साहिबगंज। संवाददाता। शिक्षक दिवस पर शहर के सकरुगढ़ स्थित एनआरपी सेंटर परिसर में झारखंड लेखक संघ के बैनर तले मेजर संजय कुमार सिंह के संयोजन व रेलवे अधिकारी अभिमन्यु कुमार व प्रो सुबोध कुमार झा के सहयोग से भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार के नामित कवि एवं कवियित्रियों ने अपनी कविताओं से साहिबगंज के साहित्य जगत में मधुरता घोली। देर रात तक चले सम्मेलन में सभी ने ओज, हास्य-व्यंग्य, ग़ज़ल व श्रृंगार की रचनाएं प्रस्तुत की। मेज़र संजय कुमार ने अपने हास्य रचनाओं से सम्मेलन का बखूबी संचालन किया। प्रो सुबोध ने सरस्वती वंदना “वागीश्वरी मां शारदे” से शुरुआत करते हुए अतिथियों व सभी साहित्यकारों का परिचय कराया। व्यवस्थापक सह कवि रेलवे मालदा डिविजन के अधिकारी अभिमन्यु कुमार ने भी अपनी रचना बेटी से सबको भावविभोर कर दिया। रांची से आए साहित्यकार चंदन प्रजापति, शालिनी साहिबा, अमन प्रियदर्शी, शिवांगी कुमारी, देवघर से अमन निराला ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पटना से आए श्रृंगार रस के सशक्त हस्ताक्षर अभिनाश बंधू व दुमका के लिटिल विश्वास ने सबका दिल जीत लिया। मुख्य अतिथि प्रो डॉ अरविन्द प्रसाद सिंह विशिष्ट अतिथि झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने कवियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर चैंबर के पदाधिकारी अंकित केजरीवाल, विवेक कुमार, जाहिद खान, अजय डोकानियां, विद्यालय के प्राचार्य मनोज झा, विरेंद्र सिंह, प्रो प्रदीप झा, प्रो सुनील, आरके रोशन, कृष्णा साह, अनिकेत सिंह, सैनिक संघ के सदस्य सहित अन्य मौजूद थे।
सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
उधवा। संवाददाता। राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उधवा-बरहरवा फोरलेन स्थित मोहनपुर के समीप बीते 23 अगस्त को हुए सड़क हादसे में घायल पियारपुर निवासी साउद शेख(32) की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल साउद शेख का इलाज मालदा में चल रहा था। जहां शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार मोहनपुर के समीप 23 अगस्त को सीएनजी ऑटो और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस घटना में स्कूटी सवार साउद शेख बुरी तरह जख्मी हो गए थे। दुर्घटना को लेकर मृतक की पत्नी समनुर बीबी ने एक सप्ताह पूर्व ही राधानगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है। इधर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस में शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान मो शाहनवाज़ को किया गया याद
साहिबगंज। संवाददाता। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में ड्यूटी के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आकर शहीद हुए शहर के कुलीपाड़ा मोहल्ला निवासी सीआरपीएफ जवान मो शाहनवाज़ आलम की पहली शहादत दिवस पर उन्हें याद किया गया। मो शम्स तमरेज के पुत्र मो शाहनवाज की अप्रैल 2013 में सीआरपीएफ में बहाली हुई थी।
शाहनवाज पहले जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। वहां से स्थानांतरित होकर छत्तीसगढ़ आए थे। इधर पहली शहादत दिवस पर कुलीपाड़ा में राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, दिल्ली से आए कांग्रेस के एआईसीसी सदस्य सह साहिबगंज जिला प्रभारी टोकिया प्रभु, साहिबगंज कांग्रेस प्रभारी मणिशंकर, अल्पसंख्यक आयोग के शमशेर आलम, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकत खान, भाजपा के वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, पूर्व नप उपाध्यक्ष रामानंद साह, डीएसपी विजय कुशवाहा, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, नगर इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अमित गुप्ता, एसआई प्रकाश रंजन, एएसआई गुलनाजो बेगम, परिवार के सदस्य, सहित भारी संख्या में लोगों ने शहनवाज की शहादत को याद किया। विधायक ने कहा कि साहिबगंज के लाल की देश के लिए शहादत कभी भुलाई नहीं जाएगी। उनकी शहादत युवाओं और लोगों को देश प्रेम और देश की रक्षा के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। विधायक ने घोषणा करते हुए कहा कि अपनी निधि से शाहीद शहनवाज की स्मारक की स्थापना करेंगे। मौके पर शहीद की पत्नी रुकसाना खातून, पुत्र मो शहज़ेब, पिता मो शम्स तबरेज, भाई हशमत तबरेज, मो सरफरोज आलम, मो सरफराज आलम, राजू अंसारी, मो परवेज़, शोएब, अखलाक नदीम, अजमत हुसैन, आज़ाद हुसैन, विनोद यादव, मो निजामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रदेश यादव महासभा के जिला अध्यक्ष बने भारत यादव
साहिबगंज। संवाददाता। भरतिया कॉलोनी स्थित अयोध्या धाम में शनिवार को प्रदेश यादव महासभा की जिला स्तरीय बैठक भारत यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश यादव महासभा के प्रदेश महामंत्री राजेश यादव मुख्य रूप से मौजूद थे। इस दौरान ज़िला कमिटी का गठन करते हुए भारत यादव को जिला अध्यक्ष, चंदन यादव को नगर अध्यक्ष, शत्रुघन यादव को ग्रामीण अध्यक्ष व संदीप घोष को उधवा प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं रविंद्र नाथ यादव, ब्रह्मदेव यादव, विकास यादव, सुरेन्द्र यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, दिनेश यादव को उपाध्यक्ष, सूर्यभान राय को महासचिव, बृज मोहन यादव को जिला मीडिया प्रभारी, घनश्याम यादव को जिला मीडिया सह प्रभारी, गोपाल यादव अशोक यादव को सदस्य, नंदन यादव व धर्मेंद्र को नगर उपाध्यक्ष, ब्रह्मदेव यादव को ग्रामीण उपाध्यक्ष व राम घोष को उधवा उपाध्यक्ष बनाया गया। मागदर्शक मंडल में प्रदेश अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद यादव, प्रदेश महामंत्री राजेश यादव, प्रदेश कमिटि अशोक यादव, आशुतोष चादव, प्रेमलाल यादव, नगर परिषद निवर्तमान चेयरमैन श्रीनिवास यादव, बासुकीनाथ यादव, सुधीर घोष व शंभुनाथ यादव को शामिल किया गया।
हाइवा और बाइक में जोरदार भिड़ंत, युवक गंभीर
बरहरवा। संवाददाता। थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर थोपग्राम के समीप शनिवार को बाइक और हाइवा के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में कालू पंचायत के बेलडांगा निवासी अमित कुमार(22) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार अमित मार्केटिंग के लिए निकला था। घर लौटे समय तेज रफ्तार हाइवा डब्ल्यूबी 57 ई 9632 ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने वहां पहुंच अपने वाहन से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां डॉ सोहेल अनवर ने प्राथमिक उपचार कर युवक को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने दल-बल के साथ वहां पहुंच दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को तीन घंटे जाम कर दिया। हालांकि थाना प्रभारी ने परिजनों को समझा-बुझा कर जाम हटवाया।
ड्रेस कोड में आये शहर के ई-रिक्शा चालक
साहिबगंज।संवाददाता। परिवहन सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से लागू किये गए ड्रेस कोड का पालन शुरू हो गया है। शहर के कृष्ण नगर निवासी ई-रिक्शा चालक प्रदीप तांती शनिवार को नीला रंग के अपने ड्रेस कोड में ई रिक्शा चलाते दिखे। उन्होंने बताया कि 18 तारीख का इंतजार क्यों करना है। ड्रेस से उन्हें पहचान मिली है। जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी ने बताया कि 18 सितंबर से जिला में सभी टेंपू चालकों को खाकी रंग का ड्रेस व ई-रिक्शा चालकों को नीला ड्रेस पहनकर सभी दस्तावेजों के साथ वाहन चलाना है। 18 सितंबर से वृहद पैमाने पर वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।
हसनैन अंसारी राजमहल और रोहित बने बोरियो थाना प्रभारी
राजमहल। बोरियो। संवाददाता। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देशानुसार हसनैन अंसारी को राजमहल थाना प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने शनिवार को
निवर्तमान थाना प्रभारी गुलाम सरवर से पदभार ग्रहण किया। वहीं रोहित कुमार ने बोरियो का थाना प्रभारी बनाया गया है। रोहित कुमार ने निवर्तमान थाना प्रभारी पंकज वर्मा से पदभार ग्रहण किया।
दोनों नए थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने व पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल बनाने को प्राथमिकता बताया।