भारत कृषि प्रधान देश है, किसान मजबूत होगा तभी देश आगे बढ़ेगा : फुरकान
किसान समूहों के बीच केसीसी ऋण, नौका एवं अन्य कृषि उपकरणों का किया गया वितरण
जामताड़ा। संवाददाता। गांधी मैदान में दो दिवसीय कृषि मेला सह उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, उपायुक्त कुमुद सहाय उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, सांसद प्रतिनिधि विधायक प्रतिनिधि, जिप सदस्य, जिला कृषि पदाधिकारी एवं अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अन्य को शॉल एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया।
वहीं पूर्व सांसद, उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने मेले में फसल प्रदर्शनी एवं सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि विभाग की ओर से सब्जी और फल की प्रदर्शनी लगाया गया था। वहीं किसान मेला में सहकारिता, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, गव्य विकास, लीड बैंक की ओर से स्टॉल लगा कर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गयी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने बताया कि भारत कृषि प्रधान देश है। किसान को यहां मजबूत करना है, तभी देश आगे बढ़ेगा। इसके लिए कृषि विभाग की ओर कई प्रयास किए जा रहे है। इसका लाभ उठाने की जरूरत है। जामताड़ा जिला कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। किसान अब कृषि में रुचि ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जा लाभकारी योजनाओं का लाभ अवश्य लें और स्वयं को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर करें। उन्होंने महिलाओं की कृषि क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
वहीं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कुमुद सहाय ने कहा कि किसान स्टाल के माध्यम से कृषि के सभी विभागों से जानकारी लें। यहां रियायत पर सभी योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी किसानों की सहायता को सदैव तत्पर है। आप लोग अपनी अहर्ता के अनुसार योजनाओं का बेहिचक लाभ लें। वहीं उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कृषि विभाग की सभी योजनाओं से लोगों को अवगत कराएं। उन्हेें योजनाओं का लाभ दें। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद, उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं जनप्रतिनिधि गण ने तीन किसान समूहों के बीच केसीसी ऋण के अलावा कृषि उपकरणों रोटावेटर तथा पशुपालन के अंतर्गत गव्य विकास के माध्यम से कई लाभुकों के बीच पशुधन केवल वितरण किया। उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, विधायक प्रतिनिधि परेश यादव, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन, भूमि संरक्षण पदाधिकारी रिजवान अंसारी के अलावा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी कर्मी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में घायल को मदद करने पर दिया गया प्रशस्ति पत्र
बिंदापाथर। संवाददाता। 76वां गणतंत्र दिवस पर जामताड़ा पुलिस परिवार के तरफ से जिला परिषद प्रतिनिधि सह स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार मंडल को अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार के हाथों से समाज में बेहतर कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिसमें उल्लेख किया गया है कि समाजसेवी अजय कुमार मंडल एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्य को निर्वहन करते हुए उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल, पीड़ित व्यक्ति की त्वरित सहायता करते हुए उनके प्राणरक्षार्थ आवश्यक कार्रवाई की है, जो उनके जन सेवा भाव को प्रदर्शित करती है। उनके द्वारा किया गया यह कार्य सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। आशा है कि भविष्य में भी आप इसी लगन एवं उत्साह के साथ जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करते रहेंगे। जामताड़ा पुलिस परिवार के तरफ से श्री मंडल को साधुवाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया है। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन, उपायुक्त कुमुद सहाय, पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप सहित जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
सात दिवसीय श्री मद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ
श्रीमद्भागवत का श्रवण संसार का सर्वश्रेष्ठ सत्कर्म है : गोपाल नंदन जी महाराज
