हनवारा। संवाददाता। स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम व स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के तहत केंद्रीय टीम ने गुरुवार को महागामा प्रखंड क्षेत्र के विश्वासखानी पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत के मुखिया स्वाति कुमारी की मौजूदगी में पंचायत के कार्य समीक्षा और जांच की। जांच के दौरान केंद्रीय टीम ने पंचायत के स्कूल भवन,आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सुविधा, पंचायत भवन धार्मिक स्थल प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा कार्य, खाद्य आपूर्ति, आजीविका सखी मंडल के साथ बैठक कर कार्य समीक्षा की और जानकारी ली। केंद्रीय टीम ने पंचायत के ग्रामीणों से परिवार के लोगों से परिवारिक संख्या, प्रधानमंत्री आवास की स्थिति शौचालय, नल-जल योजना मनरेगा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली।
केंद्रीय टीम ने पंचायत भवन में मुखिया स्वाति से पंचायत के विभन्नि वार्डो में संचालित सार्वजनिक स्थानों की जानकारी ली। वही हाई स्कूल के प्रधानाचार्य से कई अहम जानकारी प्राप्त करने के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए अलग अलग शौचालय की व्यवस्था है या की नहीं और विकलांग छात्रों के व्यवस्था को लेकर शिक्षकों से सावल पूछे। उसके बाद उप स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ से स्वास्थ्य संबंधित विषय में जानकारी ली एवं आजीविका विकास सखी मंडल के सभी महिलाओं से बारी-बारी से ग्रुप की जानकारी ली एवं बारीकी से सभी कार्यों का अवलोकन किया। मौके पर जांच टीम के साथ पंचायत सेवक राघव मेहरा, पंचायत सेवक मुकेश सिंह, पंचायत के रोजगार सेवक बीपीएम चंदन आचार्य, ब्लॉक को ऑर्डिनेटर मिथुन कुमार, सखी मंडल के सभी महिलाएं एवं पंचायत के सभी वार्ड सदस्य के अलावे सफाई कर्मी भी मौजूद थे।
प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में गोड्डा की टीम बनी उपविजेता
दुमका में आयोजित 64वीं सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रमंडलस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। दुमका में आयोजित 64वीं सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में गोड्डा की टीम रही उपविजेता। जिला स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता गोड्डा की यूएचएस लौगाय की टीम ने अपने लीग मैचों में देवघर और जामताड़ा को पटखनी देकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ फाइनल की विजेता दुमका की टीम ने अपने लीग मैचों में पाकुड़ और साहेबगंज की टीम को हरा कर फाइनल मैच में अपनी जगह सुनिश्चित की। फाइनल मैच में दुमका की टीम ने मैदानी गोल में हराकर प्रतियोगिता का फाइनल जीत लिया। खिलाड़ियों को पारितोषिक वितरण दुमका एडीपीओ ने दिया। जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार और एडीपीओ अनूप एम केरकेट्टा ने गोड्डा टीम की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। टीम के साथ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संजय सोरेन, नीरज कुमार सिंह, सनी भारती, अनंत कुमार यादव और हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने की जिला नियोजन कार्यालय व जिला कौशल समिति की समीक्षा
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला नियोजन कार्यालय, गोड्डा एवं जिला कौशल समिति, गोड्डा की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। इस दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला नियोजन कार्यालय में कुल 14035 युवक-युवतियां निबंधित हैं, जिसमें 8233 गोड्डा नियोजनालय एवं 5802 ललमटिया नियोजनालय में निबंधित है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न स्कूलों/कॉलजों में बेरोजगार युवक / युवतियों के लिए कार्यशाला आयोजन कर उन्हें अप्रेंटिसशिप से जोड़कर रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान किए जाएं। उपायुक्त ने झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र के स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम 2021 एवं नियमावली 2022 के अनुपालन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत बिरसा योजना, डीडीयूकेके से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य होना चाहिए। उन्होने निर्देशित किया कि पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की दक्षता, नामांकन की प्रक्रिया एवं प्रशिक्षित युवाओं की प्लेसमेंट स्थिति की निगरानी रखे जाएं। समीक्षा के क्रम में जिले में चलाए जा रहे प्राइवेट एवं सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि फायर एण्ड सेफ्टी, खनन, हैंडीक्राफ्ट जैसी ट्रेडो की शुरुआत कर स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।
मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी, जेएसएलपीएस के डीपीएम, डीएमएफटी, आरसेटी, स्कील सेंटर के अधिकारीगण सहित कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।
बीएलए की नियुक्ति से संबंधित बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार मतदाता सूची की तैयारी एवं संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वासनीयता को और सशक्त बनाने को लेकर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक एक बीएलए की नियुक्ति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने का निर्देश प्राप्त है। बीएलए मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान नए नाम जोड़ने, नाम पता की अशुद्धियां ठीक करने एवं स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी कार्य में बीएलओ के साथ आवश्यक सहयोग करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अतिशीघ्र बीएलए की नियुक्ति कर लेने की बात कही। सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे समयबद्ध तरीके से प्रशिक्षित और सक्रिय बीएलए की सूची उपलब्ध कराएं। यह भी निर्देशित किया गया कि बीएलए उसी मतदान केंद्र क्षेत्र का मतदाता या निवासी हो ताकि मतदाताओं के नाम व पता की बेहतर जानकारी हो।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतंत्र की नींव है। बीएलए की सक्रिय भागीदारी से यह प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ होगी। आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग अपेक्षित है। बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया एवं संबंधित प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू करने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पंकज कुमार, विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधि गण मौजूद रहे।
