गोड्डा /हनवारा। कार्यालय संवाददाता। बिहार में शराबबंदी लागू रहने के कारण शराब तस्कर सीमावर्ती झारखंड के विभिन्न हिस्सों से शराब लेकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। बिहार के शराब तस्करों की सांठगांठ सीमा क्षेत्र में अवस्थित झारखंड के शराब दुकानों से रहती है। आए दिन बिहार के शराब तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ते रहते हैं। बावजूद इसके, शराब तस्करी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र में जांच अभियान के दौरान बिहार के एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। शराब तस्कर की निशानदेही पर शराब दुकान के एक स्टाफ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से साथ बोतल शराब बरामद की गई है। महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर 22 सितंबर 2025 को अपराधियों के धर पकड़ एवं अवैध शराब के परिवहन पर रोकथाम के लिए हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहार बॉर्डर स्थित डुमरिया पुल के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति अपना मोटरसाइकिल रोक दिया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा। सशस्त्र बल के द्वारा मोटर साइकिल चालक को खदेड़ कर पकड़ा गया।
पकडे गये व्यक्ति ने अपना नाम जितेन्द्र कुमार (29), पिता स्व महेश मंडल, साकिन नन्हकार, थाना- परवता, जिला- भागलपुर (बिहार) बताया। उसके मोटरसाइकिल में बंधा एक बड़ा झोला की जांच करने पर इंपेरियल ब्लू लिखा हुआ 375 एमएल का 32 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि ग्राम हनवारा के राजेश पासवान, जो शराब दुकान में काम करता है, के घर से उक्त शराब खरीदा है। इससे पहले भी कई बार उनके घर से अंग्रेजी शराब खरीद कर बिहार में ऊंचे दामों में बेचने की बात उसने स्वीकार की। गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर राजेश पासवान के घर पर छापामारी किया गया।
घर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश करने पर एक बोरा में रखा 28 बोतल शराब बरामद किया गया। पुलिस ने राजेश पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि भागलपुर का गिरफ्तार शराब तस्कर जितेन्द्र कुमार पूर्व में शराब कांड में चार बार जेल जा चुका है। छापामारी दल में हनवारा के थाना प्रभारी राजन कुमार राम, सहायक अवर निरीक्षक रामप्रवेश यादव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
मॉडल कॉलेज में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग-सह-कार्यशाला
राजमहल। संवाददाता। श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, जिला नियोजनालय के तत्वाधान में मंगलवार को मुंडली स्थित मॉडल कॉलेज में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में लगभग 100 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को रोजगार व स्वरोजगार से जुड़ने एवं जिला नियोजनालय की उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त उपस्थित अभ्यर्थियों को झारनियोजन एवं एसीएस पोर्टल से संबंधित जानकारियां भी दी गई। वहीं अभ्यर्थियों को कौशल युक्त बनकर रोजगार प्राप्त करने की जानकारी दी गई। मौके पर मॉडल कॉलज प्राचार्य डॉ रणजीत सिंह, जिला नियोजनालय से राजीव रंजन कुमार, अमित कुमार गुप्ता व अन्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सारथी योजना में युवाओं को मिला रोजगार
साहिबगंज। संवाददाता। मुख्यमंत्री सारथी योजना के स्पेशल प्लेसमेंट ड्राइव के तहत कई युवाओं को रोजगार मिला है। ज़िला नियोजनालय के तत्वाधान में ज़िला नियोजन पदाधिकारी मनोज मंजीत ने विभिन्न कंपनियों के 40 लाभार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किया। वहीं 16 लाभार्थियों को स्वरोगजार का लाभ दिया गया।
एक्सिस बैंक के बाथरूम में निकला वाटर स्नेक, किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
