छात्रों को संगठन के उद्देश्य और इतिहास की दी गई जानकारी
जमुई। संवाददाता। एबीवीपी के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को केकेएम कॉलेज परिसर में नगर इकाई जमुई की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर उपाध्यक्ष अभिषेक दुबे एवं नगर मंत्री अभिनय दुबे ने ध्वजारोहण के साथ की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच एबीवीपी के इतिहास, उद्देश्य और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला संयोजक अखिलेश कुमार सिंह एवं कार्यकर्ता मिथुन कुमार ने संगठन की भूमिका, युवा नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में इसके योगदान को रेखांकित किया।
समारोह में छात्र नेता शांतनु सिंह, संकेत कुमार, सीपू परिहार, राजा परिहार, सत्यम सोलंकी, अनुज आर्यन, अमित, राजा, सत्यम, गोलू कुमार, प्रवेश, टिंकू सर, शुभम कुमार, राकेश मालाकार, अजित सहित कई अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
चकाई में भी बिहार बंद का दिखा असर, कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर किया प्रदर्शन
चकाई। संवाददाता। बिहार बंद का असर चकाई में भी देखने को मिला। चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन की ओर से बुलाए गए बंद में कांग्रेस, राजद, माले समेत सभी विपक्षी दलों के कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन करते दिखे। सड़कों पर उतरे इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान चकाई चौक को जाम कर मतदाता पुनरीक्षण काम को वापस लेने की मांग कर रहे थे। जाम से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों को जाम किए जाने से रफ्तार पर ब्रेक लग गया और सैकड़ो वाहन जाम में फंस गए। जाम से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
वही चक्का जाम कर रहे पूर्व विधायक सावित्री देवी ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग की ओर से बिहार में पूर्ण मतदाता पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है जो गरीब, शोषित, वंचितों के लिए उचित नहीं है।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य कमजोर, मजदूर, और पिछड़े वर्गों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की साजिश है। आगे कहा कि केंद्र की सरकार चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर पुनरीक्षण कार्य करवा रही है। आगे कहा कि अगर सरकार हम लोगों की मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम लोग आंदोलन को सड़क से सदन तक करेंगे। मौके पर राजद नेता विजय शंकर यादव, कांग्रेस नेता रामेश्वर यादव, भाकपा माले नेता मनोज पांडेय, सिकंदर यादव, लालू कुमार ललन, ललन पासवान सहित बड़ी संख्या मे कार्यकर्ता मौजूद थे।
अभाविप विश्व का सबसे बड़ा तथा सशक्त छात्र संगठन : प्रो. महेंद्र
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मनाया गया 77वां स्थापना दिवस
चकाई। संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चकाई ईकाई की ओर से बुधवार को परिषद का 77वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। झंडोत्तोलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. महेन्द्र राय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा तथा सशक्त छात्र संगठन है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उसने देश को एक ऐसा छात्र संगठन प्रदान किया जो अनेक वर्षों की साधना में तप कर तैयार हुआ है। यह छात्रों का ऐसा संगठन है जो लगातार कई युवा पीढ़ियों को देश एवं समाज के प्रति जागृत करते आया है। नगर अध्यक्ष शैलेन्द्र झा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रारंभ में जो संगठन रूपी बीज बोया गया था, वह आज विशाल वट वृक्ष का रूप ले चुका है। यह लाखों परिषद कार्यकर्ताओं के त्याग तथा तपस्या का परिणाम है। कृष्ण गोपाल राय ने कहा कि छात्र व राष्ट्रहित में समर्पित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ज्ञान, शील और एकता के सिद्धांतो पर चलने वाला एकमात्र राष्ट्रवादी