संज्ञान में लाएं बंधुआ मजदूरी व बाल मजदूरी की घटनाएं : उपायुक्त
बंधुआ मजदूरी प्रथा (उन्मूलन) अधिनियम के तहत जिलास्तरीय सतर्कता समिति की बैठक
गोड्डा। संवाददाता। उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में बंधुआ मजदूरी प्रथा (उन्मूलन) अधिनियम 1976 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बंधुआ मजदूरी प्रथा एवं बाल मजदूरी पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में श्रम अधीक्षक ने बताया कि जिले में बंधुआ मजदूरी का अभी तक कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इस पर उपायुक्त ने समिति के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि सभी लोग अपने क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखें तथा यदि कहीं पर भी बंधुआ श्रमिकों एवं बाल श्रमिकों का नियोजन किया जा रहा है तो उसे तत्काल संज्ञान में लाएं ताकि उचित कार्यवाही अमल में लायी जा सके। उन्होंने कहा कि समिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भूमिका अहम होती है, बंधुआ मजदूरी प्रथा एवं बाल मजदूरी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इस तरह के मामले नजरअंदाज नहीं किये जा सकते।
उपायुक्त ने कहा कि यदि जिला में बंधुआ मजदूरी प्रथा एवं बाल मजदूरी की घटना किसी के ध्यान में है तो वह जल्द से जल्द विभाग के ध्यानार्थ लाये ताकि उचित कार्यवाही हो।
बाल श्रम उन्मूलन पर टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक से बाल श्रम उन्मूलन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विमुक्त बाल श्रमिकों को अनिवार्य रूप से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए और उनका आवासीय विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि ये बच्चे दोबारा बाल श्रम में न लौटें। इस संबंध में, उन्होंने श्रम अधीक्षक को पूर्व में विमुक्त हुए बच्चों का नियमित फॉलो-अप रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने जुलाई माह में होने वाली छापेमारी को औचक रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ढाबों, लाइन होटलों, ईंट भट्टों, गैरेजों, वाशिंग सेंटरों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए छापेमारी चलाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो नियोक्ता अपने प्रतिष्ठानों में 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाल श्रमिक के रूप में नियोजित करते हैं, उनके खिलाफ बाल एवं अल्प वयस्क श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए. इसके अतिरिक्त, प्रत्येक बाल श्रमिक के लिए 20,000 रुपये का जुर्माना वसूला जाए. विमुक्त बाल श्रमिकों की ट्रैकिंग और पुनर्वास के लिए मानक कार्य पद्धति के अनुसार कार्य करने का भी निर्देश दिया गया। मौके पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी, श्रम अधीक्षक बवन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।
उपायुक्त ने जिला नियोजनालय व एक्सल डाटा सर्विस सेंटर का किया निरीक्षण
गोड्डा। संवाददाता। उपायुक्त अंजली यादव ने जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर एवं एक्सल डाटा सर्विस सेंटर,गोड्डा का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टडी सेंटर में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सुझाव से अवगत हुई। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आईटी लैब का अवलोकन किया। साथ ही, छात्र एवं छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, सेंटर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधाजनक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अध्यनरत छात्र एवं छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रेरित किया ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने नहर चौक अवस्थित एक्सल डाटा सर्विस सेंटर का निरीक्षण कर केंद्र में चलाए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित छात्र एवं छात्राओं से प्रशिक्षण को लेकर मन लगाकर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने विभिन्न पाठ्यक्रमों यथा- डॉमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर, सैंपलिंग टेलर ,जनरल ड्यूटी असिस्टेंट से संबंधित पठन-पाठन से संबंधित जानकारियां ली गई। साथ ही, उन्होंने सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत उन्हें लाभान्वित किया जा सके।
मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी पद्मा कुमारी, स्कील सेंटर के अधिकारी गण सहित कार्यालय कर्मीगण मौजूद थे।
युवक की सड़क दुर्घटना में मौत, एक घायल
-नोनीहाट के पास हाइवा ने बाइक में मारी टक्कर
गोड्डा। संवाददाता। दुमका जिले के नोनीहाट के पास सड़क दुर्घटना में गोड्डा के एक युवक की मौत हो गई एवं एक अन्य युवक घायल हो गया। दोनों दोस्त बासुकीनाथ मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे। गोड्डा के शांति नगर निवासी 22 वर्षीय प्रिंस कुमार और सरौनी के मुकेश कुमार बासुकीनाथ से वापस आ रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात हाइवा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क पर गिर गए।
राहगीरों ने करीब आधे घंटे बाद दोनों को देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों को फोन कर सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को गोड्डा सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। मुकेश कुमार का इलाज चल रहा है। उसके पैर की जांघ टूटी है। दोनों दोस्तो में मुकेश बाइक ड्राइव कर रहा था और प्रिंस पीछे बैठा था।
प्रिंस कुमार बांका में जियो फाइबर का काम करता था। उनके एरिया मैनेजर विवेकानंद ने बताया कि दुर्घटना के समय दोनों दोस्तों की सांस चल रही थी। लेकिन प्रिंस की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही हो गई। घटना से परिवार के लोग शोक में डूबे हैं।