-28 लोग तैर कर आये बाहर, 2 लापता, दो का शव बरामद
-चूहा पकड़ने सभी जा रहे थे गदाई दियारा
निकाली गयी लाश और घटनास्थल पर मौजूद प्रशासनिक टीम।
साहिबगंज/तालझारी/संवाददाता। रिवर थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर, गदाई दियारा के निकट शनिवार को गंगा में हुए नाव हादसे में 32 लोग डूब गये। हालांकि 28 लोग तैर कर बाहर आ गये। लेकिन, दो लोग लापता हैं। वहीं दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि खबर लिखे जाने तक लापता लोगों की तलाश जारी थी।
जानकारी के अनुसार जिले के पतना प्रखंड के रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमुर डांडा पंचायत के झुमुर बांध आदिवासी गांव से दो गुटों में करीब 31 की संख्या में लोग शुक्रवार को वर्धमान-साहिबगंज लोकल ट्रेन से देर रात महाराजपुर आये थे। शनिवार सुबह सभी लोग महाराजपुर छोटी गंगा से नाव में सवार होकर चूहा पकड़ने के लिए गदाई दियारा पहुंचे। गदाई दियारा से दूसरी छोटी नाव पर सवार होकर बड़ी गंगा होकर गदाई दियारा के दियारा क्षेत्र जा रहे थे। इसी क्रम में कुछ ही दूरी पर तेज हवा के झोंकों से नाव हिचकोले खाने लगी। देखते ही देखते नाव में पानी भर गया और नाव असंतुलित होकर गंगा में पलट गया। जिसमें उसमें सवार नाविक सहित 32 लोग डूबने लगे। किसी तरह 28 लोग तैर कर बाहर निकले। वहीं पास में मौजूद नाविक बिना चौधरी और प्रयाग चौधरी ने तैर रहे लोगों को अपनी नाव में सहारा दिया। इस बीच लापता चार लोगों में झुमुर बांध निवासी राजू मुर्मू (30) का शव बरामद हुआ। इस बीच दो लोगों की स्थिति खराब देख दोनों को मांझी तुलसी महतो अपनी नाव में लेकर महाराजपुर पहुंचा। जहां से उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस बीच वहां अफरातफरी मची रही।
सूचना मिलते ही राजमहल एसडीओ सदानंद महतो, बीडीओ सह सीओ मो यूसुफ, एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, रिवर थाना प्रभारी लव कुमार, एएसआई तस्लीम राजा घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। लगभग 5 घंटे की मशक्कत के बाद किसना सोरेन (28) का शव बरामद हुआ। वहीं लापता कहा हांसदा व शाम बास्की की तलाश जारी थी। पुलिस ने बराबद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है। मृतकों व लापता लोगों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
अवैध नावों पर पहले से ही था प्रतिबंध, फिर भी गंगा में डूबी नाव
साहिबगंज। तालझारी। संवाददाता झारखंड-बंगाल सीमा से सटे राजमहल के निकट गदाई दियारा के पास शनिवार सुबह गंगा नदी में हुए नाव हादसे ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। हालांकि अपर समाहर्ता गौतम भगत ने गंगा में बाढ़ की स्थित को देखते हुए पहले ही अवैध नावों के परिचालन पर रोक लगाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किया था। मिली जानकारी के अनुसार घाट प्रबंधकों और संबंधित लेसियों को निर्देश दिया गया था कि कोई भी नाव बिना पंजीकरण, निरीक्षण और निर्धारित क्षमता के बाहर संचालित न हो। बावजूद इसके घाट प्रबंधन ने इन आदेशों को नज़रअंदाज़ किया और बिना किसी सुरक्षा मानक के नावों को घाट से संचालित होने दिया। घाट प्रबंधन सक्रिय होता तो शायद घटना टाली जा सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर कोई निगरानी नहीं है।
संपूर्णता अभियान में लक्ष्य हासिल कर मंडरो बना मॉडल प्रखंड
साहिबगंज। संवाददाता नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत साहिबगंज जिले में सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षा हाट का आयोजन शनिवार को सिदो-कान्हू सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त हेमंत सती ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया एवं मंडरो प्रखंड के विकास संकेतकों में प्राप्त 100% उपलब्धियों पर संबंधित अधिकारियों, कर्मियों और सामुदायिक प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उन्हें सम्मानित किया। बताया गया कि सितंबर 2024 के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उपलब्धियाँ जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और समस्त विभागीय टीमों की समन्वित प्रयासों और जनभागीदारी का प्रतिफल हैं। इधर कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा हाट में महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाते हुए उत्पादों की बिक्री की गई। मौके पर उप विकास आयुक्त सतीष चंद्रा, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, ज़लिा भू-अर्जन पदाधिकारी छोटेश्वर दास, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, जिला मत्स्य पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार बिन्हा, जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, जेएसएलपीएस के डीपीएम मतीन तारिक, नगर परिषद के प्रतिनिधि अभिषेक सिंह, आकांक्षी प्रखंड फैलो मनीष कुमार मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।
महिलाओं के उत्थान से ही समाज का विकास संभव: दिलीप
साहिबगंज। संवाददाता। महिलाओं के उत्थान से ही किसी भी समाज का विकास संभव है। महिलाओं को आज समाज के हर क्षेत्र में आगे रहने की जरूरत है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। एक महिला जब आगे बढ़ती है तो पूरा जेनरेशन आगे बढ़ जाता है। सावन प्रकृति, प्रेम, हरियाली और उल्लास का प्रतीक है। उक्त बातें ऊमर वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार साह ने स्थानीय बैंकट हॉल, जिला परिषद में शनिवार को ऊमर वैश्य समाज की महिलाओं के तत्वधान में आयोजित सावन महोत्सव कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहीं। सावन महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष दिलीप कुमार साह एवं सचिव आनंद मोदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं शालिनी गुप्ता ने गणेश वंदना कर किया। सावन महोत्सव में महिलाओं ने मेंहदी प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता सहित कई रचनात्मक एवं कुतुहल भरे कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पिंकी मोदी ने अतिथियों को पौधा देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पिंकी मोदी ने किया। मौके पर खुशबू, ज्योति, शालिनी, परी, कंचन, प्रियंका, रानी, पूजा सहित सैकड़ों महिलाओं उपस्थित थी।
