हिरणपुर/संवाददाता । हिरणपुर पुलिस ने धोवाडांगा-बड़तल्ला सड़क पर पत्थर लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए। पुलिस के मुताबिक, दोनों चालक वाहन के वैध कागजात नहीं दिखा सके।
पुलिस गश्त के दौरान एएसआई सूरजमल पासवान ने ट्रैक्टरों को जांच के लिए रोका। इनमें एक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 16 ए 5506 था, जबकि दूसरे पर नंबर प्लेट नहीं थी।
कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर जब्त कर लिए। प्रभारी थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास ने बताया कि इस मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है।
गव्य गोष्ठी में 50 से 60 पशुपालकों ने लिया हिस्सा, पशुओं की देखभाल व टीकाकरण की मिली जानकारी
पाकुड़िया/संवाददाता। पाकुड़िया प्रखंड के माटिचुआं गांव में सोमवार को जिला गव्य विकास कार्यालय की ओर से गव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें गांव के करीब 50 से 60 महिला एवं पुरुष पशुपालकों ने भाग लिया।
गोष्ठी में चिकित्सक डॉ. मनु जायसवाल ने पशुओं के पालन-पोषण, देखभाल और रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने पशुओं को नियमित रूप से संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उचित देखभाल से पशु स्वस्थ रहते हैं और दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने सर्दियों में पशुओं को ठंड से बचाने, सूखा बिछावन उपलब्ध कराने, गुनगुना पानी पिलाने तथा समय पर टीकाकरण कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कृमिनाशक दवाओं की सही मात्रा, उपयोग और दवा देने के उचित समय की जानकारी भी दी।
इस दौरान पशुपालकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका चिकित्सक ने जवाब देकर समाधान बताया। उन्होंने पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
जामिआ सलफिया में 38वां सालाना जलसा आयोजित, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर प्रखंड के कमल घाटी स्थित जामिआ सलफिया लिल-बनीन वल-बनात में 38वां सालाना जलसा आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
जलसे की अध्यक्षता मौलाना सुल्तान शम्सी ने की, जबकि मौलाना एहसानुल्लाह सनाबली ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जामिआ के सचिव जाहिद अंसारी ने किया। वहीं, जलसा सचिव जावेद अंसारी ने कार्यक्रम की निगरानी की।
इस अवसर पर जामिआ के संरक्षक अज़ीज़ुल इस्लाम (हिरणपुर), अब्दु समद (कड़ियोडीह), इसहाक अंसारी (हिरणपुर) एवं जावेद (हिरणपुर के पूर्व सचिव) ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जलसे में वलीउर्रहमान रहमानी, अशरफुल हक फैज़ी, नसीम अख्तर आलियावी, इकरामुल हक फैज़ी, सऊद सलफी, इमादुद्दीन सलफी, रज़ाउल्लाह नदवी, मंसूर आलम फैज़ी, सुल्तान शम्सी, इमामुल इस्लाम असरी, अबुल कलाम सलफी, अली मुर्तज़ा (तहसील), अब्दुर्रहमान अल-फैज़ी, सनाउल्लाह मदनी और जमशेद अली फैज़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जामिआ हाज़ा के शैखुल हदीस जमशेद अली फैज़ी ने मंज़ूम कलाम पेश किया। वहीं, जिरजीस अंसारी सिराजी ने धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जानकारी दी।
जाहेरपाड़ा लखीबाद ने संतोष स्टार आलुदाहा को हराकर जीता फुटबॉल खिताब
पाकुड़िया/संवाददाता। पाकुड़िया प्रखंड के बालको गांव में मंगलवार को नेहरू क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जाहेरपाड़ा लखीबाद की टीम ने संतोष स्टार आलुदाहा को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम दिखाया। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 25 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम उपस्थित रहीं। इस अवसर पर राजपोखर की मुखिया ललिता टुडू, पंचायत समिति सदस्य अजीत टुडू, क्लब अध्यक्ष सोनू हेम्ब्रम, सचिव विश्वराज हांसदा, वार्ड सदस्य शिवधान मरांडी एवं प्रधान जोगेंद्र हांसदा सहित अन्य लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में नेहरू क्लब के सदस्यों एवं ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही।
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली
पाकुड़/संवाददाता। जिले में मंगलवार को गुरु नानक देव की जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर स्थित गुरुद्वारे में सिख समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
गौरतलब है कि गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक एवं दस सिख गुरुओं में प्रथम गुरु थे। उनका जन्म 15 अप्रैल 1469 को राय भोई की तलवंडी में हुआ था, जिसे वर्तमान में पाकिस्तान के ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। सिख परंपरा में उनका प्रकाश पर्व कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है। गुरु ग्रंथ साहिब में उनकी 974 वाणियां संकलित हैं।
वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हिंदू श्रद्धालुओं ने पश्चिम बंगाल के धूलियान, चांदपुर, फरक्का और जंगीपुर में गंगा स्नान किया। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद पुरोहितों को दान-दक्षिणा दी। पाकुड़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गई।
शाम होते ही लोगों ने घरों, तालाबों और आसपास के धार्मिक स्थलों पर दीप जलाकर देव दीपावली मनाई। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर और उसकी तीन नगरियों का संहार किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी परंपरा के तहत देव दीपावली मनाई जाती है।
