पाकुड़। संवाददाता। जिला मुख्यालय में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (सीपीएम) के कार्यकर्ताओं ने किसान, मजदूर और आम लोगों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने कुल 9 मांगों को लेकर अंबेडकर चौक से जुलूस निकाला, जो शहर की मुख्य सड़क से होते हुए व्यवहार न्यायालय के समीप समाप्त हुआ। इसके बाद एक संक्षिप्त सभा का आयोजन किया गया।
सभा को पार्टी के जिला सचिव गोपीन सोरेन ने संबोधित किया। उनके साथ नांदेड़ हुसैन, मानिक दुबे, मुकुल भट्टाचार्य, शिवानी पाल और शेख सैफुद्दीन सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जिले में बुनियादी सुविधाओं की घोर कमी है और मजदूर, किसान व आम लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
वक्ताओं ने बताया कि पाकुड़ में पत्थर और कोयला जैसे दो प्रमुख उद्योग होने के बावजूद यहां के मजदूरों को पलायन करना पड़ रहा है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, और वे प्राकृतिक आपदाओं के कारण भी काफी परेशान हैं। उन्होंने खेतों में डीप बोरिंग करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त, पार्टी ने सभी पंचायतों में धान क्रय केंद्र चालू करने की मांग की। आम लोगों को बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। बिजली की स्थिति बेहद खराब है और नियमित आपूर्ति नहीं होती। सदर अस्पताल में चिकित्सकों की भी भारी कमी है।
पार्टी ने मांग की है कि जिले में लोगों को जल्द से जल्द बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले दिनों में पार्टी एक जोरदार आंदोलन करेगी। सभा के समापन के बाद, कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर एक ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा।
पहाड़िया समुदाय ने बुनियादी सुविधाओं के लिए दिया एक दिवसीय धरना
लिट्टीपाड़ा । संवाददाता। प्रखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को प्रखंड परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शन पहाड़िया नेता शिवचरण मालतो के नेतृत्व में हुआ।
इस दौरान शिवचरण मालतो ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजय कुमार को उपायुक्त के नाम 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में बताया गया है कि पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से पेयजल, पक्की सड़क, स्थायी रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आज भी सैकड़ों पहाड़िया गांवों में आवागमन के लिए सड़कें उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क निर्माण की मांग की। इसके साथ ही, ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत लिट्टीपाड़ा प्रखंड के गांवों में खर्च किए गए 217 करोड़ रुपये की राशि का श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की गई, ताकि योजना के कार्यान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की अपील की। धरना प्रदर्शन में रामा पहाड़िया, बामना पहाड़िया, बैदा पहाड़िया, कावरा पहाड़िया सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
किसानों को केंद्रीय-राज्य कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिली
पाकुड़ । संवाददाता। प्रखंड के आत्मा सभागार, जिला संयुक्त कृषि भवन में 8 नवंबर 2025 को एक प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने की। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक मु. शमीम अंसारी ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कृषक मित्रों और प्रगतिशील किसानों से योग्य लाभार्थियों के आवेदन सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। कर्मशाला में मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड योजना, पीएम कुसुम योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना (पीडीएमसी), कृषि ऋण और राज्य की किसान समृद्धि योजना (चलित सोलर पंपसेट) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, बिरसा बीज वितरण योजना के तहत लैम्पस से 50 प्रतिशत अनुदान पर और फसल विस्तार योजना के तहत 100 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण की जानकारी भी दी गई। इस रबी कर्मशाला में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, जनसेवक, किसान मित्र और प्रगतिशील किसान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पाकुड़ विधायक निसात आलम ने नवनिर्मित भवन का किया शिलान्यास
पाकुड़। संवाददाता। पाकुड़ विधानसभा की विधायक निसात आलम ने सदर प्रखंड परिसर में नवनिर्मित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और कर्मियों के लिए बने भवन का उद्घाटन किया। इस भवन के निर्माण पर लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस अवसर पर विधायक ने 28 अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास भी किया। विधायक के द्वारा किसानों के बीच बीज का वितरण किया गया। उद्घाटन के मौके पर पहुंची विधायक का स्वागत उप विकास आयुक्त महेश संथालिया, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार समेत अन्य अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया। विधायक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निसात आलम ने कहा कि झारखंड सरकार आम लोगों के विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि आज करोड़ों रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिसका लाभ निश्चित रूप से क्षेत्र के आम लोगों को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नए भवन के बनने से अधिकारियों और कर्मियों को अपने आवास का उपयोग करने में सुविधा होगी। विधायक ने जोर दिया कि क्षेत्र की सरकारी और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को सही समय पर मिल सके, इसके लिए सरकार के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करवाया जा रहा है। इस अवसर पर दो चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए, और कई लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। मौके पर मौजूद उप विकास आयुक्त महेश संथालिया ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन आम लोगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विधायक द्वारा करोड़ों रुपये से बने भवन के उद्घाटन और 28 योजनाओं के शिलान्यास की जानकारी दी।
होटल में छापेमारी, 16 लीटर से अधिक शराब जब्त, आरोपी फरार
पाकुड़। संवाददाता। जिला उत्पाद विभाग की टीम ने अमड़ापाड़ा प्रखंड के काँटा मोड़, आलुबेड़ा स्थित सुनीता भगत के होटल में छापेमारी कर अवैध शराब और बीयर बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 16 लीटर से अधिक अवैध मद्य पदार्थ जब्त किए गए। तलाशी अभियान के तहत, टीम ने 1.125 लीटर अवैध विदेशी शराब और 14.95 लीटर अवैध बीयर बरामद की। यह छापेमारी अवैध मद्यपान, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे सतत अभियान का हिस्सा थी। छापेमारी के दौरान, होटल मालिक सुनीता भगत मौके से फरार हो गईं। उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उत्पाद अधीक्षक श्री आशुतोष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पटसन के अवशेष में लगी आग दमकल वाहन से पाया गया काबू
पाकुड़। संवाददाता। जिला के मुफसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़ धुलियान मुख्य पथ चांचकी गांव के पास सड़क के किनारे रखे हुए पटसन के अवशेष में भीषण आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग काफी तेजी से फैल रहा था वही लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दिया वहीं दमकल विभाग के अधिकारी सूचना मिलते ही दमकल लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यहां बता दे की आग लगने वाले स्थान से कुछ ही दूर पर एक पेट्रोल पंप भी था यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो एक बड़ी घटना घट सकती थी लेकिन आसपास के लोग और दमकल विभाग के तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा बताया गया कि जिस स्थान पर आग लगा है उसके आसपास में असामाजिक तत्वों के द्वारा नशा का सेवन किया जाता है इसमें गंज मुख्य रूप से रहता है लोगों ने आशंका जताया की हो सकता है गांजा पीने के क्रम में आग का कुछ अंश वहां पड़ा रह गया होगा और ठंड का आगमन हो रहा है और ऐसे में हल्की-हल्की हवा चल रही है और इसी हवा के कारण पटसन के अवशेष में आग लग गया होगा।
वही दमकल विभाग के कर्मी रमेश कुमार ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रहा था समय पर इसे काबू नहीं किया जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था उन्होंने बताया कि पटसन का अवशेष में आग बहुत जल्दी फैलता है। उन्होंने बताया कि हो सकता है कुछ सामाजिक तत्व सिगरेट या गांजा पीकर यहां फेंक दिया होगा और इसे ही आग लग गया होगा वहीं मौके पर दमकल विभाग और मुफ्फसिल थाना की पुलिस पूरे मुस्तेदी के साथ काफी देर तक मौके पर डटी रही।