19 जुलाई को मुंगेर के पोलो ग्राउंड में होगी ऐतिहासिक रैली
लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना
जमुई। संवाददाता। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की आगामी नव संकल्प महासभा को सफल बनाने के उद्देश्य से जमुई के द्वारिका विवाह भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जीवन सिंह ने की। बैठक में रैली की तैयारियों, प्रचार-प्रसार और जनसम्पर्क अभियान की रणनीति तय की गई।
जिला अध्यक्ष श्री जीवन सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को पोलो ग्राउंड, मुंगेर में आयोजित इस महासभा के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान होंगे। उन्होंने कहा कि श्री पासवान की लोकप्रियता और जमुई सांसद भारती के नेतृत्व में यह रैली ऐतिहासिक रूप लेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह रैली नहीं, रैला होगा, जिसमें जिले के कोने-कोने से लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में प्रचार रथ निकाले जा चुके हैं। होर्डिंग-बैनर और पोस्टर के माध्यम से प्रचार तेज गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को रैली में भाग लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अनुमान है कि 3 से 5 लाख लोगों की रैली में सहभागिता संभावित है। बैठक में लोजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से रवि शंकर पासवान, सुभाष पासवान, मोति उल्लाह, रूबेन सिंह, राहुल भावेश, रंजन सिंह, पूजा सिंह, संगीता पासवान, सुनील पासवान, दिलीप पासवान, लक्ष्मण सिंह, विमल वर्मा, हरेराम रावत, मिथिलेश पासवान, गौतम पासवान, सतीश रावत, पबीता देवी, रंजना देवी, दीपक सिंह, अशोक पासवान, विनोद यादव, रतन पासवान, शैलेंद्र सिंह, परमेश्वर यादव, रोशन विश्वकर्मा, संतोष पासवान, जितेंद्र रावत आदि शामिल थे। कार्यक्रम की मीडिया जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अनिल सिंह ने साझा की।
नकलमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में होगी सिपाही भर्ती परीक्षा : जिलाधिकारी
जमुई में 13 परीक्षा केन्द्रों पर 5236 अभ्यर्थी परखेंगे अपनी काबिलियत
16, 20, 23, 27 और 30 जुलाई तथा 03 अगस्त को होगी सिपाही भर्ती परीक्षा
डीएम ने बैठक कर तैयारी का लिया जायजा
जमुई। संवाददाता। जिलाधीश श्री नवीन की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभा कक्ष में केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट आदि संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई, जिसमें नामित परीक्षा को नकलमुक्त और अमन के माहौल में संपन्न कराने का फैसला लिया गया। बैठक में तमाम पदस्थ वांछित प्रतिवेदन के साथ मौजूद थे।
श्री नवीन ने कहा कि सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी अंतिम दौर में है। तय परीक्षा 16 जुलाई, 20, 23, 27 और 30 जुलाई तथा 03 अगस्त को आयोजित की जाएगी। जमुई जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5236 अभ्यर्थी अपनी काबिलियत को परखेंगे। हर निर्धारित तिथि को इम्तिहान दोपहर 12 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक आयोजित, किया जाएगा। लेकिन सभी अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 10:30 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेना होगा। परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए जाएंगे। हर कक्षा में सीसीटीवी कैमरे होंगे। इनकी लाइव निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। बारिश के मौसम को देखते हुए केंद्रों पर विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। बिजली बाधित होने पर जेनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था होगी। शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से निर्धारित परीक्षा को संपन्न कराने के लिए चयन पर्षद के नियमों का पूरी तरह अनुपालन किया जाएगा। स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के एक दिन पूर्व सेंटर का परिभ्रमण कर वांछित तैयारी का जायजा लेंगे। जोनल मजिस्ट्रेट आवंटित केंद्र का निरीक्षण करेंगे और वहां पूरी चौकसी बरतेंगे। पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बल पूर्वाह्न 08:00 प्रतिनियुक्त केंद्रों पर पहुंच कर देय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। श्री नवीन ने नामित परीक्षा को गाइडलाइंस के मुताबिक संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया पर गिद्ध दृष्टि रहेगी। अफवाहों से दूर रहना है। निर्धारित परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग और सचेत है। एडीएम रविकांत सिन्हा, डीईओ दया शंकर, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी भानू प्रकाश समेत तमाम नामित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
पार्क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बैठक
जमुई। संवाददाता। पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री स्व. अर्जुन मंडल की स्मृति में पार्क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सर्वजन कल्याण सेवा समिति के सदस्यों की बैठक महाराजगंज बाजार स्थित एक निजी भवन में महासचिव अभिषेक झा की अध्यक्षता में हुई। मौके पर महासचिव अभिषेक झा ने बताया कि समिति की ओर से पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री स्वर्गीय अर्जुन मंडल स्मृति में उनके पैतृक गांव प्रधानचक में पार्क निर्माण कराने को लेकर बिहार सरकार के तत्कालीन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डा. प्रेम कुमार को विगत 9 जनवरी 2025 को ज्ञापन दिया गया था। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंत्री प्रेम कुमार ने विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में तुरंत समुचित कदम उठाकर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया था। लेकिन उनके आदेश के पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराया गया, जो बहुत ही दुखद बात है। इस दौरान उक्त पार्क के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करने को लेकर जिलाधिकारी को अति शीघ्र ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा समिति की ओर से समय-समय पर जनहित से जुड़े कार्यों को करने का निर्णय लिया गया। मौके पर सुबोध कुमार मंडल, सुनील मंडल, कुमार मुकेश, अजीत मंडल, सत्येंद्र कुमार, संजय रजक, संजय मंडल, अरुण मंडल समेत दर्जनो सदस्य मौजूद थे।
युवा तृणमूल कांग्रेस की ओर से 21 जुलाई को लेकर निकाली मोटरसाइकिल रैली
पांडवेश्वर। आसनसोल। संवाददाता। तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से मंगलवार को 21 जुलाई को लेकर मोहाल से मोटर साइकिल रैली निकाल कर युवाओं और लोगों को ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आह्वान पर धर्मतल्ला चलने का अपील किया गया। युवा तृणमूल कांग्रेस के अंचल नेता अलाउद्दीन शेख के नेतृत्व में 200 मोटर साइकिल के साथ रैली पूरा पांडवेश्वर का भ्रमण किया। इस अवसर पर युवा टीएमसी के प्रखंड अध्यक्ष नरोत्तम मंडल ने कहा कि 21 जुलाई को ऐतिहासिक भीड़ जुटकर विरोधी दलों को दिखला देना है की बंगाल में मां माटी मानुष की सरकार है, दंगा करने और कराने वाले पार्टी की बंगाल की जनता सबक सिखलाती है, तृणमूल कांग्रेस वरिष्ठ नेता रोबिन पाल ने युवाओं से कहा की आगामी विधानसभा चुनाव राज्य की दशा और दिशा तय करेगा, इसलिए किसी के बहकावे में नहीं आना है और चौथी बार दीदी को बंगाल की कमान सौंपने के लिए अभी से तैयारी में जुट जाना है और पांडवेश्वर विधानसभा से ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भीड़ लेकर जाना है। इस अवसर पर पंचायत सदस्य सह केकेएससी नेता कमरुद्दीन, टीएमसी नेता अजय धीवर, मधुसूदन घोष समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता सामिल थे।
धेमोमैन कोलियरी दुर्गा पूजा कमेटी के पंडाल का खूंटी पूजा संपन्न
