पंच टीम। साहिबगंज। जिले में गंगा नदी का जलस्तर उफान पर है। बाढ़ से दियारा इलाके जलमग्न हो गए हैं। वहीं शहर के निचले इलाकों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश करने लगा है। शहर के कमल टोला, सिंहा टोला, हरिपुर, अली नगर, भरतिया कॉलोनी, रसुलपुर दहला में बाढ़ का प्रवेश कर गया है। इधर रविवार को सिटी मैनेजर वीरेश कुमार ने शहर के अली नगर सहित अन्य इलाकों का दौरा कर बताया कि अली नगर व अन्य इलाकों के लोगों के अवगमान के लिए सबसे पहले नाव की व्यवस्था करवा रहे हैं। पेयजल के लिए नगर परिषद से पानी का टैंकर ऐसे इलाकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। राहत वितरण के लिए नगर परिषद ने घर घर सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है।
घर के अंदर मचान बनाकर रहने को मजबूर हुए लोग, मांगी मदद
उधवा प्रखंड अंतर्गत पूर्वी प्राणपुर पंचायत के मुर्तुजा टोला, हाफू टोला, 10 नंबर नास एवं श्रीघर साहेब टोला गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। कुछ गांवों में लोगों को अपना घर छोड़ कर ऊंची जगह पर शरण लेना पड़ा है। कोई अपने घर के अन्दर मचान बना कर तो कोई खटिया के नीचे ईंट लगा कर रहने को मजबूर है। ग्रामीण बबलू शेख, बदरू शेख, अबुसमा शेख, हवा बीबी, हिना बीबी, अंजली मंडल, माताहार शेख व अन्य ने बताया कि बाढ़ के पानी में सभी लोगों का शौचालय, चापाकल कल, घर मे रखा अनाज व अन्य सामान डूब गया है। किसान अख्तर शेख, हाकिम शेख, मन्नान शेख व अन्य ने बताया कि करीब 20 एकड़ में लगी मकई की फसल बाढ़ की पानी में डूब गई है। बाढ़ पीड़ितों ने राहत व बचाव कार्य करने व राहत सामग्री देने की मांग की है।
स्कूलों को बंद करने की मांग
साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र और प्रखंड क्षेत्र में भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता अमित सिंह ने जिला प्रशासन से सभी स्कूल को कम से कम 4 दिन के लिए बंद करने की मांग की है। वहीं उन्होंने बाढ़ ग्रसित वार्डों और पंचायतों में राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
सीओ सह बीडीओ ने पीएम जनमन आवास का किया निरीक्षण
तालझारी। संवाददाता प्रखंड क्षेत्र के भतभंगा संथाली एवं वृंदावन पंचायत में रविवार को सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने पीएम जनमन आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भतभंगा संथाली एवं वृंदावन पंचायत अंतर्गत ग्राम बेहरा पहाड़, बूफसी पहाड़, बालको पहाड़ एवं भतभंगा पहाड़ में बन रहे पीएम जनमन आवास का निरीक्षण किया गया। आवास निर्माण कार्य में टैग किए गए वेंडर एवं लाभुक को यथाशीघ्र आवास पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी वेंडर को तीसरा ि़कस्त प्राप्त कर लेने वाले लाभुकों को यथाशीघ्र आवास पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। मौके पर आवास कॉर्डिनेटर मोहम्मद इम्तियाज मौजूद थे।
कांग्रेसियों ने देखा राहुल गांधी के संवाददाता सम्मेलन का वीडियो
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमिटी ने जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान की अध्यक्षता में शहर के बंगाली टोला स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के इंदिरा भवन, नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन की वीडियो का अवलोकन किया। जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि कांग्रेसी वोट चोरी की इस पूरी वारदात को लेकर जनता के बीच आंकड़ों और तथ्यों के साथ प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता इस पूरे प्रकरण से पूरी तरह वाकिफ होगा। वोट चोरी प्रकरण को लेकर चरणबद्घ आंदोलन की शुरुआत करने जा रहे हैं। कांग्रेस ने इस देश की आजादी में अहम भूमिका निभाई थी। अब इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए वही भूमिका निभाने जा रही है। देश और जनता के हितों की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेसी कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं। मौके पर मुर्शाद अली, मो कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, उमेश कुमार पांडे, अकलाख नदीम, रामसिंगार ओझा, मो रिज़वान, निताय सरकार, थॉमस रॉबर्ट, अली कुरैशी, गणेश मंडल, सादिक अंसारी, सब्दुल अंसारी, अज़ीज़ अंसारी, लखन चौधरी, दुर्गा रॉय, सतीश कुमार, देवराज सिंह, जितेंद्र कुमार, बादल मंडल, वसीम आलम, सद्दाम हुसैन, मनीष प्रताप, विपन कुमार ठाकुर, मनीष कुमार, मो अकीब, मो कमालुद्दीन, मो रबनवाज़, लोकनाथ घोष सहित अन्य मौजूद थे।
मारपीट को लेकर दो पक्षों ने दर्ज करायी प्राथमिकी
राजमहल। संवाददाता थाना अंतर्गत पत्थरचट्टी गांव में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई है। एक पक्ष के प्रथम पक्ष के हुलाल मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बीते 8 अगस्त की संध्या गांव के ही दो लोग उसे घर के सामने आकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। ईंट-पत्थर, लाठी-डंडा लेकर मारपीट की। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 275/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जबकि दूसरे पक्ष की पत्थरचट्टी गांव निवासी श्रुति देवी ने भी गांव के ही 10 लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया है कि गांव के ही 10 नामजद लोग उसके घर में आकर गाली-गलौज करने लगे और पति रामदयाल मंडल पर जानलेवा हमला कर मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना को लेकर थाना कांड संख्या 276/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत की छानबीन कर रही है।
मारपीट कर 6 लोगों को किया जख्मी, इलाजरत
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत मध्य नारायणपुर पंचायत के मुर्गी टोला में रविवार को कुछ लोगों ने मारपीट कर 6 लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इलाज के लिए सभी को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार मारपीट की घटना में फिरातन बीबी(55), मुजम्मिल शेख(29), अयजुद्दीन शेख(50), एजुद्दीन शेख(44), अजनुर बीबी(24), अंगूरी बीबी(20) आदि जख्मी हुए हैं। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी जख्मी व्यक्तियों का इलाज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टोटो चालक के रुपयों से भरे हैंडबैग की चोरी
राजमहल। संवाददाता थाना अंतर्गत शरण पार्क के समीप हटिया चौक पर रविवार की संध्या सवारी का इंतजार कर रहे एक टोटो की डैश बोर्ड के ऊपर रखा रुपये रखने वाला छोटा हैंड बैग की आंखों के सामने से चोरी हो गई। इस संदर्भ में फुलवरिया निवासी टोटो चालक शाहिद शेख ने बताया कि हटिया के समीप मुख्य सड़क पर सवारी के इंतजार में टोटो खड़ा करके रखा हुआ था। कुछ सवारी यात्री टोटो में बैठे हुए भी थे। इसी दौरान एक नाबालिग किशोर डैशबोर्ड के ऊपर रूपये रखने वाला हैंडबैग लेकर फरार हो गया। टोटो चालक ने बताया कि हैंडबैग में लगभग 8 से 9 सौ रुपये थे। एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोर बैग लेकर भीड़-भाड़ का फायदा उठाते हुये झाड़ियों से होते हुये भागने लगा। जब तक उसकी नजर पड़ी तब तक किशोर मौके का फायदे उठाते हुए भाग निकला। खबर लिखे जाने तक पुलिस से शिकायत नहीं की गई थी।
पॉइंट शिफ्िंटग कार्य के चलते टीआर पैसेंजर की दो फेरी बाधित, यात्री परेशान
राजमहल। संवाददाता तीनपहाड़-राजमहल स्टेशन के बीच चलने वाली टीआर पैसेंजर ट्रेन की रविवार को दो फेरी पॉइंट शिफ्टिंग कार्य के चलते बाधित रही। इस संदर्भ में राजमहल स्टेशन के एएसएम दिलीप कुमार ने बताया कि तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 एवं 4 के बीच रेलवे ट्रैक पर पॉइंट शिफ्टिंग कार्य के चलते राजमहल से तीनपहाड़ के लिए दोपहर 12:20 बजे खुलने वाली 53488 डाउन ट्रेन एंव तीनपहाड़ स्टेशन से दोपहर 13:45 बजे खुलने वाली टीआर अप 53487 पैसेंजर ट्रेन बाधित रही। इधर बिना पूर्व सूचना के पॉइंट शिफ्टिंग कार्य किए जाने के चलते यात्रियों को स्टेशन आने के बाद पता चला कि गाड़ी कैंसिल है। जिसके कारण सफर कर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री अन्य शहरों से राजमहल स्टेशन का टिकट लेने के बावजूद भी रुपये खर्च कर सड़क मार्ग से सफर करने पर विवश हुए।
दिव्यांग महिला एक हफ्ते से गुम, खोजबीन जारी
बोरियो। संवाददाता थाना क्षेत्र के दुर्गा टोला की दिव्यांग महिला बीना टुडू(36) एक हफ्ते से लापता है। बीना टुडू मूक बधीर हैं। वहीं उनका साथ मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है। महिला के भाई मार्टिन टुडू ने बताया कि दो अगस्त की शाम से उसकी बहन लापता है। उन्होंने बोरियो थाना में सनहा दर्ज़ कराते हुए खोजबीन की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।