- अफवाहों में ध्यान नहीं दें : सीओ
मधुपुर/संवाददता। होली को शांति पूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर शनिवार को थाना परिसर मे सीओ यामुन रविदास की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक की गई। बैठक मे होली को शांति पूर्वक और भाईचारे के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। मौके पर एसडीपीओ सतेन्द्र प्रसाथ ने कहा की होली रंगों का त्योहार है। पर्व को प्रेम व भाइचारगी के साथ मनाएं। शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालो पर पुलिस की नजर रहेगी। सीओ यामुन रविदास ने कहा कि पर्व के समय किसी प्रकार के अफवाहों से बचें। गलत अफवाह उड़ाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। कहा पर्व के दौरान कानून व्यवस्था मनाए रखने लिए जगह जगह पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की होगी पैनी नजर
- होली को लेकर हुई शांति समिति की बैठक
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। रंगों का त्योहर होली को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी ने की। बैठक में पूर्व मंत्री हरिनारायण राय ने कहा कि साल भर के बाद होली खुशियां लेकर आई है। आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ होली मनायें। उन्होंने लोगों से अपील किया कि सौहार्दपूर्ण माहौल में मिलजुल कर प्यार, मोहब्बत के साथ होली मनाएं। वहीं थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी ने कहा कि होली एवं ईद के त्यौहार को दोनों समुदाय आपसी भाई चारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाकर सामाजिक समरसता का मिशाल कायम करें। होली में असामाजिक तत्वों एवं हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कहा कि सोशल मीडिया में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट नहीं डाले और न ही शेयर करें। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर पुलिस को सूचना दें। बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुशार पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। बैठक में जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार, मुखिया त्रिपुरारी यादव, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष रामनारायण राय, झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सदीक अंसारी, भाजपा मुन्ना सिंह, समाजसेवी टिकेश्वर यादव, चतुरानन यादव, पूर्व भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार मंडल, जयकांत मंडल, कामेश्वर साह, कुटिल अंसारी, सुबोध राय, संजय पाण्डेय, हामिद अंसारी, आलम अंसारी, एएसआई सुभाष हेंब्रम, राजू उरांव के अलावा दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे।
देवीपुर थाने में हुई शांति समिति की बैठक
देवीपुर/संवाददाता। होली को ले देवीपुर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने की। बैठक में मुख्य रूप से सभी समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बैठक में मुख्य रूप से थाना प्रभारी ने लोगों को स्पष्ट किया कि होली के दौरान पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखें। कहा कि होली के दौरा दौरान शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। अंग्रेजी शराब की दुकानें तो बंद रहती हैं, लेकिन गांव-मोहल्लों में बिकने वाली महुआ शराब बेचने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर भी सख्ती बरती जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि व बुद्धिजीवी शामिल हुए। बैठक के बाद सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
खागा थाना में होली को लेकर हुई शांति समिति की बैठक
- प्रबुद्घ लोगों ने रखी अपनी बातें