विद्युत समस्या को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
राजमहल। संवाददाता प्रखंड अंतर्गत मध्य नारायणपुर पंचायत अंतर्गत मुर्गी टोला और ताफूटोला में विद्युत ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण दोनों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। शनिवार अपराह्न उक्त दोनों गांवों के लगभग तीन दर्जन युवाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए शहर का भ्रमण किया एवं स्टेशन चौक के पास विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि ससमय विद्युत बिल के भुगतान के बावजूद उन्हें अंधेरे में रहना पड़ रहा है। इधर मध्य नारायणपुर पंचायत की मुखिया रिजवाना कासमी के प्रतिनिधि अफजल रजा ने मौके पर पहुंच कर युवाओं को समझा-भुझा कर शांत करवाया एवं आश्वासन दिया कि जल्द समस्या का समाधान होगा।
मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
राजमहल। संवाददाता। थाना पुलिस ने जान मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को बीती रात्रि गिरफ्तार किया है। प्रभारी थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पश्चिम जामनगर निवासी भोला घोष को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध मारपीट की घटना को लेकर राजमहल थाना कांड संख्या 228/23 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज थी। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कैंप में 145 चालकों का बना ड्राइविंग लाइसेंस
बरहरवा। संवाददाता। पाकुड़ विधायक निशात आलम की पहल पर बरहरवा प्रखंड कार्यालय परिसर में डीटीओ मिथिलेश चौधरी के नेतृत्व में वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए लगाए गए दो दिवसीय विशेष शिविर में अंतिम दिन भी वाहन चालकों की भीड़ उमड़ी रही। डीटीओ ने बताया कि शिविर में दूसरे दिन 145 वाहन चालकों का ऑनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन लिया गया। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बरकत खान, आईटी असिस्टेंट राजहंस, रोड इंजीनियर अनुज परासर, कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित प्रकाश, जगन्नाथ साह सहित अन्य थे।
मुफस्सिल थाना प्रभारी से मिले झामुमो प्रखंड अध्यक्ष
साहिबगंज। संवाददाता। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप कुमार सिंह ने शनिवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण पर चर्चा की। वहीं क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने व शांति व्यवस्था बहाली में सहयोग की बात कही। थाना प्रभारी ने अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।
डीएमयू मेंटेनेंस शेड में जल्द शुरू होगा 22 बोगी मेंटेनेंस कार्य: मनीष
साहिबगंज। संवाददाता मालदा डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शनिवार को साहिबगंज पहुंच रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान नवनिर्मित स्टेशन शेड से पानी टपकने, जल जमाव, गंदगी सहित कई कमियां पाए जाने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कमियों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया। डीआरएम ने यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिया। उन्होंने आरक्षण टिकट काउंटर, जनरल टिकट काउंटर, पार्सल कार्यालय, फुट ओवर ब्रिज, यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य का जायजा लिया। इस दौरान डीआरएम ने कहा कि डीएमयू मेंटेनेंस शेड का कायाकल्प होगा। जल्द ही यहां 22 बोगी का मेंटेनेंस कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं हेरिटेज इंजन को सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। डीआरएम ने बताया कि साहिबगंज स्टेशन का उद्घाटन सितंबर माह में होने की संभावना है। इधर सामाजिक कार्यकर्ता चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा ने डीआरएम से मुलाकात कर साहिबगंज में 24 बोगी का वाशिंग पिट बनाने, साहिबगंज- हावड़ा इंटरसिटी में ऐसी, स्लीपर व ऐसी चेयर कार देने, भागलपुर- मुजफ्फरपुर इंटरसिटी को साहिबगंज से चलाने, मालदा-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को बनारस तक विस्तार करने की मांग की। मौके पर स्टेशन प्रबंधक हंसराज पाठक, सीनियर डीएमई मिस अंजन, एईएन वेद व्यास शरण, आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर सहित अन्य थे।
निक्षय मित्र टीपू ने 5 मरीजों को लिया गोद
साहिबगंज। संवाददाता प्रधनमंत्री टीबी मुक्त भारत योजना अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग का टीबी डिपार्टमेंट निक्षय मित्र बनाने में लगा है। अब तक दर्जनों व्यवसायी, पदाधिकारी और समाजसेवी टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज में सहायता कर रहे हैं। इधर संयुक्त स्वास्थ्य भवन में मेसर्स गैलेक्सी ऑफसेट प्रिंटर्स के प्रोपराइटर मो टीपू खान ने निक्षय मित्र बन सदर प्रखंड के कुल 5 टीबी मरीजों को गोद लेते हुए उनके बीच पोषण किट का वितरित किया। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों की मदद करना उनका कर्तव्य है और उन्हें इससे आत्म संतुष्टि मिली है।