- डीसी ने संबंधित पदाधिकारी को समिति की अगली बैठक में अनुकंपा पर नियुक्ति के लिए बचे मामलों को रखने का दिया निर्देश
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता उपायुक्त जिशान कमर की अध्यक्षता में बुधवार को जिला अनुकंपा समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान स्थापना उप समाहर्ता स्मिता टोप्पो के द्वारा सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदन को समिति के समक्ष रखा गया। बैठक में उपायुक्त द्वारा अनुकंपा से संबंधित सभी आवेदनों और प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सेवाकल के दौरान मृत सरकारी कर्मचारी के आश्रितों को नियमानुसार जांचोपरांत समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिए जाने को लेकर विस्तार पूर्वक विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने बैठक के दौरान कहा कि सरकार के नियमानुसार अनुकंपा के आधार पर नौकरी से संबंधित मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यथाशीघ्र उनका निष्पादन किया जाए। बैठक में उपायुक्त के द्वारा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर वर्ग 3 एवं वर्ग 4 के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदनों को अनुशंसित किया गया। अन्य मामले में संबंधित पदाधिकारी को स्पष्ट मंतव्य, वांछित कागजात उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि अगली अनुकम्पा समिति में निष्पादन किया जा सके। उपायुक्त के द्वारा स्थापना उपसमाहर्ता को निर्देश दिए गए कि संबंधित विभागों के द्वारा अनुकंपा से संबंधित मामलों की विवरणी लिए जाएं। साथ ही साथ आगामी अनुकंपा समिति की बैठक में रखने का निर्देश दिया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा जेसी विनीता केरकेट्टा, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा सौरभ कुमार भुवानियां, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू सहित अन्य पदाधिकारी गण मौजूद थे।
दिनकर शर्मा ने किया जीवन का प्रथम रक्तदान
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता जनता शक्ति संघ ट्रस्ट के सदस्य दिनकर शर्मा द्वारा बुधवार को स्थानीय सदर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर में पहली बार रक्तदान किया गया। उन्होंने कहा कि अब वे न सिर्फ नियमित अंतराल पर रक्तदान करते रहेंगे, बल्कि औरों को भी प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक शशि कुमार मांझी एवं ब्लड बैंक टेक्नीशियन राजेश कुमार “राजू” उपस्थित थे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वॉलीबॉल की टीम रांची रवाना
गोड्डा। संवाददाता खेलो झारखंड के तहत राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने अंडर -14 बालिका वर्ग, अंडर-17 बालक एवं बालिका, अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की टीम गोड्डा रेलवे स्टेशन से रांची रवाना हुई। टीम के मैनेजर के रूप में शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनंत यादव, किशोर कुमार भी जा रहे हैं। खिलाड़ियों को विदा करने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विभाष चंद्र भी स्टेशन पर मौजूद थे । प्रतियोगिता 21 से 23 सितंबर के बीच रांची के खेलगांव में आयोजित होगी।
भाजपा के आईटी सेल व सोशल मीडिया के पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
-2024 झारखंड के लिए चुनावी वर्ष में सोशल मीडिया की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया एवं आईटी सेल के जिला एवं मंडल समिति के संयोजक, सह संयोजक एवं सदस्यों का प्रशिक्षण बुधवार को शंखनाद अभियान के तहत हुआ। प्रशिक्षण की शुरूआत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार मेहता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय हैं और पार्टी की विचारधारा के प्रचार-प्रसार में अमूल्य योगदान दे रहे हैं। मेहता ने कहा कि देश की जनता मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय कर चुकी है। उन्होंने कहा कि गोड्डा को भगवामय करने की जिम्मेदारी सोशल मीडिया एवं आईटी सेल के कार्यकर्ताओं पर है। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक विवेक विकास ने पदाधिकारियों को सोशल मीडिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 2024 झारखंड के लिए चुनावी वर्ष है और इसमें सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं हेमंत सोरेन सरकार की विफलताओं को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से जनता को अवगत कराना है। विकास ने इस दौरान दुमका में होने वाले सोशल मीडिया वॉलंटियर्स बैठक को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन जिला सोशल मीडिया संयोजक पप्पू शर्मा और सह संयोजक रोहित वर्मा कर रहे थे। जबकि धन्यवाद ज्ञापन पौडे़याहाट विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक आशीष यादव ने किया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष अनिल साह, गौरव कुमार भगत, विनोद मंडल, जीतू सिंह, समरेश कुमार झा, अजय कुमार सिंह, रतन सिंह, मुकेश यादव, विवेक वर्मा, बालकृष्ण यादव, सनातन रूज, भानु मुर्मू, विपुल दुबे, प्रीतम कुमार आदि मौजूद थे।
कांवरियों के जत्था का किया गया स्वागत
महागामा। संवाददाता योगी वीर हनुमतपुरी पहाड़ के तत्वावधान में बाबा बैद्यनाथधाम, देवघर और बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए चला कांवरियों का जत्था बुधवार की सुबह महागामा पहुंचा। अखंड संकीर्तन करते हुए पैदल चलते कांवरिया के जत्था के साथ एक रथ भी चल रहा है, जिस पर भगवान राम एवं माता सीता, राधा- कृष्ण एवं बजरंगबली की प्रतिमा स्थापित है। बुधवार की सुबह महागामा पहुंचते ही जगह-जगह श्रद्धालुओं के द्वारा रथ पर स्थापित सीता-राम, राधा-कृष्ण सहित बजरंगबली की प्रतिमा की पूजा-अर्चना की गयी। वहीं मोहनपुर में राजू गुप्ता के आवासीय परिसर में सभी कांवरियों का ठहराव किया गया। जहां राजू गुप्ता के द्वारा सभी कांवरियों की सेवा में नींबू शर्बत, पानी, चाय, फल, नाश्ता आदि का प्रबंध किया गया। इस दौरान कीर्तन मंडली के द्वारा अखंड संकीर्तन हरे राम, हरे कृष्ण नाम जपते रहे। कुछ घंटे के विश्राम के बाद पुन: पैदल रथ यात्रा बाबा धाम के लिए निकल गई। रथ यात्रा में करीब 80 कांवरिया शामिल थे। कांवरियों ने बताया कि रथ यात्रा सोमवार को बटेश्वर गंगा घाट से प्रारंभ हुआ, जो ईशीपुर-बाराहाट स्थित योगी वीर हनुमतपूरी पहाड़ी पर रात्रि विश्राम के पश्चात मंगलवार को ईशीपुर, बाराहाट पिरोजपुर का भ्रमण करते हुए मेहरमा होकर महागामा, मोहनपुर पहुंचा। रास्ते में सुरनी, डोय, घौरीचक, विरामचक, लीलातरी, ललमटिया आदि जगहों पर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रथ यात्रा में शामिल कीर्तन मंडली के द्वारा हरे राम, हरे कृष्णा के धुन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवरियों ने कहा कि राम नाम के जप से ही हमारा कल्याण संभव है। बताया कि रथ यात्रा का यह 48वां वर्ष है। देवघर, बासुकीनाथ पहुंचने में एक सप्ताह तक का समय लगेगा। बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर एवं बासुकीनाथ मंदिर में जल अर्पण एवं पूजन के साथ रथ यात्रा का समापन किया जाएगा।