केक काटकर मनाई गई खुशियां
पाकुड़। निसं। जिला के राज प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणाम 2025 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों का सम्मान किया गया। समारोह में टॉपर छात्रों ने अन्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ केक काटकर जश्न मनाया। कक्षा 10वीं में आकाश कुमार सिंह प्रथम स्थान पर रहे। कक्षा 12वीं के आर्ट्स वर्ग में बिस्टी दास, साइंस में प्रिंस देव यादव और कॉमर्स में कोमल राय ने टॉप किया। प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार और विद्यालय अध्यक्ष विजेन्द्र त्रिवेदी ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले छात्रों ने ही टॉप किया है। विद्यालय में नियमित उपस्थिति से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में हलधर शील, मुकुल हुसैन, अरूप दास, सुशील झा समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। टॉपर छात्रों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी छात्रों की सफलता में भागीदारी की।
रेल कर्मियों और उनके परिवार का स्वास्थ्य जांच को लेकर लगेगा मेडिकल कैंप आज
पाकुड़। निसं। रेलवे स्टेशन के बुकिंग ऑफिस स्थित डॉरमेट्री हॉल में 11 जून को एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में महिला रेलकर्मियों और रेलवे कर्मचारियों के परिवार की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल हावड़ा से चार महिला विशेषज्ञ डॉक्टर की टीम शिविर में मौजूद रहेगी। सभी महिला रेलकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को सुबह 10 बजे शिविर में पहुंचने का निर्देश दिया गया है। रेल प्रशासन पाकुड़ में कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई कदम उठा रहा है। रेलवे डॉक्टर विभिन्न स्टेशनों पर जाकर कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच करते हैं। इसके अलावा, रेलवे लॉकअप डिस्पेंसरी को रेलवे हेल्थ यूनिट में बदलने की योजना है। नए भवन के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है। इस संबंध में एक संयुक्त जांच रिपोर्ट मंडल प्रबंधक हावड़ा को भेजी जा चुकी है। इससे पाकुड़ और आसपास के क्षेत्र में कार्यरत रेल कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
पाकुड़ पॉलिटेक्निक में विदायी समारोह आयोजित
अंतिम वर्ष के छात्रों को किया गया सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन
पाकुड़। निसं। कोलाजोड़ा स्थित पाकुड़ पॉलिटेक्निक में 10 जून को सत्र 2022-25 के अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निखिल चंद्रा और अन्य शिक्षकों ने दीप प्रज्वलन कर की। मुख्य अतिथि डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती, डीएवी पाकुड़ के प्राचार्य ने छात्रों को शैक्षणिक यात्रा पूरी करने पर बधाई दी। उन्होंने छात्रों को कैरियर में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में द्वितीय वर्ष के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। पाकुड़ पॉलिटेक्निक के निदेशक अमिय रंजन ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने छात्रों को संस्थान के सच्चे ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हाइवा के धक्का से एक व्यक्ति हुआ बुरी तरह जख्मी
महेशपुर। संवाददाता। थाना क्षेत्र के नूनबट्टा निवासी अर्जुन सोरेन की हाइवा के धक्का से बुरी तरह जख्मी हो जाने के मामले को लेकर पत्नी मिलचु हेम्ब्रम ने थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि विगत 13 मई को उसके पति अर्जुन सोरेन महेशपुर के लिए निकले थे। इसी दौरान घाटचोरा रोलाग्राम के बीच स्थित लेद के पास विपरीत दिशा से तेजी लापरवाही से आ रहे हाइवा संख्या जेएच 04अअ 9448 के चालक ने पति को जोरदार धक्का मार दिया, जिससे पति अर्जुन सोरेन का पैर और छाती में गम्भीर चोट है। वादिनी पत्नी ने आवेदन में उल्लेख की है कि आनन फानन में उसका इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया परंतु हालत गंभीर होने के कारण बेहतर ईलाज के लिये रेफर कर कर दिया था। अभी बर्धवान में नर्सिंग होम में भर्ती है। उन्होंने कहा कि पति की हालत गंभीर रहने के कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुई है। इधर मिलचु हेम्ब्रम के लिखित आवेदन के आधार पर 114/25 के तहत चालक एवं मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
आम उत्सव सह बागवानी मेला का हुआ आयोजन
किसानों ने प्रदर्शित की आम की 9 किस्में
350 एकड़ में नई बागवानी की योजना
पाकुड़। निसं। प्रखंड परिसर में मनरेगा और बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम उत्सव सह बागवानी मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख चंदना मालपहाड़िया, बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, बीपीओ अजीत टुडू, प्रखंड कृषि पदाधिकारी और एनजीओ के प्रखंड समन्वयक ने किया। मेले में कई पंचायतों के आम उत्पादक किसानों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने मनरेगा योजना के तहत लगाए गए बागानों से उत्पन्न आम्रपाली, मल्लिका, हिमसागर, सिंदूरी, लंगड़ा मालदा, फजली, चौसा और खिरसापति जैसी किस्मों का प्रदर्शन किया। शहरकोल पंचायत के मुखिया विकास गोंड़ ने कहा कि किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर मनरेगा से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही, पर्यावरण संतुलन में भी योगदान दे रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 350 एकड़ भूमि पर आम बागवानी का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। मेले में जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि, आम उत्पादक किसान, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और रोजगार सेवक मौजूद रहे। यह मेला न केवल बागवानी को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का भी माध्यम बन रहा है।
नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान के साथ भविष्य, परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है : डीसी
उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
26 जून तक चलेगा नशा मुक्ति अभियान
पाकुड़। निसं। जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 10 से 26 जून तक चलेगा। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों में जाएगा। वाहन के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है। यह उसके भविष्य, परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। नशे से मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ सबको मिलकर जागरूकता फैलानी होगी। जिला प्रशासन इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में भाग लेने और नशामुक्त समाज बनाने में योगदान करने की अपील की है। मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, डीपीआरओ प्रीतिलता मुर्मू, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजुर, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार समीर जिला जनसंपर्क विभाग के कर्मी मौजूद थे।
आयुष स्वास्थ्य शिविर में 55 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
उपायुक्त समेत अधिकारियों ने कराया चेकअप
पाकुड़। निसं। आयुष विभाग की ओर से मंगलवार को समाहरणालय में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में 55 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई। उपायुक्त मनीष कुमार और उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने भी शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। अधिकारियों ने आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उपायुक्त ने आगामी शिविरों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी नियमित रूप से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहे हैं। पाकुड़ में अगले शिविर 20 जून को कोर्ट परिसर में, 24 जून को समाहरणालय में और 26 जून को पुलिस लाइन में लगाए जाएंगे।
जिला समाहरणालय में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित
पाकुड़। निसं। जिला समाहरणालय में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय कार्यालय सुदृढ़ीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रोजेक्ट एसआईपी के अंतर्गत आयोजित की गई है। कार्यशाला में 10 से 11 जून तक समाहरणालय संवर्ग के सभी कार्यालयों की रोकड़ बही की जांच की जाएगी। पहले दिन अंचल कार्यालय, मवेशी हाट हिरणपुर, जिला आपूर्ति कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय और जिला नजारत शाखा की रोकड़ बही का निरीक्षण किया गया। जांच दल में प्रहलाद मंडल, रोशन झा, पंकज कुमार नीलम, राम विलास यादव, उमर फारूक अंसारी, जयप्रकाश महतो और रफीकुल इस्लाम लिपिक शामिल थे। उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी कार्यालयों को नियमित रूप से रोकड़ बही का रखरखाव करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने कार्यालय परिसर और शौचालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और स्थापना उप समाहर्ता मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।
जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं
पाकुड़। निसं। आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने इस दरबार में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखा। उपायुक्त ने सभी लोगों की समस्याओं को एक-एक करके सुना। उन्होंने हर शिकायत की जांच कराकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। दरबार में शिक्षा विभाग, अबुआ आवास, रोजगार सेवक, कल्याण विभाग और समाज कल्याण से जुड़े मामले सामने आए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों की भौतिक जांच का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों पर कार्रवाई कर प्रतिवेदन जमा करने को कहा। इससे शिकायतों का निष्पादन आसानी से हो सकेगा।
रेलवे सब-वे में जलजमाव से परेशान ग्रामीण
पाकुड़। निसं। सदर प्रखंड अंतर्गत कुलापहाड़ी स्थित रेलवे के एलसी गेट नंबर 40 पर स्थित सब-वे में जलजमाव की समस्या का समाधान जल्द होगा। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन (ईजरप्पा) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया। संग्रामपुर, कुलापहाड़ी और तिलभिठा के ग्रामवासी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। ईजरप्पा अध्यक्ष और भाजपा नेता हिसाबी राय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्थिति का जायजा लिया। पूर्व रेल प्रशासन ने अपूर्ण भूमिगत पथ के निर्माण के बाद एलसी गेट नंबर 40 को स्थाई रूप से बंद कर दिया था। इससे आमजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर हिसाबी राय ने बताया कि ईजरप्पा ने मंडल रेल प्रबंधक और अन्य संबंधित अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा की है। रेलवे की ओर से किए जा रहे उपाय पर्याप्त नही है। प्रतिनिधिमंडल ने चार कावकेचर और स्थाई मोटर की स्थापना का सुझाव दिया है। ईजरप्पा जल्द ही महाप्रबंधक पूर्व रेलवे कोलकाता और मंडल रेल प्रबंधक पूर्व रेलवे हावड़ा से मिलकर स्थाई समाधान की मांग करेगा। साथ ही, सब-वे में विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था की भी मांग की जाएगी।
पाकुड़ में 13 मौजों की समीक्षा, पिलरिंग और मुआवजे को लेकर रैयत नाराज
पाकुड़। निसं। नेशनल हाईवे 333अ धरमपुर मोड़ परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक की अध्यक्षता में हिरणपुर अंचल के 13 मौजों की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा में कई समस्याएं सामने आई। मौजा गौरीपुर और तारापुर संथाली में निर्धारित सीमा से अधिक जमीन पर पिलरिंग का काम किया गया। इससे वहां के रैयत नाराज हैं। वहीं तोरई और हिरणपुर खास में मुआवजे की कम दर से रैयतों में असंतोष है। समस्या के समाधान के लिए कई निर्णय लिए गए। एनएच कर्मियों और अंचल कर्मियों को गौरीपुर और तारापुर संथाली का मामला सुलझाने के लिए समन्वय बनाने को कहा गया। कम मुआवजा दर वाले क्षेत्रों के रैयतों को अपर समाहर्ता के न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। मौजा देवपुर में एलाइनमेंट को लेकर विवाद है। इस मामले में 12 जून 2025 को एनएच कर्मी, अंचल कर्मी और भू-अर्जन कर्मी ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में हिरणपुर अंचलाधिकारी मनोज कुमार और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद थे।
मारपीट के मामले में एक गिरफ्तार
पाकुड़। निसं। मुफ्फसिल थाना अंतर्गत नवादा गांव में एक घर में घुसकर मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने थाना में दर्ज एक मामले को लेकर आरोपी मुर्शीद शेख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया गया कि कुछ विवाद को लेकर प्राथमिक अभियुक्त मुर्शिद शेख ने घर में घुसकर मारपीट किया था और मारपीट में पिता और पुत्र घायल हुए थे। वहीं घायलों को समाजसेवी अजहर इस्लाम ने अस्पताल में भर्ती कराते हुए इलाज करवाया था। उनके पहल से ही थाना में मामला दर्ज किया गया था।
खोया हुआ बच्चा को समाजसेवियों ने परिजनों तक सौंपने में की मदद
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। मंगलवार को बरहेट थाना क्षेत्र के कदमा प्राईवेट स्कूल से एक बच्चा भागकर लिट्टीपाड़ा पहुंच गया। यह बच्चा कुछ भी बता नहीं पा रहा था और स्टेडियम में बैठा हुआ था जिसे समाजसेवी गणेश साहा, स्टेफन हांसदा, शहंशाह मुर्मू, रामजी मरांडी की नजर बच्चे के उपर पड़ते ही नाम पता पूछने पर ठीक से नहीं बताया। तब जाकर उनलोगों ने थाना को सौंप दिया। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बच्चे के प्रति तत्परता दिखाते हुए नाम व पता पूछने पर बताया लेगु पहाड़िया, पिता दुबे पहाड़िया, सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के कठलडीह गांव। तब जाकर सभी थाना में फोटो के साथ जानकारी दिया। जानकारी मिलते ही परिजन लिट्टीपाड़ा थाना 4 घंटे बाद पहुंचा और थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बच्चे को परिजनों को सौंप दिया।