- विभाग को नहीं है जानकारी
सारवां/संवाददाता। सारवां प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न 14 पंचायत में पेयजल स्वच्छता विभाग द्वारा जल उपलब्ध कराने को लेकर पाइप बिछाने का कार्य जोरों पर जारी है। एक तरफ जहां लोगों को जलापूर्ति शीघ्र ही उपलब्ध कराने लिए पाइप बिछाने का काम जारी है वहीं संवेदक द्वारा बिजली चोरी कर ड्रिल मशीन का उपयोग कर रहे हैं। प्रखंड क्षेत्र के मंझीलाडीह टोला में देखा गया कि जल नल योजना का कनेक्शन देने को लेकर पीसीसी पथ को एक बड़ा ड्रिल मशीन से तोड़ा जा रहा है इस संबंध में संबंधित कर्मियों से पूछे जाने के बाद उन लोगों ने बताया कि संवेदक के आदेश पर बिजली से संचालित मशीन का उपयोग किया जा रहा है। अब सवाल यह है कि संवेदक किसी भी कार्य को करने के लिए राशि लेंगे ऐसे में बिजली विभाग से बिना किसी प्रकार के सूचना दिए बिजली का उपयोग कर रहे हैं तो बिजली विभाग को राजस्व का क्षति पहुंच रही है। इस संबंध में जब संबंधित विभाग के मिस्त्री मनोज साहू से पूछा गया उन्होंने कहा कि स्थल पर जाकर देखा कि ड्रिल मशीन का उपयोग किया जा रहा है। विभाग के कनीय अभियंता गोविंद महतो के नंबर पर संपर्क साधने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। वहीं एसडीओ प्रमिला लकड़ा भी फोन रिसीव नहीं की।
बाल विवाह मुक्ति को लेकर चलाया जागरुकता अभियान
देवीपुर/संवाददाता। प्लस टू उच्च विद्यालय सिमरा खास में गुरुवार को कैलाश सत्यार्थी चिल्डे्रन फाउंडेशन के सहयोग से स्वयंसेवक संस्था चेतना विकास द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डालसा के सचिव मयंक तुषार टोपनो द्वारा वीडियो क्लिप के माध्यम से बाल विवाह बाल मजदूर एवं डायन प्रथा के बारे में बताया गया। कहा कि छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक होना बहुत जरूरी है। बाल विवाह कानूनन अपराध तो है लेकिन शरीर के साथ भी अपराध कर रहे हैं। पोक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दीगयी। डालसा के सज्जन कुमार मिश्रा ने समाज में फैली कुरीतियों के बारे में जानकारी देते हुए इसके लिए जागरुक किया। संस्था के प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर पूनम कुमारी तथा क्षेत्रीय कार्यकर्ता शत्रुघ्न पांडेय ने उपस्थित सभी छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करने का शपथ दिलाया।
मनचले युवकों ने की छेड़खानी, महिला ने की पुलिस से शिकायत
मधुपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 27 वर्षीय महिला से मनचले युवकों द्वारा छेड़खानी की गई है। पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर नावाडीह भेड़वा निवासी बिट्टू राउत, भोला सिंह और जुगल राउत को आरोपित बनाया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह विगत मंगलवार शाम करीब चार बजे वह घर से मधुपुर बाजार जा रही थी। रास्ते में तीनों आरोपित मोटरसाइकिल और स्कूटी से सवार आए और गाली-गलौज करते हुए हाथ पकड़ लिया। तीनों ने अश्लील हरकत किया। जोर जबरदस्ती करने लगे। जाते समय धमकी दिया कि किसी को यह बात बतायी तो जान से मार देंगे। पुलिस प्राथमिक दर्ज कर तीनों अ आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कांग्रेसी नेत्री ने किया रेस्टोरेंट का उद्घाटन
रेस्टोरेंट का उद्घाटन करतीं कांग्रेसी नेत्री शबाना खातुन
मधुपुर/संवाददाता। शहर के राजबाड़ी परिसर में गुरुवार को ब्लू डायमंड फैमिली रेस्टोरेंट का उद्घाटन झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव शबाना खातुन उर्फ पिंकी ने फीता काटकर किया। शबाना ने कहा शहर के बीचो-बीच में एक अच्छा फैमिली रेस्टोरेंट खुल जाने से आसपास के लोगों को काफी सहूलियत होगी।
