देवघर/वरीय संवाददाता। इनरव्हील क्लब देवघर द्वारा स्थानीय दीनबंधु स्कूल में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए वॉश बेसिन लगाया गया है। इनर व्हील की अध्यक्ष सारिका साह एवं सचिव अर्चना भगत की अगुवाई में विद्यालय में यह कार्य संपन्न हुआ। डॉ एन सी गांधी द्वारा इसका उद्घाटन किया गया एवं डॉ गांधी का वॉश बेसिन लगाने में विशेष योगदान रहा। मौके पर डॉ मंजु बैंकर एवं रीता चौरासिया भी उपस्थित थी, जिन्होंने स्कूल को दो बड़े कूड़ादान भी भेंट किया। डॉ गांधी ने इनर व्हील के सामाजिक कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और विद्यालय में कराए गये कार्य के लिए सराहना की। ज्ञात हो की वॉश बेसिन के ऊपर हैंड वाश के छह चरण का दीवार पर पेंटिंग किया गया है जिसे देखकर बच्चे हाथ धोने का सही तरीकाा सीख सके और उसका प्रयोग कर स्वच्छ और स्वस्थ रह सके। अध्यक्ष सारिका साह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इनर व्हील अलग अलग विद्यालयों में वॉश बेसिन का निर्माण करवा रही है और इस वर्ष इनर व्हील द्वारा दीनबंधु स्कूल को यह भेंट दी गई है। सचिव अर्चना भगत और डॉ. मंजु बैंकर द्वारा बच्चों को हाथ धोने का सही तरीका भी सिखाया गया। मौके पर क्लब की आईपीपी सरिता अग्रवाल, रेणु सिंघानिया, प्रीति अग्रवाल, दीनबंधु स्कूल शिक्षक एवं बच्चे मौजूद थे।
तक्षशिला विद्यापीठ में महालया पर कार्यक्रम 14 को
देवघर/वरीय संवाददाता। या देवी सर्व भूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता। नमस्तस्ये नमस्तस्ये नमस्तस्ये नमो नम: मंत्रोच्चारण के साथ शनिवार 14 अक्टूबर को तक्षशिला विद्यापीठ में महालया पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी तक्षशिला विद्यापीठ के प्रशासनिक पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्रा के हवाले से दी गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त तिथि को स्कूल के ऑडिटोरियम में संध्या 6:15 मिनट से आयोजित कार्यक्रम में महिषासुर मर्दिनी का नाट्य रूपांतरण छात्र-छात्राओं के द्वारा किया जाना है। इसके अतिरिक्त मां दुर्गा के सभी नौ रूपों का कलाकारों के द्वारा मंचन किया जाएगा। श्री मिश्रा के अनुसार कार्यक्रम को आकर्षक व नयनाभिराम रूप देने के लिए तक्षशिला परिवार पिछले सप्ताह भर से मेहनत कर रहा है। वहीं स्कूल के एमडी पूर्व मंत्री श्री के.एन.झा के निर्देशन में वर्षों से आयोजित इस महालया कार्यक्रम को सफल बनाने में बच्चे भी पूरे तन-मन से जुटे हुए हैं।
भगवान गणेश रंगभरो प्रतियोगिता के विजयी हुए पुरस्कृत
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय ओमसत्यम इंस्टीट्यूट ऑफ फिल्म, ड्रामा एंड फाइन आर्ट्स तथा विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के युग्म बैनर तले पिछले दिन भारत के विभिन्न स्थानों पर विघ्नहर्ता भगवान गणेश रंगभरो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतिभागियों को चार ग्रुपों में बांटा गया था। ग्रुप नर्सरी से द्वितीय तक के विद्यार्थियों को ग्रुप ए, तृतीय से षष्ठ को ग्रुप बी, सप्तम से दशम को ग्रुप सी जबकि सर्वसाधारण को ग्रुप डी में रखा गया था। स्थानीय विजेताओं को स्थानीय सिद्धिविनायक बैंक्वेट हॉल में मुख्य अतिथिद्वय, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया, देवघर के अपर निदेशकद्वय जगन्नाथ उराँव एवं सिद्धार्थ कुमार राय, विशिष्ट अतिथि, क्रेडिबिलिस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली के निदेशक आईआईटीयन नरेश प्रसाद सिंह, वेक्सो इंडिया के संरक्षक प्रो. रामनन्दन सिंह, केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, समाजसेवी रीता चौरसिया, सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स, देवघर के अध्यक्ष रामसेवक सिंह ‘गुंजन’ व जूनियर गेस्ट आराध्या प्रियाके द्वारा पुरस्कृत किया गया। ग्रुप ए में, सांदीपनि पब्लिक स्कूल की आराध्या गुप्ता, तनवी गुप्ता व शिवांश सिंह को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय जबकि इसी विद्यालय के सक्षम भारद्वाज, आन्या सिंह व नित्य झा को सांत्वना पुरस्कार, ग्रुप बी में, इसी विद्यालय के केशव कुमार केशरी, पलक झा, अमृत कुमार