पालोजोरी/संवाददाता। खागा थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में रविवार को खागा थाना परिसर में रंगों का त्यौहार होली को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि पालोजोरी अंचल का इतिहास काफी शांतिपूर्ण रहा है। होली का पर्व सादगी के साथ मनाई जाए, इसके लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। पर्व के दिन कोई अप्रिय घटना की सूचना अविलंब प्रशासन को दी जाए। आपत्तिजनक बातों से संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा न करने की बात भी कही गई। बैठक के साथ ही सभी ने अबीर गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामना दी। मौके पर मुखिया गोलक बिहारी यादव, गोपाल सिंह, जतन महतो, सुबोध चंद, पशुपति कोल, युधिष्ठिर सिंह यादव आदि मौजूद थे।
क्षेत्र में आस्था के बीच मना बड़का पर्व
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र मे सूर्य उपासना का महान बड़का पर्व सूर्याहु रविवार को भक्ति भाव और और निष्ठा के साथ दर्जनों गांवों में वैदिक पंडितों की देखरेख मनाया गया। इस अवसर पर व्रतियों द्वारा भगवान सूर्य को अरघ प्रदान कर श्री समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद अखंड निर्जला व्रत का पारण किया।
मान्यता है कि भगवान सूर्य के इस पर्व को करने से परिवार के साथ समाज में शांति के साथ समृद्धि आती है। कई गांवों में सैकड़ो की संख्या में महिलाओं ने आंचल फैलाकर भगवान सूर्य से अपने अखंड सौभाग्य के साथ संतान की कामना की। क्षेत्र के मड़वा, ताराजोरा, तेलियाडीह झिकटी, देवपहरी, लखोरिया, ओवल तेलियाडीह सहित अन्य गांव में आस्था और भक्ति भाव से सूर्य हो पर्व संपन्न किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पर्व के आंगन में पहुंचकर भगवान सूर्य के प्रसाद के रूप में तेल और सिंदूर ग्रहण किया। मौके पर पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने विभिन्न गांवों में पहुंच कर सूर्य से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर आजाद राय, गगन राय, श्याम पासवान,रोहित पासवान,दिलीप पासवान, मनोज हाजरा, आशुतोष राय,जोधन मांझी, पहलवान तुरी, कैलाश तुरी, मुटर तुरी, मोहन तुरी ,भीम तुरी, नकुल तुरी, विकास यादव, प्रदीप यादव, बहादुर यादव, राकेश कुमार, पिंटू यादव, टिभू मिश्रा, राकेश झा सहित अन्य ने विभिन्न गांव में बड़का पर्व संचालन में अहम भूमिका निभाई।
चुनावी सफलता नहीं बल्कि मेहनत, ईमानदारी व जनता के विश्वास की जीत : मंत्री
- निर्वाचित पार्षदों को मंत्री डॉ. इरफान ने किया सम्मानित
मधुपुर/संवाददाता। सूबे के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताडा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को स्थानीय खलासी मोहल्ला अपने आवास पर नगर परिषद के चुनाव में जीते प्रत्याशियों को एक सादे समारोह मे सम्मानित किया। सभी निर्वाचित पार्षदों को अंग वस्त्र व फूल माला पहनाकर सम्मानित किया।
मंत्री ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं बल्कि मेहनत, ईमानदारी और जनता के विश्वास की जीत है। विशेष रूप से हमारी बेटी और बच्चे ने हिजाब पहनकर पूरे आत्मविश्वास और हौसले के साथ चुनाव लड़कर जो विजय हासिल की है वह इस बात का प्रमाण है कि नफरत परास्त हुआ और मोहब्बत जीत गयी। यह जीत साहस, आत्मसम्मान और लोकतंत्र की खूबसूरती का संदेश देती है। मंत्री डॉ. इरफान ने कहा वार्ड का विकास एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती होती है। जनता ने आप पर भरोसा जताया है। अब ईमानदारी, समर्पण और गरीबों की सेवा के माध्यम से उस भरोसे पर खरा उतरना हम सबकी जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि वह हमेशा साथ हैं। जहां भी कोई दिक्कत हो तुरंत अवगत कराइए मैं आपके समर्थन में खड़ा रहूंगा। हम सबके अभिभावक एवं मार्गदर्शक पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के आशीर्वाद और प्रेरणा से यह विजय संभव हुई है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन ने हमेशा हमें सही दिशा दिखाई है। मौके पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सचिव शबाना खातुन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
ग्राम पंचायत कचुआसोली में कल होली मिलन समारोह
्र्रपालोजोरी/संवाददाता। ग्राम पंचायत कचुआसोली में कल तीन मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। ग्राम पंचायत के डुमरकोला गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। रविवार को मुखिया राजीव रंजन ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई।
महायज्ञ में बही भक्ति की गंगा
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के चारघारा में आयोजित श्रीश्री 108 शिवशक्ति महायज्ञ के अवसर पर त्रिकुटांचल म्यूजिकल ग्रुप ने भक्ति की गंगा बहायी। कार्यक्रम का आगाज गायक चंद्रकांत ने अंगना पधारो गजानंद से किया। इस क्रम में प्रख्यात गायिका स्नेहा सरगम ने जैसे ही किसने सजाया तुमको मईया की प्रस्तुति की लोग भक्ति के समंदर में डूब कर नाचने लगे। इस क्रम में निमियां की डाली मईया झूले ला झूलनवा, भांगड़ भोला की महिमा निराली, तोहरी द्वारी से लौटे ना कोई खाली, माता का दरबार बड़ा निराला, देवघरें अइली सती मईया हे तोहरे बेटा करे पुकार आदि भजनों का देर रात तक समा बांध दिया। सुरों को सजाने में पैड पर एतवारी, ढोल पर लक्ष्मण, ऑर्गन पर विकास ने भरपूर साथ दिया। व्यवस्था संचालन में यज्ञ समिति के वासुदेव शाही, अविनाश शाही, जगन्नाथ शाही, संजय शाही,रवि शंकर शाही, अनिल कुमार शाही, चूटर पुज़हर, महादेव पुजहर, श्यामसुंदर यादव, नकुल यादव, श्यामसुंदर दास, भीम महतो, बबलू कुमार, नरेश दास एवं शनिचर कुमार बनाने में जुटे रहे।
सारठ के बामनगामा में 130 परिवारों के यहां हुआ सूर्याहू पर्व
- काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड अंतर्गत बामनगामा गांव में बड़का पर्व यानि सूर्याहु पर्व शनिवार को खरना के साथ शुभारंभ हुआ, जिसमें आसपास के कई गांवों के अलावे दूर-दराज से आये हुए हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। रविवार को संध्या समय स्थानीय तालाब में भगवान भाष्कर को पहला अर्ध्य दिया गया और दूसरे दिन सूर्योदय होते ही ठाकुरबाड़ी में भगवान सूर्य को दूसरा अर्ध्य देकर बड़का पर्व का पारण किया जाएगा। सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि यह पर्व करीब 65 वर्षों के बाद मनाया गया, जिसमें 130 परिवार के लोग इस त्यौहार में शामिल हुए। कहा कि सूर्य भगवान पूरे विश्व का सर्वशक्तिमान और कीर्तिवान है। उनकी पूजा वृहत रूप से की जाती है। विजय शंकर सिंह ने कहा कि सूर्य देवत की महिमा अपरंपरा है। वे साक्षात भगवान हैं। पूजा में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्य के भागी बने।
पूर्व मंत्री ने ग्रहण किया महाप्रसाद
ेसारठ/संवाददाता। पूर्व कृषिमंत्री रणधीर कुमार सिंह भी शनिवार को बामनगामा में आयोजित सूर्याहू पर्व मे शामिल होकर माथा टेका और खरना का महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दरम्यान कई लोगों से भेंट मुलाकात कर कुशल क्षेम भी जाना। उन्होंने कहा कि इनके दरबार में आने वाले सभी भक्तों पर भगवान सूर्यदेव की कृपा सदैव बनी रहती है।
सूर्याहू पर्व पर आसनसोल गांव में गूंजा भक्ति का स्वर, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
चितरा/संवाददाता। चितरा थाना क्षेत्र के आसनसोल गांव में लोक आस्था के महापर्व सूर्याहू पर्व के पावन अवसर पर भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समरसता से ओत-प्रोत इस आयोजन ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे देर रात तक भक्ति की रसधारा बहती रही।
कार्यक्रम की शुरुआत राधे-राधे म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार राजेश भारद्वाज एवं पूजा महतो ने विधिवत मंगलाचरण और गणेश वंदना के साथ की। इसके पश्चात उन्होंने ‘उग हो सुरुज देव’, ‘ॐ नम: शिवाय’, ‘किशोरी कुछ ऐसा इंतजाम हो जाए’, ‘धारा तो बह रही है श्री राधा नाम की’ तथा ‘ऐसी लागी लगन’ जैसे लोकप्रिय और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कलाकारों की सुमधुर आवाज और जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। भक्ति गीतों के माध्यम से जहां एक ओर आस्था की अलख जगी, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संदेश भी प्रसारित हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे धार्मिक उल्लास और भी बढ़ गया। इस अवसर पर मुरारी राय, विवेक राय, मोहन कुमार, रवि राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।