-मुख्यमंत्री मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क का सोमवार को करेंगे लोकार्पण
-1400 करोड़ रुपये की लागत से बनी एलिवेटेड सड़क के निर्माण से दक्षिणी पटना को मिलेगी जाम से मुक्ति, दक्षिण बिहार का सफर भी होगा आसान
पटना। संवाददाता। राजधानी पटना को जाम मुक्त बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए राजधानी वासियों को एक और नए एलिवेटेड सड़क की सौगात सोमवार को मिलने वाली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल नव निर्मित मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क का उद्घाटन करेंगे। इस एलिवेटेड सड़क के चालू होने से राजधानी के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को यातायात में काफी सहूलियत मिलने वाली है। साथ ही दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में आना-जाना भी अब बेहद आसान हो जाएगा। रोज घंटों लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी और समय की बचत होगी।
कुल 1400 करोड़ रुपये की लागत निर्मित मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना अंतर्गत भूपतिपुर से पुनपुन (एनएच-22) तक एलिवेटेड-सह-एटग्रेड सड़क का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। मौके पर राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन करेंगे। मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क के लोकार्पण समारोह में पटना साहिब से लोकसभा सदस्य रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद मीसा भारती, विधायक गोपाल रविदास, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, नवल किशोर यादव और कार्तिक कुमार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड के चालू होने से पटना के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को यातायात में काफी सहूलियत मिलने वाली है। जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ और गया के लिए सफर अब आसान हो जाएगा। बता दें कि पहले फेज में सिपारा से महुली तक एलिवेटेड रोड बनकर तैयार हो चुका है।
बिहार की ऊर्जा, दूरसंचार और पर्यटन के क्षेत्र में नई उड़ान
केन्द्र सरकार की योजनाओं से गढ़ी विकास की नई तस्वीर
पटना। संवाददाता। बिहार में केन्द्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी और पर्यटन के क्षेत्र में विकास की एक नई लकीर खींची जा रही है। बिहार को मिले प्रधानमंत्री पैकेज से कई क्षेत्रों खासकर ऊर्जा, दूरसंचार और पर्यटन में बेहद उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इसने राज्य को एक नई दिशा दी है।
ऊर्जा मंत्रालय के तहत राज्य में दो प्रमुख योजनाएं पूरी की गईं हैं। दीन दयाल उपाध्याय ग्राम विद्युत योजना के तहत ग्रामीण विद्युतीकरण का कार्य 5856.35 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ। वहीं, इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम के तहत नये 33/11 केवी स्टेशन, ट्रांसफॉर्मर और एचटी तारों की स्थापना पर 255 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके अतिरिक्त बक्सर में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से थर्मल पावर प्रोजेक्ट पर काम जारी है, जो जल्द ही पूरा होने वाला है।
वहीं, दूरसंचार विभाग ने बिहार को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। राज्य में 1000 नई मोबाइल टावर (बीटीएस) लगाए गए हैं, जिसकी लागत 250 करोड़ रुपये है। साथ ही, बीएसएनएल ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे राजगीर, वैशाली, गया, नालंदा और पटना में 30 वाई-फाई हॉटस्पॉट शुरू किए हैं, जिन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने डिजिटल बिहार की अवधारणा को साकार करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। दरभंगा और भागलपुर में दो नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क और आईटी उद्यमियों और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए छोटे इलाकों में ग्रामीण बीपीओ सेंटर की स्थापना 25.05 करोड़ रुपये की लागत से की गई। इसके अतिरिक्त मुजफ्फरपुर और बक्सर में दो एनआईईएलआईटी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन पर क्रमश: 9.18 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