को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय, आशुतोष बालिका उच्च विद्यालय की रितिका कुमारी व कर्मसम्भाव इंटरनेशनल स्कूल के ऋषभ पाण्डेय को युग्म रूप से जिला में चतुर्थ, ग्रुप सी में सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस मातृ मंदिर बालिका उच्च विद्यालय की खुशबू कुमारी को प्रथम, आशुतोष बालिका विद्यालय की रोशनी कुमारी को द्वितीय, जबकि इसी विद्यालय की ऋषिका कुमारी व ब्राइट कैरियर स्कूल की राशि कुमारी को युग्म रूप से तृतीय तथा इस विद्यालय की स्वाति कुमारी, मेघा सिंह परमार, साइना सिंह परमार, रिया कुमारी, अदिति कुमारी, चंदा कुमारी, निशा कुमारी, अनिशा कुमारी केशरी, राधिका कुमारी, किट्टू कुमारी व माही कुमारी ; श्री शारदा बालिका मध्य विद्यालय की अंशिका कुमारी एवं कन्या मध्य विद्यालय, रोहिणी की जिया कुमारी को सांत्वना पुरस्कार, ग्रुप डी में ए.एस. कॉलेज की शैला गौतम को प्रथम, आशुतोष बालिका की अनुप्रिया कुमारी व श्री लीलानन्द (पागल बाबा) उच्च विद्यापीठ की दिव्यांशी राज को युग्म रूप से द्वितीय, श्री लीलानन्द की निकिता कुमारी को तृतीय, प्रियांशी राज को चतुर्थ, आशुतोष विद्यालय की माही कुमारी व अनिशा कुमारी की पंचम पुरस्कार प्रदान किया गया।
जिला बीस उपाध्यक्ष ने विवि अध्यक्ष रवि को किया सम्मानित
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष सह देवघर जिला कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय ने झारखंड प्रदेश एनएसयूआई के द्वारा रांची में आयोजित प्रदेश स्तरीय मिलाप सम्मेलन में संथाल परगना देवघर के रहने वाले सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के अध्यक्ष रवि वर्मा को एनएसयूआई मिलाप सम्मेलन में सम्मान मिलने पर देवघर पहुंचने पर उन्हें सम्मानित किया।
बता दें कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व राज्यसभा सांसद सह झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय द्वारा रवि वर्मा को सर्टिफिकेट देकर तथा झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के द्वारा उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया था। श्री वर्मा को संथाल परगना में छात्रहित में छात्र/छात्राओं के विभिन्न मुद्दों पर प्रचार-प्रसार का कार्य बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक करने पर उन्हें सम्मानित किया गया है। मौके पर जिला अध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश, सचिव धर्मेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस देवीपुर प्रखंड अध्यक्ष राजाउल मुस्तफा, मनुवर अंसारी, आदर्श केशरी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
अमृत कलश में चावल एकत्र कर लिया पंच प्रण प्रतिज्ञा
देवघर/वरीय संवाददाता। हिंदी विद्यापीठ बीएड कॉलेज, देवघर राष्ट्र सेवा योजना की इकाई एक तथा इकाई दो द्वारा गुरुवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत अमृत कलश में चावल एकत्र कर पंच प्रण प्रतिज्ञा लिया गया। हिंदी विद्यापीठ बीएड कॉलेज द्वारा गोद लिए गए गांव जरूआडीह में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. आशा मिश्रा, उपप्रचार्य डॉ रितु रानी इकाई एक के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ ओम कुमार, सहायक प्राध्यापक डॉ अपर्णा झा, मणिकांत रजनी रंजन, मौसमी मुखर्जी, सुषमा सिन्हा, दिव्या कुमारी, कायार्लय अधीक्षक पंकज कुमार सिन्हा, प्रमोद पांडे एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण को लेकर कार्याशाला का आयोजन
देवघर/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित यूनिक करियर पब्लिक स्कूल के प्रशाल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालय के बड़े बच्चों एवं शिक्षकों के बीच एक कार्यशाला एवं संबंधित विषयों पर ज्ञान-विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्य कुमारी अर्पणा गुप्ता एवं स्वास्थ्य विभाग से आए हुए प्रशिक्षकों ने सम्मिलित रूप से किया। उक्त कार्यक्रम में बच्चों को तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा बच्चे कैसे मानसिक रूप से मजबूत बने ताकि उनके बौद्धिक क्षमता का विकास हो सके तथा राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर सकें इसके लिए बच्चों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संबंधित विषयों पर ज्ञान विज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें सुष्मिता कुमारी कक्षा सप्तम प्रथम स्थान, दुर्गेश कुमार कक्षा नवम द्वितीय स्थान, तथा लक्ष्मी कुमारी कक्षा नवम तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन बच्चों को विभाग द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक जेम्स मुर्मू, अजय कुमार झा, रितेश कुमार, अभिनव आनंद, अमन कुमार, चमन कुमार इत्यादि मौजूद रहे।
