पारंपरिक रीति रिवाज व विधि विधान के साथ महादेव की पूजा अर्चना की गई
कुंडहित। संवाददाता। गुरुवार को नारायण भोजन के साथ ही कुंडहित मुख्यालय स्थित मायनाधाम में चल रहा दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो गया। गुरुवार को कुंजबिलास के साथ नारायण भोजन का आयोजन किया गया था, जिसमें कुंडहित सहित आसपास के क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गौरतलब है कि कुंडहित मुख्यालय स्थित मायनाधाम में प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा पाठ एवं हरिनाम संकीर्तन अनुष्ठान का आयोजन कराया जाता है, जिसमें कुंडहित के अलावा आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। बुधवार की रात को मायनाधाम के पुजारी विनय दास ने पारंपरिक रीति रिवाज एवं विधि विधान के साथ देवों के देव महादेव की पूजा अर्चना की। पूजा अनुष्ठान संपन्न होने के बाद हरिनाम संकीर्तन शुरू हुआ, जो गुरुवार की सुबह कुंजविलास के साथ संपन्न हुआ। कुंजबिलास के उपरांत मायनाधाम में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को नारायण भोज कराया गया। अनुष्ठान में मुख्य अतिथि के तौर पर भूतपूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सदस्य भजहरि मंडल के अलावे बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
परीक्षा देकर स्कूल से घर लौट रहे छात्र व उसके पिता पर मधुमक्खियों का हमला
जामताड़ा। संवाददाता। चित्तरंजन में गुरुवार को मधुमक्खियों का आतंक देखने को मिला। स्कूल से लौट रहे पिता पुत्र पर मधुमक्खियों का भीषण हमला हुआ है। घायल पिता-पुत्र को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा कर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि चितरंजन सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के छात्र दिव्यांश श्रीवास्तव का 12वीं की परीक्षा का केंद्र फतेहपुर बीआरएस स्कूल में था। केमिस्ट्री की परीक्षा देकर अपने पिता के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में फतेहपुर बाजार के पास बीच सड़क पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खी के डंक के तीव्र दर्द के कारण वे दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े। अनगिनत मधुमक्खियां उन्हें डंक मारती रही। यह देख स्थानीय लोग बचाव के लिए दौड़े। लोगों ने आग जलाकर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की और घायलों को बोरे से ढंक दिया। स्थानीय अभिषेक द्विवेदी व अन्य ने कार से गुजर रहे एक शख्स को रोक कर दिव्यांश और उसके पिता को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में साइबर ठगी से बचाव पर दी गई जानकारी
सोशल मीडिया और इंटरनेट के उपयोग में सावधानी बरतें : डा विकास
टावर लगाने के नाम पर ठगी से सावधान रहने की सलाह
जामताड़ा। संवाददाता। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ट्राई भारत सरकार, नई दिल्ली के सौजन्य से प्रगति एजुकेशनल एकेडमी, रांची की ओर से मोबाइल टेलीकॉम उपभोक्ताओं के लिए एकदिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत पंचायत सचिवालय, शहरडाल के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबीता कश्यप, मुखिया सुखेंद्र टुडू, उपमुखिया माणिक रॉय, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रितेश कुमार, सदस्य धर्मशिला एवं संस्था के पदाधिकारी डॉ विकास चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों के सम्मान में शॉल भेंट कर की गई।
प्रगति एजुकेशनल एकेडमी के प्रोग्राम मैनेजर डॉ विकास चतुर्वेदी ने प्रसारण नीतियों और नियामक ढांचे पर प्रकाश डालते हुए उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के इस युग में उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही से उनका मेहनत से कमाया पैसा साइबर अपराधियों के हाथों में जा सकता है। उन्होंने खासतौर पर ग्रामीणों को आगाह किया कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के उपयोग में सावधानी बरतें, किसी भी तरह के ऑनलाइन फॉर्म भरते समय या वित्तीय लेन-देन करते समय सतर्क रहें। उन्होंने यह भी बताया कि अनचाहे कॉल से बचने के लिए डीएनडी 2.0 ऐप का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा यदि किसी टेलीफोन कंपनी का नेटवर्क सही से काम नहीं कर रहा हो तो उपभोक्ता मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के जरिए अपनी सिम को दूसरी कंपनी में ट्रांसफर कर सकते हैं।
डॉ चतुर्वेदी ने टावर लगाने के नाम पर हो रही ठगी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई जालसाज लोग गांवों में टेलीकॉम टावर लगाने का झांसा देकर पैसे ऐंठ रहे हैं जिससे ग्रामीणों को सतर्क रहना चाहिए।
टेलीकॉम कंपनियों के खिलाफ उपभोक्ताओं के अधिकार
संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबीता कश्यप ने बताया कि कोई भी टेलीकॉम सेवा प्रदाता उपभोक्ताओं के साथ धोखा नहीं कर सकती। ट्राई की ओर से बनाए गए नियमों के तहत उपभोक्ताओं को सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर किसी को साइबर ठगी का शिकार होने का संदेह हो तो तुरंत उचित शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखना भी बहुत जरूरी है क्योंकि वे गलती से कोई गलत बटन दबाकर साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और दूसरों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
उपस्थित ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों से साइबर अपराध और टेलीकॉम फ्रॉड से बचने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम का समापन बबीता कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया।
एनएसएस की ओर से ग्रामीणों को सरकार के योजनाओं के बारे में दी गई जानकारी
जामताड़ा। संवाददाता। महाविद्यालय जामताड़ा के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक की ओर से सात दिवसीय शिविर के दौरान गुरुवार को गांव में लोगों से मिलकर कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ काकोली गोराई एवं स्वयंसेवक-सेविकाओं ने विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं की जानकारी दी। यह सारी योजनाएं लोगों को लाभान्वित कर रही है या नहीं, कौन-कौन से लोग किन-किन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। कौन सी योजनाएं का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। इसकी एक तालिका तैयार की गई है। इस कार्यक्रम में कार्यक्रम पदाधिकारी के विचारों को भी लिया गया। ग्रामीणों को समझने के लिए उपयोग किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक-सेविकाएं लोगों से जुड़े उनकी समस्याओं को समझते हुए उन्होंने दूर करने के लिए उन्हें आस्वस्त किया। इसके अलावा स्वयंसेवक कौन है, सरकार के महत्व कांची योजनाओं को कैसे प्राप्त कर सके, उसके बारे में भी विस्तार से बताया गया। ताकि आने वाले समय में उन ग्रामीणों को ऐसी योजनाओं से वंचित न रहना पड़े, यह कार्यक्रम से ग्रामीण काफी खुश नजर आए। मौके पर काफी संख्या में महाविद्यालय के स्वयंसेवक एवं सेविकाओं उपस्थित थे।
साधारण परिवार के छात्र सिंदबाद अंसारी ने यूजीसी नेट की परीक्षा में पाई सफलता
मिहिजाम। संवाददाता। कौन कहता है कि आसमान में सुराख नही हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों। कवि दुष्यंत कुमार की इस बात को एक लड़का ने साबित कर दिया। दरअसल जामताड़ा के ही पियालसोला पंचायत का एक लड़का अब असिस्टेंट प्रोफेसर के क्षेत्र में आगे आ रहा है। पहली बार यूजीसी नेट की परीक्षा में सफलता हासिल की, जिससे अपने समाज और अपने पंचायत के साथ ही साथ पूरे जिले का नाम रोशन किया है। साथ ही, पूरे गांव में खुशी का माहौल है। बता दें कि यह पंचायत काफी पिछड़ा क्षेत्र से आता है। इसके बावजूद गांव में उन्होने अपने मन में जुनून और जज्बा रखकर पढ़ाई की और सफलता पाई। पियालसोला पंचायत के लड़का सिंदबाद अंसारी ने यूजीसी नेट परीक्षा पास कर असिस्टेंट प्रोफेसर की योग्यता प्राप्त की है। बड़ी बात यह कि छात्र सिंदबाद अंसारी के पिता सिद्दीक अंसारी का पेशा कृषि है और माता साधारण गृहणी है। वही साधारण परिवार के इस लड़के ने जिस तरह असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के क्षेत्र में कदम रखा है वह अपने आप में एक प्रेरणा है।
छात्र सिंदबाद अंसारी ने बताया कि मैने प्राथमिक शिक्षा उत्क्रमित मध्य विद्यालय पियालसोला से तथा 10वीं की पढ़ाई प्लस 2 हाई स्कूल मिहिजाम तथा इंटर जे जे एस कॉलेज मिहिजाम और स्नातक केएस जीएम कॉलेज निरसा धनबाद के साथ पीजी एसकेएमयू के पीजी डिपार्टमेंट से इतिहास विषय में सत्र 2020-22 में उत्तीर्ण किया हुं। उन्होंने घर से ही इसके लिए पढ़ाई की और इसके बाद यूजीसी नेट परीक्षा दिया और इसमें सफ़लता पाई। उन्होंने कहा मेरा सपना भविष्य में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर बनना है। उन्होंने कहा मेरे पढ़ाई करने में मेरे माता पिता और उनके दो चाचाओं का काफ़ी सपोर्ट रहा है। माता पिता और पूरे परिवार की ईच्छा है कि में पढ़ाई करके एक अच्छा नौकरी करूं जिसमें कुछ समाज के लिए भी योगदान दे सकूं। मेरी सफ़लता के पीछे मेरे इतिहास विभाग के महारथी विद्वानों का भी महान योगदान है। उन्होंने मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया। इस सफलता से फिरोज़ अंसारी, साबिर अंसारी और साथ ही गांव के तमाम लोगों ने उन्हें बधाई दी।
लोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर नाला में घुसा, बाल बाल बचे घर के लोग
मिहिजाम। संवाददाता। मिहिजाम बेवा में गुरुवार शाम प्लेट लोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर नाला में जा घुसा। इस घटना के बाद स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे। इस घटना में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत यह रहा कि अनियंत्रित ट्रक घर में नहीं घुसा, नहीं तो एक बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता था। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि मिहिजाम की ओर से लोडेड ट्रक जामताड़ा की ओर जा रहा था, इसी बीच बेवा में ट्रक नाला में जा घुसा। ट्रक संख्या जेएच 05 बीएक्स 0312 के चालक ने बताया कि लोहे का प्लेट लेकर टाटा से भागलपुर जा रहे थे कि बेबा में यह घटना घट गई। ट्रक चालक ने यह भी बताया कि सामने से एक बाइक और एक हाइवा ट्रक भी आ रहा था। इसी बीच यह घटना हुई। वही ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना की खबर मिहिजाम थाना को दे दिया गया है।