मंत्री ने किया मनरेगा भवन सहित 5.50 करोड़ की लागत से विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
चकाई विधानसभा में बह रही है विकास की गंगा : सुमित
चकाई। संवाददाता। बिहार सरकार के मंत्री सह चकाई विधायक सुमित कुमार सिंह ने रविवार को चकाई में क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान 5.50 करोड़ की लागत से विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मंत्री सुमित कुमार ने चकाई प्रखंड के कैम्पस अवस्थित 33 लाख की लागत से बनाये गये मनरेगा भवन का उद्घाटन फीता काट कर किया। वही भवन उद्घाटन के बाद मंत्री ने पौधरोपण भी किया। इसके उपरांत मंत्री ने नौवाडीह पंचायत के संघरा गांव में पंचायत भवन का शिलान्यास एवं फरियताडीह पंचायत में पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास के साथ डब्लूपीओ का उद्घाटन किया। मौके पर उन्होंने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि चकाई विधानसभा में आज चारो और विकास की गंगा बह रही है। चकाई विधानसभा में आज बिहार में सबसे अधिक सड़क, पुल, पुलिया बनाये जाने का काम नीतीश जी के नेतृत्व में किया गया। चकाई विधान सभा में प्रतिवर्ष औसतन 500 करोड़ के आस पास की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करके योजनाओं को सरजमीन पर उतारने का काम आप सब के आशीर्वाद से किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चकाई विधान सभा विकास के मामले में पुरे बिहार में नंबर वन पर खड़ा दिखाई देगा। कहा कि किसानों के खेत तक पानी पहुंचाने के लिए बहु प्रतिक्षित बरनार जलाशय योजना का भी टेंडर शीघ्र होने वाला है। इसके बन जाने से खेतों का पानी जहां मिलेगा, वहीं किसानों में खुशहाली आएगी।
इसके पहले मंत्री सुमित कुमार सिंह ने चकाई के आंबेडकर भवन में आयोजित मां जगदम्बा हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर की ओर से लगाये गये नि:शुल्क सेवा शिविर का उद्घाटन किया तथा मौके पर मौजूद डॉक्टर प्रियंका कुमारी को इसके लिए धन्यवाद दिया। मौके पर उपविकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, बीडीओ कृष्णा कुमार सिंह, पीओ संजय कुमार झा, बीपीआरओ संजय कुमार, प्रमुख उर्मिला देवी, उप प्रमुख धान्ति देवी, विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय, महेंद्र सिंह, शिव पूजन सहाय, दिलीप उपाध्याय, रंजीत राय, मिथलेश राय, अमित तिवारी, प्रहलाद रावत, दिनेश यादव, मुखिया मो. अब्बास अंसारी, पंचानन्द राय, रोहित राय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
अधिवक्ता स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह की स्मृति में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
-बोकारो न्यायाधीश, डीयू के प्राध्यापकगण, चिकित्सकगण सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद रहे मौजूद
गिद्धौर। संवाददाता। बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर एवं बाबा कोकिलचंद विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गंगरा गांव स्थित संस्कार भारती पब्लिक स्कूल के प्रांगण में प्रखंडस्तरीय स्व. राजेश्वरी प्रसाद सिंह स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बोकारो न्यायाधीश मनोरंजन कुमार ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक खेमचंद अरोड़ा ने शिरकत की। जबकि कार्यक्रम के समन्वयक सिमुलतला आवासीय विद्यालय के शिक्षक आशीष कुमार पांडेय ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के प्रायोजक सत्यवती महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक उत्तम कुमार ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में बताया।
