राजमहल। संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आ रहे तीन श्रद्धालु मंगलवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर मंडई पेट्रोल पंप के समीप कुत्ता सामने आ जाने से टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया।घायलों में तरजोल निवासी पगन मरांडी(42), धमधमिया निवासी सोना बास्की(40) एवं उनके पति मंडल सोरेन (45) शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल पगन मरांडी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लाभुकों के बीच योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित
साहिबगंज। संवाददाता। स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को सदर प्रखंड सभागार में कार्यक्रम हुआ। बीडीओ बासुकीनाथ टुडू की उपस्थिति में लाभुकों के बीच योजनाओं के स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभुकों व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश पर बधाई पत्र भी दिया गया। बीडीओ ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप, शंकर कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
संतोष ही सबसे बड़ा सुख : संत गोपाल
साहिबगंज। संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली एवं गुरु नानक जयंती पर मंगलवार को गांधी चौक स्थित कबीर आश्रम में सत्संग एवं भंडारा हुआ। मुख्य वक्ता संत गोपाल साहब ने कहा कि संतोष ही सबसे बड़ा सुख है। इच्छाओं से ऊपर उठकर ही वास्तविक शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी लोगों के दिलों में जीवित रहना कर्म की बात है। इसलिए कर्म हमेशा सही रखने चाहिए। सत्संग में वेदानंद साहब, कृष्णा साहब, संजय साहब सहित कई संत-महात्मा शामिल हुए। आयोजन महंत शंकर दास के सहयोग से हुआ। अंत में भंडारा हुआ।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट पर हुई भव्य गंगा आरती
साहिबगंज। संवाददाता। कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, पूर्णिमा तिथि देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार संध्या मुक्तेश्वर धाम, सीढ़ी घाट पर मां गंगा सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य आरती की गई। इस अवसर पर 1100 दीपों से सीढ़ी घाट को सजाया गया। जगमग दीपों से पूरा गंगा तट रोशन हो उठा। सीढ़ियों को खूबसूरत रंगोली से सजाया गया। भक्तिमय गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मौके पर पुरोहित धनेश तिवारी, वेदानन्द पाण्डेय, समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार पाण्डेय, शशि कुमार सुमन, जगन्मय मिश्रा, आभाष ओझा, अमित केसरी, संदीप अवस्थी, स्वरूप चटर्जी, सिद्धार्थ कुमार, गणेश तिवारी, जगदीश नरसरिया, सुशील भारततया, मनीष दिवान, रोहित कुमार, सुदर्शन कुमार, घनश्याम मंडल, चंदन कुमार, अनीश कुमार व अन्य थे।