थाना दिवस पर तीन जमीन विवादों का आपसी सहमति से निष्पादन
लिट्टीपाड़ा। लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में मंगलवार को थाना दिवस के अवसर पर जमीन विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान आपसी सहमति के आधार पर तीन विवादों का समाधान किया गया।
सुनवाई अंचलाधिकारी पवन कुमार और थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। निष्पादित तीनों मामले सिमलॉन्ग ओपी क्षेत्र एवं जागेश्वर गांव से संबंधित थे। दोनों अधिकारियों ने संबंधित पक्षों की समस्याएं और दलीलें सुनने के बाद आपसी सहमति से विवादों का निपटारा कराया।
अंचलाधिकारी पवन कुमार ने कहा कि जमीन से जुड़े विवादों को बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाना चाहिए, ताकि भविष्य में विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था कायम रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
मौके पर मनोज मरांडी, सोनालाल पहाड़िया, थाना के अन्य पुलिसकर्मी और संबंधित मामलों के पक्षकार उपस्थित थे।
प्रधान-परगनैत सम्मानित, उप विकास आयुक्त ने ग्रामीण विकास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उनकी भूमिका को अहम बताया
पाकुड़/संवाददाता । झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में प्रधान और परगनैत का जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर जिले के प्रधान और परगनैत को सम्मानित किया गया।
उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि जिले के विकास में प्रधान और परगनैत की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में विकास योजनाओं को लागू करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाने में उनकी भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए जागरूकता फैलाने और मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ग्राम नेतृत्व की भागीदारी से विकास कार्यों को गति मिल सकती है।
कार्यक्रम में जिले की खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने झारखंड अंडर-15 बालिका क्रिकेट कैंप के लिए पाकुड़ की अनुसूचित जनजाति समुदाय की दो खिलाड़ियों, सृष्टि हांसदा और रेवेका मुर्मू का चयन किया है। जिला प्रशासन की ओर से दोनों को सम्मानित किया गया।
उप विकास आयुक्त ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता दूसरी बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के जरिए पारंपरिक ग्राम नेतृत्व को सम्मान देने, ग्रामीण विकास में लोगों की भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
200 से ज्यादा चालकों ने निकाली बाइक रैली
पाकुड़/संवाददाता । पाकुड़ में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मंगलवार को बाजार समिति मैदान में सड़क सुरक्षा मेला और जागरूकता कार्यक्रम हुआ। जिला परिवहन कार्यालय ने इसका आयोजन किया। कार्यक्रम का मकसद लोगों, खासकर युवाओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के तहत 200 से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट पहनकर बाइक रैली निकाली। रैली शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरी। इसमें हेलमेट पहनने, यातायात नियम मानने और सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।
उप विकास आयुक्त अरविंद लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी मुजाहिद अंसारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मनीष कुमार, मोटरयान निरीक्षक और यातायात प्रभारी समेत अन्य अधिकारियों ने भी रैली में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में हिट एंड रन सड़क हादसे के दो पात्र लाभार्थियों को कुल 2 लाख रुपए की मदद के चेक दिए गए। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के विशेष शिविर में आवेदन करने वाले करीब 35 लोगों को लर्निंग लाइसेंस और हेलमेट दिए गए।
मेले में दोपहिया, तिपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों व शोरूम ने वाहनों की प्रदर्शनी लगाई। परिवहन विभाग के जागरूकता स्टॉल पर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, सरकारी योजनाओं और सड़क हादसे के पीड़ितों को मिलने वाली मदद के नियमों की जानकारी दी गई।
करीब 35 से 40 टोटो चालकों को तय ड्रेस कोड पहनने और वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस व जरूरी दस्तावेज साथ रखने की जानकारी दी गई। उन्हें डिजिलॉकर में मौजूद डिजिटल दस्तावेजों के इस्तेमाल के बारे में भी बताया गया।
उप विकास आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान बचाने के लिए जरूरी है। जिले के अलग-अलग प्रखंडों और अंचलों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।यह रथ आगामी दो दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं युवाओं को यातायात नियमों एवं सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक करेगा।
नवजात की मौत पर उठे सवाल, नर्सिंग होम प्रबंधन पर गंभीर आरोप
पाकुड़/संवाददाता । धुलियान मुख्य सड़क पर चांदपुर नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे, जिससे बच्चे की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पाकुड़ प्रखंड के इलामी गांव की नर्गिस खातून का इलाज पहले सदर अस्पताल में चल रहा था। वहां से रेफर होने के बाद परिजनों ने 21 नवंबर को उन्हें चांदपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
