भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति पर रोक के खिलाफ शिक्षकों में उबाल
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता प्राथमिक शिक्षकों की बैठक जिला मुख्यालय के बोर्ड मिडिल स्कूल में गुरुवार को योगेन्द्र दास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से प्रोन्नति के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया। वर्षों से लंबित प्रोन्नति को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक के द्वारा निर्गत पत्रांक 770, 05 अक्टूबर, 23 से शिक्षकों में जबर्दस्त उबाल है। यह पत्र सरकार के पूर्व के विभिन्न आदेशों और उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय के आदेश के बिल्कुल विपरीत है। कार्मिक विभाग, झारखंड सरकार ने जहां भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति देने का संकल्प दोहराया है, वहीं उक्त आदेश ने प्राथमिक शिक्षकों को भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति पर रोक लगाने संबंधी निर्देश दिए हैं। जिससे राज्य भर के लगभग 40,000 प्राथमिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। उक्त आदेश का विरोध सभी जिलों में हो रहा है। उसी कड़ी में गोड्डा जिला मुख्यालय में भी शिक्षकों ने उक्त आदेश के विरुद्ध एक आवश्यक रणनीति निर्धारित करने के लिए बैठक की। जिसमें सर्वसम्मति से उक्त आदेश के निरस्त होने तक पूरी एकजुटता से विरोध- प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार के अभियान जैसे हस्ताक्षर अभियान, जनप्रतिनिधि को ज्ञापन, जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सहित कई अन्य रणनीति बनाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर उक्त आदेश के विरुद्ध शिक्षक न्यायालय के शरण में भी जा सकते हैं। बैठक में मौसम ठाकुर, राजेन्द्र कुमार झा, मनोज मिश्र, विनोद कुमार साह, नीलांबर ठाकुर, देवनंदन मेहरा, रोबिन सोरेन, पोलुस मरांडी, देवेन्द्र मेहरा, पवन कुमार झा सहित कई शिक्षक मौजूद थे।
पुण्यतिथि पर श्रद्धा पूर्वक याद किये गये पूर्व प्राचार्य जयकांत ठाकुर
- विद्यापति सांस्कृतिक परिषद ने पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पांचवीं पुण्यतिथि पर गोड्डा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य जयकांत ठाकुर को श्रद्धा पूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यापति सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष पद पर रहते हुए दिवंगत गोड्डा कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य जयकांत ठाकुर की पांचवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार की शाम परिषद के कृतज्ञ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। स्थानीय विद्यापति भवन के सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सर्वप्रथम स्व. ठाकुर की तस्वीर पर उनके ज्येष्ठ पुत्र सुनील कुमार ठाकुर द्वारा माल्यार्पण के पश्चात परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. श्यामाकांत झा, अधिवक्ता सर्वजीत झा “अंतेवासी”, भाजपा नेता राजेश झा, साहित्यकार शिव कुमार भगत एवं ज्ञानेंद्र मिश्र ने जयकांत बाबू के विशाल व्यक्तित्व एवं अविस्मरणीय कृतित्व की चर्चा करते हुए उन्हें अपनी शब्द-श्रद्धांजलि दी। सर्वजीत झा ने अपने संबोधन में जहां जयकांत बाबू के नहीं होने को सामाजिक क्षति के साथ -अपनी व्यक्तिगत अपूरणीय क्षति बताया। वहीं राजेश झा ने उनको अपने सिद्धांतों और जीवन मूल्यों से कभी भी समझौता नहीं करने वाला निर्भीक शिक्षा शास्त्री की संज्ञा दी। जबकि ज्ञानेंद्र मिश्र ने उन पर लिखी अपनी कविता के माध्यम से उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिवकुमार भगत ने उनके साथ बिताये पलों को याद कर भावुक होते हुए उन्हें नगर पिता की संज्ञा दी। इस अवसर पर उपस्थित स्व. ठाकुर के कनिष्ठ सुपुत्र नरेंद्र कुमार ठाकुर सहित परिवार जनों में शामिल सिद्धार्थ रामेश्वरम रंगनाथ, परितोष ठाकुर, स्वप्निल कुमार, वसुधा ठाकुर व अधिवक्ता विनय कुमार ठाकुर के अलावा परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार झा, वरीय सदस्य हरि शंकर मिश्रा, दिवाकांत झा एवं प्रभु झा ने स्व. ठाकुर को पुष्पांजलि दी। सभा का संचालन सुरजीत झा ने किया। सभा का समापन डॉ. श्यामाकांत झा द्वारा जयकांत बाबू की स्मृति में विद्यापति भवन परिसर में पांच औषधीय पौधे के रोपण से हुआ।
नवरात्र के पांचवें दिन हुई मां स्कंद माता की पूजा
-महागामा के दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महागामा। संवाददाता शारदीय नवरात्र के पावन मौके पर माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जगत जननी मां दुर्गा की आराधना में सनातन धर्मावलंबी आस्था, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ लगे हुए हैं। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन दुर्गा मां के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की पूजा हुई। वहीं मंदिरों में पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों की काफी भीड़ दिखी। पूजा को लेकर महागामा हटिया चौक स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर एवं ऊर्जा नगर स्थित मंदिर में भी मूर्ति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही पूजा को लेकर काफी दुकानें भी सज गई हैं। पांचवें दिन विधि-विधान से मां पार्वती की पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही उनके निमित्त व्रत भी रखा जाता है। सनातन शास्त्रों में स्कंदमाता की महिमा का वर्णन है। मां पार्वती यानी स्कंदमाता की महिमा अपरंपार है। धार्मिक मत है कि जो भक्त सच्चे दिल से माता पार्वती की पूजा-अर्चना करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं यथाशीघ्र पूर्ण हो जाती है। साथ ही बिगड़े काम भी बन जाते हैं। इसके अलावा घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है।
बाल श्रम से करें परहेज : डालसा
- डालसा की ओर से इंटेंसिव विधिक जागरुकता और साक्षरता अभियान आयोजित
गोड्डा। विधि संवाददाता जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से चलाये जा रहे गहन विधिक जागरुकता व विधिक साक्षरता अभियान के तहत गुरुवार को जिले के पोड़ैयाहाट, महागामा, मेहरमा, बोआरीजोर एवं ठाकुरगंगटी प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता शिविर तथा लीगल लिटरेसी कक्षा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में डालसा की ओर से गठित टीम में महागामा के रामविलास महतो, मेहरमा के विमल टुडू व दयानंद यादव, बोआरीजोर की सुषमा मरांडी, अनिता टुडू, ठाकुरगंगटी की मुन्नी रानी एवं जय कृष्ण यादव तथा पोड़ैयाहाट में शंकर चंद्र सेन व मीणू बेसरा ने गांव के द्वार-द्वार जाकर लोगों को जागरुक किया। उन्होंने ग्रामीणों को नालसा की शिशु प्रोजेक्ट, मानव तस्करी, बाल विवाह आदि के बारे में जानकारी दी। शिक्षित समाज से ही समाज व देश का विकास संभव है। इसलिए अपने बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल जरूर भेजें। पढ़ाने की बजाय बच्चों से मजदूरी नहीं करायें। बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। कहा कि 14 वर्ष से कम आयु का व्यक्ति बाल कहलाता है। ऐसे में इन्हें बाल मजदूरी की मनाही है। ये बच्चे कोयला बीनने, राख के गड्ढे को साफ करने, रेलवे परिसरों में निर्माण कार्य करने, बंदरगाह पर काम करने, पटाखों की दुकान पर काम करने व आतिशबाजी का सामान बेचने, गैरेज में काम करने, ढ़लाई के कारखाने सहित विभिन्न खतरे वाले कामों से अलग रखने का निर्देश जारी किया गया है। जो व्यक्ति नाबालिग को काम पर रखता है उसके लिए दंड व जुर्माना का प्रावधान है।
राजभवन के आदेश से विश्वविद्यालयों का कार्य हो रहा प्रभावित
-विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के नेताओं ने राज्यपाल के प्रधान सचिव को लिखा पत्र
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता राजभवन द्वारा सात माह पूर्व राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों को पत्र जारी कर यह हिदायत दी गई है कि नीतिगत निर्णय लेने से पूर्व राजभवन से सलाह लिया जाए। राज्यपाल के इस निर्णय के कारण विश्वविद्यालय के कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ने की बात सामने आ रही है। विश्वविद्यालय का नीतिगत निर्णय प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों की प्रोन्नति में व्यवधान का सामना करना पड़ रहा है। सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के सेवा शिक्षक संघ (स्कमुस्टा) के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद सिंह एवं महासचिव डॉ. कलानंद ठाकुर ने राज्यपाल के प्रधान सचिव को पत्र लिख कर कहा है कि पिछले 07 माह से कुलपति, कार्यकारी कुलपति को राजभवन के निर्देशानुसार नीतिगत निर्णय लेने के पूर्व राजभवन से दिशा-निर्देश प्राप्त करना आवश्यक किया गया है। इस प्रक्रिया के कारण विश्वविद्यालय में आवश्यक कार्यों के संपादन में तकनीकी कठिनाई आ रही है। इस कारण से 2010 परिनियम के अंतर्गत शिक्षकों के प्रोन्नति से संबंधित स्क्रीनिंग का कार्य नहीं हो पा रहा है। ज्ञातव्य हो कि इन शिक्षकों की प्रोन्नति 10 वर्ष पूर्व हो जाना था। दूसरा आवश्यक कार्य जो नहीं हो पा रहा है वह कि झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के 24 मई, 2023 के आलोक में यूजीसी द्वारा संशोधित रेगुलेशन के संदर्भ में सभी विश्वविद्यालयों से समीक्षा करते हुए उचित प्रस्ताव 15 दिनों के अंदर निदेशक, उच्च शिक्षा, रांची द्वारा मांगा गया था। लेकिन इस पत्र का जवाब अब तक विश्वविद्यालय द्वारा नहीं भेजा जा सका। तीसरी मांग संघ ने राज्यपाल सह कुलाधिपति से किया है कि झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विभिन्न प्रशासनिक पदों के लिए 14 नवंबर, 2023 तक आवेदन मांगा गया है। किंतु प्रोन्नति के आभाव में वर्ष 2008 में नियुक्त शिक्षक 15 वर्षों तक अध्यापक की सेवा करने के बाद भी इसमें आवेदन देने के योग्य नहीं हैं। जिनके पास शैक्षणिक अर्हता है, जैसे वर्ष 1996 में नियुक्त शिक्षक, इनमें ज्यादातर की उम्र अधिकतम निर्धारित 55 वर्ष से अधिक हो गई है, जिससे कि वह आवेदन नहीं दे पाएंगे। प्रोन्नति एवं अहर्ता के अभाव में ही इस राज्य के शिक्षक, कुलपति, प्राचार्य, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर आवेदन देने की स्थिति में नहीं हैं। इसी कारण अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों के शिक्षक इन पदों पर आसीन होंगे। इसके लिए आवश्यक है कि या तो पे लेवल-11 का शर्त हटाया जाए अथवा तब तक इन पदों के लिए नियुक्ति स्थगित किया जाय, जब तक कि 2008 में नियुक्त शिक्षकों के प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाय।
सरकारी कार्यालयों में अनुबंध पर कार्यरत कर्मियों को भी हो पर्व के पहले वेतन का भुगतान : मुजाहिदुल
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष मुजाहिदुल इस्लाम ने कहा है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को वेतन भुगतान का आदेश राज्य सरकार के द्वारा जारी किया गया है, जो सराहनीय है। परंतु दुर्भाग्य है कि राज्य सरकार के अधीन आउटसोसिंर्ग, अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को त्योहार के अवसर पर वेतन भुगतान नहीं हुआ है। राज्य सरकार के आदेश से पदाधिकारी तो लाभान्वित हुए, परंतु छोटे कर्मचारी पर्व के पूर्व वेतन पाने से वंचित रहे। कई विभागों में आवंटन उपलब्ध नहीं रहने के कारण भी पिछले कई माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है, जिससे उनका त्योहार फीका हो गया। वहीं कई कार्यालयों में आवंटन रहने के बावजूद कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन भुगतान नहीं किया गया। इसके कारण राज्य सरकार का उद्देश्य कि दुर्गा पूजा के पूर्व सभी कर्मचारियों को वेतन मिल जाए, विफल रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिला अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता गोड्डा जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिनेश यादव की अगुवाई में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सह गोड्डा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य स्व. जयकांत ठाकुर की पांचवीं पुण्यतिथि के शुभ अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय ठाकुर को श्रद्धा पूर्वक स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष यादव ने मौके पर कहा कि स्व. ठाकुर ने अध्यक्ष पद पर रहते हुए गोड्डा जिला कांग्रेस कमेटी से सभी वर्ग के कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में जोड़ा। इस जिला में कांग्रेस को मजबूती देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे कभी भुला नहीं जा सकता है। मौके पर सुमित कुमार बिट्टू, अभय जायसवाल, गुलशन झा, सोनी सिंह, इकराम अंसारी, विनोद भगत, सरोतिया मंडल, मिथिलेश मंडल, बंटू सिंह, अजय जायसवाल आदि उपस्थित थे।
पुलिस-पब्लिक के बीच मजबूत संबंध को ले हुई बैठक
- पब्लिक ने पुलिस के समक्ष रखी खुलकर अपनी बात
- कई मामलों में पब्लिक ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाये सवाल
मेहरमा। संवाददाता पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर संबंध एवं समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को मेहरमा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत सचिवालय में मुखिया इग्नाशियस मुर्मू की अध्यक्षता में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं जन सामान्य की बैठक आयोजित की गई। बैठक के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि पुलिस एवं पब्लिक के बीच बेहतर संबंध होने पर अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है एवं अपराधियों को कानून के हवाले किया जा सकता है। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध पर रोक कैसे लगाया जाए एवं पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कैसे हो। बैठक में पहुंचे पांच दर्जन से अधिक लोगों ने अपनी बातों को बारी-बारी से रखा। इस संबंध में मेहरमा थाना प्रभारी ने कहा कि कानून व्यवस्था से संबंधित समस्याएं पब्लिक पुलिस के समक्ष निर्भीक होकर साझा करें, ताकि उन समस्याओं को पुलिस अतिशीघ्र दूर कर सके। इससे एक तरफ जहां अपराध नियंत्रण में रहेगा, वहीं पुलिस को विभिन्न कांडों के उद्भेदन में सहूलियत होगी। सामाजिक सद्भाव व अमन-चैन के साथ लोग जी सकेंगे। बैठक के दौरान मानिकपुर निवासी रंजीत राम ने अपनी बातों को रखते हुए प्रशासन के समक्ष कहा कि गांव, समाज में कभी भी कोई मामला या किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो देखा जाता है कि पंचायत के जनप्रतिनिधि या फिर बुद्धिजीवी लोगों से पुलिस बिना संपर्क या जानकारी हासिल किये पुलिस अपराध करने वाले व्यक्तियों से ही संपर्क कर मनोबल को बढ़ाने का काम करती है। वैसी स्थिति में अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति निजी स्वार्थ के लिए कुछ मामलों में निर्दोष व्यक्ति को फंसाने का कार्य कर देते हैं। जबकि पुलिस प्रशासन को वैसे व्यक्तियों से सहयोग लेना किसी प्रकार से उचित नहीं है। उसी के कारण असामाजिक तत्व एवं अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल बढ़ जाता है और कोई भी बड़ी घटना को अंजाम दे देते हैं। मानिकपुर हाट निवासी वीरेंद्र यादव ने मेहरमा थाना प्रभारी से कहा कि मानिकपुर में जिस स्थान पर सरकारी शराब की दुकान संचालित हो रहा है, उससे महज 200 मीटर की दूरी पर सरकारी स्कूल है। शराब दुकान के आसपास हमेशा शराबियों का जमावड़ा देर रात तक लगा रहता है। और अक्सर मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इतना ही नहीं बाइक चोरी जैसी घटना लगातार होती है, जो पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं है। प्रशासन को इस पर संज्ञान लेना चाहिए और शराबियों पर नजर रखते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल के बगल में सरकारी शराब दुकान का उचित स्थान नहीं है, उसे अन्य स्थानों पर शिफ्ट कराया जाए। इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि लिखित आवेदन दें। मामले को वरीय अधिकारी के संज्ञान में दिया जाएगा। खंधार गांव निवासी जनार्दन पंडित ने कहा कि गांव-समाज में कोई भी मामूली विवाद या किसी प्रकार का झगड़ा-झंझट होता है, तो सर्वप्रथम उसे सामाजिक स्तर पर प्रशासन के सहयोग से मामला को सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए, न कि मामला थाना पहुंचते ही मुकदमा दर्ज कर निर्दोष को भी जेल भेज देना चाहिए। ऐसे में कभी-कभी निर्दोष व्यक्ति को भी जेल जाना पड़ता है। इस मौके पर मेहरमा थाना प्रभारी सुनील कुमार गोंड, एसआई अजीत कुमार, मानिकपुर पंचायत के मुखिया सह संघ अध्यक्ष इग्नाशियस मुर्मू, माल तेतरिया पंचायत के मुखिया पति झरी कुंवर, सेवानिवृत्त शिक्षक सत्येंद्र महतो, मानिकपुर गांव के सरदार अली हुसैन, मानिकपुर पंचायत के उप मुखिया सुनीता देवी, वार्ड सदस्य संजय शाह, जवाहर मंडल, सुजीत रमानी, बंशीधर रमानी एवं जनार्दन पंडित, पंकज उपाध्याय, वीरेंद्र यादव, राजेंद्र यादव, गणेश पासवान, दीपक मंडल, राकेश रमानी, राजगीर मंडल, मन्नु राय, रंजीत राम समेत चार दर्जन से अधिक व्यक्ति उपस्थित थे।
पागो अध्यक्ष और रमन सचिव निर्वाचित
-झामुमो पंचायत समिति का गठन
बसंतराय। संवाददाता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बसंतराय प्रखंड अंतर्गत सुस्ती पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रामपुर में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के पंचायत स्तरीय समिति गठन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में प्रखंड सचिव किंकर चौहान, पागो पंडित और कृष्णा मुर्मू उपस्थित हुए। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य राजेश मंडल सहित प्रखंड अध्यक्ष सुलतान अहमद, प्रखंड उपाध्यक्ष शरीफ आलम आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो की केन्द्रीय समिति सदस्य सह पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश मंडल ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों से ग्रामीणों को अवगत कराया। पंचायत समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया। पंचायत अध्यक्ष पागो पंडित, सचिव रमनकांत झा, उपाध्यक्ष अनीता देवी, संयुक्त सचिव सरोजनी देवी, कोषाध्यक्ष गुलजार, संगठन सचिव आनंदी पंडित और 11 कार्यकारणी सदस्य का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। निर्वाचित पंचायत समिति के पदाधिकारियों को पंचायत में पड़ने वाले सभी गांवों में कुल एक हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया। पंचायत सम्मेलन में मुख्य रूप से बसंतराय प्रखंड उपाध्यक्ष शरीफ आलम, पूर्व मुखिया नसीरुद्दीन, गुलजार, आनंदी पंडित, अरविंद पंजियारा, शैलेंद्र नाथ झा, राजेंद्र झा, लूटो मंडल, अनूप लाल यादव, ललिता देवी, मनोरमा देवी, सरोजनी देवी, सीमा देवी, शांति देवी, दिशा देवी, अमर यादव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।