अयोग्य राशन कार्डधारियों के नाम हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं : उपायुक्त
पाकुड़। निसं। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं और खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अगस्त 2025 के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत समय पर राशन वितरण के निर्देश दिए। धान अधिप्राप्ति योजना, झारखंड खाद्य सुरक्षा योजना और नए राशन कार्ड वितरण की भी समीक्षा की गई। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को खाद्यान्न वितरण और कार्ड अपडेट का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया। अयोग्य राशन कार्डधारियों के नाम हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिन कार्डधारियों या उनके परिवार के सदस्यों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनकी ऑनलाइन ई-केवाईसी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सभी एमओ और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्पॉन्सरशिप योजना में 24 नए बच्चों को मिलेगा लाभ
पाकुड़। निसं। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप एण्ड फॉस्टर केयर अप्रुवल कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पॉन्सरशिप योजना से जुड़े बच्चों के विकास के लिए आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत 43 बच्चों को आर्थिक सहायता जारी रहेगी। दिसंबर 2024 से मार्च 2025 तक की भुगतान राशि के अतिरिक्त अगले तीन माह तक राशि दी जाएगी। एक बच्चे को योजना से मुक्त किया जाएगा। 10 बच्चों की योजना अवधि एक वर्ष के लिए बढ़ाई गई है। समिति ने 24 नए बच्चों को योजना से जोड़ने का निर्णय लिया है। साथ ही, 50 नए आवेदनों पर योजना के नियम और शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य और एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित थे।
क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखें : एसपी
थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण
अमड़ापाड़ा। संवाददाता। एसपी निधि द्विवेदी ने बुधवार को थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में लंबित मामलों की समीक्षा की। एसपी ने थाना प्रभारी को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया। साथ ही, थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। इनमें निरीक्षक पंजी, दागी पंजी और सीडी पार्ट 3 शामिल थे। सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों की विवरणी का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने थाना भवन और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। अन्य महत्वपूर्ण संचिकाओं और पंजियों के रखरखाव की भी जांच की गई। मौके पर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
रेलवे ट्रैक पार करने के लिए रास्ता नहीं, ग्रामीणों ने रोकी पत्थर लोडिंग
रेलवे जीएम को भी कराई थी समस्या से अवगत
पाकुड़। निसं। जिले के मालपहाड़ी पत्थर औद्योगिक क्षेत्र में ग्रामीणों ने पत्थर लोडिंग बंद कर दी है। खपड़ाजोला गांव के लिए रास्ता देने की मांग को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
पूर्व मुखिया मंगल हांसदा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बुधवार को मालगाड़ी के रैक को रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक रेलवे रास्ता नहीं देगा, पत्थर लोडिंग बंद रहेगी।
मंगल हांसदा ने बताया कि मालपहाड़ी अपर क्वारी लाइन पर खपड़ाजोला और मालपहाड़ी के ग्रामीण वर्षों से आवाजाही करते आ रहे हैं। पहले रेलवे रैक की बोगी को बीच में काटकर पत्थर लोडिंग होती थी। इससे ग्रामीण आसानी से आ-जा सकते थे। अब बोगी नहीं काटी जा रही है। इससे स्कूली बच्चों समेत सभी को परेशानी हो रही है।
रेलवे ट्रैक के पूर्व में खपड़ाजोला और पश्चिम में घोड़ापहाड़ी टोला स्थित है। ग्रामीणों की मांग है कि या तो रेलवे रास्ता दे या फिर ओवर ब्रिज बनाए। मंगलवार को पूर्व रेलवे कोलकाता के जीएम ने मौका मुआयना किया था। ग्रामीणों ने उन्हें समस्या से अवगत कराया। लेकिन ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों ने यह कदम उठाया है।
भारत बंद का पाकुड़ में दिखा मिला-जुला असर, श्रम कानूनों के विरोध में प्रदर्शन
श्रमिक संगठनों ने क्रेशर बंद कराए
पाकुड़। निसं। केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए चार श्रम कानूनों के विरोध में श्रमिक संगठनों द्वारा आयोजित भारत बंद का जिला में मिला-जुला असर देखा गया। भारत बंद के कारण पत्थर उद्योग प्रभावित होता देखा गया। बंद को लेकर सीपीआईएम और सीटू के कार्यकर्ताओं ने मालपहाड़ी पत्थर औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचकर क्रेशर यूनिट्स को बंद करवाया। कार्यकर्ताओं ने मजदूरों को नए श्रम कानूनों से होने वाली समस्याओं के बारे में जागरूक किया।
सीटू और बिहार माइन्स एंड क्वेरी वर्क्स के जनरल सेक्रेटरी मानिक दुबे ने बताया कि कई राजनीतिक दलों ने इस बंद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पत्थर औद्योगिक क्षेत्र में सभी कार्य रोक दिए गए।
सीपीएम कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी चौक से जुलूस निकाला। व्यवहार न्यायालय के सामने नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग की।
कांवरिया सेवा शिविर के लिए पाकुड़ से रवाना हुआ जत्था
बांका के कटोरिया में तरपतिया में लगेगा नि:शुल्क शिविर
पाकुड़। निसं। ब्याहुत कलवार सेवा समिति के प्रधान कार्यालय से कांवरिया सेवा शिविर के लिए एक जत्था रवाना हुआ। यह शिविर बिहार के बांका जिले के कटोरिया में तरपतिया में लगाया जाएगा। संथाल परगना ब्याहुत कलवार सभा के महामंत्री अशोक कुमार भगत ने भोले बाबा की जयकारा के साथ दल को रवाना किया। इस अवसर पर ब्याहुत कलवार सेवा समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद भगत, सचिव तारकेश्वर भगत और कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार भगत मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संयुक्त कोषाध्यक्ष कैलाश प्रसाद भगत और ब्याहुत संघ के सचिव अशोक कुमार भगत भी शामिल हुए। इसके अलावा राजा भगत, अभिषेक मुरली भगत, शंकर भगत, संजय भगत, राम नारायण भगत, पवन भगत और गौरव कुमार भगत सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।
किसानों को खेती की तकनीकी जानकारी देंगे डिप्लोमाधारी डीलर
पाकुड़। निसं। आत्मा सभागार में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देसी पाठ्यक्रम बैच 2018-19 के 40 इनपुट डीलरों को डिप्लोमा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक आत्मा, मृत्युंजय कुमार ने प्रमाण पत्र वितरण किया। उन्होंने कहा कि डिप्लोमाधारी डीलर किसानों को खेती-बाड़ी की तकनीकी जानकारी प्रदान करेंगे। वे किसानों की समस्याओं का समाधान अपने स्तर पर करेंगे।
यह पाठ्यक्रम मैनेज, हैदराबाद और समेति, झारखंड, रांची के मार्गदर्शन में चलाया जाता है। इससे किसानों को अपनी ग्राम पंचायत में ही तकनीकी सलाह मिल सकेगी। डीलर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद, खरपतवारनाशक और कीटनाशक की जानकारी देंगे। कार्यक्रम में बिरसा फसल विस्तार योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत मक्का और उरद के बीजों का वितरण भी किया गया। देसी के फैसिलिटेटर मो शमीम अंसारी ने डीलरों को किसानों के बीच वैज्ञानिक तकनीक का प्रचार करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक आत्मा, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक मो. मेहबूब आलम, संजय कुमार और आत्मा के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अभाविप का 77वां स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित
कार्यकर्ताओं ने दोहराई राष्ट्रसेवा की प्रतिबद्धता
पाकुड़। निसं। खदानपाड़ा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 77वें स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर मंत्री हर्ष भगत ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद वंदे मातरम गायन हुआ। जिला संयोजक सुमित पांडे ने परिषद के इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र आंदोलनों में परिषद की भूमिका और शिक्षा एवं समाज सुधार के कार्यों की जानकारी दी।
नगर मंत्री हर्ष भगत ने कहा कि विद्यार्थी परिषद एक विचारधारा है। यह छात्रों को नेतृत्व, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। 1949 से कार्यरत विद्यार्थी परिषद छात्रों में पढ़ाई के साथ राष्ट्र प्रथम की भावना जगाती आ रही है। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से हुआ।
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आचार्य संदीप कुमार झा, प्रदेश सह संयोजक सानू रजक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीषा कुमारी, जिला सोशल मीडिया प्रभारी तन्मय पोद्दार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महेशपुर इकाई की ओर से बुधवार को प्रखंड मुख्यालय के हाई स्कूल मैदान में 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं, छात्र और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। प्रदेश कार्यकारणी सदस्य सन्नी तिवारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि यह एक विचार है जो छात्र-छात्राओं को नेतृत्व सेवा और समर्पण के मार्ग पर अग्रसर करता है और हम सब मिलकर एक सशक्त और समर्थ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। मौके पर विक्की राय, किरण मरांडी, श्यामलाल सोरेन,परेश घोष,रोहित यादव,अभय कुमार सौरव मंडल, अपूर्व राणा, शिवम यादव, रोहित यादव, हेमलाल हेंब्रम, राकेश मरांडी , इस्माइल हंसदा, सुजीत सोरेन, परमे टुडू , मिकाइल सोरेन, मुंशी हेंब्रम, गुंजन तिवारी, राहुल मिश्रा समेत आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। फोटो- 8 मौजूद कार्यकर्ता
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर आयोजित
लिट्टीपाड़ा। महेशपुर। संवाददाता। प्रखंड में जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। बुधवार को बिचामहाल और तालझारी पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन बीडीओ संजय कुमार और मुखिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में सीमलजोड़ी और लेटबाड़ी गांव के निवासियों के लिए कई सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इनमें विधवा पेंशन, आधार कार्ड, स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जांच, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड शामिल थे। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और स्थानीय निवास प्रमाण पत्र के लिए भी आवेदन लिए गए।
किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड और पीएम-किसान योजना में पंजीकरण की सुविधा दी गई। जन-धन खाता, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और विश्वकर्मा योजना के लिए भी आवेदन स्वीकार किए गए।
कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी केसी दास, मुखिया लिली मुर्मू, समीर किस्कू, पंचायत सचिव अमित महतो और इसलाम शेख उपस्थित रहे। दोनों पंचायतों के वार्ड सदस्यों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया। सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
महेशपुर संवाददाता के अनुसार, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत खांपुर और महेशपुर में विशेष शिविर का उद्घाटन बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव और सीओ संजय कुमार सिन्हा ने किया। शिविर में जनजातीय नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। शिविर में स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। लोगों के लिए आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र बनाए गए। प्रधानमंत्री जन मन योजना के लाभों की जानकारी दी गई। ग्राम हरित योजना और जॉब कार्ड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान योजना और मनरेगा से संबंधित जॉब कार्ड के लिए आवेदन लिए गए। कार्यक्रम में बीपीआरओ परशेनजीत मंडल, सीआई उपेंद्र यादव, पंचायत मुखिया और सचिव मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जांच शिविर
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। लिट्टीपाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. आनंद ने प्रखंड क्षेत्र से आई 147 गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व जांच किया।
डॉ. आनंद ने बताया कि हर माह की 9 तारीख को मां और बच्चे की सुरक्षा के लिए गर्भावस्था की जांच की जाती है। शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके लिए विशेष स्वास्थ्य प्रबंधन की व्यवस्था की गई।
शिविर में सीएचओ चांदनी कुमारी, एएनएम शिलूसालनी मुर्मू, माधुरी वारा, रजनी डुंगडुंग, रोमा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी गर्भवती महिलाओं को आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
1.25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, प्रदेश उपाध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक
पाकुड़। निसं। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा स्तरीय संगठन महापर्व सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक पाकुड़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने की। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद और प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी उपस्थित रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसाद ने लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ और महेशपुर की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सभी शक्ति केंद्रों और बूथों को चिन्हित कर लिया गया है। नेटवर्क रहित बूथों पर फॉर्म के माध्यम से सदस्यता कराई जाएगी।
जिला अध्यक्ष पाण्डेय ने बताया कि जिले में 1.25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए नई रणनीति बनाई गई है। कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई है। प्रदेश मंत्री मरांडी ने कहा कि सदस्यता अभियान कार्यकर्ताओं के लिए महापर्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से द्वितीय अवसर का लाभ उठाते हुए लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का सदस्य बनना हर सामाजिक कार्यकर्ता के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में अजजा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, मंडल अध्यक्ष धनेश्वर साह, सुकुमार मंडल, फूलबाबू कोड़ा, गौतम पाल, सुशांत घोष, मनोरंजन सरकार, बाणेश्वर सोरेन, किसान मोर्चा प्रमंडलीय प्रभारी नोरेन साह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, जिला महामंत्री सरिता मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र शेखर सिंह, धर्मेंद्र त्रिवेदी, जिला मंत्री जामु मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शबरी पाल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष रतन भगत, मोहन मंडल, राहुल यादव, सुजीत यादव, राहुल मिश्रा, गोपाल भगत, मोजेस टुडू, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मो राजा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित हुए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया ने किया।
फोटो- 9 मौजूद कार्यकर्ता
एसडीओ ने जल शुद्धता और कागजात की जांच की
पाकुड़। निसं। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र चौधरी और नगर परिषद की टीम के साथ शहर के विभिन्न आरओ प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान प्लांट के जल स्रोत, संबंधित कागजात और जल शुद्धता की जांच की। जिन आरओ प्लांट में कमियां पाई गईं, उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य रूप से तीन प्लांट की जांच की गई। इनमें बागानपाड़ा स्थित प्योर वॉटर और शीतल जल प्लांट तथा आदर्श नगर स्थित निर्मल जल प्लांट शामिल हैं।
बैठक का हुआ आयोजन
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड के सभागार भवन में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने क्षेत्रीय कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने प्रखंड के तेरह पंचायतों में पीएम-जनमन आवास योजना के तहत शौचालय निर्माण का निर्देश दिया। प्रत्येक पंचायत में तीस-तीस पीएम-जनमन आवास में शौचालय बनाए जाएंगे। प्रखंड में कुल 695 पूर्ण आवासों में शौचालय निर्माण किया जाना है। इसके अलावा, प्रति पंचायत में 10 बिरसा आवास के लाभार्थियों के घरों में भी शौचालय बनाए जाएंगे।
पदाधिकारी ने सभी लाभार्थियों का आधार और बैंक पासबुक की छायाप्रति सहित सूची जमा करने का निर्देश दिया। लंबित बिरसा आवास को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने को कहा।
प्रखंड के सभी पंचायत भवनों में तीन कमरों को मैया कक्ष, ऊर्जा कक्ष और स्वच्छता कक्ष के रूप में चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। कार्यालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
कनीय अभियंता और सहायक अभियंता को अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, पंचायतों में अनुसूचित जाति और जनजाति के लाभार्थियों को दिए गए व्यक्तिगत और सामूहिक लाभ का डाटाबेस तैयार करने को कहा गया।