आसनसोल। संवाददाता। धेमोमैन कोलियरी दुर्गा पूजा कमेटी के पंडाल निर्माण के लिए मंगलवार को खूंटी पूजा कार्यक्रम विधिवत पूजा अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में ईसीएल के सोदपुर क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिजीत गंगोपाध्याय, धेमोमैन कोलयरी के अभिकर्ता सुरेंद्र कुमार प्रसाद केरो, पीट के प्रबंधक रामु प्रसाद, इंकलाइन प्रबंधक अरविंद कुमार दास, सह प्रबंधक श्री मांजी, कोलयरी के वित्त प्रबंधक रितेश प्रसाद और नरसमुंदा कोलयरी के प्रबंधक ओसामा साहब के अलावा कमेटी का उपाध्यक्ष सह पूर्व पार्षद रोहित नोनियां, जेसीसी कमेटी एवं पुजा कमेटी के सदस्य अनिल सिंह, विनोद सिंह, भीम प्रसाद नोनिया, देवाशीष दा, मनोज नोनिया, अमरनाथ शर्मा, उमेश तांती, दिनेश नोनिया, प्रहलाद राम, सत्यनारायण प्रसाद, राम हरख राम, रणधीर मोची एवं कई अन्य पदाधिकारी तथा कोलयरी के श्रमिक उपस्थित थे। वहीं पुरोहित अमर फौजदार ने विधिवत खूंटी पूजन करवाया। मौके पर कमेटी के उपाध्यक्ष रोहित नोनिया ने कहा कि इस पूजा में कोलियरी एवं कंपनी के सभी अधिकारियों का काफी सहयोग रहता है, जिससे पूजा सुचारू ढंग से संपन्न होता है। इस पूजा में जेसीसी सदस्यों का भी काफी सहयोग है। वे लोग 5 महीना पहले से ही पूजा को बेहतर ढंग से संपन्न करवाने के लिए कमरतोड़ मेहनत करते हैं। ताकि कम से कम खर्चे पर अच्छा से अच्छा पूजा हो सके। उन्होंने महाप्रबंधक से अनुरोध करते हुए कहा कि श्रमिकों का इस बार इच्छा है कि इस बार हमारी पूजा कमेटी के पंडाल को ईसीएल के सीएमडी के हाथों उद्घाटन करवाया जाए। इसलिए हम श्रमिकों की इच्छा को ध्यान में रखते हुए हमारे कोलियरी और एरिया के उच्च अधिकारियों से अनुरोध है कि वह समय रहते हुए सीएमडी साहब से बात करके उनका यहां आने के लिए कार्यक्रम सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा कोलियरी के अभिकर्ता सुरेंद्र कुमार प्रसाद केरो ने भी अच्छी तरीका से पूजा संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। कमेटी के मुख्य सदस्य अनिल सिंह ने बताया कि इस बार धेमोमैन कोलयरी दुर्गा पूजा पंडाल कमेटी की ओर से दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के मॉडल के रूप में पंडाल बनाया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 22 लाख रुपए है। इसके अलावा चंदन नगर के लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार पूजा की बजट लगभग 60 से 70 लाख रुपया है। फिलहाल आज खूंटी पूजा के साथ पंडाल निर्माण का कार्य का शुभारंभ किया गया।
दहियारी में पैक्स की वार्षिक आमसभा सह कार्यकारिणी बैठक संपन्न
किसानों के हित में पारित किए गए कई प्रस्ताव
योजनाओं की पहुंच पर दिया गया जोर
सोनो। संवाददाता। सोनो प्रखंड के दहियारी पंचायत स्थित ग्राम दहियारी में मंगलवार को पैक्स की वार्षिक आमसभा सह कार्यकारिणी की 25वीं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष सुखदेव यादव ने की। मौके पर किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि किसानों ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ हमें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसका ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करना हमारा कर्तव्य है। सरकार की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही तमाम योजनाओं का लाभ सही तरीके से उन तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान सदस्यों के अधिकार और कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, बिहार राज्य फसल सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना के दिशा-निर्देशों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रबंध समिति के कार्यकारिणी सदस्य श्याम पासवान, मोहन बरनवाल, मो. नसीम अंसारी, पंकज बरनवाल, कंचन देवी, उर्मिला देवी, एकलव्य यादव और प्रमोद कुमार यादव सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने किसानों को योजनाओं से जोड़ने, पारदर्शिता के साथ कार्य संचालन और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में सामूहिक रूप से प्रयास करने पर सहमति जताई।
जमुई में बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत प्रथम किश्त वितरण समारोह आयोजित
