जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह थानांतर्गत कुंजीसार गांव निवासी अमित कुमार पंडित के घर से चोरों द्वारा ग्रील काटकर नगदी सहित हजारों रुपए के समानों की चोरी कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में अमित ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर चोरी की घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छह अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह और उसके परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब दो बजे उसकी मां शौच के लिए उठी और शौच के बाद कमरे को खोलने लगी तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद वह सभी को जगाया तो कमरा का कुंडी को तोड़कर अंदर गया तो देखा सामान बिखरा हुआ है और खिड़की का ग्रील कटा हुआ था। साथ ही देखा गोदरेज, बक्शा आदि तोड़ कर नगद रुपए एवं समानों की चोरी अज्ञात चोरों ने कर ली है। कहा कि नगद 10 हजार रुपए, 40 हजार रुपए के जेवरात, बर्तन एवं कपड़ा चोरी हुई है। पुलिस ने आवेदन पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
विद्युत चोरी के आरोप में आठ पर केस
जसीडीह/संवाददाता। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल जसीडीह के सहायक अभियंता डेविड कुमार हांसदा के नेतृत्व में गठित टीम ने जसीडीह के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत ऊर्जा चोरी उन्मूलन को लेकर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान आठ व्यक्तियों को अवैध रूप से विद्युत उर्जा चोरी करते पकड़ा गया। साथ ही सहायक विद्युत अभियंता डेविड कुमार हांसदा ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर विद्युत ऊर्जा चोरी करते पकड़ा गया उक्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। विद्युत विभाग जसीडीह से मिली जानकारी अनुसार सहायक विद्युत अभियंता डेविड कुमार हांसदा के नेतृत्व में मानव दिवस कर्मी राज कुमार, विजय कुमार राउत, निवास चौहान, फूलेश्वर राउत आदि की गठित टीम ने सात अक्टूबर को जसीडीह के सरासनी, रोहिणी केवट टोला, रोहिणी टेंपो स्टैंड आदि क्षेत्रों में विद्युत ऊर्जा चोरी को लेकर छापेमारी अभियान चलाया। सहायक अभियंता श्री हांसदा ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध रूप से विद्युत उर्जा चोरी करते सुनील कुमार राय, ज्योतिन दास, सुरेश दास, कारू दास, नितीश कुमार राय, किशोर कुमार राय, पलटू कापरी एवं मो. रसीद को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि मो रसीद मीटर बाइपास पर टोटो चार्ज करता था। अन्य व्यक्तियों के बिजली बिल बकाया होने पर लाइन काट दिया गया था। इसके बावजूद अवैध रूप विद्युत ऊर्जा की चोरी कर उपयोग कर रहे थे। इन व्यक्तियों पर करीब 131,422 रुपए बकाया बिल है। जबकि इनपर करीब 42,000 जुर्माना लगाया गया। साथ ही जसीडीह थाना में मामला दर्ज कराया गया।
दोनिहारी में भजन संध्या से माहौल हुआ भक्तिमय
देवघर/नगर संवाददाता। बीते शनिवार की रात जिले के मोहनपुर प्रखंड के सारवां देवघर रोड़ में भिखना पंचायत के दोनिहारी में महावीर समाज द्वारा ज्वाला चौक बजरंगबली मंदिरों प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम एक भक्त के मनोकामना पूर्ण होने पर आयोजित किया गया। मौके पर देवघर से पहुंचे भजन गायकों की टोली ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम इतना लाजवाब था कि उपस्थित लोगों के अलावा आने जाने वाले राहगीर भी गायक व गायिकाओं की मधुर आवाज सुनकर ठिठक जाते और कुछ देर रूककर भजन का आनंद लेते हुए आनंद के सागर में गोता लगाने लगते थे। गायक टोनी के नेतृत्व में टीम ने देररात तक अपनी प्रस्तुति दी। गायक टोनी आर्गेन पर हाथ फेरते हुए एक बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किया। जबकि गायिका जया कुमारी ने बाबा बैद्यनाथ सहित अन्य बेहतरीन भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। जबकि सुमन व अभिषेक नाल व पैड पर संगत दे रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश व वीर बजरंगबली की वंदना से किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने श्यामा साउंड के मालिक अनिल राउत, राजू श्रीवास्तव, सुशील पांडेय, कैलु राउत, सुभाष राउत, अशोक राउत सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवानिवृत्त जज और झामुमो कार्यकर्ता के पिता का निधन
- सांत्वना देने पहुंचे पूर्व स्पीकर एवं झामुमो नेता