बिंदापाथर। संवाददाता। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के खमारबाद पंचायत अन्तर्गत कालूपहाड़ी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन होने से कालूपहाड़ी के अलावे खमारबाद, तिलाकी, मुड़ाबहाल, बरमसिया, नीलकंठपुर सहित संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति की अविरल धारा बहने लगी है। प्रस्तुत कथा अमृत के प्रथम रात्री को वृंदावन धाम के श्रीमद्भागवत कथावाचक सह राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मप्राण गोपाल नंदन जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महिमा के बारे में मधुर वर्णन किया। इस हृदयस्पर्शी प्रसंग में कथावाचक ने व्याख्यान करते हुए कहा की श्रीमद्भागवत का श्रवण संसार का सर्वश्रेष्ठ सत्कर्म है, यह भगवान का वांग्मय स्वरूप है, जो जन्म जन्मांतर के पुण्य उदय होने पर प्राप्त होता है न भागवत की नियति ब्रह्म होना है। यह देव दुर्लभ है किंतु मनुष्यों को सुलभ होकर ज्ञान गंगा के रूप में प्रवाहित हो रही है। मृत्यु को भी मंगलमय बना कर भावी जन्म सुधार देती है। हर मनुष्य को समाज में हमेशा अच्छे काम करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है की कर्म ही प्रधान है, बिना कर्म कुछ भी संभव नही होता है। जो मनुष्य अच्छा कर्म करता है उसे अच्छा फल मिलता है, और बुरे कर्म करने वाले को बूरा फल मिलता है। इसलिए सभी को अच्छा कर्म करना चाहिए तथा औरों को अच्छा कर्म करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस मौके पर कथावाचक ने कहा की एक मार्ग दमन का है तो दूसरा उदारीकरण का, दोनों ही मार्गों में अधोगामी वृतियां निषेध है। भागवत को सुनने-आत्मसात करने से सारे पाप कट जायेंगे, भागवत कथा एक ऐसा अमृत है कि इसका जितना भी पान किया जाए तब भी तृप्ति नहीं होती। शास्त्र कथन का सचित्र वर्णन करते हुए कहा कि भक्ति के दो पुत्र हैं-ज्ञान, दूसरा वैराग्य, भक्ति बड़ी दुखी थी, उसके दोनों पुत्र वृद्धावस्था में आकर भी सोये पड़े हैं। वेद वेदान्त का घोल किया गया, किन्तु वे नहीं जागे, यह बड़ा विचित्र और सुक्ष्म विचार का विषय है। भक्ति बड़ी दुखी थी कि यदि वे नहीं जागे तो यह संसार गर्त में चला जायेगा। भागवतकार के समक्ष यह चुनौती रही होगी कि वेद पाठ करने पर भी आत्मज्ञान नहीं और वेदांत के पाठ करने पर वैराग्य नहीं जगा। इसे ही गीता में भगवान कृष्ण ने मिथ्याचार कहा है। भागवत कथा सुनते ही ज्ञान और वैराग्य जाग जाये। अत: जो कथा ज्ञान और वैराग्य जगाये वह पाप में कैसे ढकेल सकती है। नारद जी ने भक्ति सूत्र की व्याख्या करते हुए भी भक्ति को प्रेमारूपा बताया है। वह अमृत रूपिणी है जिसे पाकर और पीकर मनुष्य कृतकृत्य हो जाता है फिर वह कुछ और न चाहता है, न राग, न रंग। वह मस्त होकर स्तब्ध हो जाता है। अत: भक्ति की व्याख्या अद्भुत् है। इस सबका शोध श्रीमद्भागवत कथा की मूल महिमा है। कथा के साथ साथ भजन संगीत भी प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित श्रोता भावविभोर होकर कथा स्थल पर भक्ति से झुम उठे। श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने के लिये के कालूपहाड़ी समेत आसपास गांव के श्रोताओं की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम स्थल में शांति और सौहार्द्र के वातावरण में श्रोता भक्त भक्ति सागर में देर रात तक गोते लगाते रहे।
विधानसभाध्यक्ष ने श्रीमद्भागवत कथा भूमि पूजन कार्यक्रम में की शिरकत
6 मार्च से होगा श्रीमद्भागवत कथा व श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड फुटबॉल मैदान में 6 मार्च से प्रारंभ होने वाला श्रीमद्भागवत कथा एवं श्री श्री 1008 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। इस बाबत मंगलवार को क्षेत्र के जाने-माने आचार्य सुशील कुमार भट्टाचार्य एवं पवन कुमार भट्टाचार्य के सानिध्य में वैदिक रीति रिवाज से भूमि पूजन किया गया। इस दौरान लक्ष्मी नारायण सहित पंच देवता का आवाहन, पूजन, ध्यान, नमन आदि कर्मकांड संपन्न हुआ। मौके पर स्थानीय विधायक सह झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भी इस धार्मिक अनुष्ठान में शिरकत की तथा उन्होंने धर्म ध्वज स्थापित किया। मौके पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालु, समाजसेवी एवं आम नागरिकों से कहा है कि धार्मिक अनुष्ठान से मनुष्य का आचरण में सुधार होता है तथा सही मार्ग में चलने की प्रवृत्ति पैदा होती है। उन्होंने इस अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए यथासंभव सहयोग करने की क्षेत्र वासियों से अपील की है। इस अनुष्ठान के बारे में कहा गया है कि पांच मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा छह मार्च से महायज्ञ के साथ साथ प्रयागराज की कथावाचिका अंजनी गोस्वामी एक सप्ताह तक श्रीमद्भागवत कथामृत प्रस्तुत करेंगी। जानकारी हो कि तेरह मार्च को बंगाल के प्रसिद्ध कलाकार गणेश भट्टाचार्य और दिलीप बनर्जी कविगान प्रस्तुत करेंगे जबकि चौदह मार्च को कोलकाता के प्रियंका दास बतौर बाउल शिल्पी शिरकत करेंगे। मौके पर ब्लॉक प्रमुख कलावती मुर्मू, उप प्रमुख समर माजी, 20 सूत्री समिति के प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल भट्टाचार्य, मुखिया अजित मुर्मू के अलावा डॉ राधु मंडल, बासुदेव हांसदा, खिरोद वरण महतो, महेश कपूर, भव सिंधु लायेक, गुपीन सोरेन, पंकज झा, जियाराम ठाकुर, जनार्दन भंडारी, निरंजन मंडल, रंजीत कुमार तिवारी, सुनील कुमार माजी, जितेंद्र नाथ मंडल, दयामय घोष, गुरुपद मंडल सुकमणि हेम्ब्रम, राजू दास, बबलू बनर्जी आदि कमेटी के सदस्य, समाजसेवी तथा स्थानीय लोग काफी संख्या में उपस्थित थे।
कोडरमा ने साहेबगंज को 111 रन से हराया
जामताड़ा। संवाददाता। मंगलवार को झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रायोजित अंडर-19 इंटर डिस्ट्रक्टि प्लेट ग्रूप टूर्नामेंट के ग्रुप सी के जामताड़ा वेन्यू का पांचवें एवं अंतिम मैच साहेबगंज बनाम कोडरमा के बीच खेला गया जिसमें कोडरमा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और बल्लेबाजी करते हुए महज 48.5 ओवर में 194 रन बनाकर सिमट गई। जवाबी पारी खेलते हुए साहेबगंज की टीम ने मात्र 83 रन बनाकर आउट हो गयी। इस प्रकार कोडरमा की टीम ने इस मैच को 111 रन से जीत लिया। मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार कोडरमा के अभय कुमार सिंह को दिया गया, जिन्होंने 4 विकेट एवं 13 का योगदान दिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जामताड़ा के समाज सेवी चमेली देवी ने दिया। मैच में जेएससीए के टीआरडीओ इबनय हुसैन खान, अंपायर रूपेश कुमार, अरविंद कुमार एवं स्कोरर की भूमिका में दीपक कुमार और शुभम मेहता ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। मौके पर जेएससीए के मैनेजिंग कमिटी के सदस्य युगेश सिंह, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रविंद्र झा, उपाध्यक्ष कुणाल सिंह, विक्रम शर्मा, तरुण दास मौजूद थे।
विधानसभाध्यक्ष व बीडीओ ने की शाह बाबा के मजार पर चादरपोशी
विक्रमपुर में उर्स मेले का हुआ आयोजन
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार को विक्रमपुर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो और प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाल राजा ने उर्स मुबारक के अवसर पर पहलवान शाह बाबा के मजार पर चादरपोशी की। मंगलवार को प्रखंड के विक्रमपुर में उर्स मेले का आयोजन किया गया था। उर्स मुबारक के अवसर पर विक्रमपुर में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने चादरपोशी के बाद ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल लिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष उर्स के मौके पहलवान शाह बाबा के मजार पर हाजिरी लगाता आया हुं। बाबा के अस्ताने में अपने देश के लिए अमन और चैन की दुआ की।
मंगलवार शाम में कुंडहित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा भी पहलवान शाह बाबा के उर्स मुबारक में शामिल हुए। प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने कहा कि आस्ताना शरीफ में चादरपोशी किया और देश के अमन एवं शांति के लिए दुआ किया गया। जानकारी के अनुसार पहलवान शाह बाबा के उर्स मुबारक हर साल बांगला माघ माह के 14वीं तारीख को मेले का आयोजन किया जाता है। मुस्लिम बहुल विक्रमपुर के लोग बड़े धूमधाम से उर्स मुबारक मानते हैं।
सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
फतेहपुर। संवाददाता। सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन मंगलवार को सरस्वती पूजा लेकर सीओ हिम्मत लाल महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद गुप्ता ने सरस्वती पूजा शांतिपूर्वक मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा सरस्वती पूजा के दौरान अशांति या हुड़दंग करने वालों पर पेनी नजर रहेगी। पूजा के दौरान पूजा पंडाल में किसी प्रकार का तीव्र ध्वनि बजाने पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा। शांतिपूर्वक सरस्वती पूजा संपन्न करने का निर्देश दिया। मौके पर अजय महेरिया, अध्यक्ष जलाउद्दीन अंसारी, सुनील महेरिया, महावीर मोदी, प्रमरामानंद गोस्वामी, एएसआई राजा बाबू सुप्रभात मुर्मू आदि उपस्थित थे।