देश के प्रधानमंत्री के नाम कर्मचारी हित में ज्ञापन सौंपा
चित्तरंजन। संवाददाता। चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ, जो भारतीय रेलवे मजदूर संघ और भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध है, के आह्वान पर सीएलडब्ल्यू के सभी कर्मचारियों के लिए एक पत्रक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दे उठाये गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय मुद्दों जैसे 8वें वेतन आयोग का गठन और पुरानी पेंशन योजना की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भी जीएम/सीएलडब्ल्यू के माध्यम से प्रेषित किया गया। यह ज्ञापन महाप्रबंधक के निर्देश पर रंजन मोहंती मुख्य कार्मिक अधिकारी/सीएलडब्ल्यू ने ग्रहण किया। सभी कर्मचारियों के ऑफिस में पहुंचकर पत्रक का वितरण किया गया और कर्मचारियों से सहयोग की अपील की गई है। इस कार्यक्रम को लेकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल बना रहा है। संघ के अधिकारी और कई कर्मचारियों ने बताया कि उनकी मांग पूरी होगी, बस कर्मचारियों को संगठित होकर सहयोग करने की जरूरत है।
मिहिजाम में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने पकड़े 30 बिना हेलमेट बाइक सवार
हेलमेट लाने के बाद कुंडहित में छोड़े गए मोटरसाइकिल
मिहिजाम। संवाददाता। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से गुरुवार को मिहिजाम थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के आदेश पर की गई। थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे की अगुवाई में पुलिस दल ने शहर के मुख्य चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर बिना हेलमेट बाइक चालकों पर नजर रखी। अभियान में पुलिस ने 30 से ज्यादा बाइक सवारों को बिना हेलमेट पकड़ा और मौके पर ही उन्हें नियमों की जानकारी दी गई। पकड़े गए चालकों को घर से हेलमेट मंगवाकर पहनने के बाद ही छोड़ा गया। थाना प्रभारी ने कहा कि हेलमेट चालक की जान बचाता है और इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि पहली बार चेतावनी देकर छोड़ा गया है लेकिन अगली बार बिना हेलमेट पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि सड़क पर सुरक्षित चलें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि बाइक पर बैठने वाले दोनों लोगों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना चाहिए ताकि हादसों में जान-माल की हानि रोकी जा सके।
कुंडहित संवाददाता के अनुसार, ट्रैफिक जागरूकता के मद्देनजर गुरुवार को कुंडहित पुलिस के अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बगैर हेलमेट के मोटरसाइकिल चला रहे 20 चालकों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा। पकड़े गए चालकों को पुलिस ने नया हेलमेट खरीद कर लाने की बात कही। इसके बाद सभी चालकों ने हेलमेट की व्यवस्था की। पुलिस अधिकारियों ने वाहन हमेशा हेलमेट पहन कर चलाने की नसीहत देते हुए पकड़े गए सभी मोटरसाइकिलों को छोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाओं में हेलमेट के नहीं रहने की वजह से अधिकतर लोगों को जान गंवानी पड़ती है। हेलमेट से चालक के जीवन की रक्षा होती है। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को कहा कि अगली बार हेलमेट के बगैर पकड़े गए तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी की अध्यक्षता में भू अर्जन संबंधित समीक्षात्मक बैठक
जामताड़ा। संवाददाता। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में भू अर्जन परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। डीसी ने बैठक के दौरान विभिन्न सड़क परियोजनाओं यथा मोहनाबांक से नाला पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, जामताड़ा करमाटांड़ लहरजोरी पथ, बेवा बाईपास पथ, विद्यासागर लोहारंगी एवं नारायणपुर करमदहा पथ, नारायणपुर एवं तरनी चुरूडीह पबिया पथ, जुम्मन मोड़ से बुटबेरिया लोधरिया पथ, करमाटांड़ विद्यासागर स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण, लहरजोरी से मुरलीपहाड़ी पथ चौड़ीकरण, धतुला मोड़ से नाला, अंगुठिया मोड़ से बाबूपुर, जामताड़ा जेल रोड, जामताड़ा बीरग्राम निरसा, जामा- जामताड़ा-रूपनारायणपुर पथ आरओबी जामताड़ा कंबाइंड बिल्डिंग पथ परियोजना, जामताड़ा तिलाबाद से लादना डैम पथ, नाला से अफजलपुर पथ निर्माण, जामताड़ा बीरग्राम निरसा पथ सहित अन्य सभी परियोजनाओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए भू अर्जन संबंधित सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने 10 दिनों के अंदर कम से कम 700 वाउचर को कलेक्ट कर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न भू अर्जन परियोजनाओं में भू अर्जन संबंधी आ रहे अड़चनों को दूर करते हुए कैंप लगाकर वाउचर कलेक्ट करते हुए रैयतों के मुआवजा भुगतान सहित अन्य बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