नौकरी के नाम पर झांसा देकर 10 हजार की ठगी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सलोनाटांड़ की रहने वाली एक महिला से नौकरी का झांसा देकर 10 हजार रुपए की ठगी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर लक्ष्मी कुमारी ने साइबर थाने में आवेदन देकर शिकायत की है। कहा है कि उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे एक कंपनी में ऑनलाइन नौकरी देने की बात कहकर झांसी में ले लिया। उपरांत उसके बैंक खाते की जानकारी लेकर 10 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली। इधर शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
दुकान के सामने से बाइक चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सीपी ड्रोलिया रोड स्थित एक दुकान के पास से बाइक चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर गौरव कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। बताया कि वह अपनी बाइक संख्या जेएच 15 वाई 6611 को बुधवार की शाम 6 बजे अपनी दुकान के सामने लगाया था। लगभग 7 बजे जब बाहर निकाला तो बाइक गायब मिली। नगर पुलिस आवेदन लेकर छानबीन मे जुट गई है।
दुकान में रंगदारी की मांग को लेकर फायरिंग करने वाला फरार आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने गुरुवार रंगदारी को लेकर गोलीबारी करने वाले फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गए आरोपी का नाम दीपक कुमार गुप्ता है जो कालीराखा बड़ा बजरंगबली के पास का रहने वाला है। बताते चले कि छह अगस्त 2023 को दिन-दहाड़े आजाद चौक के पास सूरज मल रोड स्थित एक ड्राइ फ्रूट्स दुकानदार से रंगदारी की मांग को लेकर दहशत फैलाने को लेकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इसे लेकर नगर थाना मे दुकानदार शिवम खोवाला ने मामला दर्ज कराया था।
मारपीट करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना में मारपीट करने को लेकर अपनी मां सहोदर भाई एवं बहन पर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला बदलाडीह निवासी नीलू मुमूर्ू ने दर्ज कराया है। कहा है कि वह मायके में ही रहकर दुकान चलाने का काम करती है। दुकान बंद कर वह कहीं गयी थी। उसी दौरान उसे मां लोको हासदा, भाई राजा मुर्मू तथा बहन अनिशा घर पर बुलाकर मारपीट किया। उसके दुकान का भी सामान इधर-उधर फेंक दिया। पुलिस मामला दर्ज जांच में जुट गयी है।
बिजली चोरी को लेकर केस
देवघर/संवाददाता। जिले के जसीडीह थाना में बिजली चोरी को लेकर चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला कनीय अभियंता सुरेन्द्र गुप्ता ने दर्ज कराया है। जिसमें शंभू राय, चंदन राय कोकरीबाद और रामेशचन्द्रा साकिन रामचन्दरपुर को आरोपी बनाया है। मामला दर्ज कर पुलिस तहकिकात में जुट गयी है।
छह लोगों पर बिजली चोरी का केस
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना में बिजली चोरी कर उपयोग करने के को लेकर छह लोगोंे पर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला कनीय अभियंता प्रीति कुमारी ने दर्ज कराया है। मामले में मनोज द्वारी प्रोफेसर कॉलोनी नावाडीह, विकास चन्द्र, परशुराम साह, रामदेव मंडल, विजय मंडल महेशमारा को आरोपी बनाया गया है। मामला दर्ज कर रिखिया पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
बोलेरो की चोरी
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना में बोलेरो चोरी हो जाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला आमगाछी निवासी प्रमोद कुमार मंडल ने दर्ज कराया है। जिसमें कहा है कि बोलेरो उसके घर सामने खड़ी थी। देर रात को अज्ञात अपराधियों द्वारा बोलेरो वाहन की चोरी कर ली गयी। मामला दर्ज कर पुलिस वाहन की खोजबीन में जुट गयी है।
घर का ताला तोड़कर चोरी
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना में घर का ताला तोड़कर हजारों रुपए की संपत्ति की चोरी कर लिये जाने का मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला रढ़ीया निवासी ललीता देवी ने दर्ज कराया है। कहा है कि घर के सभी सदस्य एक कमरे में सोये थे। देर रात को दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोरों चांदी के जेवरात एवं बर्तन सहित कई सामान की चोरी कर ली। सुबह उठने के बाद चोरी होने की जानकारी मिली। मामला दर्ज कर रिखिया पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
- एक लेपटॉप सहित मोबाइल व फर्जी सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। जिले के साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर सोनारायठाढ़ी थाना इलाके जरका एवं चंदना गांव से दो साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से छह फर्जी सिम, छह मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। दोनों के पास से बरामद मोबाइल में पूरे भारत वर्ष में ठगी के दो लिंक पाया गया है। जिसकी जांच साइबर पुलिस द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में पवन कुमार मंडल साकिन जरका चंदना और प्रिंस कुमार साकिन पिपरसोल थाना सोनारायठाढ़ी का रहने वाला है। जेल गया आरोपी पवन कुमार मंडल पूर्व में भी सोनारायठाढ़ी थाना कांड संख्या 55/17 में आरोपी रहा है।
दुकान में तोड़फोड़ करने व आग लगाने को ले मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगाने को लेकर माला दर्ज कराया गया है। यह मामला जटाही मोड़ निवासी राजीव महथा ने दर्ज कराया है। जिसमें विजयकांत महथा को आरोपी बनाया है। मामला दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुट गयी है।
पुस्तकालयों में पुस्तकों की उपलब्धता हो सुनिश्चित : अपर्णा सेन
- झारखंड विधानसभा पुस्तकालय विकास समिति की सभापति की अध्यक्षता में हुई बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड विधानसभा की पुस्तकालय विकास समिति की सभापति अपर्णा सेन गुप्ता की अध्यक्षता में देवघर परिसदन के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त डॉ ताराचंद द्वारा सभापति अपर्णा सेन गुप्ता का स्वागत किया।
इसके अलावा बैठक के दौरान सभापति द्वारा बताया गया कि साधारण वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ते हुए उनके विकास में योगदान देने के उद्देश्य से सरकार पंचायत स्तर से जिला स्तर तक पुस्तकालय उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। आगे देवघर जिला अंतर्गत संचालित सरकारी व निजी पुस्तकालयों की वस्तुस्थिति से सभापति अवगत हुई। साथ ही उन्होंने पुस्तकालयों में मूलभूत सुविधाओं के अलावा बच्चों की आवश्यकता अनुसार किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावे उन्होंने जिले में सार्वजनिक पुस्तकालय व सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय है या नहीं, किताबों की उपलब्धता, पुस्तकालय में अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, भवन की स्थिति आदि की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।
बैठक में सभापति द्वारा शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनसंपर्क विभाग, आपूर्ति विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग, पेयजल स्वच्छता विभाग, नगर निगम, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पर्यटन विभाग के अलावा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुबार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया, ताकि सुयोग्य लाभुकों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। बैठक के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के समीक्षा के क्रम में सभापति ने उप विकास आयुक्त से जिले में बाबा साहब अंबेदकर आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित अन्य योजना की जानकारी ली। इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि अंबेदकर आवास योजना के तहत आवासों को स्वीकृति कर कार्य किये जा रहे हंै। साथ ही उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के अलावा जिले में चल रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया।
