ईसीएल चितरा से अनफिट डंफरों से नहीं होगी कोयला ढुलाई : डीसी
जिला प्रशासन करेगा लीगल कार्रवाई
जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में चितरा कोलियरी से जामताड़ा रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई को लेकर प्रशासनिक पुलिस एवं चितरा कोलियरी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक आहूत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने चितरा कोलियरी से जामताड़ा रेलवे साइडिंग तक डंपरों से कोयला परिवहन के संदर्भ में कल बिंदापाथर थाना क्षेत्र में डंपर चालक, मालिक व सीआईएसएफ के बीच हुई झड़प के संदर्भ में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि जिन डंपरों से कोयला का परिवहन किया जा रहा है उनमें से अधिकतर वाहनों का निबंधन फेल हो चुका है, गाड़ियां भी अनफिट है, उन गाड़ियों के संचालन से हादसों की आशंका बनी रहती है। हाल ही में डंपर से दुर्घटना हुई है। अनफिट वाहनों के परिचालन से लोगों के जान माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कोलियरी प्रबंधन को निर्देश दिया कि आप वाहन चालक, उसके मालिकों, जनप्रतिनिधि बुद्धिजीवी के साथ बैठक कर लें। किसी भी सूरत में अनफिट वाहनों से कोयला परिवहन की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिला प्रशासन की ओर से लीगल कार्रवाई की जायेगी, जिसमें किसी को किंतु-परंतु नहीं होनी चाहिए। वहीं उन्होंने कोयला का परिवहन तिरपाल से ढंककर करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने चितरा कोलियरी के महाप्रबंधक को उपायुक्त ने क्षेत्र में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, वाहन मालिकों आदि के साथ वाहन परिचालन को लेकर बैठक कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया ताकि अग्रेतर कार्रवाई की जा सके। मौके पर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनोज कुमार महतो, चितरा कोलियरी प्रबंधन के महाप्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।
मंत्री व अन्य अधिकारियों ने डिग्री महाविद्यालय का किया शिलान्यास व भूमि-पूजन
डिग्री कॉलेज क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए देगा नई दिशा : डा इरफान
जामताड़ा। संवाददाता। जिले के नारायणपुर प्रखंड नारोडीह गांव में डिग्री महाविद्यालय का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री डॉ इरफान अंसारी, कुलपति सिदो कान्हो विश्वविद्यालय, दुमका प्रो डॉ कुनुल कंदीर, उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने विधिवत रूप से नारियल फोड़कर एवं भूमि पूजन कर संपन्न किया। इस अवसर पर मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि यह अथक प्रयासों का परिणाम है। लंबे समय से चली आ रही क्षेत्र की मांग आखिरकार पूरी हुई। यह डिग्री कॉलेज नारायणपुर व आस-पास के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए नई दिशा देगा। अब छात्रों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह संस्थान भविष्य में एक मॉडल कॉलेज के रूप में विकसित होगा, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी।” उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार राज्य में शिक्षा के सशक्तीकरण के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा अब सांप और साइबर के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए पहचाना जाएगा।
वहीं इस अवसर पर सिदो कान्हो विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कुनुल कंदीर ने मंत्री का आभार प्रकट करते हुए कॉलेज के त्वरित निर्माण और सुचारू संचालन की बात कही। वहीं उपायुक्त रवि आनंद ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कॉलेज स्थानीय बच्चों के भविष्य की नींव रखेगा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय भाषा में भी लोगों को संबोधित कर महाविद्यालय बनने से होने वाले फायदों के बारे में अवगत कराया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने छात्रों से उच्च शिक्षा ग्रहण कर जिले का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने साइबर क्राइम से दूर रहने और हेलमेट पहनने की आदत डालने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं सहित अन्य मौजूद रहे।
सड़क जाम कर केंद्र सरकार के विरुद्ध विभिन्न राजनीतिक दलों ने किया नारेबाजी
नाला। संवाददाता। राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल का असर नाल प्रखंड में भी देखा गया। सुबह से ही विभिन्न संगठन के नेता कार्यकर्ता प्रखंड मुख्यालय स्थित आम बागान चौक में जमा हुए। देखते ही देखते उन्होंने किसान मजदूर एकता जिंदाबाद, हमारी मांगे पूरी करो, इंकलाब जिंदाबाद, बीजेपी सरकार हाय हाय आदि नारेबाजी करने लगे। काफी संख्या में उनके सड़क पर आने से दोनों दिशा से आने जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग दो घंटे इस बंद कार्यक्रम के दौरान मजदूर विरोधी, किसान विरोधी, बेरोजगार विरोधी नीति बंद करो, चार श्रम संहिता को तत्काल रद्द करो, मजदूरों के पेंशन, वेतन, महंगाई पर रोक, आवश्यक वस्तुओं के दाम घटाने तथा जीएसटी हटाने, सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण रोकने, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार की गारंटी देने, बिजली का निजीकरण रोकने आदि की मांग करते हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी किया। मौके पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार माजी, भाकपा के जिला सचिव कन्हाई माल पहाड़िया, भाकपा माले के वरीय नेता सुशील कुमार मोहली के अलावा सुनील कुमार राणा, विमल कुमार घोष, सुरेश कुमार दास, जयदेव घोष, आयेन चंद्र माजी, गणेश चंद्र भंडारी आदि भिन्न-भिन्न संगठन के नेता कार्यकर्ता काफी संख्या में शामिल हुए।
आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी आग, हजारों की संपत्ति खाक
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार रात करीब 9 बजे प्रखंड के माझगड़िया गांव में एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से लगी आग में हजारों की संपत्ति जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार कुंडहित प्रखंड के माझगड़िया के रहने वाले लक्ष्मण पातर के पुआल की छत बारे मिट्टी के घर पर आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गई। घटना के दौरान घर वाले तो बच गए लेकिन आग ने घर में रखा सारा समान जलाकर खाक कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से घर धु-धु कर जलने लगा। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन आज पर काबू पाने से पहले ही घर जलकर पूरी तरह खाक हो गया। भुक्तभोगी लक्ष्मण पातर ने बताया कि घटना के दौरान घर में मौजूद हजारों की संपत्ति जलकर खाक हो गई। भुक्तभोगी लक्ष्मण ने बुधवार को अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर मुआवजे की मांग की है।
खाजूरी प्लस टु में कानूनी जागरूकता अभियान आयोजित
कुंडहित। संवाददाता। जिला विधिक सेवा प्राधिकार जामताड़ा के निर्देशानुसार बुधवार को कानूनी सहायता शिविर लगाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। शिविर के दौरान डीएलएसए के पीएलवी ननीगोपाल गोराई, गोराचांद सिंह एवं सीमा घोष ने खाजूरी प्लस टू में छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनो की जानकारी देते हुए जागरूक करने का प्रयास किया गया। छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के बाबत जानकारी एवं सुझाव दिया। इस दौरान बताया गया कि कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर सम्पर्क कर सकते हैं। पीएलवी कर्मियों ने बालिकाओं को उनसे संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षित एवं निर्भय होकर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। इसके अलावे उन लोगों को बताया कि अपने अधिकारों के लिए लड़ना चाहिए और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए। साथ ही, शिक्षा का अधिकार, मौलिक अधिकार, महिला अधिकार, सुरक्षा का अधिकार आदि के विषय में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावे साइबर ठगी से बचने के उपायों, नशा मुक्ति और बाल विवाह को लेकर जागरूक किया गया।
मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक
कुंडहित। संवाददाता। बुधवार को कुंडहित प्रखंड सभागार में मनरेगा सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर बीडीओ जमाले राजा ने अधीनस्थ कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने प्रखंड अंतर्गत संचालित मनरेगा, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, 15वें वित्त आयोग, पेंशन योजनाओंके क्रियान्वयन की समीक्षा कर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया। मनरेगा की समीक्षा के क्रम में पुरानी योजनाओं को बंद करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, कार्यस्थलों पर नियमानुसार आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। बैठक के दौरान मनरेगा के तहत बिरसा मुंडा आम बागवानी योजना के तहत लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं को स्वीकृत कर उन पर कार्ड चालू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, बरसात आधारित योजनाओं को पारित कर मजदूरों को रोजगार मुहैया करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी योजनाओं को विभागीय मापदंडो के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। अन्य योजनाओं में लक्ष्य के विरुद्ध वर्तमान प्रगति की समीक्षा कर्मियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सहायक अभियंता, प्रखंड प्रधान लिपिक, सभी कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, प्रखंड समन्वयक, रोजगार सेवक, बीएफटी, कंप्यूटर ऑपरेटर गण उपस्थित थे।
लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त बिजली व्यवस्था बदहाल
कुंडहित। संवाददाता। पिछले एक महीने से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश में जन जीवन को पूरी तरह से अस्त व्यस्त और क्षेत्र को जलमग्न कर दिया है। वही किसान पूरे साल की इकलौती फसल धान की खेती के लिए अब बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार हो रही बारिश ने जलाशयों के साथ-साथ खेतों को भी पानी से लबालब भर दिया है। खेतों में पानी भरने की वजह से क्षेत्र के अधिकतर किसान अभी तक बिचड़े नहीं उगा पाए हैं। क्षेत्र के चंद किसान जैसे तैसे करके उगाए गए धान के बिचड़ो को खेतों में रोपने की जुगत लगा रहे हैं। नदी-नालों, जोड़ियां में पानी की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है। बारिश के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है। वही मरम्मत का इंतजार कर रही पक्की सड़को की हालत बारिश ने और भी खास्ता और बदहाल कर दी है। कच्ची सड़के कीचड़ के दलदल में तब्दील हो गई है। बारिश की वजह से मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। मौसम पालतू मवेशियों पर भी कहर बनकर टूट रहा है।
बारिश में क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को भी बदहाल कर दिया है। बीते रविवार रात कुंडहित मुख्यालय की बिजली गुल हो गई। रात को गुल हुई बिजली के दर्शन फिर सुबह ही हो पाए। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित जानकारी लेने के लिए विभागीय अधिकारियों को फोन करने पर बात नहीं हो पाती है। बारिश के अंधेरे मौसम में बिजली का अभाव उपभोक्ताओं को काफी परेशान कर रहा है।