राजमहल। संवाददाता। थाना क्षेत्र से किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बीते 20 नवंबर की सुबह अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर गए हुये थे। उस दिन संध्या जब दोनों वापस घर लौटे तो उनकी 16 वर्षीय पुत्री घर से गायब थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पता चला कि उनकी नाबालिग पुत्री को बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र का निवासी धर्मवीर यादव बहला- फूसला कर अपने साथ ले गया है। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 427/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस नाबालिग की बरामदगी को लेकर छापेमारी कर रही है।
बाइक से गिरकर महिला घायल
साहिबगंज। संवाददाता। बोरियो थाना क्षेत्र के चसगांवा गांव निवासी माला देवी अहले सुबह घर से बोरियो बाजार आने के क्रम में रास्ते में बाइक से गिरकर घायल हो गईं। परिजनों ने प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। मौके पर उपस्थित महिला चिकित्सक डॉ शिखा साह ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज हेतु घायल माला देवी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
================
मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
मंडरो। संवाददाता। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के मिर्जा संथाली ग्राम में मारपीट एवं गाली-गलौज के मामले को लेकर काजल देवी ने पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने दो आरोपियों बिहार के कटिहार ज़िला के कुर्सेला थाना अंतर्गत कटरिया, सिमलगाछी निवासी बादल महलदार एवं मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जा संथाली निवासी प्रीतम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दियारा से एमडीएमए के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
17.39 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
राजमहल एसडीपीओ ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
साहिबगंज। संवाददाता। नशे के कारोबार के खिलाफ राधानगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उधवा दियारा से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 17.39 ग्राम नशीला पदार्थ एमडीएमए बरामद किया है। राजमहल एसडीपीओ विमेलश त्रिपाठी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना मिली कि राधानगर थाना अंतर्गत चामाग्राम केलमेट पूर्वी उधवा दियारा के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उधवा अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमानत निवासी अमीर शेख(48) व मजीद टोला निवासी करीम शेख(37) को दबोच लिया। अमीर के पहने हुए जैकेट के बाएं पॉकेट से एक पारदर्शी प्लास्टिक में एमडीएमए बरामद किया गया। जिसका प्लास्टिक सहित वजन करीब 12.38 ग्राम था। वहीं अमानत, मजीद टोला निवासी करीम शेख(37) के जींस पैंट के पीछे वाले पॉकेट में रखे पर्स से करीब 05.01 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार किया है। इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या-407/26 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। दोनों गिरफ्तार आरिपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। छापामारी दल में सीओ आशीष कुमार मंडल, राधा नगर थाना प्रभारी रोहित कुमार, पुअनि संग्राम सिंह सोय, सअनि शंकर दूबे, सुनील कुमार मेहता, शशिकांत यादव, हवलदार शशिभूषण सिंह, राज किशोर यादव, आरक्षी अनवर अंसारी सहित अन्य थे।
अज्ञात चोरों ने फुलवरिया से बाइक उड़ाया
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत फुलवरिया कालीबाड़ी के समीप से अज्ञात चोरों ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना को लेकर मानसिंघा निवासी मो शिमनानी ने बताया है कि बीते 22 नवंबर की रात्रि लगभग 9:10 बजे अपने रिश्तेदार की होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल संख्या जेएच-18 जे 0797 को लेकर फुलवरिया कालीबाड़ी के समीप एक दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान के अंदर कुछ सामान लेने गया था। वापस लौटने पर बाइक अपनी जगह से गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। तब उसने पुलिस से बाइक चोरी की शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिप सदस्य ने 17.75 लाख की तीन योजनाओं का किया शिलान्यास
साहिबगंज। संवाददाता। बोरियो प्रखंड क्षेत्र के बड़ा मदनशाही पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में मंगलवार को जिला परिषद सदस्य रंजो कुमारी ने कुल 17 लाख 75 हजार 753 रुपये की राशि से बनने वाली तीन विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। योजनाओं के शिलान्यास से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी देखी गई। इस मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि सद्दाम अंसारी, मो महताब आलम, रीना कुमारी, अबुल कलाम, मुर्शीद अंसारी, मो शहाबुद्दीन, मुख्तार अंसारी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
भूकंप के झटकों से हिली साहिबगंज की धरती
साहिबगंज। संवाददाता। ज़िला सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह लगभग 7:02 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह-सुबह धरती में कंपन होने से लोगों में हलचल मच गई। साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य सह भूगर्भ शास्त्री डॉ रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 बताई गई है। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप के समीप जमीन के भीतर बताया गया है। भूकंप के झटके नेपाल के अलावा भारत, बांग्लादेश, भूटान व चीन के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। उन्होंने बताया कि साहिबगंज ज़िला ज़ोन 2 के अंतर्गत है। लेकिन अब यहां भूकंप के झटके लगातार लगने लगे हैं। ऐसी स्थित में इस दिशा में जीएसआई को सर्वे कर ज़ोन का पुनर्निर्धारण करने कज जरूरत है।