पाकुड़। संवाददाता। जिला मुख्यालय स्थित एक्सिस बैंक में मंगलवार को एक वाटर स्नेक मिलने से हलचल मच गई। बैंक के बाथरूम में सांप देखने के बाद एक कर्मचारी ने इसकी सूचना अन्य स्टाफ को दी। बैंक मैनेजर ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग के सर्पमित्र असराफुल शेख मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाथरूम से वाटर स्नेक का सफल रेस्क्यू किया। जांच में पाया गया कि सांप के शरीर पर कुछ हल्की चोटें थीं। सर्पमित्र ने बताया कि वाटर स्नेक आमतौर पर तालाब में रहते हैं। मछली पकड़ने के लिए डाले जाने वाले जाल से इन्हें चोट लग जाती है। यह सांप भी संभवत: इसी कारण घायल हुआ था। उन्होंने सांप के जख्मों का इलाज कर उसे जंगल में छोड़ दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाटर स्नेक जहरीला नहीं होता। यह मुख्य रूप से तालाब में रहता है। मेंढक और छोटी मछलियों का शिकार करता है। कभी-कभी तालाब के पास के घरों में आ जाता है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
कस्तूरबा विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर और रैली
तालझारी। संवाददाता। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजन कुमार, बीपीएम विजय राम, लेखापाल देवनारायण रविदास सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन
नारायणपुर। संवाददाता। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के निर्देश पर मंगलवार को नारायणपुर प्रखंड के टोपाटांड पंचायत के नौहथिया, पदमपुर, दुलाडीह, रजवारडीह आदि गांव में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें इस कार्यक्रम के माध्यम से जल सहिया ने गांव-मुहल्ले एवं सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के बारे में जानकरी देकर उन्हें जागरूक कर स्वच्छोत्सव के रूप में मनाया। कार्यक्रम को लेकर जल सहिया ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने-अपने घरों तथा उसके आस-पास साफ सफाई रख स्वच्छता ही सेवा अभियान को आगे बढाने का अपील किया। मौके पर उन्होंने कहा कि हमें इस मुहिम से जूड कर अपने गांव मुहल्ले की साफ-सफाई कर निर्मल व स्वच्छ भारत बनाने के सपने को पूरा करना है। हमारे गांव मुहल्ले में गंदगी नहीं रहेगी तो हमें कई बीमारियों से भी निजात मिल जायेगा। बतादें कि इस कार्यक्रम का शुरुआत 17 सितंबर को किया गया है। जो अगामी 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर समापन होगा। वहीं इस कार्यक्रम को लेकर अगामी 25 सितंबर को एक साथ एक दिन एक घंटा राष्ट्रीयव्यापी स्वच्छता कार्यक्रम होना है तथा अगामी 2 अक्तूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा। मौके पर लीलावती देवी, खुशबू देवी, सीता देवी, नीतू देवी आदि जल सहिया मौजूद थे।
प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
नारायणपुर। संवाददाता। प्रखंड कार्यालय नारायणपुर के सभाभवन में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर प्रशिक्षक के रूप में मौजूद सोहराब अली एवं नरेश सोरेन ने पेशा कानून के बारे में जानकारी देकर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि देश में पहले पेशा कानून वर्ष 1996 में लागू किया गया था। जिसे आने वाले समय में झारखंड में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से नारायणपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य आदि को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें प्रशिक्षकों ने पेशा कानून के तहत ग्राम सभा को विशेष अधिकार दिए गए हैं। जिसमें ग्राम सभा में लिए जाने वाले निर्णय सर्वमान्य है। जिससे ग्राम स्तर पर कामकाज को सुचारु से संचालित किया जा सके। मौके पर मनोकी हेंब्रम, मकू बास्की, जावेद अंसारी, सकील मियां, गीता देवी, मधु देवी, चंदन हेंब्रम, गोपाल सिंह, विजय कुमार मंडल आदि मौजूद थे।
पंडित रणजीत झा मेमोरियल हॉकी कप पर ग्रीन व रेड का कब्जा
गोड्डा। संवाददाता। हॉकी गोड्डा द्वारा सोमवार स्थानीय बेथेल मिशन स्कूल ग्राउंड में आयोजित एक दिवसीय पंडित रणजीत झा मेमोरियल हॉकी चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के खिताब पर जहां बेथेल मिशन स्कूल के ग्रीन हाउस ने कब्जा जमाया वहीं महिला वर्ग का खिताब रेड हाउस ने अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में ब्लू हाउस उपविजेता जबकि महिला वर्ग में येलो हाउस उपविजेता रहे। दोनों वर्गों के विजेता एवं उपविजेता टीम के अलावा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में प्रताप कुमार पंडित, चंद्र किशोर एवं सोनम को स्व. पंडित रणजीत झा के तृतीय पुत्र सह लोक मंच सचिव सर्वजीत झा पुत्रवधू प्रो. डॉ. नूतन झा, हॉकी गोड्डा के अध्यक्ष मनोज कुमार पप्पु एवं कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन स्व झा के पंचम व कनिष्ठ पुत्र, हॉकी गोड्डा के सेक्रेटरी सह हॉकी झारखंड के एसोसिएट ज्वाइंट सेक्रेटरी सुरजीत झा ने किया। इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष अल्प संख्यक आयोग झारखंड सरकार सह निदेशक बेथेल मिशन स्कूल प्रणेश सोलेमन ने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात बॉल को नेट में डालकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि कैरियर बनाने का भी श्रेष्ठ माध्यम है। इस अवसर पर बेथेल मिशन स्कूल के खेल शिक्षक द्वय शक्ति कुमार एवं संदीप कुमार, चीफ रेफरी राहुल कुमार, रेफरी जीत सिंह, गुरुकुल डांस एकेडमी की निदेशिका आरती सिंह, गोड्डा प्राइड के निदेशक सुमन पंडित, देवरतन कुमार, राजा साह एवं स्व. झा की पौत्री नुपुर नंदिनी सहित बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी दर्शक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
मेहरमा पुलिस ने चोरी कांड का किया उद्भेदन, दो गिरफ्तार
मेहरमा। संवाददाता। थाना अंतर्गत ग्राम पिरोजपुर के पास एक मकान में चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। मेहरमा के थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो चोर को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने दी। चोरी की घटना 8 सितंबर 25 की रात्रि में हुई थी। घर वाले जब खाना खाकर सो गये थे। तब अज्ञात चोर के द्वारा घर में घुसकर चोरी कर लिया गया था। वादी के लिखित आवेदन के आधार पर मेहरमा थाना कांड संख्या 153/2025 सुसंगत धाराओं में अंकित किया गया है। उक्त कांड के त्वरित उद्भेदन, संलिप्त अपराधकर्मी की गिरफ्तारी एवं चोरी गई समान की बरामदगी के लिए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक के द्वारा एक विशेष छापामारी टीम गठित किया गया था । टीम के द्वारा कांड अनुसंधान के क्रम में चोरी गयी मोबाइल के साथ दिगम्बर रजक उर्फ राजू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया एवं उसके निशानदेही के आधार पर कांड में शामिल अन्य अभियुक्त राजू कुमार डोम उर्फ राजू कुमार को चोरी हुई 2400 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्त को मंगलवार को न्यायिक हिराससत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त राजू कुमार डोम उर्फ राजू कुमार, पिता सोनेलाल डोम उर्फ सोने डोम, साकिन शेरमारी बाजार, गौशाला पोखर, थाना पीरपैंती, जिला- भागलपुर (बिहार) का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पीरपैंती थाना कांड संख्या 44/24, दिनांक 27/01/24, धारा 379 भादवि, पीरपैंती थाना कांड संख्या 337/25, दिनांक 27/07/25, धारा-331(4)/ 303(2) बीएनएस, साहेबगंज रेल थाना कांड संख्या 02/20, धारा 341/323/379/405/34 भादवि, पीरपैंती थाना कांड संख्या 356/25, दिनांक 05/08/25, धारा 303(2) बीएनएस, पीरपैंती थाना कांड संख्या 337/25, दिनांक 27/07/25, धारा331(4)/303(2) बीएनएस दर्ज है।
कौन-कौन थे छापामारी दल में शामिल
चोरी कांड का खुलासा करने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में मेहरमा के थाना प्रभारी, सौरभ कुमार ठाकुर, सहायक अवर निरीक्षक सहदेव प्रसाद, बिरेन्द्र मंडल एवं मेहरमा थाना के आरक्षी 185 दीपक कुमार तथा आरक्षी 149 बाल्मिकी कुमार शामिल थे।
उपायुक्त ने की कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, साइकिल वितरण योजना, बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना, कियोस्क निर्माण, बिरसा आवास योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत सहायता, धूमकुड़िया आदिवासी कला केंद्र, आवासीय विद्यालय में मरम्मत- जीर्णोद्धार का कार्य, अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा सर्वप्रथम प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति वित्तीय वर्ष (2023-24) एवं (2024-25) छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष (2023-24) में कुल 206838 विद्यार्थियों में 203064 विद्यार्थियों का भुगतान किया जा चुका है। वहीं वित्तीय वर्ष (2024-25) में कुल 190316 विद्यार्थियों में 167536 विद्यार्थियों का भुगतान किया जा चुका है। बाकी शेष बचे हुए विद्यार्थियों का आवंटन के अभाव में भुगतान लंबित है। साइकिल वितरण योजना के समीक्षा के क्रम में संबंधित एजेंसी को 15 अक्टूबर 2025 तक सभी विद्यालयों में साइकिल वितरण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 में अन्य क्षेत्रीय उपयोजनान्तर्गत विभाग द्वारा स्वीकृत कुल 13 जाहेरस्थान घेराबंदी योजनाओं में सभी कनीय अभियंता को स्थल निरीक्षण करते हुए यथाशीघ्र कार्य पूर्ण कराने एवं कार्य के विरूद्ध विपत्र कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूर्ण योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र विभाग को भेजने का निदेश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जनजातीय क्षेत्रीय उपयोजनान्तर्गत विभाग द्वारा स्वीकृत कुल-13 जाहेरस्थान घेराबंदी योजनाओं में सभी कनीय अभियंता को स्थल निरीक्षण करते हुए यथाशीघ्र कार्य को पूरा करने एवं कार्य के विरूद्ध विपत्र कार्यालय को समर्पित करने का निदेश दिया गया। बैठक में के दौरान मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में चिकित्सा अनुदान मद में प्राप्त राशि के लिए लाभुकों का जाति प्रमाण पत्र, गरीबी रेखा से नीचे होने का प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज सही होने के कारण असुविधा उत्पन्न हो रही है। साथ ही चिकित्सा प्रमाण पत्र के आधार पर चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा अनुशंसित राशि के अनुसार लाभुक द्वारा प्राप्त आधार कार्ड एवं बैंक खाता संख्या में राशि पीएफएमएस के माध्यम से राशि उपलब्ध कराने में समस्याएं आ रही है ।उक्त विषय के संबंध में सभी प्रखण्ड के प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने प्रखण्ड के सरकारी अस्पतालों में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक लाभुकों का विहित पपत्र में आवेदन सृजित कराना सुनिश्चित करेंगे एवं सूचीबद्ध कर जिला कल्याण कार्यालय को उपलब्ध करायेंगे। बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिए गए कि बिरसा आवास से संबंधित जितने भी मामलें हैं, उन्हें उप विकास आयुक्त के कार्यालय से संपर्क स्थापित करते हुए बिरसा आवास योजनाओं में तेजी लाई जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं कल्याण विभाग के कर्मीगण मौजूद थे।
दुर्गा पूजा को लेकर महागामा में सफाई कार्य ने पकड़ी रफ्तार
महागामा। संवाददाता। दुर्गा पूजा को लेकर आस्था और उल्लास अपने चरम पर है। यहां के प्राचीन दुर्गा मंदिर में सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर पंचायत ने सफाई व्यवस्था को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया है। कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल के निर्देश पर पर्यवेक्षक मोहम्मद फिरोज अंसारी के नेतृत्व में सफाई अभियान ने रफ्तार पकड़ी है। सफाई के लिए गठित टीम ने दुर्गा मंदिर प्रांगण, विषहरी मंदिर, हटिया चौक, पुराने बाजार, बेलबरण मार्ग, गंगासागर, लाल बगीचा स्थित बेल वृक्ष बिल्व निमंत्रण स्थल, विसर्जन पोखर तक सफाई का कार्य किया गया। समय-समय पर मंदिर परिसर और मार्गों से कचरा हटाकर उसका निस्तारण किया जा रहा है।ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, विसर्जन पोखर मार्ग का समतलीकरण और जंगल-झाड़ की सफाई निरंतर चल रही है। विसर्जन पोखर की सफाई भी की गई। हालांकि, श्रद्धालुओं और मोहल्लेवासियों की एक बड़ी चिंता अब भी बरकरार है। बसुआ चौक से दुर्गा मंदिर मार्ग तक लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं है।केचुआ चौक से पुराने बाजार तक कई लाइटें खराब पड़ी हैं।पूजा के दौरान श्रद्धालु दिन-रात मंदिर जाते हैं और अंधेरे में असुविधा व दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जहां सफाई व्यवस्था ने सराहना बटोरी है, वहीं नगर पंचायत को चाहिए कि प्रकाश व्यवस्था में भी तत्परता दिखाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षा और सुविधा दोनों से जुड़ सके।
महिला सफाई कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में जिले में चल रहे स्वस्थ नारी सशक्त परिवार कैंपेन 2025 के तहत मंगलवार को शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रामनगर गोड्डा में महिला सफाई कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित करके कैंप का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य शिविर में 72 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मौके पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। कार्यपालक पदाधिकारी ने स्वयं रक्तदान किया और शिविर में आए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया। यह शरीर को शुद्ध करता है और हार्ट अटैक का खतरा 70 प्रतिशत तक कम करता है। रक्तदान करके लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। यह एक पवित्र कार्य है। रक्तदान करना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका कोई अन्य विकल्प नहीं है। रक्तदान करके हम कई लोगों का जीवन बचा सकते हैं। यह प्रकृति का अमूल्य उपहार है, जो घायल और बीमार लोगों के जीवन को बचा सकता है। स्वस्थ इंसान को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान से दिल की सेहत भी अच्छी रहती है। रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा सही रहती है। मौके पर नगर परिषद गोड्डा के अंतर्गत कार्यरत महिला सफाई कर्मचारी, एएनएम मीरा कुमारी, जुली कुमारी, स्टाफ नर्स नीलम कुमारी, दिलीप कुमार, सहिया साथी ललिता सोरेन, सहिया पूनम कुमारी, नीलम कुमारी आदि उपस्थिति रहीं।
श्री राम कथा में शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का श्रवण
मंडरो। संवाददाता। श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति हाजीपुर फौजदारी में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां भगवती के प्रांगण में श्री राम कथा के दूसरे दिन वृंदावन से आई श्री कृष्ण प्रिया ने भगवान शिव-पार्वती के विवाह का मनोहारी वर्णन किया। इस दौरान शिव पार्वती की झांकी भी दिखाई गई। कृष्ण प्रिया ने कहा कि पर्वत राज हिमालय की घोर तपस्या के बाद माता जगदंबा प्रकट हुईं और उन्हें बेटी के रूप में उनके घर में अवतरित होने का वरदान दिया। इसके बाद माता पार्वती हिमालय के घर अवतरित हुईं। बेटी के बड़ी होने पर पर्वत राज को उनकी शादी की चिंता सताने लगी। माता पार्वती बचपन से ही बाबा भोलेनाथ की अनन्य भक्त थीं। एक दिन पर्वत राज के घर महर्षि नारद पधारे और उन्होंने भगवान भोलेनाथ के साथ पार्वती के विवाह का संयोग बताया। नंदी पर सवार भोलेनाथ जब भूत पिशाचों के साथ बारात लेकर पहुंचे तो उसे देखकर पर्वतराज और उनके परिजन चौंक गए।लेकिन माता पार्वती ने खुशी से भोलेनाथ को पति के रूप में स्वीकार कर लिया। विवाह प्रसंग के दौरान शिव पार्वती की झांकी पर श्रद्धालुओं ने पुष्प बरसाए।
बसंतराय प्रखंड का तेज गति से होगा विकास: संजय
बसंतराय। संवाददाता। प्रखंड के 16वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में प्रखंड के विकास और उपलब्धियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में हाल ही में नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ मैट्रिक और इंटरमीडिएट के टॉपर्स को सम्मानित किया गया।साथ ही साथ क्षेत्र के सभी पत्रकारों को आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं कुछ लोगों को सरकार की तरफ से प्रशस्ति पत्र भी बांटा गया। समारोह में उपस्थित बसंतराय के बीडीओ ने प्रखंड की समस्याओं को सामने रखा और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया। गोड्डा के एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने अपने अभिभाषण में बसंतराय को गोड्डा जिले का अग्रणी प्रखंड बताते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता की सराहना की। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने बसंतराय से संबंधित विभिन्न मांगों को प्रस्तुत किया। जिसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर मंत्री संजय प्रसाद यादव को मांग पत्र सौंपा। अपने संबोधन में मंत्री श्री यादव ने कहा, बसंतराय प्रखण्ड पिछले 16 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की गति और तेज हो। उन्होंने मौके पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। कहा, प्रखंड क्षेत्र में नई सड़क योजनाओं को स्वीकृति दी जाएगी, जिससे गांव-गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से बेहतर हो सके युवाओं के लिए नए कौशल विकास केंद्र खोले जाएंगे, ताकि रोजगार के अवसर बढ़े। किसानों के हित में सिंचाई परियोजनाओं और कृषि उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रखंड स्तर पर नए स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहन और ॠण सुविधा बढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और आयोजकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया। यह आयोजन बसंतराय के गौरवशाली इतिहास और भविष्य की संभावनाओं को उजागर करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। मौके प्रखण्ड प्रमुख अंजर अहमद, उप प्रमुख बजरंगी यादव,जिला परिषद सदस्य अरशद वहाब एवं एहतशामुल हक, अब्दुल कैयूम, मुखिया आलमगीर आलम, सगीर आलम, मुखिया महफूज आलम, लाडली खातून, पूनम देवी आदि मौजूद थीं।
बीएड के छात्रों ने कॉलेज में की तालाबंदी
पाकुड़। संवाददाता। केकेएम कॉलेज में मंगलवार को बीएड चौथे सेमेस्टर के छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। छात्रों की मांग थी कि उन्हें मार्कशीट और प्रोविजनल सर्टिफिकेट तुरंत उपलब्ध कराया जाए। फाइनल परीक्षा दे चुके छात्रों का कहना था कि मार्कशीट और प्रोविजनल सर्टिफिकेट न मिलने से वे आगे की पढ़ाई के लिए नामांकन फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। तालाबंदी की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी अरविंद बेदिया और नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से वार्ता की। लंबी बातचीत के बाद अधिकारियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर तालाबंदी समाप्त करवाई। प्रदर्शन में मोहम्मद जैकी सादिक, आर्यन सिंह, मनीषा कुमारी, सुषमा कुमारी, समसुन खातून, पंकज कुमार, गोल्डी सिंह, तनु कुमारी, अभिजीत प्रमाणिक, सईद आलम सहित कई छात्र शामिल थे। इससे पहले भी छात्र फीस बढ़ोतरी के विरोध में बी एड कॉलेज में तालाबंदी कर चुके हैं।
कैलेंडर के मुताबिक करें गतिविधियों का आयोजन : एल एस
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार को कुंडहित मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय सभागार में आंगनबाड़ी सेविकाओं की मासिक बैठक हुई। बैठक में बाल विकास परियोजना की महिला पर्यवेक्षिका लता किरण किस्कु, निर्मला हेंम्ब्रम और सबीना हेंब्रम उपस्थित थी। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के मासिक गतिविधियों तथा प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा की गई तथा अद्यतन विभागीय दिशा निर्देशों से सेविकाओं को अवगत कराया गया। इस दौरान सभी सेविकाओंको समय पर केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि समय पर केंद्र खोलते हुए बच्चों को नियमित रूप से शिक्षा और समय पर पोषाहार मुहैया कराएं। आंगनबाड़ी सेविकाओं को समय पर मासिक प्रतिवेदन देने के लिए कहा गया। साथी आरईटी के तहत गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को मिलने वाले पैकेट का ससमय वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान सेविकाओं को कुपोषण दूर करने के मद्देनजर पोषण माह में दिए कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक केंद्र में गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड अधिकतर आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित थी।