छात्र संगठन है। मौके पर शालीग्राम पांडेय, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, नगर मंत्री सौरभ पासवान, दीपक चौधरी, निरंजन कुमार, राकेश गुप्ता, राज कुमार साह, निवास पांडेय, कुन्दन कुमार राय, सूरज कुमार वर्णवाल, दीपक ठाकुर, अमित दुबे, संजोग केशरी, सुमन केशरी, मयूरी पांडेय, वर्षा पाण्डेय, तान्या कुमारी, पल्लवी कुमारी, जूही कुमारी, माधुरी कुमारी, रीना हेंब्रम, सोनाली कुमारी, करिश्मा कुमारी, पायल कुमारी, मीणा हंसना, पूनम किस्कू, सोनाली कुमारी, रौनक परवीन, सितारा खातून, सुशीला बास्के, मेनका किस्कू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे।
ग्रामीण डाक सेवकों ने दिया एकदिवसीय धरना
चकाई। संवाददाता। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के बैनर तले डाक कर्मियों ने बुधवार को डाकघर में तालाबंदी कर एक दिवसीय धरना दिया। मौके पर जानकारी देते हुए अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के सचिव शंभू नाथ सहाय ने बताया कि अपने छह सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीण डाक सेवक एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। इसके तहत सभी जीडीएस को उच्च टीआरसीए, वेतनमान और पूर्ण सेवा लाभ के साथ आठ घंटे की ड्यूटी लागू करने सहित कमलेश चंद्रा कमिटी की सिफारिशों के आधार पर ग्रामीण डाक सेवकों को 12, 24 एवं 36 वर्षों पर आर्थिक लाभ प्रदान करने, ग्रामीण डाक सेवकों को ग्रुप बीमा की राशि 5 लाख करने, टारगेट के आधार पर ग्रामीण डाक सेवकों का शोषण बन्द करने, डिविजन स्तर के अधिकारियों द्वारा डाक सेवक के ऊपर अतिरिक्त दबाव डालकर परेशान करना बंद करने, कंबाइंड ड्यूटी देकर डाक सेवकों के कार्य को बढ़ाने जैसे मुद्दे को लेकर एक दिवसीय हड़ताल का आयोजन किया गया है। वहीं हड़ताल के कारण अपने कार्यों से डाकघर आने वाले उपभोक्ताओं को बैरंग वापस लौटना पड़ा। मौके पर शाखा डाकपाल शंभू नाथ सहाय, बृजेश कुमार, दिवाकर चौधरी, मो. जब्बार अली, विनय चौधरी, मकसूद आलम, रूबी वर्णवाल, भरत दास, बालदेव पंडित, विपिन यादव, सहायक शाखा डाकपाल कल्याण सिंह, कुमार मुरारी सिन्हा उपस्थित थे।
तीन कुर्की वारंटी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
चकाई। संवाददाता। बिचकोड़वा थाना की पुलिस ने थाना क्षेत्र में फरार वारंटियो के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत तीन फरार कुर्की वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जमुई भेज दिया। बिचकोड़वा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के योगीडीह गांव से कुर्की वारंटी अमृत यादव, पिता मोही यादव, जमुआ से राजदेव यादव, पिता यमुना यादव एवं नकटा गांव से बेनी दास, पिता लाखों दास को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तीनों लोग अलग अलग मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिसे बीती रात्रि को गिरफ्तार कर जमुई जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष के अलावे सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
चकाई को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर काम कर रहा हुं : सुमित
क्षेत्र में 26 करोड़ रुपये की लागत से कुल 6 सड़क योजनाओं का कार्यारंभ
चकाई। संवाददाता। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सह चकाई विधायक सुमित कुमार सिंह ने बुधवार को चकाई प्रखंड क्षेत्र में 26 करोड़ रुपये की लागत से कुल 6 सड़क योजनाओं का कार्यारंभ किया। मंत्री सुमित कुमार सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग से चोरकट्टा गांव तक जाने वाली पथ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। साथ ही, माधोपुर बाजार से कांशरायडीह पथ, बुधुरायडीह गांव से जागाडीह गांव तक, बारा से बुधुवाडीह तक जाने वाली पथ का कार्यारम्भ किया गया। वही नोनियातरी से विशनपुर पथ एवं सिरसा से लोधमा पथ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंत्री सुमित कुमार ने कहा कि चकाई के हर कोने तक पक्की सड़कें पहुंचे, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं और नए अवसर मिल सके। इसी सोच के साथ चकाई को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर काम कर रहा हुं। मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय, रंजीत राय, मिथलेश राय, अजय सिंह, अनोज सिंह, नूनधन शर्मा, पंचानन्द राय, रोहित राय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