लोग आपसी सद्भाव, भाईचारा व शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम को मनाएं : उपायुक्त
मुहर्रम को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में मुहर्रम को लेकर विधि व्यवस्था संधारण के लिए डीसी रवि आनंद की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए डीसी रवि आनंद ने कहा कि मुहर्रम को मातम के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित कर लें कि जुलूस के रास्ते में कोई समस्या न आए। साथ ही, अपील किया गया कि सभी लोग आपसी सद्भाव, भाईचारा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम को मनाएं। वहीं आगे उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 6 एवं 7 जुलाई को भारी बारिश एवं वज्रपात की संभावना जताई गई है, ऐसे में सभी लोग अलर्ट होकर रहें, आप लोग भी अपने स्तर से यह मैसेज दें कि बारिश के दौरान पेड़ो आदि के नीचे न जाएं, सतर्कता बहुत जरूरी है। आगे कहा कि बारिश के कारण जुलूस के रास्ते में कठिनाई हो सकता है, ऐसे में एक दिन पूर्व रास्ते का अवलोकन अवश्य कर लें। उपायुक्त ने आगे कहा कि जो भी जुलूस निकाली जाए वो प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से ही निकालें। अखाड़ा समिति स्थानीय थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी से संपर्क में रहें। आगे कहा कि मुहर्रम के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम आदि पर कड़ी निगरानी रहेगी।
वहीं एसपी राज कुमार मेहता ने कहा कि स्थानीय शांति समिति के सदस्य के जानकारी के बिना कोई जुलूस नहीं मूव करेगा। इसके अलावा उन्होंने सभी थाना प्रभारी को जुलूस आयोजन को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया। वहीं उन्होंने बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने पर वाहन जब्त करने एवं हेलमेट खरीदने के बाद ही वाहन छोड़ने का निर्देश दिया। इसके अलावा सड़क के किनारे सार्वजनिक स्थलों में शराब पीने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा किसी प्रकार की सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम में कॉल करने का अपील किया। मौके पर डीडीसी निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, डीटीओ मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ आनंद मोहन सोरेन, डीएसओ राजशेखर, एसडीपीओ जामताड़ा एवं नाला सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
किसी भी हाल में बाल मजदूरी न होने पाए, इसे सुनिश्चित करें : रवि आनंद
डीसी की अध्यक्षता में श्रम, नियोजन व कौशल विकास तथा उद्योग की समीक्षात्मक बैठक
जामताड़ा। संवाददाता। डीसी रवि आनंद की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास तथा उद्योग विभाग अंतर्गत कार्यान्वित योजनाओं कार्यों के प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, प्रवासी श्रमिकों के निबंधन के अलावा निबंधित लाभुकों को मेधावी पुत्र पुत्री छात्रवृति योजना, मातृत्व प्रसुविधा योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, झारखंड निर्माण कर्मकार मृत्यु/दुर्घटना सहायता योजना, निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत लाभान्वित लाभुकों के संदर्भ में जानकारी ली। उन्होंने बैठक के दौरान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से प्रवासी श्रमिक से जुड़े कई बिंदुओं पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने प्रवासी श्रमिक श्रमिकों के कम निबंधन को लेकर नाराजगी जताते हुए विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए इसमें इसमें तेजी लाने व बढ़ाने का निर्देश दिया। सभी तकनीकी विभागों से कंस्ट्रक्शन वर्कर की डिटेल्स लेने सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं का प्रखंडों में वर्कशॉप आयोजन करने, फ्लेक्स बैनर के जरिए वृहत प्रचार प्रसार का निर्देश दिया। उन्होंने श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों एवं उनके परिवार के हित में चल रही योजनाओं से ज्यादा से ज्यादा श्रमिको को जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इसके अलावा उन्होंने जिले के विभिन्न ढाबों, होटलों, प्रतिष्ठानों आदि में औचक छापेमारी कर बाल मजदूरी पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में बाल मजदूरी नहीं होने पाएं, इसे सुनिश्चित करें। मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू, श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र शाह, महाप्रबंधक उद्योग दास कुमार एक्का, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, ईओडीबी प्रबंधक प्रहलाद कुमार सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
वन महोत्सव में एक पेड़ मां के नाम से हुई अनोखी पहल
एनएसएस इकाई-वन की ओर से वन महोत्सव उत्साह और पर्यावरणीय चेतना के साथ मना
जामताड़ा। संवाददाता। महाविद्यालय के एनएसएस इकाई-वन गुरुवार को वन महोत्सव बड़े ही उत्साह और पर्यावरणीय चेतना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. काकोली गोराई ने किया, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कौशल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण से की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ ने मिलकर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कई पौधे लगाए। यह भावनात्मक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से प्रेरणादायक पहल पूरे कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रही। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. कौशल ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा पेड़-पौधे न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि हमारी पृथ्वी को सुंदर और संतुलित बनाए रखते हैं। हमें अपने जन्मदिन, विवाह दिवस या किसी भी खास अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। यह एक ऐसा तोहफा है, जो आने वाली पीढ़ियों को जीवन देता है। उन्होंने यह भी विशेष रूप से नीम, पीपल और तुलसी जैसे पौधे लगाने की सलाह दी, क्योंकि ये पौधे अधिक मात्रा में ऑक्सीजन उत्सर्जित करते हैं और वातावरण को शुद्ध करते है। इस आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई। इनमें प्रमुख रूप से प्रो. नीलम कुजूर, डॉ. शंभूनाथ बंदोपाध्याय, प्रो. रेशम, प्रो. वंदना, डॉ. वीरेंद्र, डॉ. शंकर पांडे, डॉ. सोनत किस्कू, प्रो. अनिकिता सहित कई अन्य शिक्षकों ने अपने हाथों से पौधे लगाए और विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व को लेकर जागरूक किया। कार्यक्रम के अंतर्गत जामताड़ा महाविद्यालय के चाकड़ी कैंपस को विशेष रूप से पौधों से सजाया गया। छात्र-छात्राओं में उत्साह और समर्पण साफ झलक रहा था। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. काकोली गोराई ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा पेड़ लगाना सिर्फ एक कार्य नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। एक पेड़ मां के नाम अभियान हमारी मातृभूमि और जन्मदात्री मां दोनों के प्रति सम्मान प्रकट करने का सुंदर माध्यम है। जामताड़ा महाविद्यालय की ओर से आयोजित यह वन महोत्सव केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह एक सशक्त संदेश था-जीवन, जागरूकता और जिम्मेदारी का। इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में न केवल पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक दिशा मिलती है।
वृद्ध महिला हत्या में अनिल किस्कू व सुनीराम किस्कू नामजद आरोपी
बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गुलुडुमरिया गांव में बीते मंगलवार की रात हुए 70 वर्षीय वृद्धा सुकरमनी किस्कू नामक महिला के हत्या को लेकर मृतक के फुफेरा भाई देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र के वृंदाबनी गांव के सुरु टुडू ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही अनिल किस्कू व सुनीराम किस्कू पर सुकुरमनी की गला रेतकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने थाना कांड संख्या 48/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनिल किस्कू व सुनीराम किस्कू को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिला स्थापना की हुई बैठक
जामताड़ा। संवाददाता। डीसी रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्थापना की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में डीसी ने जिला स्थापना शाखा की ओर से किए जाने वाले कार्यों आवंटन, वेतन, स्थानांतरण, पदस्थापन, विभागीय कार्रवाई, एसीपी एमएसीपी, सेवा सम्पुष्टि, उच्च न्यायालय में पेंडिंग केस, ऐसीआर, विभागीय परीक्षा, रोस्टर क्लियरेंस सहित स्थापना संबंधित सभी कार्यों की जानकारी लेते हुए पेंडिंग कार्यों की जानकारी ली एवं संबंधित अधिकारी को नियमानुसार कार्य करने के लिए आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने सामान्य शाखा की समीक्षा के क्रम में अनुकंपा समिति के मामले, स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित को सम्मान, झारखंड आंदोलनकारी के सम्मान राशि, चरित्र प्रमाण पत्र, संवेदक प्रमाण पत्र, ऑफलाइन प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्र वेरिफिकेशन सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों आदि की समीक्षा किया एवं सामान्य शाखा से जुड़े सभी कार्यों को नियमानुसार करने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, स्थापना उप समाहर्ता पंकज कुमार रवि सहित अन्य उपस्थित थे।