सारठ/संवाददाता। सारठ के गोपीबांध गांव निवासी सेवानिवृत्त जज दीपक कुमार लाल तथा झामुमो के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजू लाल के पिता 90 वर्षीय भुवनेश्वर प्रसाद लाल के आकस्मिक निधन पर उनके अंतिम दर्शन के लिए रविवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया तथा मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं इस दुखद घड़ी की बेला में जनप्रतिनिधियों एवं लोगों का उनके अंतिम दर्शन के लिए तांता लगा रहा। झामुमो के वरिष्ठ नेता परिमल उर्फ भूपेन सिंह भी घर पहुंचकर सांत्वना दिया।
छापेमारी में एक ट्रैक्टर जब्त
सारवां/संवाददाता। अवैध बालू के उठाव पर प्रतिबंध लगाने को लेकर थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा के नेतृत्व में विगत रात्रि को सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस क्रम में अवैध बालू लोड कर भाग रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि देवपहरी के समीप से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है। अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को पत्र लिखा गया है।
दो पक्षों के विवाद में काउंटर केस
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना में दो पक्षों द्वारा काउंटर केस दर्ज कराया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रदीप लकड़ा ने बताया कि भंडारो के गीता देवी द्वारा आवेदन देकर कपसियो के संतोष राय, अभिषेक राय, राहुल सिंह, अमित सिंह समेत 10-12 अज्ञात लोगों पर घर में घुस कर मारपीट करने व बक्शे में रखा 50 हजार निकाल लेने का आरोप लगाया है। वहीं कपसियों के संतोष राय ने आवेदन देकर प्रदीप यादव पर अपनी जबरदस्ती लड़की को भगा ले जाने उसके घर पूछताछ करने पर पिता कार्तिक यादव, रूपेश यादव व कांग्रेस यादव द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
कोयला व्यापारियों की समस्या को लेकर पूर्व विस अध्यक्ष ने की बैठक
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी में रोडसेल का लोडिंग पर्ची निर्गत करने के विवाद को रविवार को ट्रक ऑनर, कोयला व्यापारियों एवं कैजुअल मजदूरों के साथ पूर्व विस अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने बैठक कर समाधान किया। बैठक में पूर्व विस अध्यक्ष श्री भोक्ता ने स्पष्ट किया कि क्यू सिस्टम को लेकर फैली अफवाह बिल्कुल निराधार है। इस सिस्टम से किसी को कोई ना तो किसी को एतराज है और ना ही इसमें कोई विवाद है। सिस्टम के तहत ही सभी वाहनों का कोल डंप में इन और आउट होगा। बैठक में पप्पू भोक्ता, ललित मिश्रा, जगन्नाथ यादव, प्रकाश यादव, मदन सिंह, रवि सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजन को लेकर हुई बैठक
मधुपुर/संवाददाता। शहर के पनाहकोला स्थित दत्ता चैरिटेबल हॉस्पिटल परिसर मे भारतीय रेडक्रॉस कार्यालय में रविवार को एक बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर के दूसरे चरण को आयोजित करने व रेडक्रॉस के कार्यो से संबधित जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को देने को सदस्यों के बीच चर्चा की गयी। सोसाइटी के सचिव महेंद्र घोष ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर के दूसरा चरण नौ अक्टूबर को प्रखंड क्षेत्र के गड़िया पंचायत भवन में आयोजित किया जाना है। पूर्व प्रमुख सुबल प्रसाद सिंह उर्फ बंशी सिंह इस शिविर के प्रायोजक है। बताते चलें कि यह शिविर एक वर्ष तक अलग-अलग पंचायतों में लगाया जायेगा। शिविर के आयोजन में रेडक्रॉस के 12 आजीवन सदस्यों ने प्रायोजक किया है। बैठक में अरविंद कुमार, हेमंत नारायण सिंह, सुबल प्रसाद सिंह, अस्तानंद झा, एनुल होदा, सचिदानन्द सिंह, सियाराम सिंह, रामसेवक पासवान, शाहिद अलिमी, रंजन कुमार, सुल्तान अहमद उर्फ दिलीप, सरोज शर्मा, राकेश वर्मा, अजय पाठक,शबिला अंजुम, सुनीता जयसवाल, सुचेता घोष, सहित अन्य सदस्य मौजूद थे ।
सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रचार अभियान जोरों पर
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड के सिकटिया बराज स्थित मेगा सिंचाई योजना का उद्घाटन हेतु सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नौ अक्टूरबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर इलाके में जोरों से प्रचार प्रसार अभिमान महागठबंधन व इंडिया टीम के राजनीतिक कर्मी लगे हैं। इसी क्रम में इण्डिया के गठबंधन के वरिष्ठ नेता अवधेश प्रजापति करोंग्राम पहुंचकर करौं के पटावर हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसानों के हित काम कर रहे हंै। सभा स्थल पर अधिक से अधिक संख्या लोग उपस्थित हो सफल बनाने की अपील की। मौके पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष संजीव चौधरी इन्द्रदेव दास, सुनीता देवी, सरोज हेम्ब्रम, सोनू मंडल, झगरू पंडित, सत्यनारायण तुरी, दशरथ दास समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