मौके पर पूर्व अध्यक्ष फैयाज कैसर, गोल्डी खान, डॉ. समीरण करमरकर, अमर शर्मा, रामपुर मुखिया तकबुल अंसारी, नसीम, सुबोध लाल, संजय सिंह, आकाश, रेस्टोरेंट संचालक मो. शमीम एवं मो. समीर आदि उपस्थित थे।
नप ने शुरू की विभिन्न छठ घाटों की सफाई
मधुपुर/संवाददाता। आस्था का महापर्व छठ पूजा की तैयारी नगर परिषद मधुपुर ने शुरु कर दी है। गुरुवार को कार्यपालक पदाधिकारी शिखा कुमारी के निर्देश पर नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत के नेतृत्व में शहर के विभिन्न छठ तालाब घाट की सफाई प्रारंभ की गई। शहर के झील तालाब छठ घाट, रेलवे पंपु तालाब, लखना तालाब, लालगढ़, मीना बाजार मोहल्ला, समेत विभिन्न छठ घाट की सफाई नगर परिषद के कर्मियों के द्वारा युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है । नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत ने बताया कि आस्था का परम छठ पूजा की तैयारी शुरू कर दी गई है। साफ-सफाई के आलावा घाट पर ब्लीचिंग पाउडर, चूना आदि का छिड़काव किया जाएगा। झील तालाब घाट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां सभी वर्ग के लोग अपने स्तर पर साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर मुस्तैद है। छठ व्रतियों के लिए समुचित लाइट एवं सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया जाएगा।
मृत व्यक्ति का राशन कार्ड से अविलंब नाम हटायें : राजशेखर
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड मुख्यालय के सभागार में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मधुपुर राजशेखर कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड के डीलरों की बैठक आहूत की गई। बैठक में करौं, रानीडीह, सिरसा, टेकरा, कसैया , पाथरोल, बाधनाडीह आदि पंचायत के 87 डीलरों ने बैठक में भाग लिया’ इस अवसर पर सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मधुपुर राजशेखर ने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि जिन-जिन कार्ड धारी का मोबाइल नंबर सेटिंग नहीं हुआ है, वैसे कार्डधारी का अविलंब मोबाइल सेटिंग करने का कार्य करें। कहा कि जो कार्ड धारी मर चुके हैं उनका नाम राशन कार्ड से अविलंब हटाया जाए। इस काम के लिए अभियान चलाकर कार्य को पूरा करें। कहा कि राशन कार्डधारी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नही करना पड़े इसका ख्याल रखें। कार्डधारी का मोबाइल नंबर जोड़ने का कार्य करें। माइग्रेट मजदूर की सूची पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना सुनिश्चित करें। कहा कि किसी प्रकार की परेशानियां हो तो उनसे मिलकर उसे दूर कर ले और निर्धारित सीमा के भीतर कार्य करें। मौके पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मोहम्मद सद्दाम, गौरव कुमार केसरी सहित 14 पंचायत के डीलर बैठक में मौजूद थे।
जमीन विवाद में मारपीट, तीन घायल
सारवां/संवाददाता। सारवां थाना क्षेत्र के घुरनियां मलनियां गांव में जमीन विवाद में हुई मारपीट में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गये। परिजनों द्वारा इलाज हेतु सारवां सीएचसी लाया गया। मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घायल संगीता देवी, नीलम देवी व जीवलाल यादव का इलाज कर बेहतर इलाज को लेकर देवघर रेफर कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस से शिकायत नहीं की गयी है।
शिविर में बनाये गये 18 आयुष्मान कार्ड
सारवां/संवाददाात। बीडीओ रजनीश कुमार के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केद्र के प्रभारी डॉ बीके सिन्हा द्वारा कुशमाहा पंचायत के आदिम जनजाति गांव हेरलाडीह में आयुष्मान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएचओ संतोष प्रमाणिक की देखरेख में पहाड़िया समुदाय के लोगों का ऑन द स्पॉट 18 आयुष्मान कार्ड बनाया गया। शिविर के संचालन मंे अमित कुमार, दिवाकर सिंह, नर्स पुनम कुमारी, बीटीटी ब्रह्मदेव वर्मा, समाजसेवी गुड्डू झा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अहम भूमिका निभायी।