606 लाभुकों को स्व-रोजगार के लिए मिली आर्थिक सहायता, महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय
जमुई। संवाददाता। बिहार सरकार की बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत प्रथम किश्त वितरण समारोह का आयोजन मंगलवार को जमुई समाहरणालय स्थित सभाकक्ष भवन में किया गया। यह आयोजन उन लाभार्थियों को समर्पित था, जिन्होंने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहला ठोस कदम बढ़ाया है। उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं और युवतियों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर जिले के 886 आवेदकों में से 856 ने प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिनमें से 606 चयनित लाभार्थियों को प्रथम किस्त की राशि का वितरण किया गया। जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निदेशानुसार, उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल ने 5 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक सौंपे। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति लाभार्थी 2 लाख तक की राशि दी जाती है, विशेषकर ऐसे परिवारों को जिनकी मासिक आय 6,000 से कम है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले लोग स्वरोजगार शुरू कर सकें और अपनी आय में वृद्धि करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक, उद्योग विभाग, मितेश कुमार शांडिल्य ने कहा कि हमारी सकारात्मक दृष्टिकोण यह तय करता है कि हम कहां तक जाएंगे। मुझे प्रसन्नता है कि बिहार के उद्यमी भविष्य को लेकर लक्ष्य निर्धारित कर कार्य कर रहे हैं। उनकी सफलता निश्चित है। जमुई के लघु उद्यमी विकसित बिहार के ध्वजवाहक हैं। स्वरोजगार की दिशा में महिलाओं की भागीदारी भी सराहनीय है। वे इस योजना का लाभ लेकर उद्योग स्थापना का सपना साकार कर रही हैं। समारोह में सभी संबंधित पदाधिकारी, विभागीय कर्मी और बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।
पूर्व सरपंच सहित दो घरों से ढाई लाख की चोरी
चंद्रमंडी। संवाददाता। प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्र में चोर गिरोह ने आतंक मचा रखा है। ताजा मामला बीचकोड़बा थाना क्षेत्र का है। प्रखंड के बीचकोड़बा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांव में सोमवार की रात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया और लगभग ढाई लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने फरियाताडीह गांव निवासी पूर्व सरपंच दिवाकर पांडे के यहां एक कमरे का ताला तोड़कर रखा तीन बक्सा में रखा सोना औऱ चांदी का बर्तन, जेवर, 13 हजार रूपये नगद, जमीनी कागजात, कपड़ा सहित लगभग डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। सुबह होने पर पूर्व सरपंच को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके अलावा चोरों ने फरियताडीह पंचायत के चोरमारा गांव निवासी मनोज राय के घर में भी ताला तोड़कर 15 हजार नगद, सोना और चांदी का जेवर, जमीन का कागजात, बर्तन, कपड़ा सहित एक लाख रुपए से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मालूम हो कि प्रखंड में लबे समय से चोर गिरोह लगातार सक्रिय है तथा लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। लेकिन पुलिस चोरी की घटना का पर्दाफाश करने में विफल साबित हो रही है। लगातार हो रही चोरी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।
ट्रक व ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर, दोनों वाहनों का चालक घायल
चकाई। संवाददाता। चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर चकाई थाना क्षेत्र के चरघरा मोड़ के समीप सोमवार की मध्य रात्रि चावल लदे एक ट्रक और ट्रैक्टर मे आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई। साथ ही, दोनों वाहनों का चालक घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार चावल लदा ट्रक गिरिडीह की तरफ से चकाई की ओर आ रही थी। तभी चरघरा मोड़ के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर और ट्रक मे जोरदार टक्कर हो गई।
वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक पर लदे चावल की बोरिया सड़क किनारे बिखर गई। बताया जाता है कि घटना के बाद उधर से गुजर रहे कुछ लोगों ने बड़ी संख्या में चावल की बोरियों को लूट लिया। ट्रक चालक की पहचान चकाई प्रखंड के नावाडीह मोहनपुर निवासी पप्पू यादव के रूप में हुई है। इधर दुर्घटना की सूचना मिलते ही चकाई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची एवं दोनों घायल चालकों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
आगामी 5 वर्ष में सूबे के एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार
-कैबिनेट ने दी मंजूरी, विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बनाई गई 12 सदस्यीय कमेटी
-यह कमेटी रोजगार सृजन से जुड़े सभी पहलुओं पर करेगी विचार, सरकार को देगी परामर्श
-किसी दुर्घटना में व्यवसायी की मौत होने पर राज्य सरकार देगी 5 लाख का मुआवजा
पटना। संवाददाता। राज्य में एक करोड़ युवाओं को नए रोजगार देने की घोषणा को सरकार ने अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 12 सदस्यता कमेटी का गठन किया गया है। इसमें श्रम संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रधान सचिव या सचिव को सदस्य सचिव बनाया गया है। जबकि वित्त, सामान्य प्रशासन विभाग, कृषि, ग्रामीण विकास विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, उद्योग, सूचना एवं प्रावैधिकी और शिक्षा विभाग के प्रमुखों को इसका सदस्य बनाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। इसकी जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ ने सूचना भवन के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
डॉ. सिद्धार्थ ने कहा कि एक करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने के इस निर्णय में सरकारी नौकरी और स्व-रोजगार समेत अन्य सभी तरह के रोजगार शामिल हैं। इसका मकसद युवाओं को आर्थिक संबल दिलाना है। नए रोजगार के सृजन से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि नई नौकरी या रोजगार सृजन के लिए सभी संभावनाओं एवं विकल्पों पर विचार करते हुए राज्य सरकार को यह उच्च स्तरीय समिति परामर्श देगी। उन्होंने कहा कि बम निरोधक दस्ता के कर्मियों को मूल वेतन का 30 फीसदी प्रति महीने जोखिम भत्ता यानी अधिकतम 25 हजार रुपये प्रति महीने की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार व्यवसायी दुर्घटना मृत्यु अनुदान योजना-2005 को स्वीकृति दी गई है। इस योजना के तहत करदाताओं की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रित को 5 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। यह योजना केंद्रीय जीएसटी के करदाताओं को भी लाभ होगा। इसके अलावा बिहार न्यायिक सेवा के पदाधिकारियों को 1 जनवरी 2016 से राज्य कर्मियों के अनुरूप वार्षिक वेतनवृद्धि की स्वीकृति दी जाती है।
डॉ. एस सिद्धार्थ ने कहा कि मतदाताओं के विशेष गहन पुनर्रीक्षण कार्य समेत अन्य कार्य में लगे बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर के मानदेय में एक मुश्त छह हजार रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। वर्तमान में बीएलओ सुपरवाइजर की संख्या 8 हजार 245 और बीएलओ की संख्या 77 हजार 895 है। उन्होंने कहा कि वित्तरहित शिक्षा नीति की समाप्ति के बाद मापदंड पूर्ण करने वाले स्थापना अनुमति तथा प्रस्वीकृति प्राप्त अनुदानित माध्यम विद्यालय और उच्च माध्यमिक विद्यालय (इंटर महाविद्यालय) के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को सहायक अनुदान के लिए 394 करोड़ 41 लाख 24 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए राशि को जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मेगा जॉब फेयर-2025 में दिखी देश और विदेश में नौकरियों की बहार
रोहित गुप्ता को जापान में मिली 24 लाख के सालाना पैकेज की नौकरी
-रेहान और मुस्कान को दुबई में क्रमश: 12 लाख व 11.5 लाख का मिला पैकेज
-दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन संस्थान में पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर-2025 समाप्त
पटना। संवाददाता। बिहार सरकार की ओर से राज्य के युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की मुहिम अब रफ्तार पकड़ने लगी है। बिहार के हुनरमंद युवाओं को देश की बड़ी कंपनियां उनकी प्रतिभा के अनुरूप न केवल देश में बल्कि जापान और दुबई जैसे देशों में नौकरियां दे रही है। विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर राजधानी के दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर-2025 में एआईईएचएस डेवलपमेंट ने बिहार के रोहित कुमार गुप्ता को सालाना 24 लाख रुपये के पैकेज पर नियुक्त किया है। रोहित कुमार गुप्ता को इस कंपनी ने जापान में तैनात किया है। इतना ही नहीं, इसी कंपनी ने रेहान और मुस्कान को भी दुबई में क्रमश: 12 लाख व 11.5 लाख के सालाना पैकेज पर नियुक्त किया है। इसके अलावा एमआरएफ ने पंकज, ददन कुमार और आशुतोष राज को तीन-तीन लाख के सालाना पैकेज पर नियुक्त किया है। इन्हें भारत में ही काम करना होगा। विगत 10 से 15 जुलाई तक राजधानी के वेटनरी कॉलेज के समीप दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन संस्थान में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2025 के अंतिम दिन राज्य के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने इन युवाओं को उनकी कंपनी की तरफ से नियुक्ति पत्र सौंपा और उन्हें उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने बताया कि इस पांच दिवसीय जॉब फेयर में राज्य के 40 हजार से भी अधिक युवाओं ने रोजगार के लिए अपना निबंधन कराया है। जिसमें चार हजार से अधिक युवाओं को देश की 80 प्रतिष्ठित कंपनियों ने उनकी प्रतिभा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपा है। हर साल 15 जुलाई को मनाए जाने वाले विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर बिहार की दो कंपनियों के साथ श्रम संसाधन विभाग के नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने त्रिपक्षीय समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इन दो कंपनियों में स्विंग स्टेटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और लवली क्रिएशन शामिल है। मौके पर श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने कहा कि बिहार सरकार ने पिछले सात वर्षों में राज्य के 40 लाख से भी अधिक युवाओं का कौशल विकास किया है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि आप आरंभिक दौर मीन जिस कंपनी को अपनी सेवाएं दें तो थोड़ा धैर्य रखें। कम समय में कंपनी बदलने से उनका नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि हमें अपने प्रशिक्षण के तौर-तरीके बदलने होंगे। अब एआई और क्लाउड के क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर बैठक
चकाई। संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में मंगलवार को डीसीएलआर सुधीर कुमार की अध्यक्षता में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित बीएलओ को बुधवार तक 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जानकारी देते हुए डीसीएलआर ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरे प्रखंड में जारी है। इसमें सभी बूथों के बीएलओ कार्य में लगे हुए हैं। प्रपत्र को लगातार अपलोड किया जा रहा है ताकि शत प्रतिशत कार्य को पूर्ण किया जा सके। उन्होंने बताया कि कार्य को गति देने के लिए सभी बीएलओ को तत्काल 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रखंड के कुल 45 बीएलओ ऐसे हैं जिनका कार्य 60 प्रतिशत से कम हुआ है। ऐसे में कार्य में तेजी लाने का निर्देश संबंधित बीएलओ को दिया गया है। साथ ही, संबंधित पर्यवेक्षक से कार्य में सहयोग करने का निर्देश भी दिया गया है। बैठक में आरडीओ सारिक अहमद, बीडीओ कृष्ण कुमार, सीओ राजकिशोर साह, एमओ विश्वजीत पंडित, प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिव शंकर सिंह सहित विभिन्न बूथों के बीएलओ एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे।