनिका मुर्मू (27), बाहामय मुर्मू (45), बुधिन मुर्मू (25), डेना बास्की (14), महेंद्र गृही (59), रीता कुमारी (12), बिनोद देहरी (08) का नाम शामिल है।
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बकरीद पर्व
रानेश्वर/निज संवाददाता। रानेश्वर प्रखंड के मुस्लिम समुदाय के लोगो ने शनिवार को हर्षोउल्लास के साथ बकरीद पर्व मनाया है। अधिकतर गांवों के ईदगाह में सुबह के 7 बजे से 7 : 30 बजे के बीच बकरीद नमाज अता किया है। प्रखंड के लाकड़ाघाटी गांव, पलासपाड़ा, मोहलबोना, धानभाषा डंगालपाड़ा, रंगालिया, तसरकट्टा, हकीकतपुर, जयतड़ा, सुखजोड़ा, एकतल्ला, हामीदपुर, पाथरा, पाठजोड़, डुमरा, कोलाकाटा आदि गांवों में बकरीद पर्व हेतु नमाज अता किया गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रत्येक ईदगाह में विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस बल तैनात किया गया था। रानेश्वर थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने पेट्रोलिंग कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से बकरीद पर्व मनाया गया है। डीएसपी इकुड़ डुंगडुंग ने भी रानेशर पहुचकर विधि व्यवस्था का जायजा लिया है।
अदा की गयी बकरीद की नमाज
मसानजोड़/निज संवाददाता। मसानजोड़ के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शनिवार को हर्षोल्लास एवं काफ़ी उत्साह के साथ बकरीद मनाया है। मसानजोड़ क्षेत्र के पारसिमला, बांसपहाड़ी एवं बालजोड़ी, डामरी गांव के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बकरीद का नमाज अता किया है। पारसिमला, बासपहाड़ी गांव के लोगों ने बांस पहाड़ी आम डंगाल में एवं बालजोड़ी गांव के लोगों ने बालजोड़ी ईदगाह में बकरीद का नमाज अता किया है। वहीं विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मसानजोड़ थाना प्रभारी थाना प्रभारी सीडी दास बासपहाड़ी आम डंगाल में पुलिस बल के साथ तैनात थे। एएसआई किशोर कुमार रजक को दल-बल के साथ बालजोड़ी गांव में तैनात किए थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मनी बकरीद
जामा/निज संवाददाता। प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जिसमें लोधना, आसनसोल कुरुवा, गेणुवामारणी, पहरीडीह, परगाडीह, छैलापाथर, ओगयाबांध, कोहबरा आदि गांवों में सुबह के नमाज से पर्व का शुभारंभ किया गया। मस्जिद व ईदगाह में नमाज अदा कर घर के आंगन में बकरे एवं मुर्गे की कुरबानी दी गयी। सभी लोग आपस में एक दूसरे से गले मिलकर बधाई दिया। परगाडीह के मुन्ना खान बताते हैं कि सभी लोग अपने घर में बकरे की जो कुर्बानी देते है उसका प्रसाद तीन भागों में बांटा जाता है। जिसका एक भाग अपने खाते है, एक भाग गांव के गरीब लोगों में तथा एक भाग सगे संबंधियों में बांटा जाता है। इस प्रकार लगभग सभी लोग करते हैं। यह परम्परा पूर्वजों से चलते आ रहा है। सभी लोग मिल बांट कर पर्व मानते हैं। उधर पर्व को लेकर पुलिस पदाधिकारी शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये गस्ती करते देखे गये।
ग्रामीणों ने पोक्सो पीड़िता के साथ अभियुक्त की करवा दी शादी
- सीडब्ल्यूसी ने बाल विवाह का मामला दर्ज करने का दिया निर्देश
- शादी का वादा कर एक साल से यौन शोषण करने का है मामला
- पीड़िता को भेजा सीसीआई, मामले में सपोर्ट पर्सन को किया नियुक्त
दुमका। निज संवाददाता। दुमका के तालझारी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से शांदी का वादा कर यौन संबंध बनाने के मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 और पोक्सो एक्ट की धारा 04 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी द्वारा पीड़िता के मांग में सिंदूर लगाने का फोटोग्राफ वायरल होने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में बाल विवाह अधिनियम 2006 और किशोर न्याय (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धाराएं नहीं जोड़ी है और न ही बाल विवाह करवाने वालों को अभियुक्त बनाया है। इस केस के अनुसंधानकर्ता एसआई पी भगत ने 06 जून की रात पीड़िता को बरामद करने के बाद उसे फार्म-42 के तहत रातभर के संरक्षण के लिए दुमका के धधकिया स्थित बालिका गृह में रखा था। शुक्रवार को एसआई ने महिला पुलिस के माध्यम से पीड़िता को फार्म-बी और एफआईआर की छाया प्रति के साथ समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्य डा राज कुमार उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता को यौन हमला (पोक्सो) के अलावा चाइल्ड मैरिज श्रेणी में भी सीएनसीसीपी (देखभाल और संरक्षण के जरूरत वाला बालक) घोषित किया गया है। पीड़िता ने समिति को बताया है कि वह चार भाई बहनों में सबसे बड़ी है और 8वीं कक्षा में पढती है। उसके पिता यूपी के कानपुर में काम करते हैं और मां भी पिता के साथ ही रहती है। पड़ोस में ही उसका नानी घर है जहां नाना व मामा आदि रहते हैं। पिछले एक साल से इस लड़के के साथ उसका प्रेम संबंध था और इस दौरान लड़के ने उससे शादी का वादा कर दो से अधिक बार उसके ही घर पर उसके साथ शरीरिक संबंध बनाया है। जब लड़के ने शादी करने से इनकार कर दिया तो उसने उसके खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवायी है। सदस्य डा राज कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में समिति ने ग्राम ज्योति के मुकेश कुमार दुबे को सपोर्ट पर्सन नियुक्त किया है और पीड़िता के माता- पिता, नाना’नानी एवं मामा को समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। समिति ने जरमुण्डी बीडीओ सह बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी को पत्र जारी करते हुए बाल विवाह में शामिल लड़का, दोनों पक्षों के रिश्तेदार व ग्रामीणों को चिन्हित करते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 9 एवं 10 (तीन साल तक की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना या दोनों) और किशोर न्याय (बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत (दो साल तक की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना या दोनों) को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज करवाने का निर्देश भी जारी किया है। समिति ने पीड़िता को धधकिया स्थित बालगृह में आवासित करते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकार से त्वरित सामाजिक जांच रिपोर्ट समर्पित करने का आदेश दिया है। समिति ने सीसीआई के अधीक्षक को पोक्सो पीड़िता को दुमका के पुराना सदर अस्पताल में स्थित मनोचिकित्सा केन्द्र में लुल्फ्किार अली भुट्टो से काउनसेलिंग करवाने का भी आदेश दिया है।
जनजातीय समुदाय की हो रही है अवहेलना : रघुवर दास
- हेमंत सरकार वोट बैंक के खातिर पिछड़ा अवस्था में चाहती है रखना
- राज्य में एक ग्रुप की चाहत ईसाई प्रदेश की तो दूसरे की इस्लाम प्रदेश की, यही स्थिति रही तो झारखंड बन जायेगा नागालैंड और मिजोरम
दुमका/निज संवाददाता। राज्य में जनजातीय समुदाय की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। हेमंत सरकार अपने वोट बैंक के खातिर इसे पिछड़ा अवस्था में ही रखना चाहती है। उक्त बातें दुमका पहुंच प्रेसवार्ता कर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने परिसदन भवन में शनिवार को कहा। रघुवर दास ने आक्रामक रूप दिखाते हुए यहां तक कह दिया कि इस राज्य का एक ग्रुप इसे ईसाई प्रदेश तो दूसरा ग्रुप इसे इस्लामी प्रदेश बनाना चाहता है। अगर यही हाल रहा तो तो झारखंड की स्थिति नागालैंड और मिजोरम जैसी हो जायेगा। इसे बचाने के लिए झारखंड में एक और हूल (आन्दोलन) की, उलगुलान की आवश्यकता है। मैंने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया है। बरसात के बाद जनजातीय समाज को जागरूक करने के लिए मैं पद यात्रा पर निकलूंगा।
पेसा कानून लागू करने की मांग : रघुवर दास ने हेमंत सरकार से यह मांग किया है कि जल्द से जल्द पेसा कानून लागू करें। इससे जनजातीय समुदाय का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि कुछ भारत सरकार के सचिव ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि 1400 करोड रुपए का फंड तभी दिया जा सकता है। जब आप पेसा कानून लागू करेंगे। रघुवर दास ने सरकार से यह सवाल किया कि आखिरकार किसके दबाव में पेसा कानून लागू नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज आदिवासियों के हित और विकास के नाम पर अबुआ सरकार सत्ता में तो आ गई है, लेकिन वह इस समुदाय के लिए कोई भी काम नहीं कर रही। वर्षों से यह समाज विकास के लिए संघर्ष कर रहा है। इसके भी अपने सपने हैं, आकांक्षाएं हैं पर उस पर हेमंत सोरेन का ध्यान नहीं है। रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन ने मंईया सम्मान योजना की घोषणा कर वोट तो ले लिया पर लगातार उसके लाभुकों की संख्या में कटौती कर रही है। इस तरह से यह सरकार महिलाओं की भी हितैषी नहीं है।
घुसपैठ की मुद्दा है काफी खतरनाक : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज झारखंड में जो घुसपैठ हो रहा है, वह काफी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन हेमंत सरकार उसे छूट दे रही है। पीएफआई और सिमी में कोई अंतर नहीं है। धर्मांतरण और घुसपैठ को यह सरकार समर्थन दे रही है। जो इस राज्य के लिए काफी चिंताजनक है। अपने राजनीतिक भविष्य के संबंध में उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहा हूं। मुझे भारतीय जनता पार्टी ने काफी सम्मान दिया है। अब मुझे किसी पद की लालसा नहीं है।
कार व स्कूटी की टक्कर में बैंक के गार्ड की मौत, पत्नी घायल
- पैतृक घर जाने के क्रम में मसानजोर के पास कार ने मारी स्कूटी में टक्कर
