गोड्डा। संवाददाता। साथी संस्था की ओर से दामिन किशोरी संघ ने सुन्दरपहाड़ी प्रखंड सभागार में दामिन किशोरी सशक्तिकरण पहल की दिशा में प्रमंडल स्तरीय किशोरी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी, झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारुल हसन, प्रमुख प्रमिला टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की, अंचलधिकारी प्रकाश बेसरा जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी राजेश कुमार, साथी के कालेश्वर मण्डल ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि जिस उत्साह के साथ किशोरियां अपनी प्रतिभा दिखा रही है, यह बताती है की संथाल परगना में अब किशोरियां जाग रही है। इससे स्पष्ट है कि आने वाले समय में संथाल परगना से बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल यौन हिंसा और कुपोषण जैसे मुद्दे समाप्त होगी। इन्होंने साथी संस्था के कार्यों को सराहते हुए कहा कि साथी जिस तरह से सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में काम कर रही है, यह दर्शाता है कि साथी टीम में जज्बा है की किशोरियों को समाज के मुख्य धारा से जोड़ना है। इन्होने कहा कि बेटियां नकारात्मक बातों को अपने मन में न आने दंे और अपने मुद्दों को लेकर चिंता नहीं बल्कि चिंतन करें और अपनी पढ़ाई को फोकस करते हुए अपने सपनो को साकार करें। इन्होने महिला पुरुष में बराबरी की बात किया और किसी भी किशोर या किशोरी के सपनो में बाधक बन रहे बाल विवाह को दूर करने कि बात कही। झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारुल हसन ने कहा कि गोड्डा में बाल संरक्षण को स्थापित करना चुनौती तो है लेकिन सभी हितग्राही का समन्वयन से इसे समाप्त करना कठिन नहीं है इन्होंने कहा कि गोड्डा जिला में साथी जैसे संस्था हमलोग बाल सुरक्षा के मुद्दे पर हर समय सहयोग कर रही है। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि सुन्दरपहाड़ी प्रखंड में साथी संस्था किशोरियों के विकास के लिए हर दिन और हर सामुदाय के साथ काम कर रही है। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि किशोरियों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभा और पंचायत प्रतिनिधियों को मजबूत करना होगा। कहा कि किशोरियां अपनी पढ़ाई को पूरा करें और अपने सपनों की उड़ान भरने में कामयाबी हासिल करें। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने कहा कि जिले में बाल विवाह का दर पिछले पांच वर्ष में घटा है लेकिन अभी भी काफी काम करने की जरूरत है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की ने किशोरियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और सरकारी लाभ के बारे में बताई। साथी के कालेश्वर मंडल ने कहा कि साथी हर किशोरी और किशोर को विद्यालय में सुनिश्चित करने की दिशा में अग्रसर है ताकि उन्हें किसी भी प्रकार का खतरा न हो। इन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संथाल परगना के किशोरियों का समागम है जिसमे किशोरी अपने विचारो को आदान प्रदान किया। कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार किशोर कुमार झा, संरक्षण पदाधिकारी ओम प्रकाश, नीति आयोग के संरक्षण मुद्दे पर काम कर रही कनुप्रिया झा आदि ने भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में गोड्डा पाकुड़ और दुमका जिले से लगभग 200 किशोरी शामिल हुई और सभी ने अपने अपने अनुभव साझा किया। किशोरी द्वारा लाहान्ति ओड़ा और पोषण का प्रदर्शनी भी लगाया। संचालन साथी के पिंकी बास्की ने किया कार्यक्रम के सफल संचालन में साथी टीम का सराहनीय योगदान रहा है।
सोलर जलमीनार बना शोभा की वस्तु
मामला महागामा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गढ़ी गांव का
हनवारा। संवाददाता। महागामा अनुमंडल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत गढ़ी गांव में लगा सोलर जलमीनार बीते दो वर्षों से खराब है, जिसके कारण ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण उमेश यादव, तनवीर आलम अब्दुल मजीद खलीद मिनहाज अखलेश बाबलू सुमान आदि ने बताया कि गांव में जल मीनार से करीब 50-60 घर को पानी मिलता था। लेकिन जब से जल मीनार खराब हुआ है तब से पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। पानी की व्यवस्था के लिए घर के बगल एव दुर दराज से लाकर पूरा करना पड़ता है। खासकर महिलाओं को घरेलू कार्य के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है अभी तो बरसात का समय में पानी की स्थिति खराब है तो समझ सकते हैं ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनलोग को आदमी के साथ-साथ जानवर को भी पानी पिलाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। गरीबी रेखा से नीचे गुजर-बसर करते हैं। दिहाड़ी मजदूर कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में पानी की व्यवस्था करने में ही अधिकांश समय बीत जाता है। सरकारी व्यवस्था पर ही आश्रित रहना उनकी मजबूरी है। हालांकि पूरे प्रखंड क्षेत्र की पंचायत में सोलर जल मीनार की स्थिति खराब है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सोलर जल मीनार ठीक कराने की मांग की है।
स्कूली छात्राओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़
रसोईया के साथ आलू छिलने का वीडियो वायरल होने पर जांच में पहुंचे बीडीओ
मेहरमा। संवाददाता। स्थानीय प्रखंड के शंकरपुर पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंपा स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं से रसोईया का कार्य कराया जा रहा है। ताजा उदाहरण मंगलवार का है। उक्त स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की दो छात्रा और सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा से स्कूली बच्चों का भोजन के लिए बनाया जा रहा एमडीएम का खाना दो रसोईया और तीन स्कूल की छात्राएं बना रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है की तीन छात्राएं जमीन पर बैठकर रसोईया के साथ आलू छिल रही है। हालांकि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ घंटे बाद ही मेहरमा बीडीओ अभिनव कुमार जांच करने स्कूल पहुंचे और तस्वीर में दिख रही सभी छात्राओं से पूछताछ किया और स्कूल में मौजूद दो शिक्षक और एक शिक्षिका से संक्षिप्त जानकारी लेकर प्रखंड मुख्यालय वापस लौट गए। जानकारी के अनुसार, स्कूल में छह शिक्षक दो शिक्षिका चार रसोईया कार्यरत है। इस संबंध में बीडीओ अभिनव कुमार ने मिडिया को बताया कि मामले में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। साथ ही कारवाई के लिए रिपोर्ट शिक्षा विभाग के वरिय अधिकारीयों को भेजा जाएगा।
इधर सबसे बड़ा सवाल यह है कि विभाग सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेगा या ऐसे लापरवाही बरतने वाले कर्मी पर कब तक ठोस कदम उठाया जाएगा?
छात्राएं स्कूल में शिक्षा ग्रहन करने जाती हैं, न कि रसोईया के साथ श्रमदान करने के लिए। यह मामला शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़ा कर रहा है।
एकमत होकर मारपीट कर जख्मी करने के 6 आरोपितों को सश्रम कारावास
गोड्डा। विधि संवाददाता। चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पियूष श्रीवास्तव के न्यायालय ने एकमत होकर जान मारने की नियत से मारकर जख्मी करने के छह आरोपितों को दोषी पाकर सश्रम कारावास की सजा सुनाई। मेहरमा थाना क्षेत्र के सिंहाड़ी निवासी वृद्ध् आरोपित प्रतापनारायण कुशवाहा एवं जगदेव मंडल को पांच-पांच वर्ष सश्रम कारावास की सजा एवं 10-10 हजार रूपये जुर्माना भरने की सजा सुनाई। जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर दो-दो माह अतिरिक्त कारावास से दंडित किया गया है। जबकि मनोज मंडल, शुभम आर्या, गुरुदेव मंडल एवं देघर मंडल को सात-सात वर्ष सश्रम कारावास एवं 10-10 हजार रूपये जुर्माना की सजा सुनाई गई। जुर्माना नहीं भरने पर दो-दो माह साधारण कारावास से दंडित किया गया है।