मनरेगा जनसुनवाई का लोकपाल ने किया निरीक्षण
सारवां/संवाददाता। मनरेगा सोशल अडिट टीम द्वारा प्रखंड के बंदाजोरी, रक्ति, लखोरिया व वनवरिया पंचायत जन सुनवाई का आयोजन किया गया। मौके पर लोकपाल कल्पना झा द्वारा समाजिक अंकेक्षण सह जन सुनवाई का औचक निरीक्षण उक्त पंचायतों में किया गया। इस अवसर पर सुनवाई के दौरान मनरेगा में कार्य से अधिक पैसे की निकासी के साथ कई योजना में खामियां पाये जाने पर ज्यूरी टीम द्वारा रोजगार सेवक व पंचायत सेवक को 50 से लेकर 500 रुपये तक आर्थिक दंड लगाया गया। लोकापाल कल्पना झा ने बताया कि जन सुनवाई का औचक निरीक्षण किया गया। लाभुक की शिकायत थी कि पैसे की निकासी के बाद कई योजनाओं का काम अधूरा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कृषि पदाधिकारी विजय कुमार देव, डीआरपी मनोरंजन वर्मा, पंचम वर्मा, जेएसएस विनोद कुमार दास, बीसीओ राजेंद्र कुमार, बीटीएम अजीत सिंह, पंचम झा, यमुमनी तांती, मोतीलाल मंडल, चंदन मांझी, विनोद यादव, अमर राय के साथ संबंधित पंचायत के मुखिया व मनरेगा लाभुक उपस्थित थे।
चावल चोर को भेजा गया जेल
मारगोमुंडा/संवाददाता। थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ पर विद्यालय में गत महीने हुए चोरी मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त बाबू हुसैन दुधानी गांव निवासी को पुलिस ने गुरुवार को उनके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया पूर्व में भी अन्य आरोपी को भी जेल भेजा गया है।
गोविंदपुर-साहिबगंज हाइवे पर पिकअप व ट्रेलर में सीधी टक्कर, एक की मौत
- दर्जन भर मजदूर घायल, गंभीर रूप से पांच घायल को धनबाद किया गया रेफर
चितरा/संवाददाता। खागा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर साहेबगंज हाइवे पर जरीडीह गांव के समीप गुरुवार सुबह पिकअप वैन ट्रेलर वाहन के बीच जोरदार सीधी टक्कर हो गई। जिससे पिकअप के परखच्चे उड़ गए। वहीं पिकअप में सवार दर्जन भर मजदूर घायल हो गए। जिसमें तीन की स्थिति नाजुक बताई गई। बाद में इलाज के क्रम में एक महिला की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वैन मोहनाबांक से बिंदापाथर की ओर जा रही थी, वहीं विपरीत दिशा एक ट्रेलर वाहन गोविंदपुर के रास्ते से आ रही थी, जो जरीडीह गांव के समीप दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दर्जन भर लोग घायल हो गए। घटना के बाद सूचना मिलने पर पहुंची खागा पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान बिंदापाथर थाना क्षेत्र की महिला मजदूर 25 वर्षीय सोनाली हांसदा की मौत हो गई। अन्य कई की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में ढलाई का काम करने वाले सभी मजदूर सवार थे। पिकअप में ढलाई कार्य में उपयोग किए जाने वाले मिक्सर मशीन भी लोड था। घटना का कारण मालूम नहीं चला है। बता दें कि पिकअप में कुल 17 मजदूर सवार थे, जिसमें कई महिला मजदूर भी थी। घटना के संबंध में बताया जाता कि टेलर लगी ट्रक जामताड़ा की ओर से जबकि पिकअप वैन उसके विपरीत दिशा से आ रही थी। पिकअप वाहन का चालक तेजी से वैन चला रहा था और सामने से ट्रक के आने के कारण वैन अनियंत्रित हो गया जिस कारण वैन, ट्रेलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद हो हल्ला होने लगा और देखते ही देखते घटनास्थल पर काफी भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की जानकारी बगदाहा पंचायत के मुखिया गोलक बिहारी यादव को दी। मुखिया ने त्वरित रूप से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत के उपाय शुरू किए व मामले की जानकारी बीडीओ सह सीओ अमिर हमजा व खागा थाना प्रभारी चंदन कुमार पांडेय को दी। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा भेजा गया। घटनास्थल पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व खागा थाना प्रभारी चंदन कुमार पांडेय भी पहुंचे। वहीं जामताड़ा में इलाज के दौरान एक महिला मजदूर की मौत हो गई जबकि पांच को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद लगभग एक घंटे के लिए सड़क जाम हो गया था । वहीं बीडीओ ने आवागमन चालू करवाया। घटना काफी दर्दनाक था और घटना के बाद चारों ओर घायल लोगों की चीखें गूंज रही थी। इधर खागा पुलिस पिकअप को जब्त करते हुए थाना ले गई।
ईद, दशहरा के बाद कहीं दिवाली तो नहीं रह जायेगी फीकी…
- मामला पालोजोरी के स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन मानदेय का
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य कर्मियों की ईद और दशहरा के बाद कहीं दिवाली तो फीकी नहीं पड़ने जा रही है? बात पालोजोरी के स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन और मानदेय की है, जिसका भुगतान लंबे समय से नहीं हो पाया है। इसमें आयुष चिकित्सक, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, एएनएम और शामिल कर्मी शामिल हैं।
कहां है मामला फंसा : पूर्व ब्लॉक अकाउंट मैनेजर के तबादले के बाद और नए ब्लॉक अकाउंट मैनेजर के योगदान के बाद बैंक की प्रक्रिया और अन्य दस्तावेज के आदान प्रदान में मामला फंसा हुआ है। जिला यक्ष्मा कार्यालय के लिपिक को पालोजोरी के बैम का प्रभार दिया गया है।
सैकड़ों सहिया का भुगतान है लंबित : समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच लिंक वर्कर के रूप में काम करने वाली ऐच्छिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहिया का मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। कुछ दिनों पहले क्षेत्र की कई सहिया इस समस्या को लेकर सारठ विधायक रणधीर सिंह से मिल ज्ञापन भी सौंप चुकी है।
भुगतान होना शुरू हो गया है : प्रभारी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर जावेद ने बताया कि एनएचएम कुछ कर्मियों का भुगतान किया गया है। जल्द ही सभी कर्मियों का भुगतान हो सके, इसके लिए पूरी प्रक्रिया के साथ काम किया जा रहा है। दिवाली फीकी पड़ने नहीं दी जाएगी।
भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन
मोहनपुर/संवाददाता। राजकीयकृत उच्च विद्यालय मोहनपुर हाट में गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना समग्र शिक्षा अभियान के तहत भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी की कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम चौधरी ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद कोलकाता के द्वारा आयोजित देवघर जिले के अंतर्गत क्लस्टर के रूप में विद्यालय को नामित किया गया है विद्यालय में जाकर यह कार्यक्रम दिखाया जायेगा।
करवाचौथ पर मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष ने किया पौधरोपण
पालोजोरी/संवाददाता। अमूमन करवाचौथ पर विवाहिता द्वारा अपने पति की सलामती के लिए निर्जला व्रत रखते हुए पूजा की जाती है और शुभ मुहूर्त पर चांद देखकर व्रत तोड़ा जाता है। लेकिन पालोजोरी के मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष मंजु अग्रवाल ने करवाचौथ पर अपने पति की सलामती के लिए निर्जला व्रत रखते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया है। मंजु अग्रवाल ने करवाचौथ पर पौधरोपण करते हुए बताया कि प्रकृति की सलामती का जिम्मा भी हमें ही लेना है। जब प्रकृति की विकृत हो जाएगी, तो हमारा ही अस्तित्व समाप्त हो जायेगा। इस मुहिम में मंजु अग्रवाल के पति और प्रसिद्ध व्यवसायी प्रदीप अग्रवाल बराबर के भागीदार बने रहे।