दुमका/निज संवाददाता। जिला के मसानजोर के जीतपुर गांव के पास शनिवार को कार की टक्कर से स्कूटी चालक सह काठीकुंड की इलाहाबाद में बैंक में गार्ड बेनीलाल सोरेन की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी प्रमिला हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। कार बंगाल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जिला के टोंगरा थाना क्षेत्र के तातलोई के रहने वाले बेनीलाल ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीअमड़ा में भी मकान बनाया है। यहीं से बैंक आना जाना करते थे। शनिवार को बकरीद का अवकाश होने के कारण वे पत्नी के साथ स्कूटी से पैतृक घर जा रहे थे। रास्ते में जीतपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि तभी मसानजोर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में सीधी ठोकर मार दी। हादसे के बाद कार भी पलट गई। हादसे में दंपति बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने बेनीलाल को मृत घोषित कर दिया। मसानजोर थाना प्रभारी सीडी दास ने बताया कि भिड़ंत के बाद बंगाल से आ रही कार भी पलट गई। उसमें सवार चार लोगों को आंशिक चोट लगी है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। तेज गति की वजह से हादसा हुआ है।
सौहार्र्दपूर्ण माहौल में मनी बकरीद
दुमका/निज संवाददाता। शहर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में शनिवार को हर्षोल्लास के साथ त्याग और बलिदान का त्योहार ईद उल अजहा बकरीद मनाया गया। जिला के सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामुहिक रूप से नमाज अदा की। सुबह 6 बजे से ही मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचने लगे थे। मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा करने पहंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों को मौलानाओं के द्वारा नमाज अदा कराया गया। नमाज अदा किए जाने के बाद मौके पर ही एक-दूसरे के साथ गले मिलकर लोगों ने बकरीद की बधाई दी। खासकर बकरीद को लेकर बच्चो में काफी उत्साह दिखा। नमाज अदा करने मस्जिदों व ईदगाहों में पहुंचे मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे। बच्चों ने भी एक दूसरे के साथ गले मिलकर बकरीद की बधाई दी। दुधानी स्थित ईदगाह दुधानी मस्जिद में नमाज अदा करते के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। साथ ही यहां के जामा मस्जिद में सुबह से ही नमाज अदा करने वालों की भीड़ देखी गई। इसके साथ ही शहर के डंगालपाड़ा, दुधानी, कुम्हारपापाड़ा, खिजुरिया, जरूवाडीह सहित मुहल्ले के मस्जिदों में बकरीद की सामूहिक नमाज अदा की गई तथा नमाज खत्म होने पर एक दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी गई। इस त्योहार में बकरे की कुर्बानी देने की परंपरा हैं। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने हैसियत के अनुसार बकरे की कुर्बानी देकर इस त्योहार की खुशिया मनाई। इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों व ईदगाहों पर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई थी। मुख्य सड़कों के चौक-चौराहों पर ळभी दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई थी। ईद उल अजहा इस्लाम धर्मावलंबियों का प्रमुख त्योहार हैं। इसे खुदा की राह में अपनी प्यारी चीज की कुर्बानी देने की याद में मनाया जाता हैं। यह पाक त्योहार लोगों के जीवन में त्याग और बलिदान की प्रेरणा देता हैं। इस त्योहार को लेकर यहां सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। कुर्बानी के इस त्योहार को मुस्लिम समुदय के लोग बड़े उत्साह से मनाते हैं।
हटिया से लौट रहे युवक की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या
गोपीकांदर/निज संवाददाता। गोपीकांदर थाना क्षेत्र के लखीबाद पत्थर खदान के पास एक 35 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या का मामला सामने आया है। युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ है। युवक के साथ उसका साइकिल भी घटनास्थल पर पड़ा हुआ है। युवक अमरपुर गांव का रहने वाला है। युवक का नाम छुतर हांसदा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया की हत्या में प्रयुक्त किसी भी हथियार या अन्य सामाग्री की बरामदगी नहीं हो पाई है। हत्या है या दुर्घटना यह भी जांच के बाद ही बताया जा सकता है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक छुतर हांसदा अपने घर से दुर्गापुर साप्ताहिक हटिया गया हुआ था। मृतक के भाई सोम हांसदा ने बताया कि छुतर हटिया गया हुआ था। रात करीब आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि उसके भाई को कुल्हाड़ी से मारकर किसी ने हत्या कर दिया है। हालांकि हत्या को लेकर कोई भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा है। छुतर की शादी अमरपुर गांव में ही हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं।