- शिवधाम में जुटी महिलाओं ने सांसद निशिकांत को मिठाई खिलाकर मनाया जश्न
- महिलाओं ने कहा मोदी हैं तो मुमकिन है, महिलाओं का अधिकार सुरक्षित है
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दूबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह में भाग लेने दिल्ली से देवघर पहुंचे, लेकिन संसद के दोनों सदन से महिला आरक्षण विधेयक पास होने से उत्साह से लबरेज भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने सांसद के देवघर आगमन को नारी शक्ति वंदन विधेयक के पास होने पर उत्सव में बदल दिया। साथ ही इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और सांसद को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजया सिंह किया। सांसद के देवघर स्थित शिवधाम आवास पहुंची सभी महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में 33 प्रतिशत की आरक्षण मिलने पर खुशियां मनायी। एक-दूसरे को मिठाई खिलाया और कहा कि मोदी है तो मुमकिन है, महिलाओं का अधिकार सुरक्षित है। कहा विपक्ष जाती पाती की राजनीति करती है लेकिन महिला खुद एक जाती है इसलिए सभी महिलाओं को अधिकार मिला। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजया सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में उचित सम्मान और अधिकार दिलाया है। देश की सभी महिलाएं उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं और आगामी लोकसभा के चुनाव में देश की महिला शक्ति मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार खड़ी है। मौके पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विजया सिंह, सुलोचना देवी, प्रज्ञा झा, अलका सोनी, मीणा झा, संध्या कुमारी, सरिता बरनवाल, विणा मंडल, सुमन केसरी, माया केसरी, रीता राज, मौसमी मुखर्जी, सोम्पा घोष विनीता पासवान, रुबी मिश्रा, प्रणव मित्रा, बबलू एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय में एनएसएस डे पर कार्यक्रम का आयोजन
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को स्थानीय रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय की प्राचार्या की सुचिता कुमारी की अध्यक्षता में एनएसएस डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय के एनएसएस यूनिट 1, 2 व 3 की स्वयंसेविकाओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम, पोस्टर मेकिंग एवं भाषण भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ सुचिता कुमारी ने छात्राओं को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर हमारे कॉलेज के एनएसएस पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं काफी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।
भक्तिभाव के साथ गणपति बप्पा का किया गया विसर्जन
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय नरसिंह टाकीज के समीप स्थित भाजपा नगर उपाध्यक्ष सह भावी वार्ड पार्षद उम्मीदवार सागर झा के आवास में विराजे गणपति बप्पा को रविवार को भावभीनी विदाई दी गई। सागर झा पिछले सात साल से विधि विधान के साथ गणपति की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। भगवान गणपति को आज विदाई के समय ढोल ढाक थाप पर विदाई दी गई। विसर्जन के समय गणपति की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया। जिसके बाद स्थानीय शिवगंगा में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया को लेकर बचाव और सतर्कता बरतने की आवश्यकता : डीसी
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर ने जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलावासियों से अपील करते हुए कहा है कि डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया जैसे बीमारियों के बढ़ने के खतरे को देखते हुए बचाव, सतर्क व सावधान रहने की आवश्यकता है। साथ ही अपने घर व आसपास साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखें। मानसून की दस्तक के साथ ही बीमारियों के बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही डेंगू व चिकनगुनिया की बीमारी संक्रमित एडीस मच्छर के काटने से होती है। यह मच्छर सामान्यता दिन में काटता है व यह स्थिर पानी में पनपता है। डेंगू का असर शरीर में 3 से 9 दिनों तक रहता है। इससे शरीर में अत्यधिक कमजोरी व प्लेटलेट्स लगातार गिरने लगती है। वहीं चिकनगुनिया का असर शरीर में 3 माह तक होती है। गंभीर स्थिति में यह 6 माह तक रह सकती है। डेंगू व चिकनगुनिया के लक्षण तकरीबन एक जैसे ही होते हैं। इसके अलावे इन लक्षणों के प्रति सावधान रहने की जरूरत है। डेंगू के लक्षणों के साथ यह बात ध्यान देने वाली है कि कई रोग और अन्य बुखार आदि के लक्षण भी डेंगू से मिलते जुलते हो सकते हैं और कभी-कभी रोगी में बुखार के साथ सिर्फ 1-2 लक्षण होने पर भी डेंगू पॉजिटिव आ सकता है इसलिए सभी लक्षणों का इंतजार नहीं करना चाहिए। यदि बुखार 1-2 दिन में ठीक न हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाकर चेक-अप करवाना चाहिए।
बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान : चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया एक खतरनाक वायरल है, जो एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। अकेला एक मच्छर ही अनेक लोगों को डेंगू या चिकनगुनिया रोग से ग्रसित कर सकता है। इन मच्छरों से बचने के लिए अपने घर के कोनों में साफ-सफाई रखें और गंदे पानी को एक जगह जमने न दे। साथ ही डेंगू के प्राथमिक सोर्स एडीज मच्छर रुके हुए पानी में पनपते हैं। आपके घर में मच्छरों के प्रजनन के जोखिम को कम करने के लिए घर में जहां पानी भरा हुआ है उन स्थानों को खत्म करें और रुके हुए पानी को तुरंत साफ करें। बचने के तरीके सफाई रखें, ऑफिस हो या घर, साफ पानी जमा न होने दें। रुका हुआ पानी अगर जमा हो तो उसे खत्म कर दे। घर में कूलर, गमले, खाली बर्तन, चिड़ियों को दाना देने वाले बर्तन में पानी जमा हो तो उसे उल्ट दें।पानी के टंकी को ढककर रखें, फ्रिज के पीछे जमा पानी को हफ्ते में एक बार जरूर साफ करें। घर की छत पर यह टूटे डिब्बे, टायर, बर्तन, बोतल हो तो उसे भी उल्टा करके रखें। मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगा कर सोएं। बड़े-बुजुर्गों के साथ बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं।
आशीष बने राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव
देवघर/वरीय संवाददाता। प्रदेश अध्यक्ष राजद संजय कुमार सिंह यादव द्वारा पत्र जारी कर आशीष चरण द्वारी को झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल का प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में इसका उत्साह और हर्ष से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी है। आशीष चरण द्वारी ने बताया कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपा है उसमें खरा उतरूगा और पार्टी के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात एक कर दूंगा। इस बाबत पार्टी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए भी गए थे जहां पर झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल को एक मजबूत स्थिति में खड़ा करने का दायित्व दिया गया है। जिसको मैं पूरे निष्ठा के साथ कार्य करूंगा और पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी समस्या का समाधान करते हुए कंधे से कंधे मिलाकर पूरे क्षेत्र में कार्य करूंगा। 2024 के चुनाव में किसी प्रकार का कोई चूक नहीं हो इसके लिए भी रणनीति बनाकर पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते हुए ग्रासरूट लेवल से लेकर गांव पंचायत प्रखंड जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का कार्य करूंगा।
आलोक निर्विरोध चुने गये चैंबर के अध्यक्ष
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी के सदस्य अजय कुमार ने संथाल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर श्री आलोक मलिक को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकलापों के जरिए आम जनता से लेकर व्यवसायिक वर्गों तथा संगठन के लिए तत्परतापूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए संथाल परगना चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को ऊंचाई के एक नए आयाम पर ले जाएंगे।
स्वतंत्रता सेनानी भीखाजी कामा को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने 162वीं जयंती पर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रवादी आंदोलन की प्रमुख नेता रही स्वर्गीय मैडम भीखाजी कामा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारतीय मूल की पारसी नागरिक थी जिन्होंने कई देशों का भ्रमण कर भारत की स्वतंत्रता के पक्ष में माहौल बनाया। आदर्श और दृढ़ संकल्प प्रतिमूर्ति थी वे। निरापद तथा सुखी जीवन वाले वातावरण का परित्याग कर उन्होंने भारत की स्वाधीनता के लिए लड़ते हुए लंबी अवधि तक निर्वासित जीवन बिताया था। श्रीमती कामा का बहुत बड़ा योगदान साम्राज्यवाद के विरुद्ध विश्व जनमत जागृत करना तथा विदेशी शासन से मुक्ति के लिए भारत की इच्छा को दावे के साथ प्रस्तुत करना था। स्वराज के लिए आवाज उठाने वाली मैडम भीखाजी कामा भारत का प्रथम राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए सुविख्यात है (जर्मनी में हुई 7वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस में) और उन्होंने नारा दिया आगे बढ़ो हम भारत के लिए हैं और भारत भारतीयों के लिए है।
इनरव्हील क्लब ने गोद लिए विद्यालय में दिए कई सौगात
देवघर/वरीय संवाददाता। इनर व्हील क्लब देवघर की अध्यक्ष सारिका साह की अगुवाई में क्लब द्वारा गोद लिए गए उत्क्रमित मध्य विद्यालय चित्तौलोढिया को हैप्पी स्कूल बनाने का बीड़ा उठाया है।
इसके लिए लगातार एक महीने से विद्यालय में कुछ ना कुछ काम कराया जा रहा था। इनरव्हील देवघर का यह प्रयास बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करना तथा पढ़ाई के लिए ललक पैदा करना है, ताकि बच्चे अच्छे माहौल में शिक्षा ग्रहण कर लाभान्वित हो सके। इनरव्हील का यह प्रोजेक्ट नेशनल क्लब द्वारा दिए गए लक्ष्य आईआईएलएम के तहत किया गया है। दूसरे दिन इन सभी कार्यों का उद्घाटन व निरीक्षण मुजफ्फरपुर से आई जिला अध्यक्ष डॉ. रागिनी रानी ने किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सर का इन सारे प्रोजेक्ट को पूरा करने में सराहनीय योगदान रहा। जिला अध्यक्ष का 100 स्कूली छात्रों द्वारा 100 दीप जलाकर तथा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस विद्यालय के सौंदर्यीकरण के लिए चारदीवारी के प्रत्येक दीवार पर मनमोहक और प्रेरित करने वाली वॉल पेंटिंग की गई है, जो बच्चों को सम्मोहित भी करती है और शिक्षा भी प्रदान करती है। इसके अलावा विद्यालय में एक ज्ञान वृक्ष भी विकसित किया गया है जिसमें असंख्य शब्द लेमिनेशन कराकर लटकाए गए हैं ताकि बच्चे नए तरीके से उत्सुक होकर शब्दों को ढूंढे और अपना ज्ञानवर्धन करें। जिला अध्यक्ष द्वारा विद्यालय मे एक वाटर कूलर का भी उद्घाटन किया गया जो गर्मी में बच्चों की प्यास को अपनी ठंडक से बुझाएगा। ये वाटर कूलर सीएसआर फंड से मैटिक्स फर्टिलाइजर्स लिमिटेड कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया गया है। क्लब द्वारा 100 स्कूली छात्रों को जूते और मोजे दिए गए। सदस्य डॉ मंजु बैंकर एवं सरिता अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
इसके साथ एक शू रैक भी दिया गया ताकि बच्चे अपने जूते को खोलकर रैक में लगा सके। कुछ खेल सामग्रियों का वितरण किया गया तथा 20 स्टूल भी बच्चों को दिए गए ताकि बच्चे उस पर रखकर सुंदर लेखनी में लिख सकें किताब रखकर अच्छे से पढ़ सके। विद्यालय में बाल उद्यान के अंतर्गत दो उद्यान बनाए गए हैं। जिसमें एक पुष्प वाटिका और एक सब्जी वाटिका शामिल है। पुष्प वाटिका में फूलों के पौधे तथा किनारे पर पाम ट्री का रोपण करके सुसज्जित किया गया है तथा सब्जी वाटिका में बैगन, टमाटर, मिर्ची, अदरक आदि के पौधे लगाए गए हैं ताकि मध्याह्न भोजन में जरूरत पड़ने पर स्कूल की बगिया से ही टमाटर मिर्ची तोड़कर प्रयोग में लाया जा सके। विद्यालय के बाहर भी क्लब के द्वारा अनेक स्लोगन लिखवाए गए हैं। बच्चों के साथ-साथ शिक्षक भी इनरव्हील क्लब के इस प्रयास से काफी खुश दिखे और उन्होंने अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों का हैप्पी स्कूल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
डीएमओ ने जब्त अवैध बालू लोड ट्रैक्टर व मालिक पर कराया मुकदमा
देवघर/संवाददाता। जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने कुंडा थाना में जब्त किए गए अवैध बालू लगे एक ट्रैक्टर के मालिक हुआ चालक पर मुकदमा दर्ज कराया है। कहा है कि 21 सितंबर को कुंडा थाना के एसआई फखरुद्दीन के साथ भ्रमणशील थे। इस दौरान भौरा जमुआ के पास एक ट्रैक्टर पर बालू लोड कर देवघर की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर के करीब पहुंचते ही पुलिस गाड़ी को देखकर ट्रैक्टर का चालक एवं मलिक बालू को अनलोड कर ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से पीछा कर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। पूछताछ करने पर कोई कागजात नहीं प्रस्तुत किया गया। उपरांत सूचना पर घोड़ादौड़ा पहुंचे। वहां भी पुलिस को गाड़ी को देखकर एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर का चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। उपरांत दोनों ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया। मामले में कहा है कि दोनों ट्रैक्टर के मालिक द्वारा बिना खनिज परिवहन चालान के बालू लाद कर परिवहन किया जा रहा था। दोनों ट्रैक्टर के चालक व मलिक पर अवैध बालू परिवहन को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। कुंडा पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में में जुट गई है।
घर के पास से मैजिक वाहन की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कालीरखा मोहल्ला में शनिवार की देर रात को चोरों ने एक मैजिक वाहन की चोरी कर ली। इसे लेकर मैजिक वाहन के मालिक कालीरखा निवासी चंदन कुमार साह ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। कहा है कि उसने उक्त मैजीज वाहन को पडोसी राकेश शर्मा के पास भेजा था, लेकिन अभी तक उसके रजिस्ट्रेशन का ट्रांसफर नहीं कराया था। कहा है कि शनिवार की देर रात को मैजिक वाहन संख्या जेएच 15पी 1080 राकेश शर्मा के घर के सामने खड़ी थी। वहीं से चोरों ने देर रात को चोरी कर लिया। नगर पुलिस आवेदन लेकर इलाके में लगे आसपास सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है।
अपहृत किशोरी बरामद, आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र से एक माह पूर्व अपहृत किशोरी को पुलिस ने जसीडीह स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर रविावार को जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम रवि प्रजापति है जो मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिला के बहादूरपुर का रहने वाला है। बताते चलें कि किशोरी के परिजन के द्वारा नगर थाना में तीन अगस्त को गलत नीयत से अपहरण कर लिये जाने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है।
बिजली चोरी के आरोप में छह लोगों पर केस
देवघर/संवाददाता। जिले के रिखिया थाना में बिजली चोरी कर उपयोग करने वाले छह लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला कनीय अभियंता प्रीती भारती ने दर्ज कराया है। मामले में संजीत यादव नीयर नवोदय विद्यालय, धनंजय यादव बारा, रामेश्वार महतो, विश्वनाथ यादव, सोनू कुमार दुम्मा और बबलू ठाकुर बलसारा को आरोपी बनाया गया है।
फोन पर पति-पत्नी से हुआ विवाद, पत्नी ने किया विषपान
देवघर/संवाददाता। दुमका जिला के सरैयाहाट थाना क्षे_त्र के जोगीजोर गांव में मोबाइल पर बात करने के क्रम में पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद हो गया। इस वजह से पत्नी ने विषपान कर लिया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला का नाम सावित्री देवी है। परिजनों ने बताया कि उसका पति दूसरे प्रदेश में मजदूरी का कार्य करता है। तकरीबन एक वर्ष से उसका पति उसे ससुराल नहीं ले जा रहा था। उसका ससुराल देवघर जिला के मोहनुपर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में है। वह पिछले एक वर्ष से मायके में ही रह रही थी। उसके साथ आये परिजनों ने बताया कि वह मोबाइल पर अपने पति से बात कर रही थी। बात करने के क्रम में कुद विवाद हो गया। इसी को लेकर आवेश में आकर उसने बाजार से कीटनाशक दवा खरीदकर ले आयी और खा लिया। जब उसकी स्थिति खराब होने लगी तो परिजनों ने उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया।
मोटरसाइकिल की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बीग-बाजार के पास से चोरों ने एक बाइक की चोरी कर ली। इसे लेकर कुंडा थाना क्षेत्र के घोड़दौड़ा निवासी आशीष कुमार पांडैय ने नगर थाना मंें आवेदन देकर शिकायत किया है। कहा है कि शनिवार की शाम 7 से 8 बजे के बीच बिग बाजार कुछ सामान खरीदने बाइक से गया था। बाइक को बाहर खड़ी कर अंदर खरीददारी करने चला गया। कुछ देर बाद जब वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। नगर पुलिस आवेदन लेकर छानबीन में जुट गयी है।
मथुरापुर में पाटलिपुत्र ट्रेन की ठहराव की मांग को लेकर धरना आज
देवघर/वरीय संवाददाता। पूर्व रेलवे आसनसोल डिवीजन के मधुपुर जसीडीह रेलखंड पर स्थित मथुरापुर रेलवे स्टेशन पर पटना-हटिया पाटलिपुत्र ट्रेन 18621 ठहराव को यथावत रखने की मांग को लेकर जनार्दन पाण्डेय के नेतृत्व में मथुरापुर स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया जायेगा। इस संबंध में सूचना रेल मंत्री, भारत सरकार, महाप्रबंधक पूर्व रेलवे कोलकाता और मंडल रेल प्रबंधक आसनसोल डिवीजन को पत्र लिखकर शिकायत कर चुके है, लेकिन रेलवे ने अपने फैसले को पुनर्विचार कर ट्रेन का ठहराव शुरू नही किया जबकि रेलवे को इस स्टेशन से राजस्व का पूरा लाभ देने के बाद भी ट्रेन ठहराव बंद करना तर्क संगत नही है।
ज्ञात हो कि मथुरापुर स्टेशन पर पाटलिपुत्र ट्रेन ठहराव के लिए जनार्दन पांडेय की अगुवाई में वर्ष 2009 में आंदोलन की शुरआत हुई। इस बाबत श्री पांडेय ने कई बार धरना-प्रदर्शन घेराव ज्ञापन देते हुए रेलवे बोर्ड में भी मामला उठाया था। लगभग चार वर्षो तक चले इस आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाने के लिए डॉ वरुण मुखर्जी, सासंद के सहयोग से रेलवे बोर्ड और मंत्रालय ने 12 मई 2013 से मथुरापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की स्वीकृति दे दिया। जिसे खुद वरुण मुखर्जी ने हरी झंडी दिखा के ट्रेन की विधिवत शुभारम्भ किया था। कोरोना महामारी में ट्रेन का परिचालन बंद था, लेकिन जब ट्रेनों का पुन: परिचालन चालू हुआ तो मथुरापुर में इसका ठहराव ही बिना किसी सूचना और तार्किक आधार पर बंद कर दिया है, जबकि इससे छोटे स्टेशन में इस ट्रेन का ठहराव है। जिसके कारण आम जनता में व्यापक रोष व्याप्त है। इतना ही नही इस स्टेशन पर अन्य दो ट्रेन सियालदह मुजफ्फरपुर फास्ट पैसेंजर और हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस का ठहराव भी बंद कर दिया है।