- पंजवारा पुल पर श्रीहरि यात्री बस में लगी भीषण आग
- शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
- दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता
गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर बांका जिले के पंजवारा स्थित चीर नदी पुल पर मंगलवार की अहले सुबह गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आकर धू-धू कर जलने लगी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही देर में बस जलकर खाक हो गई। गनीमत यही रही कि यात्री सुरक्षित रहे। यात्रियों ने बस से कूद कर किसी तरह जान बचाई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीहरि नामक यात्री बस (निबंधन संख्या- जेएच 04 क्यू 7111) मंगलवार को सुबह करीब 4 बजे गोड्डा से यात्रियों को लेकर भागलपुर के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान पंजवारा के चीर नदी पुल के समीप अचानक बस में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बस से आग की लपटें उठती देख चालक और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना पर दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया था और बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
झारखंड स्थापना दिवस पर पारंपरिक ग्राम व्यवस्था में भूमिका निभाने वालों को किया गया सम्मानित
गोड्डा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पारंपरिक पदाधिकारियों के सम्मान में मंगलवार को जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। डीआरडीए स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में परगनैत, ग्राम प्रधान, जोगमांझी एवं डाकुआ को सम्मानित किया गया।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा वैद्यनाथ उरांव ने पारंपरिक पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक ग्राम व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों से है। इन परंपराओं को पीढ़ी दर पीढ़ी संरक्षित रखने में परगनैत, ग्राम प्रधान, जोगमांझी एवं डाकुआ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ये पदाधिकारी ग्रामीण समाज में सामाजिक समरसता, सामुदायिक एकजुटता और पारंपरिक रीति-रिवाजों को बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं।
समारोह में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही पारंपरिक पदाधिकारियों के अनुभव, सामाजिक जिम्मेदारियों और ग्रामीण समाज के प्रति उनके समर्पण की सराहना की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक ग्राम व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प भी व्यक्त किया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि सामाजिक समरसता, समावेशी विकास और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए पारंपरिक पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
हनवारा में आज से लगेगा दो दिवसीय कार्तिक मेला
-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क
हनवारा। देवताओं के सेनापति कुमार कार्तिकेय की इस जिला में शायद इकलौता मंदिर हनवारा में है। कार्तिक पूर्णिमा के पवन मौके पर भगवान कार्तिकेय की पूजा अर्चना करने के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ जुटती है। इस अवसर पर दो दिवसीय मेला एवं खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है। बुधवार से दो दिवसीय मेला एवं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा।
हनवारा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध कार्तिक मेला को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। मेले में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मंगलवार को महागामा के पुलिस इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक एवं हनवारा थाना प्रभारी विकास कुमार ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मेला कमेटी के सदस्यों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हनवारा में 25 एवं 26 नवंबर को दो दिवसीय कार्तिक मेला आयोजित होगा। मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तारामाछी, ब्रेक डांस, जलपरी शो समेत विभिन्न प्रकार के झूले और खेल-तमाशे लगाए जा रहे हैं। मेला को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।
प्रमुख आकर्षण दोनों दिन आयोजित होने वाला भव्य दंगल एवं कुश्ती मुकाबला होगा। इसमें बिहार, बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के नामी पहलवानों के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न राज्यों के पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मेला कमेटी को भीड़ नियंत्रित करने, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, यातायात सुचारू करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मेला में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण माहौल में मेला संपन्न कराने को लेकर मुस्तैद रहेगा।
रायना पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
गोड्डा। जिला मुख्यालय केरायना पब्लिक स्कूल परिसर में मंगलवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी जांच कराई और परामर्श लिया। शिविर में डॉ आकाश कुमार (एमबीबीएस) और डॉ. स्मृति कुमारी (एमडीएस) ने अपनी सेवाएं दीं।
डॉ. आकाश कुमार और डॉ स्मृति कुमारी ने छात्रों व अभिभावकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दांत, आंख और पोषण से जुड़ी स्थिति को देखा।
चिकित्सकों ने बच्चों और अभिभावकों को संतुलित आहार लेने, जंक फूड से बचने, नियमित व्यायाम करने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डॉक्टरों ने कहा कि बच्चों व परिवार की सेहत को लेकर समय पर जांच और जागरूकता आगे की स्वास्थ्य समस्याओं से बचाती है।
कार्यक्रम के अंत में रायना पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल रूबी आज़ाद ने सभी को धन्यवाद देते हुए अपने-अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
मानदेय वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग लेकर रसोइया दीदियां रांची रवाना
विधानसभा के सामने देंगी धरना
गोड्डा। झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ के बैनर तले राजधानी रांची में 25-26 नवंबर को रसोइया दीदियां 2 दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगी। यह धरना प्रदर्शन विधानसभा भवन के सामने प्रस्तावित है। दरअसल, इन्हीं 2 दिनों में झारखंड विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है, जहां सरकार खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 और विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण पर चर्चा करना चाहती है। मंगलवार को गोड्डा जिले से 300 से ज्यादा रसोइया दीदियां रांची के लिए रवाना हुईं, जहां संघ के प्रदेश सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने उन्हें विदा किया। इस दौरान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की भी मौजूद रहे।
प्रदेश सचिव मनोज कुमार कुशवाहा और प्रदेश उपाध्यक्ष भुंडा बास्की ने बताया कि झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ (एक्टू) के समर्थन से अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन कर रहा है। इसके तहत 24 से 27 नवंबर तक राज्य भर की रसोइया दीदियां हड़ताल पर रहेंगी। वहीं, 25 और 26 नवंबर को रांची के कुटे मैदान में झारखंड विधानसभा के समक्ष 2 दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। बताया कि पिछले करीब 22 वर्षों से रसोइया दीदियां सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और उन्हें खिलाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। उन्हें अनुबंध कर्मचारी के रूप में मान्यता नहीं दी गई है। संघ का कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें सम्मानजनक मानदेय और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
रसोइया संघ ने आरोप लगाया कि दीदियों को दिहाड़ी मजदूरों के बराबर भी मजदूरी नहीं मिलती है। कई बार लिखित समझौता होने के बावजूद मांगों को लागू नहीं किया गया। इतना ही नहीं, 60 वर्ष की उम्र पूरी होने का हवाला देकर सैकड़ों रसोइया दीदियों को काम से हटाया जा रहा है।
संघ की ओर से छह प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इनमें रसोइया दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने तथा जब तक यह दर्जा नहीं मिलता, तब तक न्यूनतम 42 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग शामिल है। इसके अलावा सभी रसोइया दीदियों का डाटाबेस तैयार कर नियुक्ति नियमावली बनाने, साल में दो सेट सूती ड्रेस के लिए प्रतिवर्ष 2 हजार रुपये देने तथा पेंशन और बीमा की सुविधा लागू करने की मांग की गई है।
संघ ने यह भी मांग की है कि नियुक्ति नियमावली, पेंशन और बीमा की व्यवस्था होने तक 60 वर्ष की उम्र का हवाला देकर किसी भी रसोइया को काम से नहीं हटाया जाए। साथ ही, रसोइया दीदियों को प्रताड़ित करने वाले शिक्षकों के खिलाफ न्यायसंगत कार्रवाई हो तथा प्रत्येक महीने की 5 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
एन.आई. लोक अदालत में 8 मामले का निपटारा
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से न्यायालय परिसर में एन.आई. एक्ट के वादों का त्वरित निष्पादन को लेकर विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें 08 मामले का निपटारा कर 41,85,313 रुपये की राशि का समझौता किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर चेक बाउंस से संबंधित वादों के निपटारा को लेकर विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया था। इसमें 43 मामले की सुनवाई हुई जहां आठ मामले का निपटारा कराया गया।
पत्तिचक-पिरोजपुर सिद्धू-कान्हू चौक पर जाम से लोग परेशान, स्थायी वाहन पड़ाव की मांग
एनएच-133 पर चारों दिशाओं से वाहनों का दबाव, ऑटो-टोटो के बेतरतीब पड़ाव से बढ़ रही समस्या
मेहरमा। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बिहार-झारखंड सीमा स्थित पिरोजपुर सिद्धू-कान्हू चौक पर लगातार लगने वाले सड़क जाम से आमजन परेशान है। राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर स्थित इस चौक से चारों दिशाओं में वाहनों का आवागमन होता है। सड़क किनारे बाजार, छोटे वाहनों के बेतरतीब पड़ाव और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से चौक के आसपास स्थायी वाहन पड़ाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। पिरोजपुर-बाराहाट बाजार चौक के समीप ही स्थित है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ और सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से आवागमन बाधित होता है। सिद्धू-कान्हू चौक से पिरोजपुर-कहलगांव-भागलपुर मुख्य मार्ग, भगैया-साहिबगंज मार्ग, पीरपैंती रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क तथा गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग जुड़ते हैं। ऐसे में चौक पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। इसके अलावा पीरपैंती रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर अडानी परियोजना का कार्य चलने के कारण भारी वाहनों का परिचालन भी बढ़ा है। ऑटो, टोटो, बाइक और पिकअप वाहन चालक चौक पर ही बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर यात्रियों को बैठाते और उतारते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशान होना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। जाम हटाने के लिए मेहरमा पुलिस के साथ बिहार के इशीपुर-बाराहाट थाना पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ती है। दोनों राज्यों की पुलिस के समन्वय से यातायात सामान्य कराया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक चौक पर छोटे वाहनों के लिए स्थायी पड़ाव की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक जाम की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से चौक के समीप या अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थायी बस एवं ऑटो पड़ाव बनाने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि एनएच-133 पर आवागमन सुगम हो सके।