विचारण में दौरान अभियोजन की ओर से न्यायालय के समक्ष आठ गवाहों का परीक्षण कराया गया। उभय पक्ष की दलील सुनने के उपरांत न्यायालय ने आरोपितों को सजा सुनाई।
मेहरमा थाना में 10 अक्टूबर 2013 को दर्ज प्राथमिकी में थाना क्षेत्र के सिंहाड़ी निवासी वीरेन्द्र कुमार राय ने कहा था कि 09 अक्टूबर 2013 को वह अपना खेत जोत रहे थे। इसी बीच 15-20 की संख्या में आरोपितों ने आकर उसके साथ धक्का-मुक्की की। जब वह खेत जोतकर अपने भाई के साथ घर जा रहा था तो 2.30 बजे संध्या दुर्गास्थान के पास सिंहाड़ी के ही प्रताप नारायण कुशवाहा, शुभम, गुरुदेव, विकास, जगदेव, मनोज, देघर आदि ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हरवे-हथियार के साथ मारपीट कर जख्मी कर दिया। बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया था।
झारोटेफ के गोड्डा इकाई ने पोड़ैयाहाट विधायक को 11 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन
गोड्डा। संवाददाता। झारोटेफ जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ सुमन कुमार और सचिव सुभाष चंद्र के नेतृत्व में समस्त जिला के विभिन्न विभागों के कार्यरत कर्मियों ने अपनी 11 सूत्री मांगों के समर्थन में पोड़ैयाहाट के विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को ज्ञापन सौंपा। झारोटेफ के जिला अध्यक्ष डॉ सुमन कुमार और सचिव सुभाष चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य इकाई के निर्देशानुसार जनसमर्थन रैली के तहत मांग पत्र सौंपा गया है। उन्होंने जानकारी साझा करते हुए कहा कि शिक्षक संवर्ग को राज्य के अन्य कर्मियों की भांति एमएसीपी का लाभ दिया जाए, राज्यकर्मियों की सेवानिवृति की उम्र सीमा 62 साल की जाए, केंद्रीय कर्मियों की भांति राज्य कर्मियों को भी शिशु शिक्षण भत्ता का लाभ दिया जाए। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि झारोटेफ कर्मियों की मांगे जायज है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से जल्द ही मिलकर मांगो से अवगत कराएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कोषाध्यक्ष विद्यानंद प्रसाद, मो शकील अहमद, शिवनंदन प्रसाद, सुभाष दास, बेंजामिन सोरेन, मो इम्तियाज, शम्स तबरेज, नूतन कुमारी, मीना सोरेन, प्रीति प्रिया, स्नेहा टुडू, मधुलता कुमारी, कुमारी मीना मुर्मू, मंजरी जरूहार, नीतीश वर्मा, आशुतोष पांडेय, मो सज्जाद, राजीव भंडारी, राम प्यारे सोरेन, सरोज कुमार, महानंद यादव, राकेश रंजन, मो अयाज असद व अन्य विभागों के सैकड़ों की संख्या में कर्मी मौजूद रहे।
सेवानिवृत्त जिला जज के निधन पर स्मृति सभा आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। जिला अधिवक्ता संघ की ओर से दिवंगत सेवानिवृत जिला जज केके झा की स्मृति में मंगलवार को कोर्ट परिसर में स्मृति सभा का आयोजन किया गया। संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार झा की अध्यक्षता में आयोजित सभा का संचालन अधिवक्ता सुधेंदु शेखर झा ने किया। वक्ताओं में अध्यक्ष श्री झा, महासचिव योगेश चन्द्र झा, सर्वजीत झा “अंतेवासी”, प्रमोद झा एवं दिलीप तिवारी ने दिवंगत पूर्व जज को एक मृदुभाषी, मिलनसार, कार्य के प्रति प्रतिबद्ध एवं खुस मिजाज अध्यात्मिक शख्शियत के रूप में चित्रित करते हुए उनके गोड्डा कार्यकाल की भरपूर सराहना की। न्यायिक कार्यों के इतर भी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में उनकी सहभागिता को याद किया गया। इस अवसर पर अंबोद ठाकुर, रमेश कुमार, राजेंद्र झा, विनय ठाकुर, जयकांत राउत, नंदन ठाकुर, सरफराज आलम, इनाम अहमद आदि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने की समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा
सेविका व सहायिका के रिक्त पदों को पारदर्शी व निष्पक्ष रुप से चयन प्रक्रिया पूर्ण कराएं : उपायुक्त
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र भवन की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्र भवन की आधारभूत संरचना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन में विद्युत/ पेयजल/शौचालय की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग/सेफ्टीक निर्माण, सेविका/सहायिका के पदों की रिक्ति, पोषण ट्रैक्टर, समर अभियान, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति की जानकारी प्राप्त की एवं उन्होंने कहा कि जो भी नए आंगनबाड़ी केंद्र बन चुके हैं पर शिफ्टिंग का कार्य नहीं किया गया है, वहां जल्द से जल्द नए आंगनबाड़ी केंद्र में शिफ्ट किए जाएं एवं वैसे आंगनबाड़ी केंद्र जो की पूर्व में बहुत पहले ही बन चुके हैं एवं छोटे-मोटे कार्यों के कारण शिफ्टिंग नही हो नहीं हो पाया है, उसे चिन्हित कर जिला मुख्यालय को प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। साथ ही, उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षक या सुनिश्चित करेंगे की आंगनबाड़ी केंद्र उसी पोषक क्षेत्र में हो पोषक क्षेत्र के बाहर में आंगनबाड़ी बिल्कुल ना बने। इसके अलावा उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षक को महीने में 30 से 40 आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर जियो टैग फोटो के साथ महीने के अंत में मुख्यालय को प्रेषित करने का निर्देश दिया। उक्त बैठक के दौरान विभागीय गाईड लाईन के अनुरूप सेविका एवं सहायिका जहां भी पद रिक्त है वहां जिले के वरीय पदाधिकारियों के समक्ष ग्राम सभा एवंं वीडियोग्राफी कराकर पारदर्शी एवंं निष्पक्ष रुप से चयन प्रक्रिया पूर्ण कराए जाएं एवं इसके अलावा पोषण ट्रेकर से संबंधित डाटा सही तरीके से प्रविष्ट कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
उक्त बैठक में उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, सभी सीडीपीओ, डीएमएफटी टीम सभी महिला पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
छात्रवृत्ति भुगतान के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में छुटे हुए छात्रों को प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान हेतु जिला स्तरीय अनुमोदन-सह-अनुश्रवण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गई तथा छात्रवृत्ति भुगतान की स्वीकृति से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने छात्रों की सूची एवं संस्थागत सत्यापन जैसे बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान ससमय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य वंचित वर्ग के मेधावी छात्रों को शिक्षा से जोड़ना है।
उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दुबे, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जेएसएलपीएस की समीक्षा बैठक संपन्न
महिला समूहों से जुड़ी दीदियों के आजीविका संवर्धन को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
गोड्डा। संवाददाता। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यक्रम एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जेएसएलपीएस डीपीएम द्वारा जिले के सभी प्रखंड में चल रहे क्रायकर्म की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने पलाश मार्ट, दीदी बाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना, बागवानी सखी योजना, एसएचजी प्रोफाइल, आरएफ, सीआईएफ, मुद्रा लोन, लखपति दीदी योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान, कौशल विकास आदि की समीक्षा की।
उपायुक्त ने डीपीएम जेएसएलपीएस को ग्रामीण महिलाओं को बांस शिल्प (बंबू क्राफ्ट) के माध्यम से व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि इन महिलाओं को अन्य जिलों अथवा राज्यों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाए ताकि वे कुछ नया सीख सकें तथा अपने कौशल और उत्पादों में नवाचार ला सकें। आगे उपायुक्त ने सारे प्रखंड कार्यालय में स्थान चिन्हित कर पलाश दीदी कैफे खोलने का कार्य योजना तैयार करने तथा दीदियों को आईएचएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण प्रदान करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने डीपीएम जेएसएलपीएस को महिलाओं के लिए चलाए जा रहे हैं जनकल्याणकारी योजनाओं का वृहद रूप से प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया ताकि उन योजनाओं से भी जुड़कर ग्रामीण महिलाएं सशक्त बन सके। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, डीपीएम जेएसएलपीएस, सभी प्रखंड के बीपीएम मौजूद रहे।
अर्बन टास्क फोर्स बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
गोड्डा। संवाददाता। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में (आगामी 10 अगस्त 25 से 25 अगस्त 2025) तक आयोजित होने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन को लेकर अर्बन टास्क फोर्स बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यशाला कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय नगर परिषद कार्यालय सभागार गोड्डा में आहूत की गई जिसमें अर्बन क्षेत्र के विभिन्न विभाग ऑफिसर एवं निवर्तमान वार्ड पार्षद नगर परिषद गोड्डा चेंबर ऑफ कॉमर्स, रेड क्रॉस, नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन गोड्डा, नेहरू युवा केंद्र संगठन गोड्डा, धर्मगुरु, लायंस क्लब, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, एकजुट, पिरामल स्वास्थ्य सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन एक सामूहिक उत्तरदायित्व है, जिसमें सभी विभागों के परस्पर समन्वय, सुनियोजित रणनीति और जन भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलता है और यह दुनिया भर में दीर्घकालिक विकलांगता के प्रमुख कारणों में से एक है। किसी भी आयु वर्ग में होने वाला यह संक्रमण लिम्फैटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है और अगर इससे बचाव न किया जाए तो इससे शारीरिक अंगों में असामान्य सूजन होती है। फाइलेरिया के कारण चिरकालिक रोग जैसे हाइड्रोसील (अंडकोष की थैली में सूजन), लिम्फेडेमा (अंगों की सूजन) व काइलुरिया (दूधिया सफेद पेशाब) से ग्रसित लोगों को अक्सर सामाजिक बहिष्कार का बोझ सहना पड़ता है, जिससे उनकी आजीविका व काम करने की क्षमता भी प्रभावित होती है
फाइलेरिया बीमारी के बचाव एवं संक्रमण को रोकने के लिए तीन प्रकार का फाइलेरिया रोधी दवा एलबेंडाजोल, डीईसी, आईव रमेक्टिन की गोली सामूहिक रूप से एक साथ दो वर्ष के उम्र से उपर सभी स्वास्थ्य व्यक्तियों को दवा प्रशासक (डीए) के द्वारा 10 अगस्त को बूथ पर एवं 11 अगस्त से 25 हाउस टू हाउस खिलाई जाएगी। साथ ही, 1-2 वर्ष के उम्र वाली बच्चों को केवल एलबेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम में गर्भवती महिला और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाईलेरिया का खुराक का सेवन नहीं कराई जाएगी।
अर्बन टास्क फोर्स के बैठक में संबोधित करते हुए झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हाजी इकरारूल हसन आलम ने कहा कि जिले का स्वास्थ्य विभाग डोर टू डोर जाकर के लोगों को जागरुक कर कर रहे है और स्वास्थ्य कर्मी दवा भी खिलाने का काम कर करेंगे
हाजी आलम ने बताया कि फाइलेरिया की दवा सभी को साल में एक बार खानी है, उम्र और हाईट के हिसाब से यह डोज तय है।
इस कार्यक्रम की जागरूकता के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है की बहुत लोग दवा खाने से कतराते हैं तो इसके लिए कोई ऐसी टीम बना दिया जाए या फिर अल्पसंख्यक समाज में जागरूकता के लिए धार्मिक लोगों को जो के धार्मिक स्थल में लोगों के बीच संबोधन का कार्य करते हैं जैसे शुक्रवार होता है उसमें मस्जिदों के इमाम लोगों को संबोधन करते हैं तो इन लोगों को भी बुलाकर फाइलेरिया उन्मूलन के संबंध में जानकारी दी जाए और इन्हें बता दिया जाए कि इस बीमारी से कैसे बचा जा सकता है। मौके पर हाजी इकरारल उल हसन, मनीष कुमार, एमडी कामरान, एमडी अफताब आलम, बिंदेश्वर सिंह, विनोद हजरा, मोहम्मद इदरीश, मुकेश कुमार, रेनू कुमारी टीम लीड पिरामल स्वास्थ्य, सिस्टर बिनीता अंबेडकर नर्सिंग स्कूल गोड्डा, समाजसेवी मतीन अंसारी, हज को कोऑर्डिनेटर इब्राहिम अंसारी आदि लोगों उपस्थित रहे।