बैठक में कौन-कौन थे उपस्थित : बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, डीआरडीए निर्देशक, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, राज्यकर आयुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन अर्जन, जिला अवर निबंधक, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला भू-संरक्षण पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक, उत्पाद अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद महा प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, श्रम अधीक्षक, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
दुर्गा पूजा की तैयारी को अंजाम तक पहुंचने में जुटी ननि की टीम
- सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने पूजा पंडाल व मुख्य मार्ग का किया भ्रमण
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल के निर्देश पर गुरुवार को दुर्गा पूजा को देखते हुए पूजा पंडालों का और मुख्य मार्ग में साफ-सफाई एवं पथ प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेने सहायक नगर आयुक्त विजय कुमार हांसदा एवं सहायक विद्युत प्रभारी कुणाल खवाड़े के साथ शहर का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दरमियान में सहायक नगर आयुक्त ने पथ प्रकाश व्यवस्था और भी बेहतर करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। पूजा पंडाल के आसपास एवं शहर के मुख्य रोड गली मोहल्ले चौक चौराहों पर लगे सभी लाइटों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने को कहा। ही साथ शिवगंगा पर वार्ड जमादार प्रदीप ठाकुर द्वारा साफ-सफाई संबंधित एवं शिवगांगा को स्वच्छ रखने के लिए निर्देश दिया। सहायक नगर आयुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि दुर्गा पूजा को देखते हुए पूरी एक्टिव मोड में साफ-सफाई एवं पथ प्रकाश की टीम नजर आएगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी समाधान किया जा रहा है। पथ प्रकाश व्यवस्था एवं साफ सफाई व्यवस्था संबंधित शिकायतों का कंट्रोल रूम के माध्यम से निराकरण किया जा सकता है। इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराया गया 70041177976 और 8709049825 साफ सफाई संबंधित 9508112201 पर किया जा सकता है।
राष्ट्रीय पदक जीत रूही ने बढ़ाया देवघर का मान : सुनील
- राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने पर बधाई
देवघर/संवाददाता। अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रूही की सफलता ने देवघरवासियों का मान बढ़ाया है। सीआईएसई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में संत फ्रांसिस स्कूल देवघर की कक्षा-छह की छात्रा रूही कुमारी ने अंडर-14 में रजत पदक जीतकर देवघर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज कराने का काम किया है। उक्त बातें देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुनील खवाड़े ने कही है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में गत 4 से 6 अक्टूबर तक चली प्रतियोगिता में देशभर के 530 प्रतियोगियों के बीच रूही ने अपना लोहा मनवाया है। कहा कि संत फ्रांसिस स्कूल के प्राचार्य फादर अब्राहम कोलाडिइल के मार्गदर्शन में कोच रंजीत कुमार मैनेजर कविता कुमुद की अगुवायी में गयी देवघर की टीम में शामिल रूही ने जो प्रदर्शन किया है, वह गौरवान्वित करने वाला है। संत फ्रांसिस स्कूल में पढ़ाई-लिखाई के साथ खेलकूद को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध हो रहा है। संघ के अध्यक्ष श्री खवाड़े ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली रूही को शुभकामना देते हुए बेहतर भविष्य की कामना की है। वहीं रूही को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले कोच और मैनेजर सहित उन्हें इस लायक बनाने वाले स्कूल प्राचार्य सहित स्कूल प्रबंधन को भी सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतिभा को निखारने की दिशा में प्रयास करने की बात कही है।