एकल अभियान के तहत 10 दिवसीय वार्षिक आचार्य प्रशिक्षण वर्ग आयोजित, विधायक ने किया उद्घाटन
10 दिवसीय वार्षिक आचार्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन
चितरा/संवाददाता। चितरा स्थित पंचायत भवन में एकल अभियान के तहत 10 दिवसीय वार्षिक आचार्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। जिसमें सारठ व पालोजोरी प्रखंड के एक एक विद्यालय के एक-एक आचार्य यानी कुल 60 आचार्य भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उक्त कार्यक्रम का मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित सारठ विधायक रणधीर सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि एकल अभियान के तहत गांवों में शिक्षा का अलख जगाया जा रहा है। कहा कि इस अभियान के तहत वैसे गावों में शिक्षा किरण पहुंचाया जा रहा है जहां शिक्षा का अभाव था। इन आचार्यों के माध्यम से बच्चों को शिक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा के साथ साथ खेलकूद, संस्कार निर्माण, आरोग्य शिक्षा सहित अन्य प्रकार से शिक्षा देकर समाज का निर्माण किया जा रहा है। आने वाले समय में ये सभी आचार्य बच्चों को शिक्षा देकर समाज को बेहतर बनायेंगे। साथ ही कहा कि पंचमुखी प्रशिक्षण के तहत प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास, स्वाभिमान जागरण, संस्कार शिक्षा के माध्यम से आचार्यों को ऊर्जावान बनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रशिक्षक डमरूधर पंडित जिला अभियान प्रमुख, सुनील कुमार राय, संताल परगना भाग प्रमुख, सुकदेव हेंब्रम, नंदलाल पंडित, मनोहर प्रसाद के अलावा समाजसेवी सुजीत रजक, सदानंद भोक्ता, दीपू साह, गुणाधर राय, जवाहर राय आदि उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं के साथ मंथन कर विश्वनाथ ने नवंबर में बनाया भाजपा में शामिल होने का मन
- जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से करेंगे टिकट की दावेदारी
देवघर/नगर संवाददाता। चुनावी मौसम नजदीक आते ही कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ मंथन का दौर शुरू हो जाता है। इसी सिलसिले में रविवार को जिले के सारवां प्रखंड के विशनपुर गढ़ी मैदान में जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से किस्मत अजमाने व भाजपा में शामिल होने को लेकर जरमुंडी से आने वाले विश्वनाथ राय ने बैठक आयोजित कर मंथन किया। जिसमें यह साफ हो गया कि वह अपने समर्थकों के साथ नवंबर माह में किसी दिन भाजपा में शामिल होंगे और पार्टी से टिकट की दावेदारी पेश कर चुनाव मैदान में उतरेंगे। इस दौरान कई दफा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से पूर्व मंत्री हरिनारायण राय के नाम का उल्लेख किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के समर्थक असंतोष दूर कर विधानसभा क्षेत्र के 54 पंचायत व एक नगर पंचायत में विकास की रौशनी फैलाने के लिए कार्यकर्ता व समर्थकों के राय से भाजपा में शामिल होगें और आगे की रणनीति तैयार करेंगे। 10 साल तक हम लोगों ने जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा की है। हम सब मिलकर मिशन 2024 की तैयारी मान स्वभिमान की रक्षा करते हुए कारवां को आगे बढ़ाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करेंगे। इस बाबत 24 सितंबर को जरमुंडी में भी बैठक कर विचार-विमर्श किया जा चुका है। टिकट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है और यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत राष्ट्र सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सभी काम होते हैं। मै अपने समर्थकों के साथ नवंबर माह में किसी भी दिन भाजपा में शामिल हो सकता हूं। मैं पार्टी में सिपाही की तरह काम करूंगा और पार्टी को मेरा काम पसंद आएगा तो सम्मान जरूर मिलेगा। भाजपा में हर किसी को सम्मान मिलता है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज कांग्रेस, आरजेडी, जेएमएम सहित अन्य पार्टी में वंशवाद की परंपरा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं लेकिन