जामताड़ा। संवाददाता। जामताड़ा के कंबांइड बिल्डिंग स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से संबंधित बैठक की गयी। बैठक में जिला स्तर पर नियुक्त किए गए 11 सदस्यीय चयन टीम के सदस्यों ने भाग लिया। डीएसई ने टीम के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी अपने अपने प्रखण्डों में शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को जानकारी दें कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बच्चों के लिए भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। पुरस्कार विजेता को गणतंत्र दिवस के परेड में भाग लेने का अवसर मिलता है। साथ ही, नगद पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। यह पुरस्कार देशभर के 5 से 18 वर्ष तक की आयु के उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला-संस्कृति तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में विशेष योगदान दिया है। इस पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्णत: ऑनलाइन है, जिसमें किसी भी व्यक्ति या संस्था की ओर से प्रतिभाशाली बच्चों का नामांकन किया जा सकता है।
डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति ने कहा कि यह पुरस्कार उन बच्चों को एक मंच प्रदान करता है, जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित आधिकारिक पोर्टल या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मौके पर जिला स्तरीय चयन टीम के सदस्य शिक्षक विद्यासागर, विनोद बिहारी हेंब्रम, रंजीत कुमार डे, बलदेव रक्षित, परिमल कुमार मंडल, रासबिहारी मुर्मू सहित अन्य मौजूद थे।
नशे करने वालों को स्वास्थ्य समस्या के साथ आर्थिक क्षति व सामाजिक तिरस्कार का भी सामना करना पड़ता है : डीसी
नशा मुक्त जामताड़ा बनाने के लिए कार्यशाला आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। नशा मुक्त जामताड़ा बनाने के लिए शिक्षा विभाग के सौजन्य से जिले के समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में कार्यशाला आयोजित किया गया। आयोजित कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त रवि आनंद, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक जुगनू मिंज सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर उपायुक्त रवि आनंद ने कार्यशाला में आए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे करने वालों को न सिर्फ स्वास्थ्य समस्याएं, कीमती समय का नुकसान, आर्थिक क्षति एवं कई बार तो सामाजिक तिरस्कार का भी सामना करना पड़ता है। कहा कि ड्रग्स सेवन से होने वाली बीमारी का कोई टाइम लाइन या ड्यूरेशन नहीं होता है, इससे एक हंसता खेलता परिवार खत्म हो जाता है। इससे बचने का एकमात्र उपाय है कि इसे तत्काल छोड़ें। उन्होंने कहा कि झारखंड में काफी गरीब हैं, गरीब लोग सरकार की योजनाओं पर आश्रित रहते हैं, ऐसे में नशा का सेवन करना उनके लिए अभिशाप के समान है, जिसके लिए लोगों में जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे से सिर्फ आर्थिक, हेल्थ का नुकसान ही नहीं होता है, कई बार इसके कारण होने आपराधिक घटना भी घटित होती है, जिसका एक मात्र कारण नशा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में करीब 65 प्रतिशत लोग युवा हैं अर्थात 35 वर्ष से कम के हैं, जो युवा आज नशे की गिरफ्त में है, अगर वही युवा नशे को छोड़कर समाज और देश के विकास में योगदान दें तो देश की प्रगति होगी, देश विकास की ओर अग्रसर होगा।
सड़क किनारे वाले स्कूलों में साइनेज व स्पीड ब्रेकर लगाएं : उपायुक्त
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत
जामताड़ा। संवाददाता। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। विभिन्न बिंदुओं पर हुई समीक्षा, दिए गए अहम दिशा निर्देश। बैठक में समीक्षा के दौरान विगत बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में की गई कार्रवाई की समीक्षा के अलावा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने, ओवर स्पीडिंग रोकने, ट्रिपल राइडिंग रोकने, मोडिफाइड व्हीकल, सीट बेल्ट एवं हेलमेट, रोड साइनेज लगाने, नो हेलमेट नो पेट्रोल का अनुपालन, गुड सेमेरिटन का प्रचार प्रसार, हिट एंड रन के लंबित मामले का निष्पादन, अनफिट वाहनों का चालान करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा किया।