झूठा मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे युवक को मिला पुलिस की पिटाई का दर्द
आक्रोशित स्वजनों ने किया चकाई-देवघर मार्ग को दो घंटे जाम
पुलिस मारपीट से कर रही है इनकार, स्वजनों में आक्रोश
घर से बचने के लिए युवक ने रची थी छिनतई की पटकथा
चन्द्रमडी। संवाददाता। ड्रीम इलेवन में घर का तीस हजार रूपए गंवाने के बाद एक युवक को पुलिस की पिटाई का भी दर्द मिल गया। पुलिस की पिटाई में युवक के घायल होने के बाद आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। साथ ही, क्षेत्रीय दौरे पर पहुंचे मंत्री सुमित कुमार सिंह से मिलकर भी इसकी शिकायत की। यह दीगर बात है कि पुलिस पिटाई से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि घर का रुपया ड्रीम इलेवन में गंवाने के बाद युवक पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा था और लूट का झूठा केस दर्ज करने आया था। मारपीट का आरोप बेबुनियाद है। हालांकि युवक के शरीर पर चोट के निशान बता रहे हैं कि उसके साथ ज्यादाती हुई है। दरअसल चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के नावाडीह शिलफरी गांव निवासी मो साजिद, पिता मो जमाल माधोपुर बाजार में मछली की दुकान चलाता है। उसने बताया कि उसके साथ सोमवार की रात माधोपुर बाजार से घर जाने के दौरान दढ़वा नदी पुल के समीप दो बाइक पर सवार युवकों ने तीस हजार लूट लिए। इसके बाद वह मंगलवार की सुबह घटना की सूचना देने चंद्रमंडी थाने पहुंचा। इसी दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे झाझा से आई एक पुलिस टीम के कब्जे में दे दिया गया। पुलिस टीम उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिर पुलिस उसे वहां से लेकर चंद्रमंडी थाना के बर्नपुर जंगल पहुंची, जहां उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार शाम 5:00 बजे के करीब उसे पुलिस ने छोड़ दिया। इसके बाद वह दर्द से कराहते हुए घर पहुंचा। युवक की हालत देखकर घर वाले और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा मंगलवार रात 8:00 बजे के करीब चकाई-देवघर मुख्य मार्ग को माधोपुर बाजार के समीप दो घंटे तक जाम कर दिया तथा पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। घायल मो साजिद के भाई मो हलीम ने बताया कि अगर मेरे भाई ने कुछ गलत सूचना दी थी तो पुलिस उस पर कानूनी कार्रवाई करती। लेकिन पुलिस ने कानून को अपने हाथ में ले लिया औऱ मेरे भाई की बेरहमी से पिटाई की। जाम के दौरान पुलिस के विरोध में जमकर नारे भी लगाए गए। घटना की सूचना पाकर चंद्रमंडी थाना अध्यक्ष गजेंद्र कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे तथा जाम हटाने का काफी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। तब पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डोमन पासवान ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बूझाकर तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर रात 10:00 बजे के करीब सड़क जाम समाप्त कराया। इस दौरान दो घंटे तक दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही। इधर बुधवार की दोपहर क्षेत्रीय भ्रमण पर पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार सिंह से भी साजिद और उनके स्वजनों ने मुलाकात कर घटना की जानकारी दी तथा दोषी पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने इस दिशा में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
चंद्रमंडी थाना अध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस ने युवक के साथ किसी भी प्रकार का कोई मारपीट नहीं किया है। ड्रीम एलैवन में पैसा हारने के बाद लूट की झूठी कहानी गढ़ कर युवक मुकदमा करने आया था, जिसे समझा कर घर भेज दिया गया।
महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम
रोड पर लगी वाहनों की लंबी कतार
अलीगंज। संवाददाता। अलीगंज बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को नवादा सिकंदरा मुख्यमार्ग को अहले सुबह को जाम कर दिया। भाकपा के जिला सचिव कामरेड सुनील सिंह के नेतृत्व में मुख्य मार्ग को जाम कर किया गया। इसे सफल बनाने को लेकर सिकंदरा के पूर्व विधायक बंटी चौधरी अलीगंज पहुंच कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि केन्द्र सरकार व चुनाव आयोग की वोटरलिस्ट जांच की। प्रकिया में लाये गये विभिन्न प्रस्ताव जो काफी कठिन है। ऐसे में बहुत से वोटर का मतदाता सूची से बाहर हो जाएंगे। इसलिए प्रकिया सरल व सुलभ होनी चाहिए।
मौके पर माकपा के डा दिनेश कुमार, परमेश्वर यादव, मकेश्वर यादव, वीरेन्द्र कुमार सिंह, भरोसी यादव, मनोज यादव, रामबालक यादव, छोटू, मोहित, संजय, मो शमीम मलिक, शमीम खान, पूर्ण मुखिया सौकत खान सहित कई नेता व महागठबंधन कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लायंस क्लब पांडवेश्वर सेंट्रल की ओर से कबड्डी खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
पांडवेश्वर। आसनसोल। संवाददाता। लायंस क्लब पांडवेश्वर सेंट्रल की ओर से पांडवेश्वर के दो कबड्डी खिलाड़ियों को प्रथम ओशिनिया इंडो नेपाल अंतरराष्ट्रीय चैम्पियनशिप में खेलने का अवसर मिलने पर जोनल प्रेसिडेंट बबलू सिन्हा ने आर्थिक सहयोग किया और खिलाड़ियों समेत कोच बादल चन्द्र डे को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर जोनल प्रेसिडेंट ने कहा कि लायंस क्लब प्रतिभावान खिलाड़ियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को हौसला बढ़ाने और आगे की पढ़ाई और खेल प्रतिभा को जारी रखने के लिए हर संभव तैयार रहती है। इस अवसर पर आशीष कुमार दता, सुजीत मज़मूदार, विजय कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
बिहार युवा आयोग गठन का लोजपा (रामविलास) ने किया स्वागत
कहा : युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
जमुई। संवाददाता। लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह ने मंगलवार को द्वारका विवाह भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिहार सरकार की ओर से बिहार युवा आयोग के गठन को ऐतिहासिक बताते हुए इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस आयोग को मंजूरी देना युवाओं के हित में एक सराहनीय पहल है।
श्री सिंह ने कहा कि यह आयोग युवाओं की शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास एवं समग्र सशक्तिकरण में योजनागत सहयोग करेगा। इससे युवाओं की आवाज को मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस रास्ता खुलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार युवा आयोग के गठन की मांग केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान लंबे समय से करते आ रहे थे। यह बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट विजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था। लोजपा (रामविलास) ने आयोग को मंजूरी देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित तमाम एनडीए नेताओं के प्रति आभार जताया।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष मोती उल्लाह, पूर्व तारापुर प्रत्याशी चंदन सिंह, महिला जिला अध्यक्ष संगीता पासवान, लोजपा नेता राहुल भविष्य, प्रदेश युवा महासचिव रिंकू सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह उपस्थित रहे।
चेक पोस्ट से टकराया बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल
चंद्रमंडी। संवाददाता। चकाई थाना क्षेत्र के चकाई जमुई मुख्य मार्ग पर महेशापत्थर चेक पोस्ट के समीप सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि चकाई बाजार से अपना काम निपटा कर दो युवक अपने घर चन्द्रमडी थाना के ताराखार जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्प्लेंडर बाइक महेशापत्थर चेक पोस्ट के बैरियर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में तारा खार निवासी रोहित मरांडी एवं अभिषेक मुर्मू घायल हो गए। घटना के बाद सूचना पाकर चकाई पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्रारंभिक इलाज के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। देखा जा रहा है कि लगातार चेक पोस्ट के बैरियर से टकराकर बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
सोशल मीडिया और डिजिटल गवर्नेंस पर एकदिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन
-बिहार सरकार और मेटा की साझा पहल
पटना। संवाददाता। बिहार सरकार के सूचना एवं जन-संपर्क विभाग में मेटा की इंडिया टीम के माध्यम से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित, प्रभावी और रचनात्मक उपयोग की जानकारी देना था, ताकि वे जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर सकें और सरकारी योजनाओं की अधिकतम पहुंच सुनिश्चित कर सकें। इस कार्यशाला में सभी विभागों तथा जिलों में पदस्थापित सहायक निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा विभागीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में मेटा की विशेषज्ञ टीम से आई नेहा माथुर ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल गवर्नेंस, विजुअल स्टोरीटेलिंग, रील्स और उभरते हुए सोशल मीडिया फॉर्मेट के साथ-साथ ऑटोमेशन व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामुदायिक मानकों और कंटेंट नीतियों को समझाने पर भी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में हो रहे तेज बदलावों और प्रशासनिक संचार में इसकी भूमिका पर उपयोगी जानकारी साझा की। सोशल मीडिया पोस्ट की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए कंटेंट क्रिएशन और टारगेट ऑडिएंस के अनुसार कैसे कंटेंट तैयार किया जाए और उसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए इसकी जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार के निदेशक वैभव श्रीवास्तव ने की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और रणनीतिक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरुक किया जाए तथा भ्रामक सूचनाओं का खंडन किया जाए। कार्यशाला में प्रतिभागियों को सोशल मीडिया एनालिटिक्स, कंटेंट सुरक्षा, डिजिटल कैम्पेन की रणनीति और प्रभावी जनसंपर्क तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यशाला में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, संयुक्त सचिव विधुभूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पेंशन पाने वालों की संख्या मधुबनी में सर्वाधिक, शेखपुरा में सबसे कम
मुख्यमंत्री 11 जुलाई को करेंगे डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर
1 करोड़ 11 लाख 19 हजार लाभार्थियों के बीच 1227 करोड़ 27 लाख से अधिक की राशि करेंगे वितरण
पटना। संवाददाता। बदलाव की असली तस्वीर तब सामने आती है, जब सरकार की योजनाएं कागजों से निकलकर आमजन की जिंदगी में मुस्कान बनकर पहुंचती है। 11 जुलाई का दिन बिहार के लिए एक ऐसा ऐतिहासिक क्षण बनने जा रहा है, जब सामाजिक सुरक्षा की नींव पर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरुरतमंदों के चेहरे पर सुकून की रौशनी दिखेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाले सूबे के 1 करोड़ 11 लाख से अधिक लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से पेंशन की राशि उनके बैंक खातों में भेजेंगे। मौके पर कुल 1227 करोड़ रुपये से अधिक की राशि छह प्रमुख पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बीच वितरित की जाएगी। यह पहली मर्तबा होगा कि जब लाभार्थियों को 400 रुपये की जगह 1100 रुपये यानी करीब तीन गुना बढ़ी हुई पेंशन की राशि मिलेगी।