न्यायाधीश मनोरंजन कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया और जीवन में आगे बढ़ने की बात कही। मुंगेर विश्वविद्यालय के डॉ. भवेश चंद्र पांडेय ने कहा कि गंगरा के मेधावी बच्चों को मंच के तरफ से आने वाले समय स्कॉलरशिप मुहैया कराए जाने पर विचार किया जाएगा। मुख्य अतिथि खेमचंद अरोड़ा ने बताया कि हमारा बिहार बाकी राज्यों से किस प्रकार पिछड़ रहा है और इसे कैसे भावी पीढ़ी आगे की ओर ले जा सकती है। बिहार का शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत सुदृढ़ है। विद्वत डॉ. लखनलाल पांडेय ने जीवन के व्यावहारिक मूल्यों पर प्रकाश डाला और बच्चों को सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने को प्रेरणा दी। इस अवसर पर गिद्धौर प्रखंड के सभी हाई स्कूल एवं प्लस टू स्कूल के वे विद्यार्थी, जिन्होंने वर्ष 2025 की मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। मौके पर डॉ. एसएन झा, डॉ. सुमन कुमार, डॉ. रिंकी कुमारी, डॉ. लखनलाल पांडेय, उदय कुमार, मिलेनियम स्टार फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथियों एवं शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन बाबा कोकिलचंद विचार मंच के संयोजक चुनचुन कुमार ने किया। कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय युवाओं का सक्रिय योगदान रहा।
जननीय प्रौद्योगिकी और सरोगेसी आयोग व बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग की सदस्य बनी श्रेयसी सिंह
अलीगंज। संवाददाता। जमुई विधायक श्रेयसी सिंह को बिहार सरकार ने जननीय प्रौद्योगिकी और सरोगेसी आयोग व बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग की सदस्य मनोनीत की गई है। उनके सदस्य मनोनीत किए जाने पर युवा शक्ति के प्रान्तीय नेता शशिशेखर सिंह मुन्ना, युवा नेता महेश सिंह राणा, पवन कुमार दास,चंद्रशेखर आजाद,मनोज राम, सुनील शर्मा, रवि कुमार, अजय कुमार रावत, रवि केसरी, मनोज यादव, गोरेलाल यादव,डा रमेश कुमार सिंह, धर्मेन्द्र पासवान उर्फ गुरूजी, दिवाकर सिंह, मो राशिद अली सहित कई लोगो सदस्य मनोनीत किए जाने पर बिहार सरकार को साधुवाद और नव मनोनीत सदस्य जमुई विधायक श्रेयसी सिंह को बधाई व शुभकामनाए दी है। आशा ही नही बल्कि पूर्ण विश्वास जताया कि वे आयोग सदस्य रहकर बेहतरीन कार्य करेगी।
दधीची देहदान समिति बिहार प्रदेश की राज्य स्तरीय बैठक सम्पन्न
- अंगदान जागरूकता पर जोर
- 10 अगस्त को पटना में राज्य स्तरीय सम्मेलन का निर्णय
जमुई। संवाददाता। दधीची देहदान समिति, बिहार प्रदेश के नेतृत्व में रविवार को एक राज्यस्तरीय वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के महासचिव पद्मश्री विमल जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप चौरसिया, निर्मल जैन, शैलेश महाजन, मीना देवी, अजातशत्रु सहित बिहार के सभी जिलों के पदाधिकारी, चिकित्सक सदस्य एवं प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जमुई जिलाध्यक्ष प्रदीप केसरी ने महत्वपूर्ण सुझाव रखते हुए कहा कि सभी जिलों में नेत्रदान के लिए आवश्यक सामग्री (किट) उपलब्ध कराई जाए और स्थानीय नेत्र चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि नेत्रदान की प्रक्रिया सरलता से संपन्न हो सके। वहीं जमुई जिला सचिव दिलीप साहू ने कहा कि समाज के लिए यह एक अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान, देहदान और अंगदान से न केवल समाज को लाभ मिलेगा बल्कि मेडिकल छात्रों को भी शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। बैठक में जमुई से मोतिउल्लाह, शंभू कुमार, चंद्रदेव सिंह, कुंज बिहारी, शिवानी बरनवाल, प्रोफेसर महेश केसरी, मनोज कुमार उर्फ मंटू, महेंद्र बरनवाल समेत कई पदाधिकारी व सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक में यह जानकारी दी गई कि आगामी 10 अगस्त को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, पटना में राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
स्वेच्छा रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन
कुल्टी। आसनसोन। संवाददाता। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय मोदी वर्णवाल विकास संघ एवं कुल्टी मदद फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कुल्टी टाऊन सोशल वेलफेयर एवं आसनसोल जिला अस्पताल के सहयोग से शनिवार को कुल्टी सम्मेलनी के समीप स्थित रविन्द्र कला केंद्र में स्वेच्छा रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। रक्तदाता सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा कवि गुरु रविन्द्र नाथ ठाकुर के मूर्ति पर माल्यार्पण पुष्प अर्पित कर किया गया। उसके बाद कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सेल राइट्स के महाप्रबंधक उज्ज्वल मुखर्जी ने फीता काटकर किया।
रक्तदान शिविर में कुल्टी मदद फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय मोदी वर्णवाल विकास संघ के कुल 18 महिला पुरुषों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मोदी वर्णवाल विकास संघ कुल्टी इकाई के अध्यक्ष प्रेमलाल वर्णवाल, सचिव रवि मोदी के साथ रघु मोदी, दीपक मोदी एवं समाज के सदस्यों ने कुल्टी मदद फाउंडेशन की ओर से महासचिव रिंकू चौबे एवं कार्यकारी अध्यक्ष रवि शंकर चौबे ने रक्तदाता सम्मान मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा आसनसोल शिल्पांचल में रक्तदान एवं समाजसेवा के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाले संगठनों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया जिनमें मुख्य रूप आसनसोल जिला ब्लड बैंक, कुल्टी टाऊन सोशल वेलफेयर, कंस्यूमर राइट, उद्योग द मिशन, अग्निबिना शिल्प चर्चा केंद्र, प्रतिध्वनि फाउंडेशन, प्रचेष्टा, मारवाड़ी युवा मंच कुल्टी, ममता चैरिटेबल ट्रस्ट, किशोर कुमार फैन क्लब सहित कई संगठन सम्मानित हुए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों में सेल राइट्स के महाप्रबंधक उज्ज्वल मुखर्जी, रंजना भट्टाचार्य, पौलमी कवि, चित्रकार सुमित गांगुली, सुरंजना मुखर्जी, इंद्राणी गुप्ता, राजेंद्र पोद्दार, अनूप सर्राफ, अशोक खेतान, मिठू मुखर्जी, सुमिरम बोस, असीम माजी,राज भट्टाचार्य, तपन सरकार सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
000000000000000000000000000000000000000000000000
भीषण गर्मी में पौधा का रखें ख्याल, पौधा रखेगा पूरे जीवन आपका ख्याल।
जमुई। संवाददाता। भीषण गर्मी में पौधा का रखें ख्याल, पौधा रखेगा पुरे जीवन आपका ख्याल। उक्त बाते साइकिल यात्रियों द्वारा बढ़ते तापमान को देखते हुए पौधे की संरक्षण के लिए मुहिम चला कर लोगों को अपने आस पास पौधे की देखभाल करने का संदेश दिया गया। साईिकल यात्रा एक विचार जमुई के 20 सदस्यों ने रविवारीय यात्रा के 493वें क्रम में भीषण गर्मी को देखते हुए समाहरणालय परिसर, पार्क मेन रोड होते हुए महीसोढ़ी चौक तक गर्मी के कारण मुरझा रहे छोटे पौधे में कियारी बना के पानी और आवश्यक घेराबंदी कर सैकड़ों पौधे को बचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद क्षेत्र के महिसोढ़ी मुहल्ले में निजी जमीन पर पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण का आवरण बढ़ाने का भी संदेश दिया।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे सदस्य विशाल कुमार ने बताया कि गर्मी का मौसम न सिर्फ इंसानों को प्रभावित करते है बल्कि पेड़-पौधों के लिए भी चुनौतीपूर्ण होता है। तेज धूप और गर्म हवाएं नमी को खत्म कर देती हैं, जिससे पौधों को विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है। इस मौसम में सही समय पर पानी देना, मिट्टी की नमी बनाए रखना और पौधों के लिए छाया की व्यवस्था करना बेहद जरूरी होता है। इसके लिए लोग अपने आस पास गर्मी से प्रभावित हो रहे पौधे पर पानी देकर बचाने का प्रयास करे यह उनके संरक्षण के अच्छा पहल साबित हो सकता है।
सदस्य अभिनव दुबे ने बताया कि जब तापमान 40 डिग्री पर करती है छोटे पौधे पानी की कमी से मुरझाने लगती है इस समय में यदि लोग थोड़ा भी ध्यान इन पौधे पर दे तो पौधे सुरक्षित रहेगा और हमारे भविष्य के लिए फायदेमंद भी साबित होगी। इस अवसर पर राहुल सिंह राठौर, सचिराज पद्माकर, सीपू परिहार, सूरज सिंह, सिंटू कुमार, गुलशन कुमार, धीरज कुमार, शिव कुमार, विशाल सिंह, हर्ष कुमार सिन्हा, गोलू कुमार, विवेक कुमार, अभिनव दुबे, शुभम कुमार, राजा कुमार, सत्यम कुमार, अभिषेक कुमार, कुंदन सिन्हा, बमबम कुमार, पंकज कुमार, के पी शौर्य, सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।