उपायुक्त ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति वृहत जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित वाहन जांच अभियान, पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट नो पेट्रोल का कड़ाई से अनुपालन सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा कर संबंधित को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया। वहीं बैठक में उपायुक्त ने जिलांतर्गत सड़क किनारे वाले स्कूलों में आवश्यक साइनेज एवं स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही, वैसे स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं सड़क किनारे उगे बड़ी बड़ी झाड़ियों को हटाने को लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा सड़कों के अवैध अतिक्रमण को लेकर भी उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने लगातार बढ़ रहे वाहन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित वाहन जांच के साथ साथ पुलिस पेट्रोलिंग में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त कहीं भी सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता के लिए एम्बुलेंस आदि की सुलभ व्यवस्था सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर उचित दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान ईसीएल चितरा से रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई में लगे अनफिट डंपरों, अवैध रूप से परिवहन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर अनफिट डंपरों से कोयला की ढुलाई नहीं होना चाहिए, सख्त कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने ईसीएल प्रबंधन को अनफिट डंपरों से कोयला की ढुलाई नहीं करने के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कोयला ढुलाई में लगे सभी डंपरों की सूची को परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर वाहन फिटनेस जांच करवाने एवं फिटनेस प्रतिवेदन उन्हें देने के लिए निर्देश दिया। मौके पर उपविकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवाहन पदाधिकारी मनोज कुमार, सहित अन्य मौजूद थे।
प्रखंड व अंचल कर्मी ने ली नशा मुक्ति की शपथ
कुंडहित। संवाददाता। नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत कुंडहित प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को सामूहिक प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के तहत सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मादक पदार्थों के खिलाफ सामूहिक रूप से शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने उपस्थित तमाम अधिकारी एवं कर्मियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित कर्मी एवं प्रखंड कार्यालय में मौजूद आमलोगों को प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने बताया कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं तथा युवाओं की शक्ति का समाज एवं देश के विकास के महत्वपूर्ण योगदान होता है। नशा मुक्त भारत अभियान में सर्वाधिक संख्या में युवा जुड़े हैं। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एकजुट होकर हम सभी को प्रतिज्ञा लेनी हैं कि न केवल अपने-अपने समुदाय, परिवार, मित्र बल्कि स्वयं को भी नशा से मुक्त करेंगे। क्योंकि बदलाव की शुरुआत खुद से ही होनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि आईए हम सब मिलकर अपने जिले एवं झारखंड राज्य को नशा मुक्त करने का दृढ़ निश्चय करें। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, अंचल अधिकारी सीताराम महतो, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोरंजन मिर्धा, बीपीओ गोविंद प्रसाद घोष के अलावे प्रखंड एवं अंचल कर्मी गण उपस्थित थे।
प्रोजेक्ट रेल के तहत जांच परीक्षा
फतेहपुर। संवाददाता। उच्च विद्यालय ताल पोखरिया में शैक्षणिक सत्र 2025-26 झारखड सरकार के निर्देश पर प्रोजेक्ट रेल के तहत जांच परीक्षा शुरू की गई। इस परीक्षा में प्रथम वर्ग से लेकर दशम वर्ग तक के छात्र-छात्राओं की परीक्षा ली गई। छात्र-छात्राओं के बीच विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रकाश कांति मंडल ने कहा कि वर्ग प्रथम एवं द्वितीय छात्र-छात्राओं का मौखिक तथा तृत्तीय से दशम वर्ग तक बच्चों की लिखित परीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि महीने में एक बार सभी विषयों की परीक्षा होगी। सरकार बच्चों के गुणवत्ता शिक्षा देने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इसलिए प्रतिदिन साफ-सुथरा में बच्चों को विद्यालय भेजें ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा साथ प्रोजेक्ट रेल के जैसे महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होकर पढ़ लिखकर और विद्यालय का नाम रोशन कर सके। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय अंगुठिया में योग प्रशिक्षण सह जिला प्रभारी हेमंत कुमार के सानिध्य में सूर्य नमस्कार सह योग प्राणायाम कराया गया। प्रधानाध्यापिका सुषमा प्रियदर्शनी सभी शिक्षक मिलकर सूर्य नमस्कार किया।
प्रोत्साहन से और निकलती है प्रतिभा : जिप सदस्य
कुंडहित। संवाददाता। बुधवार को कुंडहित की जिला परिषद सदस्या रीना मंडल तथा पूर्व जिप सदस्य भजहरी मंडल जामताड़ा जिले की सेकंड टॉपर तथा प्रखंड में अव्वल स्थान हासिल करने वाली कला संकाय की छात्रा पायल झा के घर पहुंचे और उसे डायरी कलम आदि देकर सम्मानित किया। मौके पर जिप सदस्या रीना मंडल ने कहा कि प्रोत्साहन से प्रतिभा और भी निखरती है, इसलिए हमारा प्रयास है कि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तमाम छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्य मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने का उनका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गौरतलब है कि कुंडहित मुख्यालय निवासी दैनिक मजदूर जयदेव झा और स्वास्थ्य सहिया महुआ देवी की पुत्री पायल झा ने इंटरमीडिएट कला की परीक्षा में 453 अंक हासिल कर जामताड़ा जिले में दूसरा और प्रखंड में पहला स्थान प्राप्त किया है। अपनी प्रतिभा से अपने परिजनों के साथ-साथ विद्यालय और क्षेत्र के लोगों को गौरवान्वित करने वाली पायल झा की प्रारंभिक पढ़ाई के जिप सदस्य भजहरि मंडल द्वारा संचालित मॉडर्न पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उसने आदर्श मध्य विद्यालय तथा सिंह वाहिनी प्लस टू से आगे की पढ़ाई की है। मुफलिसी में जीवन गुजर रही मेधावी पायल आगे चलकर प्रोफेसर बनना चाहती है। बहरहाल घर पहुंच कर जिप सदस्यों के द्वारा सम्मानित किए जाने से पायल और उनके परिजन काफी खुश हुए। इस दौरान जिप सदस्यों ने पायल और उनके परिजनों को आश्वासन दिया की पायल की पढ़ाई में आगे कहीं मदद की जरूरत पड़ेगी तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
हजारीबाग जेल से फरार बांग्लादेशी कैदी का मिहिजाम से रहा है कनेक्शन
मिहिजाम। संवाददाता। हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा के होल्डिंग कैंप से तीन बांग्लादेशी कैदियों के फरार होने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है। इनमें मिहिजाम में पकड़ी गई बांग्लादेशी महिला रीना उर्फ बिष्टि खान भी शामिल है। हजारीबाग पुलिस रविवार को मिहिजाम पहुंची और छानबीन में जुटी है।
पुलिस ने मिहिजाम के कालीतल्ला निवासी छोटू उर्फ राज राम से पूछताछ की और उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रीना उर्फ बिष्टि खान को 4 फरवरी 2022 को जामताड़ा जेल से हजारीबाग ओपन जेल में ट्रांसफर किया गया था।
रीना मिहिजाम थाना क्षेत्र के कालीतल्ला निवासी छोटू उर्फ राज राम के संपर्क में आई और वह उसके साथ रहने लगी। राज ने रीना का फर्जी दस्तावेज भी बनवाया। वर्ष 2018 में रीना ने जामताड़ा सदर अस्पताल से एक नवजात बच्चे को चुरा लिया और मिहिजाम के पालबागान नर्सिंग होम में भर्ती हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और फर्जी दस्तावेज बनवाकर अवैध तरीके से रहने के आरोप में मामला दर्ज किया। हजारीबाग पुलिस अब मिहिजाम में छानबीन कर रही है और फरार कैदियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार कैदियों को पकड़ लिया जाएगा।