परिजन नुरूल होदा ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में प्रसव के लिए ऑपरेशन की सलाह दी गई थी, लेकिन चांदपुर नर्सिंग होम में सामान्य प्रसव कराने की बात कही गई। रात में प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों के मुताबिक, डॉक्टर को बुलाने पर उनसे कहा गया कि डॉक्टर सुबह 10 बजे आएंगे और उसके बाद इलाज होगा। उनका आरोप है कि बाद में डॉक्टर को बुलाने पर 70 हजार रुपये मांगे गए। आर्थिक परेशानी बताने के बावजूद रात में कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा।
परिजनों का कहना है कि सुबह डॉक्टर ने ऑपरेशन कर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
नर्सिंग होम के संचालक जैकुल शेख ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मरीज को सदर अस्पताल से रेफर किया गया था और परिजनों ने सामान्य प्रसव कराने की बात कही थी। उनके मुताबिक, बच्चे की मौत गर्भ में ही हो चुकी थी। बाद में ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाने के सहायक अवर निरीक्षक साधन कर्मकार नर्सिंग होम पहुंचे। उन्होंने बताया कि नवजात की मौत की सूचना पर पुलिस वहां गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने कहा कि उन्हें नवजात की मौत की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही। जांच में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
कमलघाटी में बंद घर का ताला तोड़कर चोरी
हिरणपुर/संवाददाता । हिरणपुर थाना क्षेत्र के कमलघाटी में सोमवार को चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर गहने, नकदी और घरेलू सामान चुरा लिया। घर के मालिक आलोक नोयर टुडू ने हिरणपुर थाने में लिखित शिकायत दी है।
आलोक नोयर टुडू और उनकी पत्नी सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर बंद कर ड्यूटी पर गए थे। उनकी 10 साल की बेटी भी स्कूल गई थी। शाम करीब 4 बजे बेटी घर लौटी तो मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा मिला। उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि कमरों का सामान बिखरा था और अलमारी व बक्से खंगाले गए थे। चोर सोने का कंगन, चेन और अंगूठी, चांदी के पायल, बिछिया, कड़ा और माला ले गए।
इसके अलावा करीब 20 हजार रुपए नकद, 3 से 6 जोड़ी साड़ियां, नया स्वेटर, रजाई और अन्य घरेलू सामान भी चोरी हुआ।
परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी गए सामान को वापस दिलाने की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
निरीक्षण से पहले स्वास्थ्य केंद्र में रंग-रोगन
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता । लिट्टीपाड़ा-कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) के तहत केंद्रीय और राज्य टीम के 18 सदस्य पाकुड़ जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने वाले हैं। टीम के संभावित दौरे से पहले लिट्टीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रंग-रोगन, साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का जोर फिलहाल अस्पताल की इमारत को संवारने पर है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि टीम को अस्पताल की रोजमर्रा की स्थिति दिखाई जाएगी या सिर्फ सजावट के बाद की तस्वीर।
सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर टीम को लिट्टीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं कराने की कोशिश की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी साफ नहीं है कि टीम लिट्टीपाड़ा पहुंचकर स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेगी या नहीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय पर अक्सर ताला लगा रहता है। दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए आने वाले लोगों को इससे परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था रोज बेहतर रहनी चाहिए, सिर्फ टीम के दौरे के समय नहीं। उनका कहना है कि रंग-रोगन और सजावट के बजाय मरीजों को साफ पीने का पानी, इस्तेमाल करने लायक शौचालय, नियमित स्वास्थ्य सेवाएं और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
लिट्टीपाड़ा देश के सबसे पिछड़े प्रखंडों में शामिल है। अब यह देखना है कि सीआरएम की टीम वहां पहुंचकर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति का जायजा लेती है या नहीं।
पूर्व विधायक अकिल अख्तर सम्मानित
पाकुड़/संवाददाता । झारखंड के 26वें स्थापना दिवस समारोह 2026 में पाकुड़ के पूर्व विधायक और एआइएमआइएम के संथाल परगना प्रभारी अकिल अख्तर को सम्मानित किया गया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें सम्मान दिया।
अकिल अख्तर ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पाकुड़ और संथाल परगना की जनता का सम्मान है। उन्होंने राज्य सरकार, राज्यपाल और मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जनता के अधिकार, सम्मान, विकास और सामाजिक न्याय की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने आगे भी जनसेवा जारी रखने की बात कही।
अख्तर ने कहा कि सम्मान मिलने से जिम्मेदारियां बढ़ती हैं। वे संथाल परगना में विकास, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे उठाते रहेंगे।