जामताड़ा। संवाददाता। मंगलवार को नारायणपुर प्रखंड के धर्मपुर गांव में दो सात वर्षीय जुड़वा भाई की एक खुले गड्ढे में डूबने से मौत हो गयी। इस हादसे से गांव भर में शोक की लहर फैल गयी। जानकारी के अनुसार गांव के दो छोटे बच्चे खेलते-खेलते गांव के ही पास एक खुले गड्ढे के पास पहुंच गए। खेल के दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे सीधे उस गहरे गड्ढे में जा गिरे। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला और जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
नए भवन में बैंक का काम आसान होगा और ग्राहकों को सुविधा होगी : विजय कुमार
एसबीआई बाबूपुर के नए और आधुनिक भवन का उद्घाटन
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार को कुंडहित प्रखंड के एसबीआई बाबूपुर के नए और आधुनिक भवन का एसबीआई के उप महाप्रबंधक विजय कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक निर्मल कुमार, सीएम क्रेडिट विजया सिन्हा ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नए भवन में बैंक का काम का आसान होगा और ग्राहकों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि नया भवन काफी बेहतर बना है। शाखा संचालित करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं नए भवन में की गई है। उन्होंने बताया कि नए भवन में कार्यालय स्थानांतरित होना क्षेत्र के ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। पूर्व के भवन में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण कामकाज में परेशानी हो रही थी। आप लोगों को सुविधा मिलेगी और बैंक कर्मियों को भी कामकाज निष्पादित करने में काफी सहूलियत मिलेगी। मौके पर कुंडहित के प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार भी उपस्थित थे। बाबूपुर एसबीआई के नए भवन के उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में शाखा के ग्राहकगण भी उपस्थित थे। सभी ग्राहक नए भवन को लेकर काफी खुश और उत्साहित दिखे। गौरतलब है कि शाखा प्रबंधक नीरज कुमार सिंह के विशेष प्रयास के कारण वर्षों से काफी कम जगह वाले कार्यालय में संचालित हो रहे बाबूपुर एसबीआई को नया और आधुनिक भवन मिल पाया है। मौके पर बैंक के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार सिंह, कैशियर विवेक कुमार, लिपिक पवन कुमार, फील्ड ऑफिसर लाल बहादुर मंडल, बैंक सखी इति मंडल, परिमल मंडल तथा काफी संख्या में क्षेत्र के ग्राहकगण उपस्थित थे।
सफल अभ्यर्थी तन्मय को मिला स्कूल और माध्यमिक शिक्षक संघ का प्यार
कुंडहित। संवाददाता। संयुक्त झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान 82वां रैंक हासिल करने वाले तन्मय कुमार को मंगलवार को उनके पूर्ववर्ती स्कूल के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से बधाई ओर शुभकामनाएं दी गई। मौके पर सिंह वाहिनी प्लस टू विद्यालय में सम्मान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर तन्मय के दादाजी सह विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक प्रभाकर महतो, माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य सचिव दिवाकर महतो सहित काफी संख्या में गुरूजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से तन्मय की प्रतिभा का बखान किया और उन्हें सम्मानित किया। साथ ही, झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के तौर पर उनका अभिनंदन भी किया। गुरुजनों ने कहा कि आपकी सेवा से जन समस्याओं में होने वाली कमी ही आपकी उपलब्धियों को साबित करेगी। कार्यक्रम के दौरान तन्मय और उनके दादा के साथ साथ उनके पिता, नाला प्रखंड अंतर्गत सियारकटिया विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रोहित कुमार महतो को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंहवाहिनी प्लस टू के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंतोष कुमार मंडल ने की। वहीं मंच का संचालन विद्यालय के शिक्षक राजेश कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम के दौरान पहुंचे जिला परिषद सदस्य सह तन्मय के पूर्व शिक्षक भजहरि मंडल ने एक बार फिर तन्मय को सम्मानित किया और कहा कि तन्मय की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक सुखदेव माजी, माणिक चन्द्र लौह के अलावे विद्यालय के तमाम शिक्षक उपस्थित थे।
प्रखंड स्तरीय, खेलो झारखंड प्रतियोगिता का भव्य शुभांरभ
फतेहपुर। संवाददाता। मॉडल प्लस टू उच्च विद्यालय ग्राउंड फतेहपुर में मंगलवार को खेलो झारखंड प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह आयोजन समग्र शिक्षा अभियान तथा स्कूल एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को पहचानना और उन्हें मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख ने किया। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष, शिक्षक नेता आशीष सामंत एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में बालक और बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, डिस्कस थ्रो एवं रिले दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी कराई गई। इन सभी स्पर्धाओं में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कृष्णा तुरी और सीआरपी फैज अकरम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष ने सभी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर खेल प्रदर्शन कर जिला में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर क्षेत्र तथा अपने विद्यालय का नाम रोशन करने की अपील की। मौके पर शिक्षक संघ के सक्रिय सदस्य आशीष सामंत, वरिष्ठ शिक्षक शशधर मंडल, कृष्णा तुरी, कईम अंसारी, निर्मल मंडल सहित अन्य मौजूद थे।
खाटू श्याम मंदिर में हुआ दिव्य महारुद्राभिषेक
भक्तों ने किया आत्मशुद्धि व मोक्ष का आह्वान
जामताड़ा। संवाददाता। जिले के मिहिजाम रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार को भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला, जब मंदिर प्रांगण में विशेष महा रुद्राभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। यह आयोजन अत्यंत श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें दर्जनों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। मंत्रोच्चार, घंटियों की मधुर ध्वनि और धूप-दीप की सुगंध से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। पुजारियों ने वैदिक विधि से विशेष पूजन की शुरुआत की, जिसमें रुद्रसुक्त,
महामृत्युंजय मंत्र और शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया गया।
श्रद्धालु जोड़ों ने दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल, फूल, बेलपत्र और भस्म से भगवान शंकर का अभिषेक किया। ऐसा माना जाता है कि रुद्राभिषेक करने से पापों का नाश होता है, मन की शुद्धि होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर लोगों ने अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महा रुद्राभिषेक विशेष रूप से सावन के पावन महीने में आयोजित किया गया, जो भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। इस अनुष्ठान में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को समिति की ओर से प्रसाद एवं पूजा सामग्री वितरित की गई। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक आयोजन में महिला श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। साड़ियों में सज-धजकर आईं महिलाओं ने शिव चालीसा और भजन-कीर्तन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ध्वस्त होने की कागार पर दक्षिण बहाल पुल
प्रशासन ने रोका आवागमन, गांवों का टूटा जिला मुख्यालय से संपर्क
जामताड़ा। संवाददाता। जामताड़ा जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसका सबसे बड़ा असर अब दक्षिण बहाल पुल पर देखने को मिल रहा है। जहां हालात बेहद खतरनाक हो गए हैं। बारिश के कारण इस 45 साल पुराने पुल के 6 पीलर पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं और पुल कभी भी धराशायी हो सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए इस पुल पर आवागमन को पूरी तरह से रोक दिया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति या वाहन इस पुल से न गुजरे, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
लगातार बारिश से चित्तरंजन स्टेशन की दीवार धराशायी
एनएच 419 पर आवागमन कुछ देर के लिए रुका
चित्तरंजन। संवाददाता। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के ढांचे को भी कमजोर कर दिया है। मंगलवार को स्टेशन परिसर में स्थित साइकिल स्टैंड की एक बड़ी दीवार अचानक ढह गई, जिससे उसका मलबा पास के राष्ट्रीय राजमार्ग 419 (एनएच-419) पर फैल गया। इस वजह से कुछ समय के लिए यातायात ठप हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई वाहन मौजूद नहीं था, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। जैसे ही घटना की जानकारी स्टेशन प्रबंधक अशोक शर्मा को मिली, वे तुरंत रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। त्वरित कार्रवाई करते हुए मलबा हटाया गया और मार्ग को दोबारा चालू किया गया।
अशोक शर्मा ने बताया कि भारी वर्षा के चलते दीवार की नींव कमजोर हो चुकी थी, जो गिरने का कारण बनी। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है और जल्द ही क्षतिग्रस्त दीवार के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू होगा।
इस घटना के बाद रेलवे विभाग ने सतर्कता बरतते हुए स्टेशन परिसर की अन्य पुरानी और जर्जर संरचनाओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते दूर किया जाएगा ताकि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने भी रेलवे प्रशासन से अपील की है कि समय-समय पर बुनियादी ढांचे की जांच और मरम्मत की जाए, जिससे ऐसे हादसों से बचा जा सके। मार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
शिक्षा विभाग की हुई विशेष बैठक यु-डीआईएस सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार को कुंडहित मुख्यालय स्थित सिंहवाहिनी प्लस टू सभागार में शिक्षा विभाग की एक विशेष बैठक हुई। बैठक में प्रखंड के अधिकतर सीआरपी तथा अधिकतर विद्यालयों के सचिव सह प्रभारी प्रधानाध्यापकगण उपस्थित हुए। बैठक में यू-डाआईएस सहित कुल 10 मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान बीआरसी कुंडहित के एमआईएस अजय कुमार महतो ने सचिवों को तमाम मुद्दों के बारे में अद्यतन दिशा निर्देशों की जानकारी दी। कार्य के दौरान आ रही असुविधाओं के संबंध में सचिवों को समाधान बताया। एमआईएस अजय कुमार महतो ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में प्रखंड का प्रदर्शन अच्छा नहीं है। जिसको लेकर विभाग द्वारा सख्त निर्देश जारी करते हुए सभी को लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया है। सचिवों को बताया कि कार्य करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल कार्यालय की मदद ली जा सकती है। ऐसे में कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। विशेष बैठक को लेकर शिक्षक समुदाय में गहमागहमी का माहौल बना रहा।