सभी छह पेंशन योजनाओं में सर्वाधिक लाभुकों की संख्या मधुबनी जिले में है। यहां 5 लाख 53 हजार 848 लाभुकों के बीच 61 करोड़ 8 लाख 23 हजार 800 रुपये वितरित की जाएगी। दूसरे नंबर पटना जिला है, जहां 5 लाख 26 हजार 339 लाभार्थियों के बीच 57 करोड़ 94 लाख 76 हजार 700 रुपये जारी किए जाएंगे। इसके बाद पूर्वी चंपारण में 5 लाख 17 हजार 711 लाभुकों के बीच 57 करोड़ 18 लाख 74 हजार रुपये, समस्तीपुर में 4 लाख 73 हजार 390 लाभुकों के बीच 52 करोड़ 12 लाख 42 हजार 300 रुपये, गया में 4 लाख 45 हजार 390 लोगों के बीच 49 करोड़ 6 लाख 47 हजार रुपये, दरभंगा में 4 लाख 24 हजार 289 लोगों के बीच 46 करोड़ 96 लाख 33 हजार 500 रुपये और सारण में 4 लाख 19 हजार 168 लाभुकों के बीच 46 करोड़ 17 लाख 4 हजार रुपये का वितरण किया जाएगा।
दूसरी तरफ शेखपुरा, शिवहर, अरवल समेत कुछ अन्य जिले ऐसे भी हैं, जहां अपेक्षाकृत लाभुकों की संख्या कम है। सबसे कम लाभुक शेखपुरा जिले में हैं। यहां 71 हजार 971 लाभुक हैं। इनके बीच 7 करोड़ 95 लाख 63 हजार रुपये का वितरण किया जाएगा। इसी तरह शिवहर में 76 हजार 391 लाभुकों के बीच 8 करोड़ 42 लाख 9 हजार 500 रुपये, अरवल में 84 हजार 391 लाभार्थियों के बीच 9 करोड़ 31 लाख 26 हजार 600 रुपये, लखीसराय में 1 लाख 12 हजार 87 लाभुकों के बीच 12 करोड़ 40 लाख 46 हजार 900 रुपये, जहानाबाद में 1 लाख 33 हजार 97 लोगों के बीच 14 करोड़ 65 लाख 15 हजार 900 रुपये, मुंगेर में 1 लाख 37 हजार 375 लाभार्थियों के बीच 15 करोड़ 16 लाख 18 हजार 300 रुपये, जमुई में 1 लाख 86 हजार 338 लोगों के बीच 20 करोड़ 53 लाख 83 हजार 300, बक्सर में 1 लाख 90 हजार 616 लाभुकों के बीच 21 करोड़ 64 हजार 400 रुपये का वितरण किया जाएगा।
बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के तहत 9 लाख 65 हजार 202 पेंशन धारकों के बीच 106 करोड़ 24 लाख 39 हजार 400 रुपये का वितरण किया जाएगा। इसके अंतर्गत सर्वाधिक समस्तीपुर जिले में 73 हजार 663 लाभुक हैं, जिनके बीच 8 करोड़ 11 लाख 6 हजार 100 रुपये का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही पटना में 53 हजार 650 लाभार्थियों के बीच 5 करोड़ 90 लाख 26 हजार 200 रुपये, पश्चिम चंपारण में 43 हजार 369 लोगों के बीच 4 करोड़ 77 लाख 81 हजार 500 रुपये, सारण में 42 हजार 184 लोगों के बीच 4 करोड़ 64 लाख 22 हजार 800 रुपये, गया में 40 हजार 840 लाभुकों के बीच 4 करोड़ 49 लाख 41 हजार 200 रुपये वितरित किए जाएंगे।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना
इस योजना के तहत 1 लाख 10 हजार 580 लाभुकों के बीच 12 करोड़ 16 लाख 38 हजार रुपये का वितरण होगा। इसमें लाभुकों की सर्वाधिक संख्या मधुबनी में 8 हजार 114 लाभुकों के बीच 89 लाख 25 हजार 400 रुपये का वितरण किया जाएगा। इसके बाद मधेपुरा में 8 हजार 108 लोगों के बीच 89 लाख 18 हजार 800 रुपये, पूर्वी चंपारण में 8 हजार 90 लाभार्थियों के बीच 88 लाख 99 हजार रुपये का वितरण होगा। सारण में 7 हजार 731 पेंशन धारकों के बीच 85 लाख 4 हजार 100 रुपये वितरित होंगे। इस योजना में सबसे कम जहानाबाद में 260 लाभुकों के बीच 2 लाख 86 हजार रुपये, शिवहर में मात्र 374 लोगों के बीच 4 लाख 11 हजार 400 रुपये, शेखपुरा में 960 पेंशन धारकों के बीच 10 लाख 56 हजार रुपये का विङ्घ
बाढ़ या आपदा के समय पशुओं की मृत्यु होने पर सरकार देती है अनुदान
- आपदा के समय पशुपालकों की सहायता करेगा पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग
- 4 श्रेणियों में मिलेगी सहायता अनुदान राशि, पशुपालकों को आर्थिक संकट से बचाने की कवायद
पटना। संवाददाता। बाढ़ या किसी आपदा के समय यदि किसी के मवेशी गुम हो जाए या उसकी मृत्यु हो जाए, तो घबराए नहीं। इसकी क्षति को कम करने और राहत देने के लिए पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की तरफ से एक खास योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत आपदा के समय पशुओं की मृत्यु होने या गुम हो जाने की स्थिति में सहायता राशि के लिए पशुपालक आवेदन कर सकते हैं। विभाग की तरफ से इसे लेकर जारी एक सूचना में बताया गया है कि बाढ़ या किसी आपदा के कारण पशु मृत्यु होने पर अनुदान की दर चार श्रेणी में होगी जिसमें पहली श्रेणी में दूध देने वाले पशु, दूसरी में भार ढोने वाले पशु, तीसरी श्रेणी पॉल्ट्री की है, वहीं चौथी श्रेणी घर से सटे पशु शेड के अग्निकांड से संबंधित है।
इनमें से प्रति परिवार तीन श्रेणी में अनुदान की राशि दी जाती है। पहली श्रेणी के बड़े आकार के पशुओं जैसे गाय, भैंस आदि के लिए राशि प्रति इकाई 37,500 रुपये, 3 पशुओं के लिए मिलेगी। इसी श्रेणी में छोटे आकार के पशुओं जैसे बकरी, भेड़, सुकर के लिए 4,000 रुपये, 30 पशुओं तक के लिए मिलेगा।दूसरी श्रेणी के भार ढोने वाले बड़े पशुओं जैसे बैल, ऊंट, घोड़ा आदि की मृत्यु होने पर अनुदान राशि प्रति इकाई 32,000 रुपये 3 पशुओं तक के लिए मिलेगी। इस श्रेणी में छोटे आकार के पशु जैसे बछड़ा, खच्चड़, गदहा की मृत्यु होने पर 20,000 रुपये 6 पशुओं तक के लिए मिलेगा। तीसरी श्रेणी में पॉल्ट्री में यह राशि प्रति इकाई 100 रुपये होगी और प्रति परिवार अधिकतम 5 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। चौथी श्रेणी में अनुदान 3,000 रुपए प्रति पशु शेड की दर से दिया जाएगा।
अनुदान प्राप्त करने के लिए पशुपालकों को स्थानीय पशु चिकित्सक से प्रमाणित दस्तावेज के साथ आवेदन करना होगा, जिसमें मृत पशु की जानकारी और कारण का उल्लेख होगा। इसके साथ ही आवेदक को अपने आवेदन में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, बैंक खाता का ब्योरा आदि अंकित करना होगा। पशुपालक जिला पशुपालन पदाधिकारी कार्यालय या वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यहां से इस संबंध में अधिक जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
बिहार की सभी मांगों पर विचार कर जल्द किया जाएगा पूरा : केंद्रीय मंत्री
- केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ने मंत्री व अधिकारियों के साथ की बैठक
- केंद्रीय मंत्री ने कहा 76 हजार करोड़ रुपये की लागत से जल्द तैयार की जाएंगी ग्रामीण सड़कें
पटना। संवाददाता। राज्य में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण की शुरुआत हो गई है। इसके तहत 76 हजार करोड़ रुपये खर्च करके 45 हजार किमी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें बिहार को जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करके भेजने की आवश्यकता है, ताकि इसे जल्द फंड जारी हो सके। रिपोर्ट प्राप्त होते ही केंद्र फंड जारी कर देगा। यह जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने पटना पहुंचने के बाद कही। वह मुख्य सचिवालय स्थित ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में बुधवार को राज्य सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इससे संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहला राज्य है, जिसने पीएमजीएसवाय से जुड़ी अपनी रिपोर्ट जमा कर दी है।
केंद्रीय मंत्री श्री पासवान ने कहा कि बिहार ने मनरेगा से जुड़ी जो भी मांग रखी है, उस पर पूरी सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 11 वर्ष के कार्यकाल में 51 बार से ज्यादा बिहार आ चुके हैं। आज सड़क, अस्पताल समेत अन्य सभी क्षेत्रों में बेहतरीन काम हो रहे हैं। आज वंदे भारत ट्रेन दर्जनों की संख्या में चलाए जा रहे हैं। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार की तरफ से मनरेगा के बकाए समेत अन्य प्रस्ताव रखे और इन्हें जल्द पूरी करने की मांग की। इसमें मनरेगा के अंतर्गत बकाया मजदूरी 200 करोड़ रुपये और 2 हजार 7 करोड़ रुपये सामाग्री मद में बकाए का भुगतान जल्द कराने की मांग की। साथ ही, राज्य में अतिपिछड़ा, दलित और अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों के बकाए सभी घर का आवंटन जल्द करने का भी अनुरोध किया है। अनुसूचित जनजाति समुदाय के 24 लाख परिवार बेघर हैं, जिन्हें आवास आवंटित कराने की जरूरत है। बिहार में बेघर परिवारों के सर्वे में 94 लाख परिवार सामने आए हैं। केंद्र के स्तर से तय नए मानकों के आधार पर इनकी संख्या बढ़ने की संभावना है।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार मनरेगा के माध्यम से 6 हजार 800 खेल मैदान का निर्माण करवा रही है। इसके लिए भी केंद्र सरकार से राशि देने की मांग की गई है। बैठक में ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे