महेशपुर। संवाददाता। कृषि विज्ञान केंद्र और आत्मा की ओर से बुधवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रखंड के जगदीशपुर, बाबुदाहा, धर्मखापड़ा सिंगना, हाथीमारा और राजापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को धान की सीधी बुआई और प्राकृतिक खेती की जानकारी दी। साथ ही, बीजोपचार, जमीन के अनुसार धान के विभिन्न प्रभेद का चयन और खरीफ फसलों के प्रबंधन की जानकारी भी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को भूमि के प्रकार के अनुसार फसल चयन की सलाह दी। ऊपरी जमीन के लिए अरहर और मूंगफली, मध्यम ऊंचाई की जमीन के लिए सहभागी, ललाट और नवीन धान की प्रजातियां तथा निचली जमीन के लिए स्वर्णा और राजेंद्र मंसूरी धान की खेती की सिफारिश की गई। किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें किसान समृद्धि योजना, पीएम कुसुम योजना, बिरसा फसल विस्तार योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना और फसल बीमा योजना प्रमुख हैं। पशुपालन से जुड़ी योजनाओं जैसे बकरा विकास, शूकर विकास और कुक्कुट पालन की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. संजय कुमार, डॉ. करुणा शंकर, शांतनु कुमार शील, सुश्री अलोका बागे, डॉ. विनोद कुमार, सुरेंद्र मुंडा, डॉ. मनू जायसवाल और अभिजीत कुमार शील सहित कई विशेषज्ञ मौजूद थे।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने किया वार्डों का निरीक्षण
पाकुड़। निसं। कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम के निर्देश पर पार्टी के नगर अध्यक्ष वंशराज गोप ने मंगलवार को नगर कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड नंबर 14, 6 और 3 की समस्याओं का जायजा लिया। कार्यपालक पदाधिकारी ने कूड़ापाड़ा में जल आपूर्ति की समस्या को देखा। उन्होंने सड़क किनारे बिछी पाइपलाइन की मरम्मती और सभी जगह नल लगाने का निर्देश दिया। इससे लोगों को निरंतर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी और पानी की बर्बादी रुकेगी। कूड़ापाड़ा, छोटी अलीगंज और नलपोखर में नए नाले के निर्माण और मरम्मत के आदेश दिए गए। नगर अध्यक्ष की मांग पर नलपोखर में लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को तुरंत चालू करने का निर्देश दिया गया। स्थानीय लोगों ने विधायक निषाद आलम और तनवीर आलम का आभार व्यक्त किया। साथ ही, नगर अध्यक्ष वंशराज गोप और जिला महासचिव मोनिता कुमारी को धन्यवाद दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता, नगर परिषद के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आम उत्सव सह बागवानी मेला में 18 किस्म के आमों का प्रदर्शन
210 एकड़ में नई बागवानी की योजना
लिट्टीपाड़ा। संवाददाता। प्रखंड परिसर में बुधवार को आम उत्सव सह बागवानी मेले का आयोजन हुआ। मनरेगा और बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आयोजित इस मेले में कई पंचायतों के आम उत्पादक किसान और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शामिल हुई। अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, बीडीओ संजय कुमार और अन्य अधिकारियों ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में किसानों ने आम्रपाली, मल्लिका, हिम सागर, अल्फानसी, सिंदूरी, बम्बईया, पहाड़ी पेरी, लंगड़ा मालदा समेत 18 किस्म के आमों का प्रदर्शन किया। अनुमंडल पदाधिकारी श्री मरांडी ने कहा कि किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर मनरेगा से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही, आम बागवानी से पर्यावरण संतुलन और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। यह मेला महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का भी माध्यम बन रहा है। बीडीओ संजय कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 17 पंचायतों में 210 एकड़ भूमि पर आम बागवानी का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। इससे किसानों को रोजगार और आत्मनिर्भरता मिलेगी। मेले में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
इफको ने किसानों को दी नैनो यूरिया और डीएपी की जानकारी
पाकुड़। निसं। पाकुड़ के आत्मा सभागार में उर्वरक उत्पादक सहकारी संस्था इफको की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के प्रयोग एवं लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इफको के राज्य विपणन प्रबंधक शशि भूषण समदर्शी और क्षेत्रीय प्रबंधक नवीन कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और अन्य उर्वरकों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि विभाग के कर्मियों और बिक्री केंद्र प्रभारियों को इन उत्पादों की समझ विकसित करना था। जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी, पारंपरिक दानेदार यूरिया और डीएपी का बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद मिट्टी और भूमिगत जल को प्रदूषण से बचाने में सहायक हैं। इस प्रशिक्षण से किसान अपनी फसलों में उर्वरकों का अधिक प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में होगा प्रकृति हूल महोत्सव