बागडोर सोनिया गांधी के हाथ में है। किसी कार्यक्रम या बैठक में सोनिया गांधी पहुंचती है तो मल्लिकार्जुन खड़गे खड़े क्यों हो जाते हैं। यह दर्शाता है कि कांग्रेस में वंशवाद की परंपरा मजबूत है। बैठक की अध्यक्षता राजेश सिंह व मंच संचालन दिलीप राउत ने किया। मौके पर रेवती नंदन चौधरी, महेंद्र सिंह, विजय सिंह, विश्वनाथ राय, नित्यानंद प्रसाद, अशोक यादव, प्रयाग प्रसाद सिंह, राधेश्याम राव, देवनारायण राय, दिलीप मंडल, रामलाल मंडल, राजू दुबे, नागेंद्र यादव, विक्रम राय, संजय राणा, संतोष राय, ब्रह्मदेव वर्मा, श्रीकांत राय, अजय झा, संतोष रजवार, रामकिशोर राउत, परशुराम वर्मा, योगेंद्र वर्मा, आजादी वर्मा, राजेश वर्मा, रामजीत यादव, दिलीप वर्मा, कैलाश राउत, जीतू सिंह, हलधर वर्मा सहित अन्य लोग बैठक में उपस्थित थे।
ऑटो और बाइक में टक्कर एक महिला सवारी की मौत
- छह लोग हुए घायल
मोहनपुर। संवाददाता। थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवघर-दुमका मुख्य सड़क पर डुमरथर गांव के पास रविवार की शाम को ऑटो और बाइक में जोरदार टक्कर हो गयी। जिसमें एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गयी है। जबकि छह लोग घायल हो गये।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि ऑटो देवघर से गोड्डा की ओर जा रही थी। तभी विपरित दिशा से आ रही बाइक से सीधी टक्कर हो गयी। जिसमें ऑटो सवार एक महिला की मौत हो गयी। जबकि मेघु गोस्वामी, उनकी पत्नी जमुई जिला निवासी, फुलेश्वरी देवी, प्रिया कुमारी दोनों दुमका जिला निवासी, मोहन मंडल जगतपुर गांव निवासी मोहनपुर थाना क्षेत्र के लतासारे निवासी, पप्पू कुमार गोपालपुर बाइक सवार घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। उधर राहगीरों ने घटना की जानकारी मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप को दे दी है। सूचना पाकर सदर इंस्पेक्टर मनोज कुमार, एसआई अनुरंजन समद मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है।
पूर्व रेलवे कुली संघ की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
जसीडीह/संवाददाता। रेलवे जसीडीह परिसर स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में रविवार को पूर्व रेलवे कुली संघ की जसीडीह शाखा की एक बैठक संघ के अध्यक्ष डॉ. नंदन दुबे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विशेष रूप से आमंत्रित इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, इंटक के देवघर जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा एवं प्रमिला देवी उपस्थित थीं।
बैठक में कुली संघ का संबधन पूर्व की भांति इंटक से कराने पर सहमति जताई गयी। संघ के सचिव रंजीत राम ने प्रदेश सचिव श्री कुमार को एवं महासचिव पप्पू ने जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं महिला मोर्चा की प्रमुख प्रमिला देवी का भी स्वागत किया। बैठक में संघ के अध्यक्ष डॉ दुबे ने संबधन के लिए आवश्यक कागजात को दुरुस्त करने का दायित्व संघ के सदस्यों को दिया। ताकि दशहरा के पहले सारे कागजात जमशेदपुर में जमा हो सके। कुली सदस्यों ने रेल द्वारा वर्दी न मिलने विश्रामगृह न होने की बात कही। अध्यक्ष ने इन समस्त समस्या के बारे में सीएस से बात करने एवं आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। धन्यवाद ज्ञापन एवं संघ एकता के जयघोष के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक मेंरंजीत राम, पप्पू राम, विकास राम, छोटी भोक्ता, सोना राम, नागेश्वर, कैलाश आदि कुली उपस्थित थे।
न ईद में मिली राशि, और न दुर्गापूजा में मिलेगी राशि
- प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर सहिया ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
पालोजोरी/संवाददाता। गांव के लोगों को स्वास्थ्य विभाग से जोड़ने का काम कर रही स्वैच्छिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहिया अपनी बदहाली का रोना रो रही है। अपना दु:खड़ा सुनाने रविवार को दर्जनों सहिया स्थानीय विधायक रणधीर सिंह से मिली और लम्बे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। सहिया ने बताया कि न ईद में उन्हें प्रोत्साहन राशि मिल पाई और न दुर्गापूजा में उन्हें प्रोत्साहन राशि मिलने की कोई संभावना नजर आ रही है। ऐसे में जिस उत्साह और जज्बे के साथ उन्होंने सहिया पद को स्वीकार किया था, अब वे ठगा महसूस कर रही हैं। विधायक ने अपनी तरफ से उन्हें हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया।