हीमोग्लोबिन की कमी से जूझ रहे थे मरीज
पाकुड़ निसं। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में इंसानियत फाउंडेशन के सदस्यों ने चार मरीजों की जान बचाई। सदर सुपर अस्पताल जंगीपुर में आदित्यनागर की 20 वर्षीय सलमा खातून का हीमोग्लोबिन 2.3 तक गिर गया था। उन्हें तत्काल एबी पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी। सदर अस्पताल सोनाजोड़ी में 18 वर्षीय तुर्जाउन खातून को हीमोग्लोबिन की समस्या के कारण ओ पॉजिटिव रक्त की जरूरत थी। कोटालपोखर की नमिता साहा को एबी पॉजिटिव और काकोरबोना के बुजुर्ग जामु शेख को बी पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी। मरीजों के परिवार वालों ने इंसानियत फाउंडेशन के सचिव बानिज शेख से संपर्क किया। ग्रुप में सूचना मिलते ही चार स्वयंसेवक रक्तदान के लिए आगे आए। जेकेर अली ने एबी पॉजिटिव, रमन सिंह ने एबी पॉजिटिव, अकमल शेख ने ए पॉजिटिव और सोहिदुल शेख ने बी पॉजिटिव रक्त का दान किया। इंसानियत फाउंडेशन के सलाहकार परवेज आलम ने बताया कि उनकी टीम हमेशा जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि वे रक्त की कमी से किसी को परेशान नहीं होने देंगे।
पुलिस ने अपहरण का आरोपी को किया गिरफ्तार, पीड़िता बरामद
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पाकुड़ निसं। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एक अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी भगन मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुंदरापहाड़ी का रहने वाला है। मामला भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 137(2)/96 से जुड़ा है। यह केस 1 जून 2025 को दर्ज किया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने 2 जून 2025 को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
9 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को लेकर निकाली गई कलश यात्रा
हिरणपुर निसं। प्रखंड के गोविंदपुर तारापुर स्थित बजरंगबली मंदिर में 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को भव्य कलश यात्रा और शोभा यात्रा के साथ हुई। श्री बजरंगबली मंदिर समिति की ओर से आयोजित इस कथा का वाचन संजय कृष्ण करेंगे। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं और भक्तों ने जयकारे लगाए। यात्रा गांव के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए बजरंगबली मंदिर पर समाप्त हुई। मुख्य जजमान ने सिर पर श्रीमद्भागवत रखकर कलश यात्रा का नेतृत्व किया। कार्यक्रम 02 से 08 जून तक चलेगा। मंदिर समिति के सदस्य पिछले एक महीने से इसकी तैयारियों में जुटे थे। समिति के सदस्य संतोष साह, मनोज साह, अंबिका साह, उमा चरण साह और पंकज साह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। कथा स्थल पर बड़ा पंडाल बनाया गया है। विद्युत सज्जा की गई है। श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। समिति की ओर से प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
पेयजल संकट को दूर करने के लिए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
आश्वासन के बाद 2 घंटे में सड़क जाम किया समाप्त
अमड़ापाड़ा। संवाददाता। प्रखंड के पहाड़पुर गांव में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को पाकुड़-दुमका मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हाथों में घरेलू बर्तन लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद गुप्ता, अंचल अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों में पानी की कमी हो गई है। गांव में पेयजल स्रोत से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, जाम जारी रहेगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पेयजल समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। साथ ही, अन्य छोटी-मोटी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। बीडीओ के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे के जाम के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे। जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और यात्री परेशान नजर आए।
स्कूटी-बाइक की टक्कर, चार हुए घायल
हिरणपुर। संवाददाता। थाना क्षेत्र के रानीपुर पेट्रोल पंप के निकट सोमवार को स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। लिट्टीपाड़ा के तालपहाड़ी, डुमरिया निवासी मनोज कुमार ठाकुर अपने 10 वर्षीय पुत्र आनंद ठाकुर और पुत्री बिजिता कुमारी के साथ स्कूटी पर सवार थे। वे हिरणपुर बाजार से खरीदारी करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान लिट्टीपाड़ा क्षेत्र के बांडू निवासी शिवलाल मड़ैया की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में शिवलाल मड़ैया के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। मनोज कुमार ठाकुर और उनके दोनों बच्चे भी घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस गश्ती दल ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर में भर्ती कराया है। हिरणपुर थाना के एसआई गौरी शंकर प्रसाद ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्कूटी को थाने ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वैज्ञानिक तरीके से सब्जी की खेती
किसान जुयेल की मासिक कमाई 1.10 लाख, रोज 3500 की बिक्री
अब रोजगार के लिए पलायन की मजबूरी नही
महेशपुर। संवाददाता। जिला प्रशासन की ओर से कृषि के क्षेत्र में किसानों को स्वावलंबी बनाने के किया जा रहे प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आता दिख रहा है। उपायुक्त मनीष कुमार के साथ साथ कृषि विभाग के अधिकारी और वैज्ञानिकों से प्रेरणा लेकर महेशपुर प्रखंड के किसान वैज्ञानिक पद्धति से खेती की ओर अग्रेषित हुए हैं और वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर लाखों रुपए की कमाई कर रहे हैं। महेशपुर प्रखंड के भेटाटोला पंचायत में अहिल्यापुर ग्राम के किसान जुयेल हांसदा ने वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सफलता हासिल की है। जुयेल के पास 3 एकड़ जमीन है। पहले वह परंपरागत खेती करते थे, जिससे परिवार का भरण-पोषण मुश्किल था। कृषि विभाग के सहायक तकनीकी प्रबंधक ने उन्हें उद्यानिकी फसलों की जानकारी दी। उन्होंने पांच दिवसीय प्रशिक्षण भी लिया। इसके बाद उद्यान विभाग से मिले सब्जी के बीज को अपनी पूरी जमीन में लगाया। विभाग से मिली कीट रहित सब्जी उत्पादन इकाई की भी स्थापना की। जुयेल अब रोजाना करीब 3500 रुपये की बैंगन, टमाटर और अन्य सब्जियां स्थानीय बाजार में बेच रहे हैं। अब तक उन्हें 1 लाख 10 हजार रुपये का मुनाफा हो चुका है। जुयेल कहते हैं कि सब्जी की खेती से बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में मदद मिल रही है। अब उन्हें रोजगार के लिए पलायन करने की मजबूरी नहीं है। वे भविष्य में बड़े पैमाने पर फल और सब्जियों की खेती करेंगे। साथ ही, दूसरे किसानों को भी इस तरह की खेती के लिए प्रेरित करेंगे।
4 जून को आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का होगा आयोजन
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत किसानों को मिलेगा बेहतर मार्केटिंग का मौका
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड में मनरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत 4 जून को एक दिवसीय आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को प्रखंड के सभागार भवन में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक हुई। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास ने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण है। इस मेले का मुख्य उद्देश्य योजना के तहत लगाए गए फलदार वृक्षों से उत्पादित आम को बाजार में उपलब्ध कराना है। मेले से स्थानीय किसानों को व्यापारियों से सीधा संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे उनके उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग हो सकेगी। मेले में उन लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने योजना के तहत अच्छा काम किया है और अतिरिक्त आमदनी प्राप्त कर रहे हैं। ये लाभार्थी अपनी सफलता की कहानी साझा करेंगे। इससे अन्य किसान भी बागवानी की ओर प्रेरित होंगे। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने स्थानीय किसानों से मेले में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।
पूर्व सीएम रघुवर दास 7 जून को लिट्टीपाड़ा में
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास 7 जून को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सिमलजोड़ी गांव का दौरा करेंगे। तिरियो संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। तिरियो संस्था के सचिव साहेब हांसदा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जामजोड़ी पंचायत के अंतर्गत आने वाले सिमलजोड़ी गांव में रघुवर दास लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों के लोग भी मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे।
जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प
हिरणपुर। संवाददाता। थाना क्षेत्र के गोसाईपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया है। पहले पक्ष की ओर से पार्वती देवी ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 28 मई को वह नहाने जा रही थी। इस दौरान अरुण मंडल और श्रवण मंडल ने उन्हें जबरन ले जाने का प्रयास किया। उनके चिल्लाने पर जेठ सुकुमार मंडल मदद के लिए आए। आरोप है कि इस दौरान अरुण, श्रवण, निपेन मंडल और अनिता देवी ने लाठी-डंडों से सुकुमार मंडल पर हमला कर दिया। इस हमले में उनका हाथ टूट गया।दूसरे पक्ष से अनिता देवी ने भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके ससुर अपनी जमीन पर काम करवा रहे थे। इसी दौरान सुकुमार मंडल, इंद्रदेव मंडल, राधेश्याम मंडल, पार्वती देवी और आरती देवी ने मजदूरों को पत्थर मारकर भगा दिया। विरोध करने पर उनके साथ छेड़खानी की गई। बचाव में आए उनके ससुर के साथ भी मारपीट की गई। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विक्रमपुर में सड़क हादसे में एक की मौत
पाकुड़। निसं। पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विक्रमपुर के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने पाकुड़-विक्रमपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित लोग सड़क पर डटे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमपुर के पास सड़क दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। इस मार्ग पर वाहन तेज गति से चलते हैं। इसी कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। दुर्घटना में मृत व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।