5 जून को 10 हजार पौधे लगाने का है लक्ष्य : उपायुक्त
बेहतर पौधरोपण करने वालों को मिलेगा पुरस्कार
पाकुड़। निसं। जिले में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस को प्रकृति हूल महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, पंचायत मुखियाओं के साथ इसकी तैयारियों की समीक्षा की। उपायुक्त ने बताया कि इस दिन 10 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी पदाधिकारी, कर्मी, जन प्रतिनिधि, डीलर, सहिया, सेविका और जेएसएलपीएस कर्मी कम से कम दो पेड़ लगाएंगे। बेहतर पौधरोपण का फोटो शेयर करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिले में कई नई पहल की जा रही है। हर महीने के पहले सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्रों में परिवार दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान अभिभावकों की मौजूदगी में बच्चों का जन्मदिन मनाया जाएगा। 21 जून को योग दिवस पर प्रखंड और पंचायत स्तर पर योग कार्यक्रम होंगे। बेहतर फोटोग्राफ भेजने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इससे एक दिन पहले 20 जून को तिथि भोज का आयोजन होगा। 9 जून को विद्यालय खुलने पर बच्चों का स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ किया जाएगा। उन्हें फूल और पत्तों की टोपी भेंट की जाएगी। 8 जून को गड्ढा कोड़ो अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया और पंचायत सचिवों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि पाकुड़ जिला चुनाव, आवास पूर्णता और मनरेगा में पहले स्थान पर है। शिक्षा में जिला दूसरे पायदान पर है। जिला प्रशासन अच्छे कार्यों की सराहना और हौसला बढ़ाने में हमेशा आगे रहता है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किया लैम्प्स में बीज स्टॉक का निरीक्षण
पाकुड़। निसं। जिला के किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बीज विनिमय एवं वितरण कार्यक्रम योजना के तहत पाकुड़िया लैंप्स का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद बीज स्टॉक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीज की गुणवत्ता जांच के लिए लॉटवार नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों का अंकुरण परीक्षण किया जाएगा। किसान धान की एमटीएयू 7029 किस्म को 50 प्रतिशत अनुदान पर खरीद सकते हैं। यह कार्यक्रम 4 जून 2025 को आयोजित किया गया। इस योजना का उद्देश्य किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराना है। इससे क्षेत्र में कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मादक पदार्थों पर रोक के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला
अभिभावकों को अपने बच्चों की दिनचर्या पर नजर रखनी चाहिए : डीसी
मादक पदार्थों के सेवन पर रोक अत्यंत आवश्यक
पाकुड़। निसं। बुधवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में नशे को ना, जिंदगी को हां थीम पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन पर रोक अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिंता जताई कि बच्चे और युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराया जा सकता है। उपायुक्त ने अभिभावकों और सिविल सोसाइटी की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए और उनकी दिनचर्या पर नजर रखनी चाहिए। कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने समाहरणालय स्थित मुख्य समारोह स्थल के पास वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजुर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू और विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा उपस्थित रहे।
आयुष जांच शिविर में 92 लोगों का किया गया स्वास्थ्य जांच
विभिन्न प्रखंड में आयुष जांच शिविर का आयोजन
पाकुड़। निसं। जिला प्रशासन के दिए गए दिशा निर्देश के आलोक में लोगों के बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर लगातार स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत सदर प्रखंड के रहसपुर एवं बलिहारपुर एवं अमड़ापाड़ा प्रखंड के सकरीगली में आयुष विभाग की ओर से बुधवार को आयुष कैंप लगाकर कुल 92 लोगों का स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवा दिया गया। डॉ मो अबुतालिब शेख, डॉ सौरभ विश्वास एवं डॉ अमरेश कुमार ने बताया कि इस कैंप में रक्तचाप, मधुमेह, ज्वॉइंट पेन, गठिया, बच्चों से संबंधित आदि रोगों का जांच नि:शुल्क किया गया। साथ ही, सभी को मुफ्त दवा भी दी गई। वहीं शिविर में आने वाले मरीजों को शुगर, ब्लड प्रेशर की भी जांच की गई।
प्रोजेक्ट प्रयास के तहत ग्रामीण इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू
पाकुड़। निसं। जिला प्रशासन ने सूचना भवन सभागार में प्रोजेक्ट प्रयास-हुनर से होनहार तक का सफर के तहत इंटीग्रेटेड रूरल इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, गरीबी उन्मूलन और सामुदायिक सशक्तिकरण है। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप विकसित झारखंड के निर्माण के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिले में 30 इंटर्न की नियुक्ति की गई है। ये इंटर्न अगले दो महीनों तक सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर अध्ययन करेंगे। कार्यक्रम के तहत इंटर्न को फील्ड एक्सपोजर दिया जाएगा। उपायुक्त ने आशा व्यक्त की कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से दो महीने बाद सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने इंटर्न के बीच अभिवादन किट का वितरण भी किया।
क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के निर्देश
बकरीद को लेकर विशेष तैयारी
पाकुड़। निसं। समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी निधि द्विवेदी ने जिला के सभी पुलिस पदाधिकारी व थाना प्रभारी के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में मई माह के कार्यों की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। अपराध नियंत्रण के लिए बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, पेट्रोल पंप और महिला कॉलेज में क्यूआर कोड लगाकर गश्त बढ़ाने को कहा गया। अवैध खनन पर रोक के लिए नियमित छापेमारी का आदेश दिया गया। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसमें हेलमेट, सीटबेल्ट, रजिस्ट्रेशन और बीमा की जांच शामिल है। ईआरएसएस 112 पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और रिस्पांस टाइम में सुधार लाने को कहा गया। महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया। आने वाले बकरीद पर्व को लेकर एसपी ने कहा कि बकरीद 2025 को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जाएंगी। सभी धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
नौकरी दिलाने के नाम पर 90 लख रुपए की हुई ठगी, मामला दर्ज
महेशपुर। संवाददाता। नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी कर 90 लाख रुपया ठगने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर पीड़ित महेशपुर थाना क्षेत्र के मकदमपुर गांव निवासी मोहम्मद नूरुद्दीन अहमद उर्फ आलो ने थाने में लिखित आवेदन देकर कुल 6 लोगों के खिलाफ नौकरी देने के नाम पर धोखा देकर रुपया ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। थाने में दी गई लिखित आवेदन में उल्लेख किया गया है कि महेशपुर थाना क्षेत्र के सिराजपुर गांव निवासी जमालुद्दीन उर्फ मंटू ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला निवासी मो. सोफी उर्फ फारूक, सादेका बीबी, पश्चिम बंगाल बीरभूम जिले के पाईकड थाना क्षेत्र के नाजेमा बीबी, सकुल खान, दिलदार शेख के साथ मिलकर पीड़ित व्यक्ति से परिचय कराया था फिर मोहम्मद सोफी उर्फ फारूक ने अपने आप को पीडीसीएल मोनीग्राम शाखा परिचय का मैनेजिंग डायरेक्टर बताया और एपीडीसीएल मोनीग्राम शाखा में नौकरी लगाने की बात करने लगा और बोला कि हम 6 व्यक्ति रिश्तेदार हैं और एक साथ मिलकर काम करते हैं। सभी ने कहा कि हम लोग बहुत सारे व्यक्ति को पीडीसीएल मोनीग्राम शाखा में नौकरी दिया है। आप अपने परिवार के लोगों को नौकरी लगवा लीजिए और एक व्यक्ति के नौकरी लगने के लिए 30 लाख रुपए हम लोग लेते हैं। इस पर जमालुद्दीन उर्फ मंटू ने हामी भर दिया। पीड़ित मो नूरुद्दीन अहमद उर्फ आलो स्वयं के लिए छोटी बहन नूरदीदा परवीन के लिए तथा बेटी नसरीन सुल्तान के लिए नौकरी लगने के बात पर सहमत हुए और रुपया देने की बात हुई। मो सोफी और फारूक ने बताया कि आप रुपया जमालुद्दीन उर्फ मंटू के खाता संख्या 20309246302 फिनो बैंक, दिलदार शेख के खाता संख्या 136022120003865 यूनियन बैंक नलहटी शाखा, नाजिमा बीवी के खाता संख्या 35387852900 के एसबीआई मुरारई शाखा, सादेका बीवी के खाता संख्या 1664110126998 यूको बैंक जाजीग्राम शाखा, सकूल खान के खाता संख्या 20475193897 एसबीआई तथा दिलदार शेख के खाता संख्या 136022120003865 यूनियन बैंक नलहटी शाखा में जमा कर दीजिए। पीड़ित का सहपाठी होने के कारण विशेष रूप से प्रभावित होकर घर में रखा हुआ जेवर एवं जमीन बेचकर, जमीन बंधक रखकर और उधार लेकर सीलमपुर व महेशपुर स्थित सीएसपी के माध्यम से सभी के बैंक खातों में राशि जमा करने लगे। पीड़ित ने अपना मोबाइल से ऑनलाइन भी आरोपी पांचों व्यक्ति के अकाउंट में कुल 90 लाख रुपया जमा किया, जिसका सबूत पीड़ित के पास है। काफी दिन बीत जाने के बाद जब नौकरी नहीं हुआ तथा पीड़ित को आश्वासन पर आश्वासन देते रहा। बीते 24 जनवरी 2024 को सभी व्यक्ति ने जमालुद्दीन उर्फ मंटू के घर सिरजापुर में आया। सभी लोगों के सामने में पीड़ित की ओर से दिया गया 90 लाख वापस देने का बात की। इसी बात पर पीड़ित से नाराजगी जताते हुए उक्त 6 व्यक्ति ने मिलकर पीड़ित को गाली गलौज करते हुए बोला कि जान की सलामती चाहते हो तो रुपया और नौकरी मांगना भूल जाओ, नहीं तो बच्चा सहित जान से मार देंगे। थाना में शिकायत दर्ज करवाने में विलंब हुई है। उधर पीड़ित के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 108/25 के तहत पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।